LIVEआज की ताजा खबर, Aaj Ki Taza Khabar, 6 मार्च 2023: आश्रम फ्लाईओवर खुलने के लिए तैयार

आज की ताजा खबर, Aaj Ki Taza Khabar, 6 मार्च 2023: आश्रम फ्लाईओवर खुलने के लिए तैयार
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 6 मार्च 2023 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 6 मार्च (सोमवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक निकोबार द्वीपों पर सोमवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर फूकंप की तीव्रता 5.0 मापी गई। कानपुर के हर्ष नगर में पानी की पाइपलाइन को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। इस विवाद में पत्थरबाजी हुई जिसमें दो लोगों को हल्की चोटें आईं। दोनों पक्षों के लोग एक ही समुदाय के हैं। सेंट्रल कानपुर के डीसीपी ने बताया कि स्थिति काबू में है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार को 'आशीर्वाद यात्रा' में शरीक हुए। उन्होंने रोड शो किया। देश और दुनिया के आज के ताजा घटनाक्रम कुछ इस प्रकार हैं-
त्रिपुरा का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? सस्पेंस खत्म
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। प्रदेश के बीजेपी विधायकों ने माणिक साहा (Manik Saha) को विधायक दल का नेता चुन लिया है। वे दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे।
पूरी खबर पढ़ेंकैप्टन के लिए आजीवन कारावास की सिफारिश
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के अमशीपोरा में 2020 में तीन लोगों के फर्जी एनकाउंटर के मामले में सेना की एक अदालत ने एक कैप्टन को आजीवन कारावास की सजा की सिफारिश की।
पूरी खबर पढ़ेंCBI पहुंची घर, राबड़ी देवी ने कह दी ये बात
नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में सीबीआई की टीम आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद की पत्नी और बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास उनसे पूछताछ करने पहुंची। इस पर राबड़ी ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि शुरुआत से ही ऐसा ही रहा है।
पूरी खबर पढ़ेंहो सकता था बड़ा हादसा
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा के हेलिकॉप्टर को सोमवार को लैंडिंग में दिक्कत का सामना करना पड़ा। दरअसल, कलबुर्गी के जवर्गी में येदियुरप्पा का हेलीकॉप्टर जब लैंड कर रहा था तो वहां आस-पास बिखरे प्लास्टिक के ढेर हवा में उड़ने लगे। पायलट ने सूझ-बूझ दिखाते हुए हेलिकॉप्टर को आगे लेकर चला गया।
प्रवासी मजदूरों खूब चल रही सियासत
तमिलनाडु में बिहार के मजदूरों की कथित पिटाई का मामला इन दिनों गर्म है। सोशल मीडिया पर आए कुछ वीडियो में दावा किया गया है कि तमिलनाडु में हिंदी भाषी प्रदेशों के मजदूरों से मारपीट की गई है और वे वापस लौट रहे हैं। इसे लेकर सियासत ने भी जोर पकड़ा और पटना से लेकर चेन्नई तक इसकी गूंज सुनाई दी। फिर सामने आया कि इस तरह के वीडियो और खबरें फर्जी हैं और इन पर यकीन न किया जाए। पिछले दो हफ्ते से सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो चल रहे हैं कि हिंदी भाषी प्रदेशों खास तौर पर बिहार के रहने वाले प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाया जा रहा है। इनमें दावा किया गया कि इन मजदूरों को पीटा गया और कुछ की हत्या भी की गई।
आज की ताजा खबर 6 मार्च 2023 LIVE: राबड़ी देवी के आवास पहुंची CBI
बिहार में जमीन के बदले नौकरी घोटाले की जांच की आंच पूर्व मुख्यंत्री राबड़ी देवी के घर तक जा पहुंची है। सोमवार (छह मार्च, 2023) को देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम उनके पटना स्थित आवास पहुंची। समाचार एजेंसी एएनआई को इस बारे में सीबीआई ने बताया, "सीबीआई लैंड फॉर जॉब केस में देवी के पटना स्थित आवास पहुंची।"
'हिंदुस्तान का हिस्सा हो सकता है PoK'
हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ.कमल गुप्ता ने कहा है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) किसी भी क्षण में हिंदुस्तान का हिस्सा हो सकता है।
आश्रम फ्लाईओवर खुलने के लिए तैयार
देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार (छह मार्च, 2023) को आश्रम फ्लाईओवर खुलने के लिए तैयार है। लगभग दो महीने तक बंद रहने के बाद आज इसका उद्घाटन दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल करेंगे। जानकारी के मुताबिक, सुबह ठीक 11 बजे दिल्ली सीएम इसका उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद शाम छह बजे से इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
आज की ताजा खबर 6 मार्च 2023 LIVE: शूटर उस्मान भी ढेर
