Amarnath Yatra: जम्मू-कश्मीर में चल रही अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर प्रशासन ने अहम फैसला लिया है। हाल की बारिश और आने वाले दिनों में खराब मौसम की संभावना को देखते हुए अमरनाथ यात्रा को दोनों मार्गों से 9 अगस्त 2026 से अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया जाएगा। यह फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा मार्गों को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
अमरनाथ यात्रा पर बड़ा अपडेट
अब तक इतने श्रद्धालु कर चुके हैं बाबा बर्फानी के दर्शन
गौरतलब है कि इस साल 57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 3 जुलाई को हुई थी। यात्रा दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित चंदनवाड़ी मार्ग और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से एक साथ शुरू की गई थी। अब तक 4.8 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।
संवेदनशील हिस्सों में मरम्मत और रखरखाव की जरूरत
प्रशासन के अनुसार, हाल में हुई बारिश के कारण यात्रा मार्ग के कुछ संवेदनशील हिस्सों में मरम्मत और रखरखाव की जरूरत महसूस हुई है। इन हिस्सों को सुरक्षित और यात्रियों के अनुकूल बनाने का काम बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) द्वारा किया जा रहा है। इसके साथ ही भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के दौरान प्रतिकूल मौसम की संभावना जताई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए दोनों मार्गों पर यात्रा रोकने का निर्णय लिया गया है।
चड़ी मुबारक का कार्यक्रम 28 अगस्त को होगा आयोजित
कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग ने बताया कि यात्रा के समापन का पारंपरिक कार्यक्रम चड़ी मुबारक 28 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। चड़ी मुबारक को पारंपरिक पहलगाम मार्ग से ले जाया जाएगा और इसी के साथ वर्ष 2026 की अमरनाथ यात्रा का विधिवत समापन होगा। मंडलायुक्त ने श्रद्धालुओं से प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की ओर से समय-समय पर जारी की जाने वाली सभी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी श्रद्धालु प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।
