दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के खिलाफ छात्र आंदोलन खड़ा करने वाले अभिजीत दिपके ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्र आंदोलन के लिए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) बनाने वाले अभिजीत दिपके का आरोप है कि उन्हें और उनके परिवार को कई बार धमकी मिली है। उनका कहना है कि उन्हें भाजपा में शामिल होने या परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
CJP नेता अभिजीत दिपके का भाजपा पर हमला
अभिजीत दिपके ने अपने बयान में कहा, 'मुझे यह आश्चर्य है कि मैं मोदी जी और अमित शाह जी के पोते के उम्र का हूं और वो मुझसे इतना डर गए कि धमकी देने आ गए।' उन्होंने कहा, भाजपा को युवाओं या देश की शिक्षा प्रणाली या रोजगार के बारे में बात नहीं करनी है। उन्हें सिर्फ सत्ता चाहिए। जोड़-तोड़कर बस सत्ता... इन्हें युवाओं या देश से कुछ लेना-देना नहीं है।
दिपके ने कहा, भाजपा में बलात्कारियों और अपराधियों का ही स्वागत होता है। उनकी ही पूछ होती है। इस अवसर पर दिपके ने उन्नाव रेप केस में जेल की सजा काट रहे पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर का भी नाम लिया। इसके अलावा उन्होंने कहा, शिक्षा मंत्री को ही दखिए। यह बलात्कारियों के जेल से छूटने पर उनके स्वागत को सही ठहराते हैं। यह देश की शिक्षा तय करेंगे।
CJP नेता ने कहा कि युवाओं, शिक्षा, रोजगार या देश के मुद्दे के लिए सिर्फ विपक्ष ही नहीं, बल्कि पूरे देश को एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने कहा, जो युवाओं, शिक्षा और देश से जुड़े मुद्दे के साथ खड़ा है... हम (CJP) उनके साथ है।
दीपके ने कहा, मुझे राहुल गांधी का बयान सही लगता है। दिल्ली पुलिस अमित शाह के अंडर में है। छात्रों पर पैलेट गन बिना उनकी जानकारी के नहीं चलाई गई होगी। यह सरकार तो बच्चों पर AK-47 फायर करती है। बिहार में किसकी सरकार है? जो गन आतंकियों से मुकाबले के लिए थी, वो छात्रों पर इस्तेमाल की जा रही है। उन्होंने कहा, पैलेट गन के इस्तेमाल से छात्रों की आंखों की रोशनी चली गई, वह अस्पताल में भर्ती हैं। अगर पैलेट गन बिना अमित शाह की जानकारी के चलाई गई, तो वो किस बात के गृहमंत्री या चाणक्य हैं? उन्हें भी इस्तीफा देना चाहिए।
