Where is Raghav Chadha: आम आदमी पार्टी के नेताओं- सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद राघव चड्ढा ही ऐसे नेता थे, जो पार्टी में अरविंद केजरीवाल के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गए थे। हालांकि, अब जब केजरीवाल खुद जेल में हैं और पूरी आम आदमी पार्टी सड़क पर प्रदर्शन कर रही है, तब राघव चड्ढा गायब हैं। उनकी गैरमौजूदगी को लेकर अब सवाल भी खड़े होने लगे हैं, लोग पूछ रहे हैं आखिर राघव चड्ढा कहां हैं?
कहां हैं राघव चड्ढा?
पहले भारतीय जनता पार्टी ने सवाल खड़े किए थे, लेकिन अब इंडिया गठबंधन के घटक दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) भी सवाल पूछ रही है। शरद पवार कैंप के नेता जितेंद्र आव्हाड ने शनिवार को राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की गैरमौजूदगी को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पूछा राघव चड्ढा कहां हैं? हालांकि, इससे पहले उन्होंने आतिशी समेत अन्य नेताओं की सक्रियता का भी जिक्र किया।
राघव चड्ढा की अनुपस्थिति से कार्यकर्ताओं में दुख
एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा, राघव चड्ढा एक बुद्धिमान व्यक्ति हैं और पार्टी के लिए अत्यंत मूल्यवान भी हैं, लेकिन जब पार्टी संकट में तो उनकी अनुपस्थिति से कार्यकर्ताओं को दुख हुआ है। उन्होंने कहा, आप के सभी नेता दिख रहे हैं, आतिशी व अन्य भी सक्रिय हैं। हालांकि, राघव चड्ढा पार्टी का प्रमुख चेहरा हैं, उनके गायब होने से कार्यकर्ता आहत हैं। उन्होंने आगे कहा, वे दिन गए जब दूर रहकर आप लोगों से नहीं जुड़ सकते थे। यह बहुत अजीब है कि वह इसलिए नहीं बोल रहे हैं क्योंकि वह लंदन में हैं। वह एक वीडियो बना सकते हैं और पार्टी को अपना संदेश भेज सकते हैं।
लंदन में क्या कर रहे राघव चड्ढा?
बता दें, राघव चड्ढा इन दिनों अपनी पत्नी परिणीति चोपड़ा के साथ लंदन में हैं। वह विट्रोक्टोमी के लिए यहां पहुंचे हैं। यह रेटिना डिटेचमेंट को रोकने के लिए एक प्रकार की आंख की सर्जरी होती है। बता दें, राघव चड्ढा दिल्ली के मुख्यमंत्री व आज संयोजक अरविंद केजरीवाल के भरोसेमंद और तेजतर्रार नेताओं में भी गिने जाते हैं, लिहाजा आप ने उन्हें राज्यसभा भेज दिया।
