LIVEआज की ताजा खबर: Aaj Ki Taza Khabar, 8 अक्टूबर 2023: दो दिवसीय विदेश यात्रा पर जाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ, हमास के हमले में 10 नेपाली छात्रों की मौत

आज की ताजा खबर: Aaj Ki Taza Khabar, 8 अक्टूबर 2023: दो दिवसीय विदेश यात्रा पर जाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ, हमास के हमले में 10 नेपाली छात्रों की मौत
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 8 अक्टूबर 2023 और बड़ी खबरें: पंजाब के फिरोजपुर में गजनी वाला गांव के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसने वाले एक पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा गया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी नागरिक अनजाने में सीमा पार कर भारत आ गया और उसके पास से कुछ भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तान रेंजर्स से संपर्क किया और इस संबंध में कड़ा विरोध दर्ज कराया। अधिकारी के मुताबिक, पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक को बाद में मानवीय आधार पर पाकिस्तान रेंजर्स को सौंप दिया गया। वहीं पश्चिमी अफगानिस्तान में सिलसिलेवार आए भूकंपों से मरने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है क्योंकि बचावकर्मी मलवे में तब्दील हुए घरों के खंडहरों के बीच जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे थे। तालिबान सरकार के एक प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि पश्चिमी अफगानिस्तान में आए शक्तिशाली भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2060 हो गई है। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 8 अक्टूबर (सोमवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को रौंदा
क्रिकेट विश्व कप में अपने पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार आगाज किया। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
लखनऊ में चलती बस में लगी आग
लखनऊ के पारा कोतवाली क्षेत्र के मोहन रोड फतेहगंज में शॉर्ट सर्किट से चलती बस में आग लग गई, जिसके बाद आनन-फानन में यात्री बस से बाहर निकले। हादसे के बाद बुद्धेश्वर से फतेहगंज तक पूरी सड़क जाम हो गई। बस में आग लगने की जानकारी मिलते ही पारा मोहन चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
कैदियों तक ड्रग्स की तस्करी करने वाला पुलिसकर्मी गिरफ्तार
मुंबई के आर्थर रोड जेल के एक पुलिस कांस्टेबल विवेक नाइक को जेल के अंदर कैदियों तक ड्रग्स की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जब आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पास से 8 कैप्सूल (70 ग्राम चरस) बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कोर्ट ने उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
हमास हमले में 10 नेपाली छात्रों की मौत
इज़राइल में नेपाल दूतावास के अधिकारी ने बताया कि हमास के हमले के बाद इजराइल में रह रहे लगभग 10 नेपाली छात्रों की मौत हो गई।
एलओसी के पास बारूदी सुरंग में विस्फोट
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास एक बारूदी सुरंग विस्फोट में सेना के दो पोर्टर घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को राजौरी के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास कलाल इलाके में एक बारूदी सुरंग विस्फोट में सेना के दो पोर्टर घायल हो गए, जिनकी पहचान अश्वनी कुमार और राज कुमार के रूप में हुई है।
इटली और फ्रांस का दौरा करेंगे राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 9 से 12 अक्टूबर तक इटली और फ्रांस की यात्रा पर रहेंगे। दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण औद्योगिक सहयोग सहित गहरे और व्यापक द्विपक्षीय रक्षा संबंध हैं।
जंग में फंसे मेघालय के 27 नागरिकों ने पार की मिस्र की सीमा
मेघालय के सीएम कॉनराड के संगमा ने ट्वीट कर बताया कि विदेश मंत्रालय और हमारे भारतीय मिशन के प्रयासों के माध्यम से मेघालय के हमारे 27 नागरिक जो इज़राइल और फिलिस्तीन के युद्ध संघर्ष क्षेत्र में फंस गए थे, सुरक्षित रूप से मिस्र की सीमा पार कर गए हैं। "
मिस्र में दो इजराइली नागरिकों समेत तीन की मौत
मिस्र के अलेक्जेंड्रिया शहर में रविवार को एक पुलिसकर्मी ने एक पर्यटक स्थल पर इजराइली पर्यटकों को निशाना बनाकर गोलीबारी की, जिससे इजराइल के दो और मिस्र के एक नागरिक की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। एक्स्ट्रा न्यूज चैनल ने सूत्रों के हवाले से कहा कि यह घटना शहर के पोम्पी पिलर पर्यटन स्थल पर हुई। उन्होंने बताया कि घटना में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। सूत्रों ने बताया कि संदिग्ध हमलावर को हिरासत में लिया गया है। मिस्र में हुई यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब इजराइल और फलस्तीनी चरमपंथियों के बीच संघर्ष जारी है।
