Ahmedabad Jagannath Rath Yatra: गुजरात के अहमदाबाद में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल 2 हाथी अचानक बेकाबू हो गए, जिससे भीड़ में भगदड़ मच गई। सामने आये वीडियो में हाथी बीच सड़क पर इधर से उधर भागते नजर आ रहे है और महावत और वन विभाग के कर्मचारी उसे काबू करने की कोशिश कर रहे है, लेकिन हाथी तेजी से भीड़ के बीच से आगे बढ़ रहा है। जानकारी के मुताबिक, रथ यात्रा में 17 हाथियों का दल शामिल किया गया है, जिसमें 16 मादा हाथी थे तो 1 नर था। जानकारी के मुताबिक एक नर हाथी के बेकाबू होने के बाद उसे देख दो मादा हाथी भी उसके पीछे बेकाबू हुए जिसे कुछ ही मिनट के भीतर उनके साथ मौजूद वन विभाग के कर्मचारियों ने इंजेक्शन से काबू में किया और रथयात्रा से बाहर किया। जहां पर ये हादसा हुआ वहां अब स्थिति सामान्य है। रथयात्रा अपने रूट के मुताबिक आगे बढ़ रही है।
अहमदाबाद की जगन्नाथ रथ यात्रा में बेकाबू हुए हाथी
जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद में भगवान श्री जगन्नाथ की यह 148वीं रथयात्रा है, जो पारंपरिक उल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ शुरू हो चुकी है। इस खास मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित मंगला आरती में परिवार समेत हिस्सा लिया और महाप्रभु के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रथयात्रा की विधिवत शुरुआत की और पारंपरिक पाहिंद विधि का पालन करते हुए भगवान के रथ के सामने सोने की झाड़ू लगाकर यात्रा का शुभारंभ किया। ये विधि सेवा और समर्पण का प्रतीक मानी जाती है।
