LIVE

हिंदी समाचार, 9 मार्च 2024 : बनारस में पीएम मोदी, काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना; आसिफ अली जरदारी बने पाकिस्तान के 14वें राष्ट्रपति

LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 9 मार्च 2024
हिंदी समाचार, 9 मार्च 2024 : बनारस में पीएम मोदी, काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना; आसिफ अली जरदारी बने पाकिस्तान के 14वें राष्ट्रपति

हिंदी न्यूज़ 9 मार्च 2024 और बड़ी खबरें: वाराणसी संसदीय क्षेत्र से तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का उम्मीदवार बनाये जाने के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे हैं। बनारस पहुंचते ही हवाई अड्डे पर सीएम योगी आदित्यनाथ और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने रोड शो किया और काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। वहीं पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सह-अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी शनिवार को देश के 14वें राष्ट्रपति चुने गए। जरदारी(68) पीपीपी और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के संयुक्त उम्मीदवार थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी महमूद खान अचकजई सुन्नी इत्तेहाद काउंसिल के प्रत्याशी थे। जरदारी को 255 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 119 वोट मिले। जरदारी दूसरी बार राष्ट्रपति चुने गए हैं। इससे पहले वह 2008 से 2013 तक राष्ट्रपति रहे। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के सभी ताजा अपडेट्स...

MAR 09, 2024 22:59 IST

बनारस में दिखा पीएम मोदी का अद्भुत अंदाज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में हैं। बनारस पहुंचते ही हवाई अड्डे पर सीएम योगी आदित्यनाथ और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने रोड शो किया और काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। पढ़ें पूरी खबर
MAR 09, 2024 19:41 IST

आसिफ अली जरदारी पाकिस्तान के 14वें राष्ट्रपति चुने गए

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सह-अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी शनिवार को देश के 14वें राष्ट्रपति चुने गए। जरदारी(68) पीपीपी और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के संयुक्त उम्मीदवार थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी महमूद खान अचकजई सुन्नी इत्तेहाद काउंसिल के प्रत्याशी थे। जरदारी को 255 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 119 वोट मिले। जरदारी दूसरी बार राष्ट्रपति चुने गए हैं। इससे पहले वह 2008 से 2013 तक राष्ट्रपति रहे। जरदारी दूसरी बार राष्ट्रपति चुने जाने वाले पहले असैन्य व्यक्ति हैं। संविधान के प्रावधानों के अनुसार, राष्ट्रपति को नेशनल असेंबली और चार प्रांतीय विधानसभाओं के नवनिर्वाचित सदस्यों के निर्वाचक मंडल द्वारा चुना गया। सिंध विधानसभा में, जहां जरदारी की पीपीपी सत्ता में है, उन्हें सबसे अधिक वोट मिले, जबकि उन्होंने बलूचिस्तान विधानसभा में भी सभी मत प्राप्त किए।उन्होंने अचकजई को पंजाब विधानसभा में भी हराया। खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा में, जहां सुन्नी इत्तेहाद काउंसिल/पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी की सरकार है, अचकजई को जरदारी के खिलाफ सबसे ज्यादा वोट मिले। कारोबारी से राजनीतिक नेता बने जरदारी पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के पति हैं। जरदारी, मौजूदा राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अल्वी की जगह लेंगे, जिनका पांच साल का कार्यकाल पिछले साल समाप्त हो गया था।
MAR 09, 2024 19:40 IST

Uttarakhand Politics: पूर्व कांग्रेस नेता मनीष खंडूरी भाजपा में शामिल

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के बेटे मनीष खंडूरी शनिवार को अपने पिता की पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने एक दिन पहले ही कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। मनीष खंडूरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम की उपस्थिति में सत्तारूढ़ दल की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने शुक्रवार को कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। मनीष 2019 में कांग्रेस में शामिल हुए थे। पार्टी ने उन्हें 2019 के आम चुनाव में पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था लेकिन उन्हें भाजपा के तीरथ सिंह रावत से तीन लाख से अधिक मतों से हार का सामना करना पड़ा था। मनीष की बड़ी बहन रितु खंडूरी उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष हैं। वह कोटद्वार से भाजपा विधायक हैं। उत्तराखंड में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा, 'पार्टी ने उन्हें पूरा सम्मान दिया। उन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव में टिकट भी दिया गया था। कई चीजें होती हैं, कई बार परिवार का भी दबाव होता है। उनके पिता भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और उनकी बहन भी उसी पार्टी में हैं। उनकी बहन मौजूदा विधानसभा की अध्यक्ष हैं।' प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष ने इसके पहले कहा था, 'उनके इस्तीफे के वास्तविक कारण का पता उनसे बात करने के बाद ही चल पाएगा।'
MAR 09, 2024 19:34 IST

