LIVE
8 दिसंबर 2024 हिंदी न्यूज़: सीरिया में तख्तापलट के बाद राष्ट्रपति अल-असद की प्लेन क्रैश में मौत; शंभू बॉर्डर पर पुलिस और किसानों के बीच टकराव
8 दिसंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: उत्तर प्रदेेश की राजधानी लखनऊ में तीन जगहों पर बम की सूचना से हड़कंप मच गया। यहां हुसैनगंज मेट्रो स्टेशन, चारबाग व आलमबाग पर बम होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी में अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलाहै। वहीं, अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसान आज एक बार फिर दिल्ली कूच करेंगे। किसानों को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से सख्त व्यवस्थाएं की गई हैं। बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार बंद होने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब उपद्रवियों ने ढाका में इस्कॉन मंदिर को आग के हवाले कर दिया, यहां कई मूर्तियों को भी तोड़ा गया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आज भाजपा सभी विधानसभा क्षेत्रों में परिवर्तन यात्रा निकालेगी। सीरिया में व्रिदेाही तख्तापलट की कोशिश कर रहे हैं, यहां विद्रोहियों ने कई शहरों पर कब्जा कर लिया है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के अपडेट्स...
- 8 दिसंबर 2024 हिंदी न्यूज़:
- लखनऊ में हुसैनगंज मेट्रो स्टेशन, चारबाग व आलमबाग में बम की सूचना।
- किसान आज फिर निकालेंगे दिल्ली मार्च।
- बांग्लादेश में इस्कॉन मंदिर में उपद्रवियों ने लगाई आग, कई मूर्तियों को भी तोड़ा।
- दिल्ली में भाजपा निकालेगी परिवर्तन यात्रा।
- सीरिया में तख्तापलट की कोशिश, विद्रोहियों ने कई शहरों पर किया कब्जा।
DEC 08, 2024 16:17 IST
तेलंगाना में सड़क हादसे में दो कांस्टेबल की मौत
तेलंगाना के सिद्दीपेट जिले में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से रविवार को बाइक सवार दो पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह हादसा गजवेल शहर में तब हुआ जब दोनों कांस्टेबल मैराथन में शिरकत करने के लिए हैदराबाद आ रहे थे। दोनों पुलिस कर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी उम्र करीब 40-45 साल के बीच थी। सिद्दीपेट की पुलिस आयुक्त बी. अनुराधा ने अस्पताल का दौरा किया और मृतकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इन कांस्टेबल के परिजनों से भी मुलाकात की। पुलिस ने बताया कि इस बाबत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
DEC 08, 2024 16:15 IST
गौतमबुद्ध नगर की जिला जेल में बंद किसान कर रहे भूख हड़ताल
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के किसान भूख हड़ताल कर रहे हैं। वे फिलहाल गौतमबुद्ध नगर की एक जेल में बंद हैं। एसकेएम ने एक बयान में कहा, ‘‘गौतमबुद्ध नगर की जिला जेल में बंद ग्रेटर नोएडा के किसान अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए भूख हड़ताल कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि किसानों की कुछ मांगें काफी समय से लंबित पड़ी हैं, जिसमें 10 प्रतिशत भूमि आवंटन सुनिश्चित करने वाले नये कानून का कार्यान्वयन भी शामिल है। एसकेएम ने कहा, ‘‘जब ये किसान अपनी मांग के लिए शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे तो प्रशासन ने जबरन उन्हें हिरासत में ले लिया।’’ किसानों ने 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करने की भी मांग की है। एसकेएम ने कहा, ‘‘जिला जेल में बंद किसान न्याय पाने के लिए भूख हड़ताल कर रहे हैं, इसलिए उन्होंने खाना लेने से इनकार कर दिया। हालांकि उनकी हड़ताल शांतिपूर्ण है, लेकिन इससे उनके स्वास्थ्य को काफी खतरा है।’’ उन्होंने जिला प्रशासन, राज्य सरकार और केंद्र सरकार से किसानों की मांगों को प्राथमिकता के साथ सुनने का आग्रह किया है।
DEC 08, 2024 15:42 IST
भारत 2047 तक 30 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा: प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि भारत 2047 तक 30 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। प्रधान ने शनिवार को यहां ‘एक्सएलआरआई-स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के साल भर जारी रहने वाले प्लेटिनम जुबली समारोह के समापन समारोह में कहा कि दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था भारत वर्तमान में पांचवें स्थान पर है और अगले तीन वर्षों में तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘75 वर्ष पहले जब एक्सएलआरआई अस्तित्व में आया था, तब दुनिया आर्थिक मोर्चे पर भारत को जानती तक नहीं थी लेकिन आज हम तीन लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर के साथ दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती और पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं।’’ प्रधान ने कहा, ‘‘हम अगले तीन वर्षों में पांच लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर के साथ तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होंगे। हमारी अर्थव्यवस्था 2047 तक 30 लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर तक बढ़ जाएगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें धन और रोजगार सृजनकर्ता बनना होगा। हमारे पास लाखों रोजगार सृजन की क्षमता है। दुनिया डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के लिए भारत की ओर देख रही है। दुनिया में 46 प्रतिशत डिजिटल लेनदेन हमारे देश में होते हैं। हम सेवा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन गए हैं।’’ केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य धन और रोजगार सृजन करना है।
