Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लोगों को जाकर धनखड़ के स्वास्थ्य का हाल-चाल जानना चाहिए। हमने सुना है कि उनका कोई विदाई समारोह नहीं हो रहा है। यदि उनके लिए विदाई समारोह का आयोजन होता तो हम भी जाते, उन्हें धन्यवाद देते, उनका हाल-चाल जानते और चाय पीकर आते।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव। तस्वीर-PTI
स्वास्थ्य कारणों की वजह से दिया इस्तीफा
एक दिन पहले सोमवार को धनखड़ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए तत्काल प्रभाव से पद छोड़ने की जानकारी दी थी। इसके अगले दिन केंद्र सरकार ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे को अधिसूचित कर दिया। अधिसूचना में कहा गया है कि भारत के उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ का इस्तीफा (सामान्य जानकारी के लिए) प्रकाशित किया जाता है। इससे पहले राज्यसभा में आज गृह मंत्रालय की अधिसूचना के बारे में जानकारी दी गई।
राज्यसभा के पदेन सभापति होते हैं उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति राज्यसभा के पदेन सभापति होते हैं। आमतौर पर धनखड़ दिन की शुरुआत में राज्यसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता करते थे। धनखड़ ने सोमवार रात को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा भेजा था। मुर्मू को भेजे अपने त्यागपत्र में धनखड़ ने कहा कि वह ‘स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने’ के लिए तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं। धनखड़ ने राष्ट्रपति को लिखे पत्र में कहा, ‘स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने और चिकित्सीय सलाह का पालन करने के लिए, मैं संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के अनुसार, तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे रहा हूं।’
स्वास्थ्य के अलावा भी हैं कारण-कांग्रेस
कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए सोशल मीडिया पोस्ट से इस बारे में रहस्य और गहरा गया कि धनखड़ को पद क्यों छोड़ना पड़ा तथा ऐसे में सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि धनखड़ के इस्तीफा देने के पीछे उनके द्वारा बताए गए स्वास्थ्य कारणों के अलावा कोई और अधिक गहरे कारण हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने धनखड़ के इस्तीफे के बाद मंगलवार को कहा कि उन्हें कई भूमिकाओं में देश की सेवा का मौका मिला है और वह उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं।
