LIVEआज की ताजा खबर (Taza Khabar) 7 जनवरी 2024: टी20 सिरीज के लिए अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का ऐलान; पीएम मोदी के खिलाफ टिप्पणी करने वाली मालदीव की मंत्री सस्पेंड

आज की ताजा खबर (Taza Khabar) 7 जनवरी 2024: टी20 सिरीज के लिए अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का ऐलान; पीएम मोदी के खिलाफ टिप्पणी करने वाली मालदीव की मंत्री सस्पेंड
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 7 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर लोगों भारी उत्साह है। देशभर से श्रद्धालु रामनगरी पहुंचेंगे, इस बात तो ध्यान में रखकर रेल मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। देश के सभी जोनल रेलवे क्षेत्र से अयोध्या के लिए ट्रेनें चलाई जाएंगी। सभी जोनल रेलवे को रेलवे बोर्ड ने स्पेशल ट्रेन के संचालन से जुड़ी जानकारी साझा की है। इसका नाम आस्था स्पेशल ट्रेन रखा गया है। वहीं दिल्ली में लोगों का हाल बेहाल होने लगा है। ठंड से अभी तक दिल्लीवाले जूझ ही रहे थे की शीतलहर ने भी कहर बरसाना शुरू कर दिया है। दिल्ली में बढ़ती ठंड के कारण मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को लेकर येलो अलर्ट जारी किया था। दिल्ली में शनिवार और रविवार के दिन शीतलहर चलेगी इसको लेकर मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दे दी थी। आज दिल्ली में शीतलहर का प्रभाव अधिक देखा जा सकता है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 14 से 15 दर्ज किया गया है। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 7 जनवरी (रविवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।
भारत एक प्रमुख शक्ति के रूप मे उभर रहा- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में पुलिस महानिदेशकों/महानिरीक्षकों के 58वें अखिल भारतीय सम्मेलन में शामिल हुए। पीएमओ ने बताया, भारत के पहले सौर मिशन-आदित्य-एल1 की सफलता और भारतीय नौसेना द्वारा अरब सागर में अपहृत जहाज से 21 चालक दल के सदस्यों को तेजी से बचाने पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसी उपलब्धियां दिखाती हैं कि दुनिया में भारत एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि आदित्य-एल1 की सफलता चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के समान है। उन्होंने भारतीय नौसेना के सफल ऑपरेशन पर भी गर्व जताया।
भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से बात करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से बातचीत करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का ऐलान
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए शुक्रवार को भारतीय टीम का ऐलान हो गया। हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में सौंपी गई है। रोहित और विराट कोहली की 14 महीने बाद टी20 क्रिकेट में वापसी हुई है।
पंजाब: 10वीं तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद
पंजाब में ठंड के चलते 10वीं क्लास तक के सभी स्कूल 14 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
देश में 72% घरों तक पहुंचीं पेयजल सुविधाएं: गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को कहा कि देश के 72 प्रतिशत घरों तक पेयजल सुविधाएं पहुंच चुकी हैं और शेष में दिसंबर 2024 तक पहुंच जाएंगी।सिंह ने यहां असम से आए पत्रकारों के एक समूह को बताया कि जब 2019 में ‘जल जीवन मिशन’ शुरू हुआ तो 16 प्रतिशत से कुछ अधिक घरों में ही पेयजल की सुविधा थी।
पीएम मोदी के खिलाफ टिप्पणी करने वाली मालदीव की मंत्री सस्पेंड
मालदीव सरकार ने पीएम मोदी के खिलाफ टिप्पणी करने वाली मंत्री मरियम शिउना, मालशा और हसन जिहान को सस्पेंड कर दिया है।
पश्चिम बंगाल में TMC नेता की गोली मारकर हत्या
पश्चिम बंगाल के बहरामपुर में एक टीएमसी नेता की दिन दहाड़े हत्या कर दी गई। टीएमसी नेता सत्यन चौधरी पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चोट के कारण आस्ट्रेलियाई ओपन से हटे राफेल नडाल
राफेल नडाल ने चोट के कारण आस्ट्रेलियाई ओपन से हटने का फैसला किया जबकि उन्होंने 12 महीने तक खेल से बाहर रहने के बाद वापसी में केवल एक ही टूर्नामेंट खेला था।
कल से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8-10 जनवरी 2023 को गुजरात दौरे पर रहेंगे। 9 जनवरी को सुबह करीब 9:30 बजे प्रधानमंत्री गांधीनगर में महात्मा मंदिर पहुंचेंगे, जहां वह विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। उसके बाद शीर्ष वैश्विक निगमों के सीईओ के साथ बैठक करेंगे। दोपहर करीब तीन बजे वह वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे।
पीएम मोदी के खिलाफ टिप्पणी पर उच्चायुक्त ने मामले में उठाया मामला
सूत्रों के मुताबिक, मालदीव के युवा अधिकारिता उप मंत्री मरियम शिउना की हालिया टिप्पणियों के संबंध में, भारतीय उच्चायुक्त ने माले में मामला उठाया है।
महाराष्ट्र: ATS ने हथियार के साथ 6 को किया गिरफ्तार
महाराष्ट्र में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की मुंबई इकाई ने बोरीवली इलाके में एक गेस्ट हाउस पर छापा मारकर 6 लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 3 बंदूकें और 36 जिंदा कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार किये गये सभी लोग दिल्ली के रहने वाले हैं।
9 जनवरी को जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 9 जनवरी को जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे। वह वहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
अखिलेश यादव पर भड़की मायावती, अपने गिरेबान में झांकने की दी नसीहत
बहुजन समाज पार्टी (BSP) की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती (Mayawati) ने समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने बसपा की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए थे। मायावती ने कहा कि बसपा पर अनर्गल तंज कसने से पहले सपा प्रमुख को अपने गिरेबान में झांककर जरूर देखना चाहिए कि बीजेपी को आगे बढ़ाने व मेलजोल में उनका दामन कितना दागदार है।
पढ़ें पूरी खबरएएसपी सहित छह लोगों पर दुष्कर्म व जबरन गर्भपात कराने का मामला दर्ज
