LIVE

आज की ताजा खबर: अगले महीने जिनपिंग से मुलाकात कर सकते हैं ट्रंप... केरल में ऑपरेशन सिंदूर पर मचा बवाल

Amit Kumar MandalUpdated Sep 7, 2025, 20:09 IST

Aaj Ki Taza Khabar 7 Sep 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके शीर्ष सलाहकार इस साल अक्टूबर के अंत में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के लिए दक्षिण कोरिया की यात्रा करने की तैयारी कर रहे हैं। इस दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए गंभीर चर्चाएं हो सकती है, हालांकि इसकी कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है।

आज की ताजा खबर: अगले महीने जिनपिंग से मुलाकात कर सकते हैं ट्रंप... केरल में ऑपरेशन सिंदूर पर मचा बवाल
आज की ताजा खबर: अगले महीने जिनपिंग से मुलाकात कर सकते हैं ट्रंप... केरल में ऑपरेशन सिंदूर पर मचा बवाल

Aaj Ki Taza Khabar 7 Sep 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके शीर्ष सलाहकार इस साल अक्टूबर के अंत में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के लिए दक्षिण कोरिया की यात्रा करने की तैयारी कर रहे हैं। इस दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए गंभीर चर्चाएं हो सकती है, हालांकि इसकी कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है। वहीं, बोको हराम के आतंकवादियों ने नाइजीरिया के पूर्वोत्तर में एक गांव पर रात के समय हमला करके दर्जनों लोगों की हत्या कर दी। इस गांव में हाल ही में आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों के लिए बंद शिविर से लौटे लोग रहते हैं। बामा स्थानीय सरकारी क्षेत्र में दारुल जमाल पर हमला शुक्रवार देर रात हुआ और गांव के निवासी मोहम्मद बाबागाना ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि कम से कम 60 लोग मारे गए। उधर, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में भूस्खलन प्रभावित अखाड़ा बाजार इलाके में मलबे से शनिवार को चार और शव निकाले गए, जिससे इस आपदा में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने उपराष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को अपनी पार्टी का समर्थन देने का शनिवार को ऐलान किया। ओवैसी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि तेलंगाना सीएमओ ने उनसे बात की और नौ सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में रेड्डी की उम्मीदवारी का समर्थन करने का अनुरोध किया। जानिए देश और दुनिया की अहम खबरें।

SEPT 07, 2025 20:09 IST

PM मोदी ने भाजपा सांसदों के लिए आयोजित कार्यशाला में लिया हिस्सा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसदों के लिए आयोजित एक कार्यशाला में शामिल हुए, जिसमें सांसदों ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों की सराहना की। यह कार्यशाला पार्टी के देशव्यापी जनसंपर्क अभियान से पहले आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य जीएसटी के फायदों के बारे में लोगों को जागरूक करना है। मोदी कई घंटों तक सांसदों के बीच ही रहे। कई सदस्यों ने कहा कि मोदी पार्टी के साधारण सदस्य की तरह आखिरी पंक्ति में बैठे।
SEPT 07, 2025 13:40 IST

'मां का अपमान बर्दाश्त नहीं', पीएम मोदी की मां पर हुई टिप्पणी पर बोले बाबा बागेश्वर

बाबा बागेश्वर ने पीएम मोदी की माता जी पर की गई अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि माँ का दर्जा सर्वोच्च है और ऐसी भाषा अस्वीकार्य है। लगातार बारिश के कारण उनका आगरा का आशीर्वचन कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। टाइम्स नाउ नवभारत से बातचीत में उन्होंने अपनी पदयात्रा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही, हाल ही में लागू हुए जीएसटी सुधारों की सराहना करते हुए पीएम मोदी का धन्यवाद किया।
SEPT 07, 2025 12:13 IST

कोलकाता में अब हर साइनबोर्ड पर बांग्ला अनिवार्य

कोलकाता नगर निगम (KMC) ने 30 अगस्त 2025 को नया आदेश जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि शहर के सभी व्यापारिक, वाणिज्यिक, संस्थागत, सभा भवन और अन्य प्रतिष्ठानों के साइन बोर्ड, होर्डिंग और साइनज पर बांग्ला भाषा को शीर्ष पर रखना अब अनिवार्य होगा। इस आदेश का पालन 30 सितंबर 2025 तक करना होगा, अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
SEPT 07, 2025 11:01 IST

केरल में RSS के 27 कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज

केरल में 27 कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दरअसल, ओणम उत्सव के दौरान कोल्लम जिले के एक मंदिर में फूलों की रंगोली बनाने के आरोप में इन सभी लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। मंदिर समिति ने केरल हाई कोर्ट के आदेश का उल्लंघन बताए जाने के बाद इस संबंध में मामला दर्ज किया है। मंदिर समिति के एक पदाधिकारी अशोकन सी. ने शिकायत दर्ज कराई है।
SEPT 07, 2025 10:37 IST

