Voter Adhikar Yatra : बिहार के डिप्टी सीएम एवं राजद नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री पद पर अब नीतीश कुमार की वापसी नहीं होगी। उन्होंने लोगों से पूछा कि वे 'ओरिजनल सीएम चाहते हैं कि डुप्लिकेट'। तेजस्वी के साथ लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद थे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार, निर्वाचन आयोग (ईसी) की मिलीभगत से बिहार में लोगों के ‘वोट चुराने’ की कोशिश कर रही है।
'वोट अधिकार यात्रा' के दौरान राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव। तस्वीर-@INCbihar
राहुल ने भाजपा पर ‘संविधान को नष्ट करने’का आरोप लगाया
लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने देर शाम बिहार के कटिहार जिले में राज्यव्यापी ‘वोटर अधिकार यात्रा’के तहत आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए यह आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर ‘संविधान को नष्ट करने’ की कोशिश करने का आरोप लगाया। गांधी ने कहा कि भाजपा सत्ता और धन के केंद्रीकरण को बढ़ावा दे रही है, जिससे ‘दलितों, अति पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के लिए अवसरों के दरवाजे बंद हो गए हैं।’
अब बिहार में वोटों की चोरी की कोशिश-राहुल
गांधी ने कहा, ‘वे कमजोर तबकों का उत्थान नहीं चाहते है इसलिए, लोगों के वोट चुराने की कोशिशें हो रही हैं। ऐसी कोशिशें पहले कर्नाटक, महाराष्ट्र और हरियाणा में हुई थीं। अब ये कोशिशें बिहार में की जा रही हैं। इसी कारण हमने वोटर अधिकार यात्रा निकाली है।’
मांझी ने तेजस्वी पर बोला हमला
इस बीच, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। गयाजी स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मांझी ने तेजस्वी के इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री उनकी योजनाओं की नकल कर रहे हैं। मांझी ने कहा कि तेजस्वी यादव बहुत सोचते हैं, लेकिन उनके पिता के 2005 से पहले के जंगलराज के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जंगलराज के लोग ऐसी ओछी बातें करते हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार के बिहार विधानसभा चुनाव के बाद तेजस्वी प्रतिपक्ष के नेता भी नहीं रहेंगे।