एयर इंडिया ने 14 अक्टूबर तक रद्द की इजराइल की उड़ानें
शनिवार को शुरू हुए हमास के हमले के जवाब में एयर इंडिया ने 14 अक्टूबर तक दिल्ली-तेल अवीव उड़ानें निलंबित कर दी हैं। एयर इंडिया ने कहा, हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा के लिए तेल अवीव से हमारी उड़ानें 14 अक्टूबर, 2023 तक निलंबित रहेंगी। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा, एयर इंडिया इस अवधि के दौरान किसी भी उड़ान में बुकिंग की पुष्टि करने वाले यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
अभिनेत्री नुसरत भरुचा ने इज़राइल से भारत पहुंचींं
इजराइल में छिड़ी जंग के बाद अभिनेत्री नुसरत भरुचा सुरक्षित भारत पहुंच गई हैं। जंग से पहले वह इज़राइल में थीं। भारतीय दूतावास की मदद से उन्हें मुंबई लाया गया।
इजराइल में सैकड़ों आतंकवादी मारे गए, कई को बंधक बनाया
इजराइली सेना के एक अधिकारी ने कहा कि गाजा और दक्षिणी इजराइल में हमास के साथ जारी लड़ाई में ‘‘सैकड़ों आतंकवादी’’ मारे गए हैं और कई अन्य को बंधक बना लिया गया है। रियर एडमिरल डेनियल हेगारी ने फलस्तीनी आतंकवादी समूह द्वारा इजराइल पर अप्रत्याशित हमला किए जाने, सैकड़ों लोगों की हत्या करने और कई लोगों को बंधक बनाकर गाजा ले जाने के 24 घंटे से अधिक समय बाद रविवार को पत्रकारों के साथ बातचीत में यह जानकारी दी। इजराइल दक्षिणी हिस्से में आतंकवादियों से लड़ रहा है और उसने गाजा में हवाई हमलों में कई इमारतों को नेस्तनाबूद कर दिया है।
इजराइल-हमास के बीच छिड़े युद्ध में क्यों कूदा हिजबुल्लाह?
हिजबुल्लाह ने विवादित क्षेत्र में इजराइली ठिकानों पर गोलाबारी की। मतलब ये कि इजराइल-हमास के बीच छिड़े युद्ध में अब हिजबुल्लाह भी कूद गया है। इजराइल और हिजबुल्लाह की दुश्मनी काफी पुरानी है। इजराइल ये बार-बार कहता रहा है कि लेबनान के आतंकवादी समूह 'हिजबुल्लाह' और सैन्य शाखा वाले इस्लामिक संगठन 'हमास' को ईरान से समर्थन मिलता है।
पढ़ें पूरी खबरहिजबुल्ला ने विवादित क्षेत्र में इजराइली ठिकानों पर गोलाबारी की
लेबनान के आतंकवादी समूह हिजबुल्ला ने सीरिया में इजराइल के कब्जे वाले गोलन हाइट्स के साथ लगती देश की सीमा पर एक विवादित इलाके में इजराइल के तीन ठिकानों पर रविवार को कई रॉकेट दागे और गोलाबारी की। हिजबुल्ला ने एक बयान में कहा कि 'फिलिस्तीनी विरोध' के साथ एकजुटता जताने के लिए 'बड़ी संख्या में रॉकेट और विस्फोटकों' का इस्तेमाल कर यह हमला किया गया। उसने बताया कि इजराइली ठिकानों को सीधे निशाना बनाया गया। इजराइली सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए लेबनानी इलाकों में गोलाबारी की, लेकिन अभी हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इजराइली सेना ने बताया कि उसने उन इलाकों में गोलाबारी की, जहां लेबनानी सीमा की ओर से हमले किए गए थे। इजराइल ने 1967 के पश्चिम एशिया युद्ध के दौरान सीरिया से शीबा फार्म्स का नियंत्रण छीन लिया था, लेकिन लेबनान इस इलाके पर तथा नजदीकी फार चौबा पर्वतीय क्षेत्र पर अपना दावा जताता है। इजराइल ने 1981 में गोलन हाइट्स पर कब्जा जमाया था।
पंजाब में बीएसएफ ने पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा
पंजाब के फिरोजपुर में गजनी वाला गांव के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसने वाले एक पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा गया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी नागरिक अनजाने में सीमा पार कर भारत आ गया और उसके पास से कुछ भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तान रेंजर्स से संपर्क किया और इस संबंध में कड़ा विरोध दर्ज कराया। अधिकारी के मुताबिक, पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक को बाद में मानवीय आधार पर पाकिस्तान रेंजर्स को सौंप दिया गया।
2023-24 की पहली छमाही में बिजली खपत 8 प्रतिशत बढ़ा
चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में भारत की बिजली खपत लगभग आठ प्रतिशत बढ़कर 847 अरब यूनिट हो गई। देश की आर्थिक गतिविधियों में तेजी के चलते यह वृद्धि हुई। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-सितंबर 2023-24 के दौरान बिजली की खपत बढ़कर 847 अरब यूनिट हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 786 अरब यूनिट थी। उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि अप्रैल, मई और जून में बेमौसम बारिश ने बिजली की खपत को प्रभावित किया है। ऐसा नहीं होता तो देश में इसकी वृद्धि दोहरे अंक में हो सकती थी। उन्होंने कहा कि अगस्त में उमस के कारण बिजली की मांग के साथ खपत में सुधार हुआ। इसके चलते अगस्त और सितंबर में बिजली की खपत बढ़ी। आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि बिजली की अधिकतम मांग अप्रैल-सितंबर 2023 के दौरान 241 गीगावॉट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। वित्त वर्ष 2022-23 की पहली छमाही में यह आंकड़ा 215.88 गीगावॉट था।
भारतीय वायु सेना डे परेड को महिला अधिकारी कर रहीं लीड
ऐसा पहली बार हो रहा है। जब कोई महिला अधिकारी भारतीय वायु सेना दिवस परेड (IAF Day parade) की कमान संभाल रही हैं। मामले से अवगत अधिकारियों ने कहा कि एक महिला अधिकारी ग्रुप कैप्टन शालिजा धामी (Group Captain Shaliza Dhami) रविवार (08 अक्टूबर) को सेवा की 91वीं वर्षगांठ के अवसर पर पहली बार प्रयागराज के वायु सेना स्टेशन बमरौली में भारतीय वायु सेना दिवस परेड (Indian Air Force Day Parade) की कमान संभालेंगी। हेलीकॉप्टर पायलट धामी मार्च में फ्रंटलाइन IAF लड़ाकू इकाई की कमान संभालने वाली पहली महिला भी थीं।
पढ़ें पूरी खबरभीषण भूकंप से अफगानिस्तान तबाह, अब तक 2000 से ज्यादा मौतें
पश्चिमी अफगानिस्तान में सिलसिलेवार आए भूकंपों से मरने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है क्योंकि बचावकर्मी मलवे में तब्दील हुए घरों के खंडहरों के बीच जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे थे। तालिबान सरकार के एक प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि पश्चिमी अफगानिस्तान में आए शक्तिशाली भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2060 हो गई है।
पढ़ें पूरी खबरसूर्य की ओर बढ़ रहा है आदित्य एल1, ISRO ने दिया अपडेट
भारत के सूर्य मिशन में एक के बाद एक बड़ी सफलता हाथ लग रही है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने इससे जुड़ी अहम जानकारी साझा करते हुए ये बताया है कि अंतरिक्ष यान स्वस्थ है और सूर्य-पृथ्वी L1 की ओर बढ़ रहा है। ट्रांजिस्टर करेक्शन मैनुवर (टीसीएम) जिसका मूल रूप से प्रावधान किया गया था, 6 अक्टूबर, 2023 को लगभग 16 सेकंड के लिए किया गया था।
पढ़ें पूरी खबरभुवनेश्वर को मिलेगी 5,900 करोड़ रुपये की मेट्रो रेल परियोजना
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक अगले साल एक जनवरी को भुवनेश्वर मेट्रो रेल परियोजना की आधारशिला रखेंगे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पटनायक ने मेट्रो रेल से जुड़ी 5,900 करोड़ रुपये से अधिक की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को भी मंजूरी दे दी है, जिसे राज्य सरकार वहन करेगी। एक अधिकारी के मुताबिक, 'मुख्यमंत्री एक जनवरी 2024 को इस परियोजना की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने मेट्रो रेल परियोजना के पहले चरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए डीपीआर को मंजूरी दे दी।'अधिकारी ने कहा, 'कुल 5,929 करोड़ रुपये की लागत वाली डीपीआर को मंजूरी दे दी गई है, जिसका पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। परियोजना पर काम जल्द ही शुरू होगा और इसे 48 महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।' पटनायक ने कहा, 'भुवनेश्वर मेट्रो ओडिशा के लिए एक ऐतिहासिक परियोजना है... यह शहर में सार्वजनिक परिवहन सेवा को और मजबूत करेगी तथा इसके आर्थिक विकास को गति देगी।'
केंद्रीय दल आज करेंगे बाढ़ प्रभावित सिक्किम का दौरा
केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्र ने बताया कि कृषि, सड़क परिवहन और राजमार्ग, जल संसाधन, ऊर्जा और वित्त मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम अचानक आई बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए रविवार से सिक्किम का दौरा करेगी। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, "जमीनी स्थिति का जायजा लेने, क्षति की सीमा का आकलन करने और आवश्यकतानुसार सहायता प्रदान करने के लिए टीम कल से सिक्किम का दौरा करेगी।" मिश्र ने राज्य सरकार के अधिकारियों से कम से कम समय में क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करने को कहा। केंद्र सरकार ने अचानक आई बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए सिक्किम को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) के केंद्रीय हिस्से से 44.8 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि जारी करने की मंजूरी दे दी है।