रूस ने कीव पर किया ड्रोन और मिसाइलों से हमला

Russian Attack On Kiev: यूक्रेन की राजधानी पर रूस के ड्रोन और मिसाइल हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। यूक्रेनी अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। कीव नगर प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि मृतकों में एक साल का बच्चा भी शामिल है। उसका शव बचावकर्मियों ने मलबे से निकाला। कीव के मेयर विटालि क्लिट्स्को के अनुसार, रूसी ड्रोन का मलबा स्वियातोशिन्स्की जिले और डार्नित्स्की जिले में एक आवासीय इमारत पर गिरा। एसोसिएटेड प्रेस के पत्रकारों ने रविवार को बड़े पैमाने पर रूसी ड्रोन और मिसाइल हमले के बाद कीव के कैबिनेट भवन की छत से धुएं का गुबार उठता देखा। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह धुआं किसी सीधे हमले का नतीजा था, जो रूस के हवाई अभियान में वृद्धि का संकेत होगा। रूस ने अब तक शहर के केंद्र में सरकारी इमारतों को निशाना बनाने से परहेज किया है।
SEPT 07, 2025 10:03 IST

रूस ने कीव पर किया ड्रोन और मिसाइलों से हमला, कम से कम दो लोगों की मौत

यूक्रेन की राजधानी पर रूस के ड्रोन और मिसाइल हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। यूक्रेनी अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। कीव नगर प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि मृतकों में एक साल का बच्चा भी शामिल है। उसका शव बचावकर्मियों ने मलबे से निकाला। कीव के मेयर विटालि क्लिट्स्को के अनुसार, रूसी ड्रोन का मलबा स्वियातोशिन्स्की जिले और डार्नित्स्की जिले में एक आवासीय इमारत पर गिरा।
SEPT 07, 2025 09:57 IST

माता वैष्णो देवी यात्रा लगातार 13वें दिन भी स्थगित

कटरा, जम्मू: खराब मौसम और सुरक्षा चिंताओं के कारण श्री माता वैष्णो देवी यात्रा लगातार 13वें दिन भी स्थगित है। पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण त्रिकुटा पहाड़ियों में भूस्खलन और सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे तीर्थयात्रा मार्ग श्रद्धालुओं के लिए असुरक्षित हो गया है।
SEPT 07, 2025 10:46 IST

बाढ़ प्रभावित पंजाब दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी

पंजाब बीजेपी का ट्वीट- माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी 9 सितंबर को गुरदासपुर, पंजाब आ रहे हैं। वे बाढ़ प्रभावित भाई-बहनों और किसानों से सीधे मुलाकात कर उनका दुख साझा करेंगे और पीड़ितों की मदद के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा साबित करता है कि केंद्र की भाजपा सरकार हमेशा पंजाब के लोगों के साथ खड़ी है और इस कठिन समय में पूरा सहयोग प्रदान करेगी।
SEPT 07, 2025 09:36 IST

काम का श्रेय लेने की कोई होड़ नहीं, बोले एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि सत्तारूढ़ महायुति के सहयोगियों के बीच काम का श्रेय लेने की कोई होड़ नहीं है और वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ एक टीम की तरह काम कर रहे हैं। शिंदे ने यह टिप्पणी शनिवार को प्रमुख अखबारों में प्रकाशित पूरे पन्ने के विज्ञापनों पर पूछे गए सवाल के जवाब में की, जिनमें सिर्फ मुख्यमंत्री फडणवीस ही दिखाई दे रहे थे। एक विज्ञापन में फडणवीस को छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए दिखाया गया था, जबकि दूसरे विज्ञापन में उन्हें दस दिवसीय गणपति उत्सव के अंतिम दिन, अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान गणेश की पूजा करते हुए दिखाया गया था। दोनों विज्ञापनों के नीचे मराठी में 'देवभाऊ' लिखा है। हालांकि, यह पता नहीं चल सका है कि इन विज्ञापनों को किसने प्रायोजित किया था।
SEPT 07, 2025 08:47 IST

चाईबासा में सुरक्षाबल और नक्सलियों के बीच एनकाउंटर, एक नक्सली ढेर

चाईबासा में कोबरा जवानों ने मुठभेड़ के दौरान एक नक्सली को मारा गिराया। पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई जिसमें एक नक्सली मारा गया। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में रविवार की सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है। नक्सलियों के खिलाफ कोबरा जवान सर्च ऑपरेशन पर थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान कोबरा जवान और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने एक नक्सली को मार गिराया है। एक हथियार भी बरामद हुआ है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
SEPT 07, 2025 08:06 IST

मुंबई: महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस, अभिनेता अक्षय कुमार और बीएमसी कमिश्नर भूषण गगरानी के साथ, गणपति विसर्जन के बाद समुद्र तट सफाई कार्यक्रम में भाग लेती हुईं।

