West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम हुमायूं कबीर के नेतृत्व वाली आम जनता उन्नयन पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (फोटो साभार: @aimim_national)
बंगाल चुनाव लड़ेगी AIMIM
ओवैसी ने कहा कि एआईएमआईएम बंगाल में हुमायूं कबीर की पार्टी के साथ एक गठबंधन करेगी और हमारे उम्मीदवार इस गठबंधन का हिस्सा बनकर चुनाव में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन का उद्देश्य पार्टी और उसकी आवाज को मजबूत करना है ताकि उनके प्रतिनिधि विधानसभा में पहुंचकर गरीब जनता की आवाज को बेबाकी से उठा सकें।
ममता बनर्जी पर बरसे ओवैसी
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 साल से ममता बनर्जी बंगाल की मुख्यमंत्री हैं और आपको यह जानकार हैरानी होगी कि राज्य में लगभग 30 प्रतिशत मुस्लिम आबादी होने के बावजूद करीब 5 लाख बैकवर्ड क्लास के सर्टिफिकेट रद्द कर दिए गए हैं, जिसमें से अधिकांश मुसलमानों के हैं।
कब होगा गठबंधन का ऐलान?
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ फोन पर बात करते हुए ओवैसी ने हुमायूं कबीर के साथ एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की बात कही। उन्होंने बताया कि वह 25 मार्च को कोलकाता में आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