कन्नौज में बड़ी तादाद में अल्पसंख्यकों ने भाजपा में हुए शामिल

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को एक बार फिर तगड़ा झटका लगा है। यहां बड़ी संख्या में मुस्लिमों ने बीजेपी की सदस्यता ली। सभी ने एकसाथ कहा कि हम मोदी का परिवार हैं। वहीं अखिलेश ने कहा है कि लोकसभा चुनाव संविधान और लोकतंत्र को बचाने वाला है। पढ़ें पूरी खबर
MAR 09, 2024 17:46 IST

चुनावों को ध्यान में रखकर रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कटौती की गई: कनिमोई

द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) नेता एवं लोकसभा सदस्य कनिमोई ने शनिवार को कहा कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 100 रुपये की कटौती चुनावों को ध्यान में रखकर की गई, और सवाल किया कि इस तरह की छूट पहले क्यों नहीं दी गई। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस सिलसिले में की गई इस घोषणा पर, कनिमोई ने यह भी पूछा कि क्या महिलाओं को केवल रसोई गैस की कीमतों की चिंता है और क्या उन्हें केवल रसोई तक ही सीमित रहना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘अगर रसोई गैस सिलेंडर के दाम कम किए जा सकते थे तो इसे पहले भी किया जा सकता था। सिलेंडर के दाम में यह कटौती आगामी (लोकसभा) चुनावों के कारण की गई है। इतना ही नहीं, महिला दिवस पर इसकी घोषणा करना यह दर्शाता है कि महिलाओं को केवल रसोई गैस सिलेंडर की ही चिंता है, किसी अन्य चीज की नहीं।’ कनिमोई ने कहा कि कई अन्य चीजों में महिलाओं के लिए नौकरियों के अवसर सृजित करना शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा तमिलनाडु का बार-बार दौरा किये जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘चुनाव नजदीक है, इसलिए वह बार-बार आ रहे हैं।’
MAR 09, 2024 17:45 IST

पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तरी पश्चिम बंगाल में 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शनिवार को लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने इस महीने राज्य की अपनी तीसरी यात्रा के दौरान क्षेत्र के सबसे बड़े शहर सिलीगुड़ी में एक कार्यक्रम में परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में राज्यपाल सीवी आनंद बोस भी मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद पूर्वी भारत की उपेक्षा की गई लेकिन उनकी सरकार इसे देश का विकास इंजन मानती है। उन्होंने कहा, ‘पिछले 10 वर्षों में, बंगाल, विशेषकर उत्तरी बंगाल का विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता रही है।’ एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने रेलवे लाइन विद्युतीकरण की कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिससे उत्तरी पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों के लोगों को फायदा मिलेगा।
MAR 09, 2024 16:42 IST

यूपी और बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश और बिहार विधान परिषद के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। उत्तर प्रदेश में 7 और बिहार में 3 नामों पर मुहर लग चुकी है। आपको बताते हैं कि किस-किस नेता पर भाजपा ने भरोसा जताया है। पढ़ें पूरी खबर
MAR 09, 2024 14:18 IST