SEPT 07, 2025 07:33 IST

फिलिस्तीन एक्शन के समर्थन में लंदन में विरोध प्रदर्शन, 400 गिरफ्तार

ब्रिटिश पुलिस ने शनिवार को संसद के बाहर प्रदर्शनकारियों के साथ हाथापाई की और 400 से ज़्यादा प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया, जो फिलिस्तीन एक्शन समूह पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन करने के लिए इकट्ठा हुए थे, जिसे सरकार ने एक आतंकवादी संगठन घोषित किया है। प्रदर्शन का आयोजन करने वाले अभियान समूह, डिफेंड अवर ज्यूरीज ने कहा कि लंदन में हुए प्रदर्शन में 1,500 लोगों ने हिस्सा लिया, जो बैठकर "मैं नरसंहार का विरोध करता हूं, मैं फिलिस्तीन एक्शन का समर्थन करता हूं" लिखे हुए पोस्टर लिए हुए थे। कुछ ही मिनटों में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया, जबकि वहां खड़े लोग "शर्म करो" और "मेट पुलिस, एक पक्ष चुनो, न्याय या नरसंहार" के नारे लगा रहे थे। अधिकारी प्रदर्शनकारियों को घसीट कर ले जा रहे थे, जो भीड़ से हटाए जाने के दौरान लंगड़ा रहे थे।
SEPT 07, 2025 07:41 IST

नाइजीरिया में बोको हराम ने 60 लोगों की हत्या की

बोको हराम के आतंकवादियों ने नाइजीरिया के पूर्वोत्तर में एक गांव पर रात के समय हमला करके दर्जनों लोगों की हत्या कर दी। यह गांव हाल ही में आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों के लिए बंद शिविर से लौटे निवासियों का घर है। निवासियों और अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बामा स्थानीय सरकारी क्षेत्र में दारुल जमाल पर हमला शुक्रवार देर रात हुआ और गांव के निवासी मोहम्मद बाबागाना ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि कम से कम 60 लोग मारे गए। बोर्नो राज्य के राज्यपाल बाबागाना ज़ुलुम ने पत्रकारों को पुष्टि की कि हमले में 60 से ज़्यादा लोग मारे गए।
SEPT 07, 2025 07:33 IST

उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्षी उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी का समर्थन करेगी एआईएमआईएम

एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने उपराष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को अपनी पार्टी का समर्थन देने का शनिवार को ऐलान किया। ओवैसी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि तेलंगाना सीएमओ ने उनसे बात की और नौ सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में रेड्डी की उम्मीदवारी का समर्थन करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, तेलंगाना सीएमओ ने आज मुझसे बात की और अनुरोध किया कि हम उपराष्ट्रपति चुनाव में न्यायमूर्ति सुदर्शन रेड्डी का समर्थन करें। एआईएमआईएम न्यायमूर्ति रेड्डी को अपना समर्थन देगी जो हैदराबाद के हैं और सम्मानित न्यायविद हैं। हैदराबाद के सांसद ने कहा कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश रेड्डी से बात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
SEPT 07, 2025 07:33 IST

हिमाचल: भूस्खलन प्रभावित कुल्लू में चार और शव मिले

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में भूस्खलन प्रभावित अखाड़ा बाजार इलाके में मलबे से शनिवार को चार और शव निकाले गए, जिससे इस आपदा में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि जिले के भरमौर-मणिमहेश में बचाव अभियान 64 फंसे हुए तीर्थयात्रियों को हवाई मार्ग से निकालने के बाद समाप्त हो गया। कुल्लू के उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने बताया कि अखाड़ा बाजार इलाके में मंगलवार और बृहस्पतिवार को भूस्खलन हुआ, जिससे कई इमारतें मलबे में तब्दील हो गईं। एक व्यक्ति अब भी लापता है। शनिवार को मृत मिले चारों लोगों की पहचान स्थानीय निवासी नरेंद्र और कश्मीर निवासी बकर अहमद, हुसैन लोन और ताहिर दीन अहमद शेख के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, तीर्थयात्रा मार्ग पर कई दिनों तक फंसे रहने के कारण 17 लोगों की मौत हो गई।
SEPT 07, 2025 07:32 IST

APEC शिखर सम्मेलन में हो सकती है ट्रंप-जिनपिंग मुलाकात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके शीर्ष सलाहकार इस साल अक्टूबर के अंत में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के लिए दक्षिण कोरिया की यात्रा करने की तैयारी कर रहे हैं। इस दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए गंभीर चर्चाएं होंगी, लेकिन इसकी कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है। सीएनएन ने शनिवार को ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों का हवाला देते हुए यह जानकारी दी है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन के तीन अधिकारियों ने सीएनएन को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति और उनके शीर्ष सलाहकार एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग व्यापार मंत्रियों की बैठक की तैयारी कर रहे हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, APEC शिखर सम्मेलन, जो अक्टूबर के अंत और नवंबर की शुरुआत में ग्योंगजू में होगा, ट्रंप के लिए चीनी नेता शी जिनपिंग से मिलने के एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। सीएनएन ने बताया कि कैसे पिछले महीने एक फोन कॉल में शी जिनपिंग ने ट्रंप और उनकी पत्नी को चीन आने का न्योता दिया था, और अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी इस पर सहमति जताई, हालांकि अभी कोई तारीख तय नहीं हुई है।