LIVE

7 फरवरी 2025: केजरीवाल के घर से ACB की टीम गई वापस, RBI ने की रेपो रेट में कटौती; भारत ने 400 रक्षा ड्रोन्स के सौदे रद्द किए

शिशुपाल कुमारUpdated Feb 7, 2025, 17:46 IST

हिंदी न्यूज़ 7 फरवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 7 फरवरी (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

7 फरवरी 2025: केजरीवाल के घर से ACB की टीम गई वापस, RBI ने की रेपो रेट में कटौती; भारत ने 400 रक्षा ड्रोन्स के सौदे रद्द किए
7 फरवरी 2025: केजरीवाल के घर से ACB की टीम गई वापस, RBI ने की रेपो रेट में कटौती; भारत ने 400 रक्षा ड्रोन्स के सौदे रद्द किए

हिंदी न्यूज़ 7 फरवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शुक्रवार को अपने एक दावे पर जांच अधिकारियों की पूछताछ का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, AAP नेताओं द्वारा BJP पर प्रत्याशियों को लालच देने के आरोप पर भाजपा महामंत्री विष्णु मित्तल ने उपराज्यपाल से शिकायत की थी। उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल, सांसद संजय सिंह के आरोप की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) या किसी अन्य एजेंसी से जांच कराने और इन नेताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी। जिसके बाद दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो से अरविंद केजरीवाल के आरोपों की जांच करने की सिफारिश की। इसके बाद एसीबी की टीम अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह के घर रवाना हो गई थी। ताजा जानकारी के अनुसार, ACB की टीम आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के घर से वापस चली गई है। MUDA स्कैम में कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। इस केस की जांच CBI को सौंपे जाने की मांग करने वाली याचिका को कर्नाटक हाई कोर्ट ने शुक्रवार को रद्द कर दिया। कोर्ट ने कहा कि मामले की जांच लोकायुक्त पुलिस कर रही है। RBI रेपो दर को 0.25% घटाकर 6.25% कर दिया। RBI ने करीब 5 साल बाद रेपो दर में कटौती की है। इससे पहले मई 2020 में कोविड-19 महामारी के समय रेपो दर को 0.40% घटाकर 4% किया गया था। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के रिजल्ट से पहले ही विधायकों को तोड़ने का खेल शुरू हो गया है। आप ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि उसके विधायकों को भाजपा तोड़ने की कोशिश कर रही है। वहीं बीजेपी ने इन आरोपों को लेकर कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

FEB 07, 2025 16:45 IST

इन्फोसिस ने 300 से अधिक नए कर्मचारियों को नौकरी से निकाला

सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा प्रदाता कंपनी इन्फोसिस ने 300 से अधिक नए लोगों (पहली बार नौकरी करने वाले-फ्रेशर्स) को नौकरी से निकाल दिया है। सूत्रों के अनुसार, इन कर्मचारियों ने कंपनी के मैसुरु परिसर में शुरुआती प्रशिक्षण लिया था, लेकिन तीन प्रयासों के बाद भी वे आंतरिक मूल्यांकन में उत्तीर्ण नहीं हो पाए। हालांकि, आईटी कर्मचारी यूनियन एनआईटीईएस ने कहा कि इस कदम से प्रभावित होने वाले नए कर्मचारियों की संख्या बहुत अधिक है। यूनियन ने श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के समक्ष आधिकारिक शिकायत दर्ज कर कंपनी के खिलाफ तत्काल हस्तक्षेप और सख्त कार्रवाई की मांग करने की धमकी दी है। इस संबंध में भेजे गए ई-मेल के जवाब में बेंगलुरु मुख्यालय वाली आईटी सेवा कंपनी ने कहा, “इन्फोसिस में हमारी नियुक्ति प्रक्रिया बहुत सख्त है, जिसमें सभी नए कर्मचारियों को हमारे मैसुरु परिसर में व्यापक आधारभूत प्रशिक्षण लेने के बाद आंतरिक मूल्यांकन में सफल होने की उम्मीद होती है।” कंपनी ने कहा कि सभी नए कर्मचारियों को मूल्यांकन में सफल होने के लिए तीन मौके मिलते हैं, जिसमें विफल होने पर वे संस्थान में बने नहीं रह पाएंगे। कंपनी ने कहा कि यह उपनियम ‘उनके अनुबंध में भी उल्लिखित है।’ इन्फोसिस ने कहा, “यह प्रक्रिया दो दशक से अधिक समय से अस्तित्व में है और हमारे ग्राहकों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली प्रतिभा की उपलब्धता सुनिश्चित करती है।” घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि प्रभावित नए लोगों की संख्या 300 से कुछ अधिक है।
FEB 07, 2025 16:44 IST