कमल हासन की पार्टी द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल हुई

अभिनेता कमल हासन के नेतृत्व वाली पार्टी मक्कल निधि मय्यम (एमएनएम) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नीत गठबंधन में शनिवार को शामिल हो गई और उसे आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपना समर्थन दिया। हासन की पार्टी को संसदीय चुनाव लड़ने के लिए सीटें आवंटित किए जा सकने की अटकलों के बीच द्रमुक ने एमएनएम को 2025 के राज्यसभा चुनाव के लिए एक सीट आवंटित की। हासन और सत्तारूढ़ पार्टी के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने यहां द्रमुक मुख्यालय अन्ना अरिवलयम में समझौते को अंतिम रूप दिया। हासन ने समझौता करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने गठबंधन में शामिल होने का कदम किसी पद के लिए नहीं, बल्कि देश की खातिर उठाया। उन्होंने गठबंधन को अपनी पार्टी का ‘पूर्ण समर्थन’ दिया। दोनों नेताओं के बीच बनी सहमति के अनुसार, एमएनएम पार्टी तमिलनाडु की 39 लोकसभा सीट और एकमात्र पुडुचेरी क्षेत्र में प्रचार अभियान संबंधी कार्य करेगी।
MAR 09, 2024 13:32 IST

चंद्रबाबू नायडू की एनडीए में वापसी तय

लोकसभा चुनाव से पहले आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की एनडीए गठबंधन में वापसी लगभग तय हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हुई महत्वपूर्ण बैठक में सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर सहमति बन गई है। अमित शाह के आवास पर चल रही बैठक अब खत्म हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जल्द ही औपचारिक तौर पर गठबंधन का ऐलान कर सकते हैं।
MAR 09, 2024 12:46 IST

पश्चिम बंगाल: BJP सांसद कुनार हेम्ब्रम ने दिया इस्तीफा

पश्चिम बंगाल से बीजेपी सांसद कुनार हेम्ब्रम ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
MAR 09, 2024 12:44 IST

Sela Tunnel का PM Modi ने किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश में देश की सबसे लंबी टू-लेन सेला सुरंग का उद्घाटन किया। चीन सीमा के पास बनी यह सुरंग रणनीतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण है। इस सुरंग के बनने से एलएसी पर आर्मी की मूवमेंट और तेज होगी और सैनिकों तक जल्द से जल्द हथियार पहुंचाए जा सकेंगे। इसके अलावा यह सुरंग किसी भी मौसम में कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
MAR 09, 2024 12:28 IST

खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का वीडियो आया सामने

भारत के मोस्ट वांटेड खालिस्तानी आतंकी रहे हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का कथित वीडियो सामने आया है। वीडियो में पार्किंग से दो वाहनों को निकलते भी देखा जा सकता जाता है।
MAR 09, 2024 11:58 IST

अकेले चुनाव लड़ेंगी मायावती

बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने साफ कर दिया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में BSP न तो इंडिया गठबंधन में शामिल होने जा रही है और न ही पार्टी कोई तीसरा मोर्चा बनाने जा रही है। मायावती ने स्पष्ट रूप से कहा है कि आगमी चुनाव में पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर यह ऐलान किया।
MAR 09, 2024 10:34 IST

टेक्सास में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में तीन लोगों की मौत

टेक्सास में अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे नेशनल गार्ड के दो सैनिक और सीमा गश्त के एक एजेंट की मौत हो गयी।सेना ने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार एक अन्य सैनिक घायल हो गया।
MAR 09, 2024 09:58 IST

भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी

MAR 09, 2024 09:37 IST

मध्य प्रदेश: कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी और संजय शुक्ला बीजेपी कार्यालय पहुंचे

MAR 09, 2024 09:24 IST

लालू यादव के करीबी के ठिकानों पर ED की रेड

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के एक और करीबी नेता पर ईडी की टीम बड़ी कार्रवाई कर रही है। आरजेडी नेता के सुभाष यादव के कई ठिकानों पर ईडी सर्च ऑपरेशन चला रही है। रेत माफियाओं से संबंधित मामले में ये बड़ी कार्रवाई की गई है।
MAR 09, 2024 08:28 IST

काजीरंगा नेशनल पार्क पहुंचे पीएम मोदी

MAR 09, 2024 07:58 IST

BJP में शामिल होंगे पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को मध्य प्रदेश में बड़ा झटका लगने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी आज भाजपा में शामिल होंगे।
MAR 09, 2024 07:20 IST

फ्रांस में गर्भपात महिलाओं का संवैधानिक अधिकार

फ्रांस में गर्भपात अब महिलाओं का संवैधानिक अधिकार होगा। ऐसा करने वाला फ्रांस दुनिया का पहला देश बन गया है।