देश

'भारत-पाक क्रिकेट मैच देखने मत जाइए, TV मत चलाइए...', पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी की पत्नी ने बयां किया दुख

ऐशन्या द्विवेदी ने पूछा कि मैच से होने वाली कमाई का इस्तेमाल किस लिए किया जाएगा? कहा कि पाकिस्तान इसका इस्तेमाल सिर्फ आतंकवाद के लिए करेगा। वह एक आतंकवादी देश है।

Image

पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी (फोटो/ANI)

Aishanya Dwivedi on Ind vs Pak: पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशन्या द्विवेदी ने रविवार को एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले आगामी क्रिकेट मैच का बहिष्कार करने का आह्वान किया है। ऐशन्या द्विवेदी ने लोगों से इस मैच को टेलीविजन पर भी न देखने का आग्रह किया।

उन्होंने ANI से कहा, 'मैं इसे समझ नहीं पा रही हूं। मैं लोगों से इसका बहिष्कार करने का आग्रह करती हूं। इसे देखने न जाएं और इसके लिए अपना TV भी न चलाएं।'

BCCI की आलोचना

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि बोर्ड आतंकी हमले में मारे गए 26 लोगों के परिवारों के प्रति संवेदनशील नहीं है। द्विवेदी ने कहा, 'BCCI को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच स्वीकार नहीं करना चाहिए था... मुझे लगता है कि BCCI उन 26 परिवारों और ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों के प्रति संवेदनशील नहीं है।'

इंडियन क्रिकेट टीम पर सवाल

भारतीय क्रिकेट टीम पर सवाल उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि कुछ क्रिकेटरों को छोड़कर, कोई भी खिलाड़ी भारत और पाकिस्तान के बीच मैच के बहिष्कार का आह्वान करने के लिए आगे नहीं आया।

उन्होंने कहा, 'हमारे क्रिकेटर क्या कर रहे हैं? कहा जाता है कि क्रिकेटर राष्ट्रवादी होते हैं। इसे हमारा राष्ट्रीय खेल माना जाता है। एक-दो क्रिकेटरों को छोड़कर, किसी ने आगे आकर यह नहीं कहा कि हमें पाकिस्तान के खिलाफ मैच का बहिष्कार करना चाहिए। BCCI उन्हें बंदूक की नोक पर खेलने पर मजबूर नहीं कर सकता। उन्हें अपने देश के लिए खड़ा होना चाहिए। लेकिन वे ऐसा नहीं कर रहे हैं।'

मैच से पाक को होगी कमाई और फिर होंगे आतंकी हमले

मैच से होने वाली कमाई पाकिस्तान जाने पर चिंता जताते हुए, पहलगाम हमले में मृतक शुभम की पत्नी ने कहा, 'मैं प्रायोजकों और प्रसारकों से पूछना चाहती हूं कि क्या उन 26 परिवारों की राष्ट्रीयता खत्म हो गई है? मैच से होने वाली कमाई का इस्तेमाल किस लिए किया जाएगा? पाकिस्तान इसका इस्तेमाल सिर्फ आतंकवाद के लिए करेगा। वह एक आतंकवादी देश है। आप उन्हें राजस्व मुहैया कराएंगे और उन्हें हम पर फिर से हमला करने के लिए तैयार करेंगे।'

बता दें कि भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें 14 सितंबर को संयुक्त अरब अमीरात में चल रहे एशिया कप 2025 में एक मैच खेलने वाली हैं। केंद्र सरकार ने टीम को गैर-द्विपक्षीय श्रृंखलाओं के अपने रुख को जारी रखते हुए बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की अनुमति दे दी है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article