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने लगाई संगम में डुबकी

प्रयागराज महाकुंभ में उमड़ रहे जनसैलाब के बीच शुक्रवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी संगम में डुबकी लगाई और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना की। आधिकारिक बयान के मुताबिक, पटेल ने कहा कि महाकुंभ क्षेत्र में सुंदर व्यवस्था की गई है और कहीं भी किसी को कोई समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘त्रिवेणी संगम में स्नान मेरे लिए सौभाग्य की बात है। भारत की आस्था के केंद्र त्रिवेणी संगम में स्नान करने के बाद हर व्यक्ति स्वयं को भाग्यशाली मानता है।’’ पटेल ने संगम स्नान से पूर्व बड़े हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की और फिर सेक्टर-7 स्थित गुजरात पवेलियन का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मेले में स्वच्छता से लेकर हर सुविधा तक, सब कुछ बेहद अच्छा है। कड़ी सुरक्षा के बीच पटेल यांत्रिक नाव से त्रिवेणी संगम पहुंचे जहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार और श्लोकों के बीच की डुबकी लगाई। इस दौरान उन्होंने सूर्यदेव को अर्घ्य भी दिया। उनके साथ उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने भी डुबकी लगाई। इसके बाद पटेल ने गंगा पूजन और गंगा आरती की। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शुक्रवार सुबह नौ बजे राजकीय विमान से प्रयागराज पहुंचे। प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने उनका स्वागत किया। यहां से वह सीधे बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की और आरती की।
FEB 07, 2025 16:44 IST

बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने त्रिवेणी संगम में लगाई डुबकी

बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शुक्रवार को महाकुंभ मेले में त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई और कहा कि सनातन संस्कृति की मूल भावना एकात्मता है, जहां सारे भेद समाप्त हो जाते हैं। खान ने संगम स्नान के बाद पत्रकारों से कहा, “हमें हमेशा यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि सनातन संस्कृति की मूल भावना एकात्मता है जहां सारे भेद समाप्त हो जाते हैं।” आरिफ मो. खान ने प्रयागराज दौरे के दूसरे दिन कहा, “भारत की सनातन संस्कृति का मूल आदर्श एकात्मता है, जहां सभी भेद समाप्त हो जाते हैं। हमारी संस्कृति हमें सिखाती है कि अगर हम किसी भी मानव को उनके दिव्य रूप में देखें, तो हमें यह अहसास होगा कि ‘मानव ही माधव’ का स्वरूप है।” राज्यपाल खान ने कहा कि महाकुंभ में आकर यह स्पष्ट होता है कि भारत की संस्कृति और परंपरा मानवता को जोड़ने का कार्य करती है तथा यहां मौजूद लोग एक-दूसरे को भले ही न जानते हों, लेकिन फिर भी सब एकजुट होकर इस आयोजन में भाग ले रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की विरासत, आदर्श और मूल्यों को जीवंत रखना आवश्यक है तथा यही वे मूल्य हैं, जो हमारे समाज को एकसूत्र में बांधते हैं व समरसता की भावना को मजबूत करते हैं। खान ने महाकुंभ को भारत की आध्यात्मिक विरासत का गौरव बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा था कि यह आयोजन संपूर्ण विश्व को शांति, एकता और सेवा का संदेश देता है।
FEB 07, 2025 16:43 IST

