
ताजा खबर, 6 जनवरी 2024: सूरज के पास पहुंचा इसरो का आदित्य L1; ज्ञानवापी सर्वे रिपोर्ट पर 24 जनवरी को आएगा फैसला
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 6 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: वाराणसी के ज्ञानवापी मामले में अब से कुछ देर में कोर्ट की सुनवाई शुरू होगी। ASI सर्वे की रिपोर्ट सार्वजनिक करने को लेकर आज फैसला आएगा। ASI ने सर्वे रिपोर्ट को चार हफ्ते तक सार्वजनिक ना करने की अपील की है। वहीं दिल्ली में ठंड का प्रभाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कड़ाके की ठंड में दिल्लीवाले कांपते हुए नजर आ रहे हैं। ठिठुरन भरी इस ठंड में अब बारिश की भी संभावना है। आगामी दिनों में दिल्ली के लोगों को ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। इतना ही नहीं दिल्ली में पिछले दो दिन से कोल्ड डे की स्थिति भी रही है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने दो दिन का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राजस्थान की नयी भजनलाल शर्मा सरकार ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में पहला बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 72 और राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 121 अधिकारियों के तबादले किए हैं। राज्य के कार्मिक विभाग ने शुक्रवार देर रात इस बारे में आदेश जारी किए। इसके तहत चुरू के जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग को मुख्यमंत्री का संयुक्त सचिव, केकड़ी के जिला कलेक्टर विश्व मोहन शर्मा को आयुक्त मिड डे मील, राजस्थान राज्य भंडारण निगम के प्रबंध निदेशक ओमप्रकाश बुनकर को महिला अधिकारिता विभाग में आयुक्त पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अनेक जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। वहीं, आरएएस अधिकारियों में अधिकांश अतिरिक्त जिला कलेक्टर व उपखंड अधिकारी स्तर के अधिकारी बदले गए हैं। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 6 जनवरी (शनिवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।