स्विस संगठन IQAir द्वारा जारी विश्व वायु गुणवत्ता रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में दुनिया के शीर्ष 10 सबसे प्रदूषित शहरों में से नौ भारत में थे, जिसमें बिहार का बेगुसराय शहर सबसे प्रदूषित शहर होने का गौरव अर्जित कर रहा है। 2023 में बेगुसराय में औसत PM2.5 118.9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, इसके बाद गुवाहाटी में 105.4 दर्ज किया गया।
दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बेगुसराय
दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित राजधानी शहर था, जहां औसत PM2.5 77.4 था। यह समग्र सूची में छठे स्थान पर आया, रिपोर्ट में कहा गया है कि मामले को बदतर बनाने के लिए, भारत 134 देशों में से तीसरा सबसे प्रदूषित देश बनकर उभरा है।
PM2.5 को 'फाइन पार्टिकुलेट मैटर' कहा जाता है
भारत 2022 में औसतन 53.3 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की पीएम2.5 सांद्रता के साथ आठवां सबसे प्रदूषित देश रहा था। पीएम2.5 को 'फाइन पार्टिकुलेट मैटर' कहा जाता है। ये कण 2.5 माइक्रोन या छोटे आकार के होते हैं और ये सांस लेने के दौरान निचले श्वसन तंत्र तक पहुंच जाते हैं।
बेगूसराय औसतन 118.9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की पीएम2.5 सांद्रता के साथ वैश्विक स्तर पर सबसे प्रदूषित महानगर दर्ज किया गया है जबकि 2022 की रैंकिंग में इस शहर का नाम भी नहीं था।
दिल्ली 2018 के बाद से चौथी बार दुनिया में सबसे प्रदूषित राजधानी शहर चिह्नित
दिल्ली 2018 के बाद से चौथी बार दुनिया में सबसे प्रदूषित राजधानी शहर चिह्नित किया गया है।रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसा अनुमान है कि भारत में 1.36 अरब लोगों को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की अनुशंसित पांच माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक की पीएम2.5 सांद्रता का सामना करना पड़ा।
हर साल तकरीबन 70 लाख लोगों की वायु प्रदूषण के कारण समय पूर्व मौत
डब्ल्यूएचओ के अनुसार, दुनियाभर में हर साल तकरीबन 70 लाख लोगों की वायु प्रदूषण के कारण समय पूर्व मौत हो जाती है।पीएम2.5 वायु प्रदूषण के कारण अस्थमा, कैंसर, आघात और फेफड़ों की बीमारी समेत अनेक बीमारियां हो सकती हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