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाना पुलिस ने आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राहुल श्रीवास्तव, उनकी पत्नी और चार अन्य करीबियों के खिलाफ कथित तौर पर दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और आपराधिक धमकी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार एक प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही युवती की शिकायत के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस के एटीएस में तैनात एएसपी राहुल श्रीवास्तव, उनकी पत्नी डॉक्टर मानिनी श्रीवास्तव व चार अन्य दोस्तों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म), 313 (महिला की सहमति के बिना गर्भपात) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत शनिवार को मामला दर्ज किया गया। गोमती नगर विस्तार थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सुधीर अवस्थी ने बताया कि एक युवती की शिकायत पर शनिवार को एएसपी और अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी।
देश के हर जोन से अयोध्या के लिए चलेंगी आस्था स्पेशल ट्रेनें
अयोध्या में रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर देशभर के लोगों में उत्साह है। राम मंदिर के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस बीच रेल मंत्रालय ने IRCTC को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अब देश के सभी जोन से अयोध्या के लिए आस्था स्पेशल ट्रेन चलेगी।
पढ़ें पूरी खबरमहाराष्ट्र में अवैध रूप से रहने के आरोप तीन बांग्लादेशी गिरफ्तार
पुलिस ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में अवैध रूप से रहने के आरोप में तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने चार जनवरी को वसई इलाके में तलाश अभियान चलाया जिसमें पुलिस ने 23 से 45 वर्ष की आयु के तीन लोगों को गिरफ्तार किया। वसई पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपियों के पास भारत में रहने के लिए वैध दस्तावेज नहीं हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) नियमों और विदेशी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया।
पंजाब, हरियाणा के कई हिस्सों में घने कोहरे के कारण दृश्यता बाधित
पंजाब और हरियाणा में रविवार को भी ठंड का प्रकोप बना हुआ है और कई स्थानों पर कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता बाधित रही। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड है और न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में भी रात को ठंड रही और वहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.5 डिग्री सेल्सियस, 7 डिग्री सेल्सियस, 6.2 डिग्री सेल्सियस, 7 डिग्री सेल्सियस, 7 डिग्री सेल्सियस और 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ आज सुबह कोहरे की जद में रही और वहां न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा का भिवानी राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा और वहां न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में पारा 7.5 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 7.9 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 8.1 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा, आंध्र प्रदेश का दौरा करेंगे अधिकारी
अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) और दो निर्वाचन आयुक्त (ईसी) सोमवार को आंध्र प्रदेश का दौरा करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। लोकसभा और आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव एक साथ होने की संभावना है। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडे व अरुण गोयल आठ जनवरी शाम को आंध्र प्रदेश पहुंचेंगे। पहले की योजना के अनुसार, निर्वाचन आयोग को सात से 10 जनवरी तक तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश का दौरा करना था। हालांकि योजना में बदलाव किया गया और लोकसभा चुनावों के लिए राज्य की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोग अब बाद में तमिलनाडु का दौरा करेगा। लोकसभा चुनाव की तैयारियों की निगरानी के लिए उप निर्वाचन आयुक्तों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम ने लगभग सभी राज्यों का दौरा किया है। सीईसी और ईसी के लिए विधानसभा या लोकसभा चुनावों से पहले राजनीतिक दलों, पुलिस व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से मिलने के लिए राज्यों का दौरा करना आम बात है। फिलहाल यह तय नहीं है कि वे सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का दौरा करेंगे या नहीं। अधिकारी उन राज्यों को छोड़ सकते हैं, जहां हाल ही में विधानसभा चुनाव हुए हैं।
जानिए कैसी है अयोध्या के राम मंदिर में श्री रामलला की मूर्ति
अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारियां जोरों पर है। इस बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय ने ये बताया है कि भगवान श्रीराम की मूर्ति कैसी है? राम मंदिर के लिए सालों पुराना संघर्ष का परिणाम अब आ चुका है। 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
पढ़ें पूरी खबरसीएम योगी ने रैन बसेरों में जरूरतमंदों को कंबल व भोजन बांटा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार रात गोरखपुर महानगर में रेलवे स्टेशन, कचहरी बस अड्डा और झूलेलाल मंदिर के रैनबसेरों का निरीक्षण किया और जरूरतमंदों को कंबल व भोजन वितरित किया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि दो दिवसीय दौरे पर अपने गृह नगर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर में दिन भर कार्यक्रमों के बाद शनिवार रात तीन रैन बसेरों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर जरूरतमन्द को रैन बसेरों में अच्छी सुविधा दी जाए। योगी ने कहा कि प्रशासन इस कार्य को प्राथमिकता पर करते हुए यह सुनिश्चित करे कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त संख्या में बिस्तर व कम्बल का इंतजाम हो। साफ-सफाई का भी पूरा ध्यान रखा जाए। अगर किसी के पास भोजन की व्यवस्था नहीं है, तो उसे भोजन भी उपलब्ध कराया जाए। यहां जारी एक बयान में कहा गया कि योगी ने रैन बसेरे में ठहरे लोगों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से जरूरतमन्दों को कम्बल व भोजन का वितरण भी किया।