BJP CMs in Kamakhya Temple: असम में हिमंता बिस्वा सरमा आज दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। यह भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार का राज्य में लगातार तीसरा कार्यकाल होगा। शपथ ग्रहण समारोह खानापारा में आयोजित होगा, जिसमें नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। एनडीए ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीट जीतकर बड़ी जीत हासिल की, जिसमें भाजपा को 82 सीट मिलीं। इसमें बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी पहुंच रहे हैं। गुवाहाटी जाने के अवसर हो और कामाख्या मंदिर न जाएं, ऐसा भला कैसे हो सकता है।
मां कामाख्या मंदिर पहुंचे BJP नेता
सीएम रेखा गुप्ता, नायब सैनी सहित कई सीएम पहुंचे मंदिर
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, हरियाणा के सीएम नायब सैनी महाराष्ट्र सीएण फडणवीस , गोवा सीएम प्रमोद सावंत, राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा, बिहार सीएम सम्राट चौधरी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, वरिष्ठ बीजेपी नेता जेपी नड्डा, एनसीपी नेता सुनेत्रा पवार सहित कई नेता कामाख्या मंदिर पहुंचे। इसके अलावा त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी भी यहां पहुंचे। सभी नेताओं ने कामाख्या मंदिर में दर्शन किए और इसकी खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी।
हिमंता बिस्वा सरमा ने मांगा आशीर्वाद
असम के भावी मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को शपथ ग्रहण समारोह से पहले राज्य की जनता के लिए "शांति, प्रगति और समृद्धि" की कामना करते हुए मां कामाख्या का आशीर्वाद मांगा। X पर एक पोस्ट में भावी मुख्यमंत्री ने कहा कि मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव के आशीर्वाद से असम विकास की राह पर अग्रसर होगा, क्योंकि सरमा के नेतृत्व में एनडीए सरकार आज से राज्य में अपना लगातार तीसरा कार्यकाल शुरू करने जा रही है। उन्होंने लिखा, "मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव का आशीर्वाद असम के सभी लोगों के जीवन को रोशन करे और शांति, प्रगति और समृद्धि के नए मार्ग खोले। उनके आशीर्वाद से असम आने वाले दिनों में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। 12.05.2026।"
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी पहुंचे
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा नेता बिस्वजीत डाइमरी के साथ मंगलवार को गुवाहाटी स्थित पूजनीय मां कामाख्या मंदिर पहुंचे ताकि हिमंता बिस्वा सरमा के असम के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरे कार्यकाल के शपथ ग्रहण समारोह से पहले आशीर्वाद प्राप्त कर सकें। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पत्रकारों से कहा, मैंने मां कामाख्या से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री मोदी का 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प पूरा हो। मैं असम की जनता को एनडीए को फिर से वोट देने के लिए धन्यवाद देता हूं, और हिमंता बिस्वा सरमा दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
यह मां कामाख्या का आशीर्वाद है...बोलीं रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, यह मां कामाख्या का आशीर्वाद है कि असम में तीसरी बार भाजपा सरकार बन रही है। हम प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं।"
इसी बीच, भाजपा नेता बिस्वजीत डाइमरी ने मंदिर दर्शन के दौरान कहा, "आज डॉ. हिमंता बिस्वा शर्मा असम के मुख्यमंत्री के रूप में फिर से शपथ लेंगे। हम राज्य के विकास के लिए काम करेंगे।"
पीएम मोदी सोमवार रात पहुंचे गुवाहाटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम में भाजपा के नेतृत्व वाली तीसरी एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले सोमवार रात गुवाहाटी पहुंचे। लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हिमंता बिस्वा सरमा और अन्य भाजपा नेताओं ने मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, जिसका नेतृत्व सरमा लगातार दूसरी बार करेंगे। वह शहर के खानापारा इलाके के कोइनाधोरा स्थित राज्य अतिथि गृह में रात बिताएंगे। सरमा के मुख्यमंत्री बनने के अलावा, चार और विधायक - भाजपा के दो और उसके सहयोगी एजीपी और बीपीएफ से एक-एक - शपथ लेंगे।
