Jamui Molestation Case: जमुई जिले में छेड़खानी की घटना का शिकार होने वाली नाबालिग लड़की की पहचान कथित रूप से उजागर करने पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल, पीड़ित लड़की अपने परिवार के सदस्यों के साथ सीएम से मिलने के लिए आई थी। इस मुलाकात के दौरान सीएम सम्राट ने परिवार को 'त्वरित न्याय' दिलाने का आरोप लगाया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अधिकारियों ने कहा कि 'सीएम ने परिवार से कहा कि इस केस की सुनवाई तेज गति से कराते हुए सभी दोषियों को एक महीने के भीतर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की वह कोशिश करेंगे।'
तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी पर हमला बोला।
तेजस्वी ने सीएम सम्राट को ''मूर्ख और अक्षम' बताया'
चौधरी ने अपने X हैंडल पर पीड़िता और उसके परिवार के सदस्यों के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की। हालांकि, सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के कुछ ही समय बाद इसे हटा लिया गया। अपने इस पोस्ट को लेकर सीएम समाट राजत नेता तेजस्वी यादव के निशाने पर आ गए। RJD नेता ने पोस्ट का स्क्रीनशॉट X पर साझा करते हुए बीजेपी नेता पर निशाना साधा।
राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने X पर सीएम पर निशाना साधते हुए उन्हें 'मूर्ख और अक्षम' बताया। तेजस्वी ने चौधरी पर POCSO (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज) एक्ट के उल्लंघन का आरोप लगाया।
शनिवार शाम जमुई में हुई घटना
दरअसल, शनिवार शाम जमुई में कोचिंग क्लास से लौट रहे एक किशोर लड़के और लड़की को कुछ लोगों के समूह ने रोक लिया। उन्हें घेरकर पूछताछ की गई और उनके साथ मारपीट व छेड़छाड़ की गई। इसके बाद उन्हें वहां से जाने दिया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चौधरी कक्षा 7 की परीक्षा में फेल हुए थे और सात हत्याओं के मामले में दोषी ठहराए गए थे। यादव ने कहा, 'POCSO एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करने के लिए बीजेपी नेता को कानून के तहत सबसे कड़ी संभव सजा मिलनी चाहिए।'
मीसा भारती ने भी बोला हमला
यादव की बड़ी बहन और पाटलिपुत्र से RJD सांसद मीसा भारती ने भी स्क्रीनशॉट साझा किया और बिहार पुलिस से 'मुख्यमंत्री के खिलाफ FIR दर्ज करने' की मांग की। भारती ने आरोप लगाया कि चौधरी ने नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर कर दी, जबकि छेड़छाड़ के वीडियो अपलोड करने वाले सभी लोगों के खिलाफ बिहार पुलिस लड़की की निजता का उल्लंघन करने के आरोप में कार्रवाई कर रही है।