नोएडा : आपराधिक गतिविधियों से खरीदी गई थार जब्त

नोएडा की थाना फेस 2 पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत आपराधिक गतिविधियों द्वारा अर्जित धन से खरीदी गई थार गाड़ी को जब्त किया है। इस गाड़ी की अनुमानित कीमत 12,84,999 रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत की और आरोपी योगेश शर्मा की थार गाड़ी को जब्त कर लिया। योगेश शर्मा वह गैंग लीडर है, जिसने एक दफ्तर खोलकर लोगों को एयरलाइंस में नौकरी दिलाने और मुद्रा लोन के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी की थी। पुलिस ने बताया कि थाना सेक्टर 63, नोएडा पर गैंगस्टर एक्ट के तहत योगेश शर्मा और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच थाना फेस 2 पुलिस कर रही थी। पुलिस ने जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पाया कि आरोपी योगेश शर्मा एक संगठित और सक्रिय आपराधिक गैंग का लीडर है। उसने अपनी आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से थार गाड़ी खरीदी थी। पुलिस ने बताया कि योगेश शर्मा ने एयरलाइंस में नौकरी दिलाने और मुद्रा लोन योजना के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी लोगों से की थी। गैंग लीडर योगेश शर्मा ने इन आपराधिक कार्यों को संचालित करने के लिए सेक्टर 63 के डी-215 बिल्डिंग के तीसरे फ्लोर पर ऑफिस नंबर टी-4 खोला था, जहां नौकरी दिलाने और लोन योजना के नाम पर धन वसूला करता था। पुलिस ने बताया कि योगेश शर्मा पहले ही जेल में बंद है और उसके खिलाफ विभिन्न मामलों की जांच जारी है। थाना प्रभारी फेस-2 और पुलिस बल ने अभियुक्त की गाड़ी को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
FEB 07, 2025 16:43 IST

भोपाल में हिंदू युवती से शादी रचाने पहुंचे मुस्लिम युवक की पिटाई

​मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हिंदूवादी संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। कहा जा रहा है कि युवक मुस्लिम है और वह हिंदू लड़की से शादी करने जा रहा था। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक अन्य की पिटाई कर रहे हैं। युवक को पहले थप्पड़ मारते हैं और जब वह जमीन पर गिर जाता है तो उसके चेहरे पर पैरों से भी प्रहार करते नजर आ रहे हैं। पिटाई करने वाले युवक हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं तो वहीं जिसकी पिटाई हो रही है, वह नरसिंहपुर का निवासी मुस्लिम युवक है। मिली जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर का निवासी मुस्लिम युवक एक हिंदू लड़की से शादी करने भोपाल न्यायालय पहुंचा था। इस बात की जानकारी जब हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों को हुई तो वे उस स्थान पर जा पहुंचे, जहां यह युवक शादी की वैधानिक कार्रवाई पूरी करने में जुटा था। इस घटनाक्रम की पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, युवक और युवती पुलिस थाने में जरूर पहुंच गए हैं। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मुस्लिम युवक हिंदू लड़की को बहला-फुसलाकर शादी करने जा रहा था। यह लव जिहाद का मामला है। आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
FEB 07, 2025 16:42 IST

संजय सिंह ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप- भाजपा सबसे भ्रष्ट है

FEB 07, 2025 16:41 IST

एसीबी के अधिकारी अरविंद केजरीवाल के आवास से रवाना हुए

FEB 07, 2025 15:03 IST

केजरीवाल के घर पहुंची ACB की टीम

आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शुक्रवार को अपने एक दावे पर जांच अधिकारियों की पूछताछ का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, AAP नेताओं द्वारा BJP पर प्रत्याशियों को लालच देने के आरोप पर भाजपा महामंत्री विष्णु मित्तल ने उपराज्यपाल से शिकायत की थी। उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल, सांसद संजय सिंह के आरोप की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) या किसी अन्य एजेंसी से जांच कराने और इन नेताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी। जिसके बाद दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो से अरविंद केजरीवाल के आरोपों की जांच करने की सिफारिश की। इसके बाद एसीबी की टीम अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह के घर रवाना हो गई थी। ताजा जानकारी के अनुसार, ACB की टीम आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के घर पहुंच गई है।
FEB 07, 2025 14:17 IST

दिल्ली उच्च न्यायालय ने इंजीनियर रशीद की अभिरक्षा पैरोल की याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा

दिल्ली उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को आतंकवाद के वित्तपोषण मामले में मुकदमे का सामना कर रहे जेल में बंद सांसद रशीद इंजीनियर की याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। सांसद ने संसद के मौजूदा सत्र में हिस्सा लेने के लिए अभिरक्षा पैरोल का अनुरोध किया था। न्यायमूर्ति विकास महाजन ने बारामूला से सांसद तथा राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की ओर से पेश हुए वकीलों की दलीलें सुनीं और कहा, ‘‘फैसला सुरक्षित रखा जाता है।’’ एनआईए की ओर से पेश हुए वकील ने अभिरक्षा पैरोल दिए जाने का विरोध करते हुए कहा कि रशीद को संसद में उपस्थित होने का कोई अधिकार नहीं है। एनआईए के वकील ने कहा कि राहत का अनुरोध करते समय सांसद ने कोई ‘‘विशिष्ट उद्देश्य’’ नहीं बताया है और सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी हैं। वहीं रशीद के वकील ने इस बात पर जोर दिया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र का संसद में प्रतिनिधित्व नहीं हो रहा है और उन्हें सत्र में भाग लेने की अनुमति दी जानी चाहिए।
FEB 07, 2025 14:16 IST

