भूकंप के झटकों से अब असम थर्राया, गुवाहाटी में महसूस किए गए तेज झटके

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 17, 2021, 06:31 PM IST

असम के गुवाहाटी में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकल गए। यहां भूकंप के तेज झटके आए हैं, जिससे लोगों में डर बैठ गया है।

भूकंप के झटकों से अब असम थर्राया, गुवाहाटी में महसूस किए गए तेज झटके
Photo Credit: BCCL

गुवाहाटी : असम में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। गुवाहाटी भूकंप के झटकों से लोग डरकर घरों से बाहर निकल गए। भूकंप के झटके काफी तेज थे। बीते कुछ दिनों में देश के कई हिस्‍सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। बीते सप्‍ताह राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली के बाद बिहार की राजधानी पटना में भी भूकंप के झटके महसूस कि गए थे। बार-बार आ रहे भूकंप से लोगों में डर व चिंता देखी जा रही है।

नेशनल सेंटर फॉर सिस्‍मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्‍टर पैमाने पर 4.7 मापी गई। शाम 5 बजकर 54 मिनट पर भूकंप आया, जिसका केंद्र तेजपुर से 17 किलोमीटर दूर पश्चिम-पश्चिमोत्‍तर में था। फिलहाल इस प्राकृतिक आपदा से जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। असम सहित पूर्वोत्‍तर के कई इलाकों को भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों में रखा जाता है, ऐसे में लोगों में डर और चिंता अधिक देखी जा रही है।

असम में बीते माह भी आया था भूकंप

असम में जनवरी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। असम के करबी अंगलॉन्ग में 3 जनवरी को भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसके बाद लोग डरकर अपने घरों से बाहर निकल गए थे। रात करीब 10:15 बजे भूकंप आया था, जिसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गई थे। नेशनल सेंटर फॉर सिस्‍मोलॉजी के अनुसार, तब इसकी तीव्रता रिक्‍टर पैमाने पर 2.8 मापी गई थी।

दिल्‍ली-पटना में भी हाल में आया भूकंप

यहां उल्‍लेखनीय है कि बीते सप्‍ताह 12 फरवरी को रात 10:31 बजे राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। इसकी तीव्रता रिक्‍टर पैमाने पर 6.3 मापी गई थी। इसका केंद्र ताजिक‍िस्‍तान में था। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग खौफजदा होकर देर रात लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। वहीं, बिहार की राजधानी पटना में 15 फरवरी को रात 9 बजकर 23 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इसकी तीव्रता रिक्‍टर पैमाने पर 3.5 मपी गई थी, जिसका केंद्र बिहार के उत्तर-पश्चिम में 20 किमी की दूरी पर था।

End of Article