DEC 08, 2024 15:42 IST
महाराष्ट्र: नार्वेकर ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राहुल नार्वेकर ने रविवार को महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। पिछली विधानसभा में अध्यक्ष रहे नार्वेकर के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व अजित पवार भी मौजूद थे। भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले और भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत पाटिल भी इस अवसर पर मौजूद थे। कोलाबा विधानसभा सीट से विधायक नार्वेकर का निर्विरोध चुना जाना तय है क्योंकि सोमवार को होने वाले चुनाव के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।
DEC 08, 2024 15:41 IST
MVA नेताओं ने CM फडणवीस से मुलाकात कर विधानसभा में उपाध्यक्ष का पद मांगा
महाराष्ट्र में महाविकास आघाडी के नेताओं ने रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर विपक्षी गठबंधन में शामिल किसी एक दल को विधानसभा उपाध्यक्ष का पद देने की मांग की। नेताओं ने फडणवीस से कहा कि विपक्ष विधानसभा अध्यक्ष को निर्विरोध चुने जाने देगा लेकिन वह चाहता है कि सत्ता पक्ष प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उसे विधानसभा उपाध्यक्ष का पद दे। महाविकास आघाडी में शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (उबाठा), कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार शामिल है। शिवसेना (उबाठा) नेता भास्कर जाधव ने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया और बाद में एमवीए नेताओं ने विधानसभा में गठबंधन की रणनीति पर चर्चा करने के लिए एक बैठक की।
DEC 08, 2024 15:41 IST
महाराष्ट्र विधानसभा में 105 सदस्यों ने विधायक के रूप में शपथ ली
महाराष्ट्र में विपक्षी महाविकास आघाडी (एमवीए) के सदस्यों सहित 105 विधायकों ने रविवार को नवगठित विधानसभा में विधायक के रूप में शपथ ली। विधायकों ने विशेष सत्र के दूसरे दिन शपथ ग्रहण की। विपक्षी दलों के विधायकों ने हाल ही में हुए राज्य चुनावों में ईवीएम के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए विधानसभा के तीन दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया था। कांग्रेस नेता नाना पटोले, विजय वडेट्टीवार व अमित देशमुख, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार के नेता जितेंद्र अव्हाड और शिवसेना-उद्धव बाला साहेब ठाकरे (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे सहित कुछ विधायकों ने आज सदन की कार्यवाही शुरू होने के तुरंत बाद शपथ ली। शनिवार को 173 विधायकों ने शपथ ली जबकि नौ अनुपस्थित विधायक सोमवार को शपथ लेंगे। पहली बार विधायक बने कई विधायकों ने रविवार को शपथ ली और समारोह में उनके परिवार के सदस्यों की भीड़ उमड़ पड़ी।
DEC 08, 2024 14:50 IST
एमवीए से पीछे हटना, अबू आजमी की कोई नई चाल : मनीषा कायंदे
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव हारने के बाद 'महाविकास अघाड़ी' (एमवीए) में अस्थिरता नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी के गठबंधन से अलग होने की बात के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने रविवार को इसे उनकी नई चाल बताई है। शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने आईएएनएस से कहा, "मुझे आश्चर्य है कि अबू आजमी को यह बातें इतनी देर से समझ में आई। महाराष्ट्र में 'एमवीए' की बुरी हार के बाद वह इस प्रकार की बातें करने लगते हैं। अगर 'एमवीए' की जीत होती तो क्या वह ऐसी बातें करते? ऐसे में कहीं ना कहीं दाल में कुछ काला है और उनकी ये कोई नई चाल है। वह यूबीटी के नाम से रो रहे हैं, जिसका कोई दूसरा मतलब भी निकल सकता है।"
DEC 08, 2024 14:50 IST
नीदरलैंड : हेग विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 5
डच अधिकारियों ने शनिवार सुबह एक शक्तिशाली विस्फोट के बाद ढही एक इमारत के मलबे से पांच शवों के बरामद होने की पुष्टि की है। हादसे में अन्य पीड़ितों की तलाश जारी है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, आपातकालीन सेवाओं ने पहले ही चेतावनी दी थी कि मरने वाले लोगों की संख्या करीब 20 तक हो सकती है। मेयर जान वैन जेनन एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "वास्तविकता यह है कि पीड़ितों के बचने की संभावना बहुत कम है। हम सबसे खराब स्थिति के लिए तैयारी कर रहे हैं।" वहीं, दिन में पहले बचाए गए दो व्यक्तियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
DEC 08, 2024 14:49 IST
