Kharge Diwali-Eid Remark: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दीपावली की तुलना "खुशियों की ईद" से किए जाने पर देश की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों के नेताओं ने इसे हिंदुओं की आस्था का अपमान और वोट बैंक की तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया है। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने बचाव करते हुए कहा है कि इस बयान को मुहावरे के रूप में कहा गया था और यह केवल एक सेकुलर सोच वाला व्यक्ति ही बोल सकता है।
बीजेपी के निशाने पर खरगे और राहुल
गौरव भाटिया का तीखा हमला
BJP प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि हिंदुओं के सबसे बड़े पर्व दीपावली को उसके अपने नाम से पुकारने में आखिर क्या परेशानी है? खड़गे ने कहा, "ईद का अपना महत्व है और दीपावली की अपनी पवित्रता। क्या कांग्रेस की तथाकथित धर्मनिरपेक्षता में हिंदू त्योहारों की पहचान बदलना ही राजनीतिक शिष्टाचार बन गया है? राहुल गांधी और खड़गे जी जवाब दें कि क्या वे कभी ईद को 'खुशियों की दिवाली' कहने का साहस दिखाएंगे? हिंदुओं की आस्था का सम्मान कीजिए, उनके त्योहारों की पहचान मत बदलिए। दीपावली थी, दीपावली है और दीपावली ही रहेगी।
गिरिराज सिंह ने घेरा
मल्लिकार्जुन खड़गे की दिवाली-ईद संबंधी टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, वह राहुल गांधी और गांधी परिवार के लिए सिर्फ एक 'लाउडस्पीकर'—एक मुखपत्र—हैं। यह सिर्फ वही प्रसारित करता है जो इसे दिया जाता है। तो, यह लंबे समय से चल रहा है। खड़गे साहब, आपका असली रंग सामने आ गया है। आप इस देश में तुष्टीकरण का खेल खेल रहे हैं। नेहरू ने देश को विभाजित किया, और तब से आप तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं, मुसलमानों को खुश करते हुए हिंदुओं को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। आप और राहुल गांधी इरफान अंसारी जैसे व्यक्ति के खिलाफ कभी नहीं बोलेंगे। जब गाजियाबाद में दिवाली को नष्ट करने के उद्देश्य से बम विस्फोट हुआ, तब आप चुप रहे। आप हमारे हिंदू त्योहारों के बारे में कुछ अच्छे शब्द भी नहीं बोल सकते। अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संजय सरावगी ने कहा, घिनौना तुष्टिकरण
पटना में बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने मल्लिकार्जुन खड़गे की दिवाली-ईद वाली टिप्पणी पर कहा, वोट बैंक के लालच में कांग्रेस इस कदर अंधी हो चुकी है कि वो इस सनातन पर्व में भी अपना घिनौना तुष्टिकरण खोज रही है। कांग्रेस पार्टी की रगों में हिंदुओं के प्रति नफरत का जो जहर दौड़ रहा है, वह अब उनके नेताओं के बयानों में खुलकर सामने आ रहा है। मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दिवाली को 'खुशियों की ईद' कहना कोई भूल नहीं है बल्कि यह गांधी परिवार के इशारे पर 110 करोड़ हिंदुओं की आस्था को सरेआम कुचलने की एक घिनौनी साजिश है। मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहता हूं कि क्या आपमें इतनी हिम्मत है कि आप किसी दूसरे मजहब के त्योहारों को 'खुशियों की दिवाली' कह सकें?
राम कदम ने बताया ओछी राजनीति
बीजेपी प्रवक्ता राम कदम ने कहा, मलिकाजुन खड़गे जी ने दिवाली को ईद के साथ जोड़ा। दिवाली जैसा सनातन हिंदू धर्म के त्योहार को भी कांग्रेस ओड बैंक की ओछी राजनीति का माध्यम बनाना चाहती है, दुर्भाग्यपूर्ण है। घोर हिंदू विरोधी कांग्रेस का अतीत का चेहरा और वर्तमान का चेहरा। ये देश का हिंदू भाई उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
शिवसेना प्रवक्ता कृष्ण हेगड़े ने घेरा
शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि खड़गे द्वारा दीपावली की तुलना ईद से करना देश के करोड़ों हिंदुओं और सनातनियों का अपमान है और यह मुस्लिम वोट बैंक के तुष्टिकरण का स्पष्ट उदाहरण है।
कांग्रेस पार्टी का पलटवार
विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए कांग्रेस नेताओं ने इन आरोपों को खारिज किया है और बीजेपी की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाया है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी दिमागी रूप से बीमार है। खड़गे साहब ने जो बात बोली है, वह मुहावरों की तरह बोली है। उन्होंने बीजेपी के रुख की कड़ी निंदा की। दिल्ली में राशिद अल्वी ने खड़गे के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि जब खुशी की बात आती है, तब ईद से मिसाल दी जाती है। यह बात सिर्फ एक सेकुलर आदमी ही बोल सकता है, बीजेपी के लोग ऐसा नहीं कह सकते। उन्होंने आगे कहा कि ईद और दिवाली दोनों खुशियों के त्योहार हैं, बस फर्क इतना है कि ईद में एक्यूआई (AQI) नहीं बढ़ाया जाता।