बजट ‘बांग्ला विरोधी' है, लोगों को ‘मां सीता की तरह' गुमराह किया गया: अभिषेक बनर्जी

तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को केंद्रीय बजट को ‘बांग्ला विरोधी बजट’ करार दिया और आरोप लगाया कि इस सरकार ने अर्थव्यवस्था को ‘‘सांठगांठ वाले पूंजीवाद के रावण’’ को सौंप दिया है तथा ‘‘सीता माता की तरह’’ देश के आम आदमी को गुमराह किया है। उन्होंने लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए यह दावा भी किया कि केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल की न सिर्फ उपेक्षा की है, बल्कि राज्य के विकास को अवरुद्ध करने का प्रयास किया है। बनर्जी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘रिवर्स रॉबिनहुड’ की महारथी है जो गरीबों से लेकर अमीरों को देती है। बनर्जी ने कहा कि सरकार ‘अधूरे संघवाद’ पर अमल कर रही है क्योंकि बिहार को देती है और पश्चिम बंगाल की उपेक्षा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह ‘बांग्ला विरोधी बजट’’ है और इसमें पश्चिम बंगाल के विकास और समृद्धि को रोकने का प्रयास किया गया है। बनर्जी ने कहा, ‘‘आयकर में राहत देने की बात की गई है ताकि आम आदमी का ध्यान खींचा जा सके, लेकिन अप्रत्यक्ष कर, योजनाओं में कटौती और कॉरपोरेट पर मेहरबानी की गई।’’
FEB 07, 2025 14:15 IST

भारत ने हासिल की 100 गीगावाट की सौर ऊर्जा क्षमता: प्रल्हाद जोशी

केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शुक्रवार को कहा कि भारत ने 100 गीगावाट सौर ऊर्जा क्षमता का मील का पत्थर हासिल कर लिया है। उन्होंने 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करने के देश के लक्ष्य को रेखांकित किया। जोशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने 100 गीगावाट सौर क्षमता का ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल किया है। यह उपलब्धि स्वच्छ, हरित भविष्य के प्रति हमारी निरंतर प्रतिबद्धता से प्रेरित है।”
FEB 07, 2025 14:02 IST

दो लोगों की हत्या के मामले में चार पुलिसकर्मी निलंबित

बलिया जिले के सिकंदरपुर क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो लोगों की हत्या के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के खरीद गांव में जमीन के विवाद को लेकर बुधवार रात रामजीत यादव और उनके बेटे निरंजन, नीरज, मनीष व कुछ अन्य लोगों ने दूसरे पक्ष के पंकज यादव (24) के घर में घुसकर उनके परिवार पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल पंकज को जिला अस्पताल से वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित अस्पताल में रेफर किया गया लेकिन बुधवार देर रात रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
FEB 07, 2025 14:02 IST

पत्नी को जलाकर मारने के दोषी को आजीवन कारावास

बिजनौर की एक स्थानीय अदालत ने अपनी पत्नी को जलाकर मार डालने के आरोपी एक व्यक्ति को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, उत्तराखंड के जसपुर की रहने वाली 33 वर्षीय मंजू की शादी बिजनौर जिले के धामपुर के मोहल्ला जोशियान निवासी सचिन से साल 2012 में हुई थी। उसे उसके पति, सास कविता और ससुर आदेश द्वारा कथित तौर पर प्रताड़ित किया जाता था। सचिन कथित तौर पर नशे का आदी था। अभियोजन पक्ष के वकील ने कहा कि तीन अप्रैल 2022 को सचिन ने अपनी मां, पिता और चचेरे भाई अभिषेक के साथ मिलकर उस पर डीजल डाला और उसे आग लगा दी।
FEB 07, 2025 14:01 IST