उमेश पाल मर्डर केस में उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई जारी है। शूटर अरबाज के बाद पुलिस ने विजय उर्फ उस्मान नाम के हमलावर को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। बताया जा रहा है कि उस्मान ने ही उमेश पर सबसे पहले फायरिंग की थी। इससे पहले पुलिस ने अरबाज नाम के शूटर को मुठभेड़ में मार गिराया।
आज की ताजा खबर 6 मार्च 2023 LIVE: अखिलेश ने किया 'इंसाफ के सिपाही' का समर्थन
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल के अभियान 'इंसाफ के सिपाही' का समर्थन किया है। अभियान का समर्थन करते हुए सपा अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'शासन करने वालों ने जब अन्याय की स्याही फैला रखी हो तो इंसाफ का सिपाही बनना बहुत जरूरी हो जाता है।'
'ब्रिटिश काल से पहले बेरोजगारी भी लगभग नहीं थी'
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुखिया मोहन भागवत ने दावा किया है कि अंग्रेजों का गुलाम बनने से पहले हिंदुस्तान में 70 प्रतिशत लोग शिक्षित थे और तब किसी प्रकार की बेरोजगारी भी लगभग नहीं थी। सब लोग उस दौरान अपनी आजीविका का रास्ता खोज लेते थे।
आज की ताजा खबर 6 मार्च 2023 LIVE: कफ सिरप मामला, कंपनी के मालिक फरार
भारत में निर्मित कफ सिरप के सेवन से उज्बेकिस्तान में कथित रूप से 18 बच्चों की मौत के मामले में औषधि विभाग ने नोएडा स्थित कंपनी के लाइसेंस को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं इस मामले में फरार कंपनी के मालिक की गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की है। मध्य नोएडा के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अमित कुमार ने बताया कि कंपनी के निदेशक सचिन जैन और जया जैन भारत में हैं या विदेश में हैं, इस बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता।
सोसायटी की लिफ्ट में सिगरेट पीने पर युवक गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के बिसरख में स्थित एक हाउसिंग सोसायटी की लिफ्ट में सिगरेट पीते हुए सात युवकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। नोएडा पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया, ‘रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के माध्यम से हमारे संज्ञान में आया है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एससिटी सोसाइटी की लिफ्ट में सात युवकों का एक समूह हाथ में शराब का गिलास है, शराब की बोतल लिए हुए है। उनमंे से कुछ सिगरेट भी पी रहे हैं।’
आज की ताजा खबर 6 मार्च 2023 LIVE: सोरेन के प्रधान सचिव का तबादला
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का पर भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद उनका तबादला करके उन्हें पंचायती राज विभाग में भेज दिया गया है। गौरतलब है कि राज्य में मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने एक्का पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मुख्यमंत्री कार्यालय से आज रात जारी अधिसूचना के अनुसार, ‘मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, 1994 बैच के भारतीय प्राशासनिक सेवा के अधिकारी राजीव अरुण एक्का को स्थानांतरित करते हुए उन्हें प्रधान सचिव, पंचायती राज बनाया जाता है।’
इमरान खान के भाषणों के प्रसारण पर रोक
पाकिस्तान के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की निगरानी की जिम्मेदारी संभालने वाली संस्था ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के लाइव (सीधा प्रसारण) और रिकॉर्ड किए गए भाषणों के टीवी चैनलों पर प्रसारण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। इससे कुछ घंटे पहले ही खान पर तोशाखाना मामले में गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी हालांकि सात मार्च को अदालत में पेश होने का हवाला देकर वह इससे बच गए थे। उन्होंने इसके बाद 'सरकारी संस्थानों के खिलाफ भड़काऊ भाषण’ दिए थे।
युवती के साथ बलात्कार के आरोप में पड़ोसी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश की जनपद गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने एक युवती के साथ कथित रूप से बलात्कार करने के आरोप में उसके पड़ोसी को रविवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि पीड़ित युवती को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। रबूपुरा थाने के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति ने आज दी गई तहरीर में कहा है कि वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया हुआ था और इस दौरान उसकी बेटी घर पर अकेली थी।