Air India Flight: दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरुवार को घने कोहरे की वजह से एयर इंडिया का एक विमान क्षतिग्रस्त हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया के वाइड-बॉडी एयरबस A350 विमान का दायां इंजन उस वक्त क्षतिग्रस्त हो गया जब घने कोहरे के दौरान एक कार्गो कंटेनर उससे टकरा गया।
एयर इंडिया (फाइल फोटो)
एयर इंडिया ने बताया कि इस घटना तत्काल बाद संबंधित विमान को विमान को पूरी जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया है और A350 विमान से संचालित होने वाले कुछ रूटों पर संभावित रुकावटें आ सकती हैं।
क्या है पूरा मामला?
एयर इंडिया के अनुसार, दिल्ली से न्यूयॉर्क जाने वाली फ्लाइट AI101 को ईरानी हवाई क्षेत्र के अचानक बंद होने की वजह से टेकऑफ के तुरंत बाद दिल्ली लौटना पड़ा, जिसकी वजह से विमान के निर्धारित मार्ग पर असर पड़ा है।
एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ''दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग के बाद घने कोहरे के बीच टैक्सिंग के दौरान विमान एक विदेशी वस्तु (फॉरेन ऑब्जेक्ट) से टकरा गया, जिससे दाएं इंजन को नुकसान पहुंचा। विमान को सुरक्षित रूप से निर्धारित पार्किंग स्टैंड तक ले जाया गया जिससे यात्रियों व क्रू मेंबर्स की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हुई।
एयरलाइन ने जताया खेद
पीटीआई से बातचीत में एक सूत्र ने बताया कि लैंडिंग के बाद विमान के दाहिने इंजन से एक कार्गो कंटेनर टकरा गया, जिससे इंजन को भारी क्षति पहुंची है। एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि वह प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था और रिफंड की सुविधा उपलब्ध करा रही है, ताकि उन्हें कम से कम परेशानी हो।