सीआरपीएफ प्रमुख ने राजौरी में अग्रिम इलाकों का दौरा किया

केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक जी.पी. सिंह ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में अग्रिम इलाकों का दौरा किया और सुरक्षा स्थिति तथा बल की अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सिंह ने बृहस्पतिवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से भी मुलाकात की और उन्हें आतंकवाद रोधी अभियानों और कानून-व्यवस्था को लेकर बल की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सीआरपीएफ के महानिदेशक का यह दो दिवसीय दौरा था जिसमें वह सीमावर्ती जिले के कालाकोट, कोपराटॉप और थानामंडी शिविर भी गए।
FEB 07, 2025 14:01 IST

जद(यू) ने उठाई दरभंगा हवाई अड्डे का नाम विद्यापति पर रखने की मांग

राज्यसभा में जनता दल यू के एक सदस्य ने बिहार के दरभंगा हवाई अड्डे का नाम मध्य काल के प्रसिद्ध मैथिल कवि विद्यापति पर रखे जाने की मांग उठाई। उच्च सदन में बिहार से ही ताल्लुक रखने वाले जद (यू) के संजय झा ने शून्यकाल में यह मांग उठाई। उन्होंने कहा कि विद्यापति ने भारतीय साहित्य और भक्ति परंपरा में अत्यधिक महत्वपूर्ण योगदान दिया है और मिथिला क्षेत्र के वासियों के दिलों में उनका अमिट स्थान है। संजय झा ने कहा कि इस संदर्भ में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तत्कालीन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर दरभंगा हवाई अड्डे का नाम कवि कोकिल विद्यापति हवाई अड्डा रखने की अपील की थी।
FEB 07, 2025 14:01 IST

राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि बार-बार मांग के बावजूद निर्वाचन आयोग की ओर से महाराष्ट्र के मतदाताओं के डेटा उपलब्ध नहीं कराने से लगता है कि कुछ न कुछ गलत है। नेता प्रतिपक्ष (लोकसभा में) ने शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग को पारदर्शिता लानी चाहिए, महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़ी पूरे राज्य की मतदाता सूची उपलब्ध कराना उसकी जिम्मेदारी है कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने दावा किया कि महाराष्ट्र में मतदाताओं की संख्या यहां की वयस्क आबादी से ज्यादा है। राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम उस पूरे विपक्ष का प्रतिनिधित्व करते हैं जिसने महाराष्ट्र में पिछला चुनाव लड़ा था। हम भारत के लोगों के ध्यान में महाराष्ट्र चुनावों के संबंध में सामने आई कुछ महत्वपूर्ण जानकारी लाना चाहते हैं। हमारी टीम ने मतदाता सूची और मतदान पैटर्न का सावधानीपूर्वक अध्ययन किया है और हम कुछ समय से इस पर काम कर रहे हैं। दुर्भाग्य से हमें कई अनियमितताएं मिलीं।’’

FEB 07, 2025 14:00 IST

×तमिलनाडु में चौथी कक्षा की छात्रा का यौन उत्पीड़न

तिरुचिरापल्ली जिले के मणप्पारै शहर के एक निजी विद्यालय में चौथी कक्षा की छात्रा के यौन उत्पीड़न के मामले में विद्यालय की एक कर्मचारी और उसके पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि छोटी बच्ची से जुड़े मामले में कर्मचारी का पति "मुख्य आरोपी" है।
FEB 07, 2025 14:00 IST

बरेली में मांझा बनाने की फैक्टरी में विस्फोट

बरेली जिले में किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज खड्ड इलाके में शुक्रवार को पतंग की डोर (मांझा) बनाने वाली एक फैक्टरी में हुए विस्फोट में फैक्टरी मालिक समेत तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज खड्ड इलाके में शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे पतंग की डोर बनाने वाली एक फैक्टरी में विस्फोट हो गया।
FEB 07, 2025 13:59 IST

आप के आरोपों पर ACB करेगी जांच

दिल्ली के उपराज्यपाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों को प्रलोभन देकर अपने पक्ष में करने के प्रयास संबंधी आप के आरोपों की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा से जांच कराने के आदेश दिए
FEB 07, 2025 13:59 IST

महाकुंभ मेले में इस्कॉन के शिविर में आग लगी

महाकुंभ नगर के सेक्टर-18 में स्थित अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के शिविर में शुक्रवार सुबह आग लग गई जिसमें करीब 20 से 22 टेंट जलकर खाक हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।