Bhagwant Mann Meeting With Arvind Kejriwal: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। दोनों की मुलाकात एक शीशे के जरिए हुई और इंटरकॉम के जरिए दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से बातचीत की। इस मुलाकात के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा, अरविंद केजरीवाल के साथ जेल के अंदर आतंकवादियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है।
तिहाड़ जेल में अरविंद केजरीवाल से मिले भगवंत मान
ये भी पढ़ें - केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से भी राहत नहीं, चुनाव प्रचार करने की नहीं मिली इजाजत, ED को नोटिस जारी
मीडिया से बातचीत करते हुए भगवंत मान ने कहा, दिल को बहुत दुख हुआ। जो हार्डकोर क्रमिनल होते हैं, उनकी वाली सहूलियतें भी अरविंद केजरीवाल को नहीं दी जा रही हैं। आखिर उनका कसूर क्या है? उन्हें अस्पताल, स्कूल बना दिए, बिजली का बिल फ्री कर दिया, क्या ये उनका कसूर है? मान ने कहा, जेल के अंदर अरविंद केजरीवाल के साथ ऐसा ट्रीट किया जा रह है जैसे कोई बड़ा आतंकवादी पकड़ लिया हो।
केजरीवाल ने पंजाब के बारे में पूछा
भगवंत मान ने कहा, जब मैंने अरविंद केजरीवाल जी से पूछा कि वो कैसे हैं? तो उन्होंने कहा, मेरी चिंता छोड़ो ये बताओ पंजाब कैसा है? वहां स्कूल बढ़िया चल रहे हैं कि नहीं, अस्पतालों का क्या हाल है। मान ने कहा, हम लोग काम की राजनीति करते हैं। उन लोगों ने अरविंद केजरीवाल जी को तो गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उनकी सोच को कैसे गिरफ्तार कर पाएंगे। पूरी आम आदमी पार्टी एक सोच का नाम है।
आम आदमी पार्टी में कोई फूट नहीं
जब भगवंत मान से पूछा गया कि क्या केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी में फूट पड़ गई है? उन्होंने कहा, आम आदमी पार्टी अनुशासित संगठन है, हमारी पूरी पार्टी एक साथ है। हम चट्टान की तरह अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े हैं। 4 जून को जब चुनाव परिणाम आएंगे तो आम आदमी पार्टी बड़ी पॉलिटिकल ताकत बन चुकी होगी।
