Bankipur By Election 2026: बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान के बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की हार का दावा किया है। उन्होंने कहा कि सुबह से लगातार मिल रहे फीडबैक के आधार पर उनकी पार्टी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता भारी मतों से जीत दर्ज करने जा रही हैं।
Bankipur Bypoll: तेजस्वी का बड़ा दावा- 3 अगस्त को आरजेडी उम्मीदवार की होगी जीत।
उपचुनाव में बीजेपी की होगी हार: तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा, "सुबह से हमें लगातार फीडबैक मिल रहा है। हमारे लोग हर बूथ पर मौजूद हैं। जहां-जहां से जानकारी आ रही है, उससे साफ है कि इस बार उपचुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ेगा और हमारी उम्मीदवार रेखा गुप्ता बड़े अंतर से जीतेंगी।"
'3 अगस्त के दिन देश को मिलेगा एक संदेश'
आरजेडी नेता ने आगे दावा किया कि 3 अगस्त को जब नतीजे आएंगे तो पूरे देश में एक बड़ा राजनीतिक संदेश जाएगा। उन्होंने कहा, "3 अगस्त को जब परिणाम आएंगे, तब पूरे देश को संदेश मिलेगा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट पर भी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है।" बांकीपुर उपचुनाव को बिहार की राजनीति के लिए अहम माना जा रहा है। चुनाव परिणाम को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक दलों की ताकत और जनसमर्थन के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
पीके की एंट्री से दिलचस्प हुआ सियासी मुकाबला
गौरतलब है कि बीजेपी का गढ़ रही इस सीट पर हो रहे उपचुनाव में जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की एंट्री ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है। प्रशांत किशोर इस सीट से अपनी चुनावी राजनीति की शुरुआत कर रहे हैं। बता दें कि शाम 6 बजे के बाद EVM को सील कर AN कॉलेज के स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रख दिया गया। वोटिंग को लेकर कई मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी कतार भी देखी गई।