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शीतकालीन चारधाम यात्रा का शुभारंभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना के साथ ही शीतकालीन चारधाम यात्रा शुरू करने की घोषणा कर दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो दिवसीय दौरे पर रुद्रप्रयाग पहुंचे। रविवार को अपने दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को बड़ी सौगात देते हुए 12 महीने चलने वाली चारधाम यात्रा शुरू कराने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी ने रविवार को विधिवत केदार बाबा के शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ से चारधाम यात्रा का ऐलान कर दिया है। उत्तराखंड में लंबे समय से चारधाम शीतकालीन यात्रा को लेकर आवाजें उठती रही हैं।
DEC 08, 2024 14:48 IST
नक्सलियों के खिलाफ ग्रामीणों ने छेड़ी जंग, कमांडर सहित दो नक्सलियों की पीट-पीट कर हत्या
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड में प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के एरिया कमांडर मोटा टाइगर और उसके एक साथी को स्थानीय ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला है। इन दोनों के शव गुदड़ी थाना क्षेत्र के टोडेल-कोमाय जंगल के पास पड़े होने की सूचना है। घटना शुक्रवार शाम की है, लेकिन रविवार दिन 11 बजे तक इनके शव बरामद नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों के आक्रोश की वजह से पुलिस अब तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची है।
DEC 08, 2024 14:42 IST
पटना में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
बिहार में पुलिस की लाख कोशिशों के बाद भी आपराधिक घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। विपक्ष बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर लगातार सरकार को घेरता रहा है। इस बीच, पटना के धनरूआ थाना क्षेत्र के एक सुनसान खेत से पुलिस ने रविवार को एक युवक का शव बरामद किया है। युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है।
DEC 08, 2024 14:42 IST
राहुल नार्वेकर ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए भरा नामांकन
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव 9 दिसंबर (सोमवार) को होगा। वहीं, नामांकन की प्रक्रिया 8 दिसंबर (रविवार) से शुरू हो चुकी है।
DEC 08, 2024 14:29 IST
राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर इंडिया ब्लॉक में चिंता उठ रही है : नलिन कोहली
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के 'इंडिया ब्लॉक का नेतृत्व' वाले बयान के बाद से विपक्षी नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने भी ममता बनर्जी के इंडी गठबंधन का नेतृत्व करने पर समर्थन करने की बात कही है। इसके बाद से सियासी घमासान तेज हो गया है। इसी बीच ममता बनर्जी के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का रिएक्शन आया है।
DEC 08, 2024 14:27 IST
महाराष्ट्र वक्फ बोर्ड ने किसानों की 300 एकड़ जमीन पर ठोका दावा
लातूर में किसानों की 300 एकड़ जमीन को वक्फ बोर्ड ने अपना बताया है। इसको लेकर औरंगाबाद के कोर्ट में याचिका भी डाली गई है, जिस पर 20 दिसंबर को सुनवाई होगी। यहां पढ़ें पूरी खबर
DEC 08, 2024 14:02 IST
सीरिया सरकार गिरी, असद परिवार के 50 साल के शासन का अंत
सीरिया की राजधानी दमिश्क में विद्रोहियों के घुसने और राष्ट्रपति बशर-अल असद के देश छोड़कर भागने संबंधी दावों के बीच सरकार गिरने के साथ ही असद परिवार के 50 साल के शासन का रविवार तड़के अप्रत्याशित अंत हो गया और लोगों ने सड़कों पर उतरकर जश्न मनाया। सीरियाई सरकारी टैलीविजन चैनल ने कुछ लोगों के एक समूह का वीडियो बयान प्रसारित किया है जिसमें वे कहते नजर आ रहे हैं कि राष्ट्रपति बशर असद को सत्ता से बाहर कर दिया गया है और जेल में बंद सभी कैदियों को रिहा करा दिया गया है। वीडियो में बयान पढ़ रहे व्यक्ति ने कहा कि ‘ऑपरेशंस रूम टू कॉन्कर दमिश्क’ ने सभी विपक्षी लड़ाकों और नागरिकों से ‘‘स्वतंत्र सीरियाई देश’’ की सरकारी संस्थाओं को संरक्षित रखने का आह्वान किया है।
DEC 08, 2024 13:58 IST
किसानों पर पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
दिल्ली की ओर से बढ़ रहे किसानों को पुलिस ने शंभू बॉर्डर से पहले रोक दिया है। किसानों को तितर-बितर करने के लिए उनपर आंसू गैस के गोले दागे गए हैं।
DEC 08, 2024 13:32 IST
सीरिया के राष्ट्रपति अल-असद की मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद की प्लेन क्रैश में मौत हो गई है। यह हादसा तब हुआ, जब विद्रोहियों द्वारा दमिश्क पर कब्जा किए जाने से पहले राष्ट्रपति असद देश छोड़कर भाग रहे थे। हालांकि, इस घटना की पुष्टि अभी तक किसी की ओर से नहीं की गई है।
DEC 08, 2024 12:38 IST
ममता एक काबिल नेता हैं: पवार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उस बयान का समर्थन किया है जिसमें उन्होंने ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की अगुवाई करने की इच्छा जाहिर की है।
DEC 08, 2024 12:18 IST
DEC 08, 2024 11:38 IST
ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 10 विकेट से हराया
ऑस्ट्रेलिया ने 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में भारत को 10 विकेट से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।
