LIVE

30 जुलाई 2024 हिंदी न्यूज़: Paris Olympics 2024: भारत की शुभ, मनु और सरबजोत ने लगाया ब्रॉन्ज पर निशाना, राहुल और प्रियंका बुधवार को जाएंगे वायनाड; झारखंड में हावड़ा-मुंबई ट्रेन हादसे में 2 की मौत

रवि वैश्यUpdated Jul 30, 2024, 18:53 IST
30 जुलाई 2024 हिंदी न्यूज़: Paris Olympics 2024: भारत की शुभ, मनु और सरबजोत ने लगाया ब्रॉन्ज पर निशाना, राहुल और प्रियंका बुधवार को जाएंगे वायनाड; झारखंड में हावड़ा-मुंबई ट्रेन हादसे में 2 की मौत

30 जुलाई 2024 हिंदी न्यूज़: Paris Olympics 2024: भारत की शुभ, मनु और सरबजोत ने लगाया ब्रॉन्ज पर निशाना, राहुल और प्रियंका बुधवार को जाएंगे वायनाड; झारखंड में हावड़ा-मुंबई ट्रेन हादसे में 2 की मौत

30 जुलाई 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: भारतीय युवा शूटर मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने पेरिस ओलंपिक 2024 में ब्रॉन्ज मेडल पर निशाना लगाया। 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के खिताबी मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने क्रोएशिया की जोड़ी को 16-10 अंक से हराया। मनु का यह पेरिस ओलंपिक में दूसरा, जबकि सरबजोत सिंह का यह पहला मेडल है।

हावड़ा-मुम्बई मार्ग पर रेल हादसे की खबर सामने आई बताया जा रहा है कि झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले के खरसावां प्रखंड के पोटोबेड़ा में 30 जुलाई की सुबह रेल दुर्घटना की सूचना मिली इस दुर्घटना में हावड़ा-मुम्बई मेल ट्रेन संख्या 12810 और एक मालगाड़ी शामिल है। हादसे में 2 की मौत हो गई वहीं कई लोग घायल हैं।

मनी लॉन्ड्रिंग केस में आरोपी महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक को सुप्रीम कोर्ट ने मेडिकल आधार पर जमानत दे दी है। न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने मलिक की ओर से पेश हुए वकील की दलीलों पर गौर किया कि मलिक कई बीमारियों से पीड़ित हैं। शीर्ष अदालत ने कहा कि मलिक की मेडिकल जमानत बॉम्बे हाईकोर्ट में नियमित जमानत याचिका के निपटारे तक वैध रहेगी।

केरल के वायनाड जिले के मैप्पडी के पास पहाड़ी इलाके से भारी भूस्खलन होने की खबर सामने आई है। इसके मलबे के नीचे सैकड़ों लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। भूस्खलन की सूचना मिलते ही फायर फोर्स और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है। इस घटना में मरने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है और कई लोगों के घायल होने सूचना मिली है। राहत और बचाव कार्य जारी है।

महाराष्ट्र के धुले में टाइम्स नाउ मराठी के वरिष्ठ संवाददाता हर्षल भदाणे पाटिल की सड़क दुर्घटना में दुखद मौत हो गई। धुले-औरंगाबाद हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें पत्रकार हर्षल भदाणे ने जान गंवा दी, इस हादसे में दो अन्य लोग घायल हो गए।

विधानसभा में उत्तर प्रदेश के सीएम ने दिवंगत मुलायम सिंह यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'यही नहीं, ये उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं जिसने कभी कहा था कि लड़के हैं, लड़के गलती कर देते हैं। ये महिला की सुरक्षा क्या करेंगे? महिला सुरक्षा के लिए ये समाजवादी खुद ही एक गंभीर खतरा हैं।


  • Paris Olympics 2024: भारत की शुभ, मनु और सरबजोत ने लगाया ब्रॉन्ज पर निशाना
  • झारखंड में हावड़ा-मुम्बई ट्रेन की 18 बोगियां पटरी से उतरीं, 2 की मौत
  • केरल के वायनाड में भारी बारिश के कारण भूस्खलन, 54 की मौत

JUL 30, 2024 18:53 IST

आज की ताजा खबर: राहुल और प्रियंका बुधवार को जाएंगे वायनाड

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा बुधवार सुबह भूस्खलन प्रभावित वायनाड का दौरा करेंगे। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मंगलवार को कहा कि उत्तरी वायनाड जिले में हुए भीषण भूस्खलन में 93 लोगों की मौत हो गई और करीब 128 लोग घायल हुए हैं। विजयन ने कहा कि पहला भूस्खलन देर रात करीब दो बजे हुआ और उसके बाद तड़के साढ़े चार बजे अगला भूस्खलन हुआ, जिसके परिणामस्वरूप सैकड़ों लोग मलबे में फंस गए और कई लोग बह गए।
JUL 30, 2024 18:49 IST

राजौरी: लोगों से रात में कंबल ओढ़कर जंगल में न जाने को कहा गया

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में अधिकारियों ने मंगलवार को आतंकवाद विरोधी अभियानों में तेजी के बीच किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए लोगों को रात के समय शॉल एवं कंबल ओढ़कर वन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी। यह परामर्श अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट राजीव कुमार खजूरिया की ओर से सेना के अनुरोध पर जारी किया गया है। सेना के अनुरोध में नागरिक प्रशासन को सूचित किया गया था कि कुछ लोग रात के समय शॉल एवं कंबल ओढ़कर वन क्षेत्रों या अपने खेतों में घूम रहे हैं। खजूरिया ने एक आधिकारिक नोटिस में कहा, "आम जनता को सूचित किया जाता है कि कोई भी व्यक्ति शॉल और कंबल ओढ़कर देर रात नौ बजे से सुबह चार बजे तक वन क्षेत्र में नहीं जाएगा और न ही घूमेगा।" उन्होंने कहा कि किसी भी दुर्घटना या अप्रिय घटना से बचने के लिए संबंधित सैन्य एवं पुलिस अधिकारियों की पूर्व अनुमति के बिना आवाजाही पर सख्ती से प्रतिबंध लगा दिया गया है। सुरक्षा बल राजौरी और निकटवर्ती पुंछ जिले के जंगलों में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि सीमा पार से घुसपैठ करके आए आतंकवादियों को पकड़कर उन्हें बेअसर किया जा सके। इस महीने की शुरुआत में पुंछ के मेंढर सेक्टर में अधिकारियों ने इसी तरह का एक नोटिस जारी करके लोगों से कहा था कि वे पूर्व अनुमति के बगैर रात के समय वन क्षेत्रों में या खेतों में न जाएं।
JUL 30, 2024 15:33 IST

धौलपुर में टैंकर ने घर के बाहर बैठे दो युवकों को कुचला

राजस्थान के धौलपुर में आगरा-मुंबई हाईवे पर एक टैंकर ने घर के बाहर बैठे दो युवकों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा ने बताया कि यह हादसा सोमवार देर रात हुआ, जब एक अनियंत्रित टैंकर ने जगदीश (22) और विजय (28) को उस समय टक्कर मार दी, जब वे एक घर के बाहर बैठे थे। इस हादसे में घर का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। मेहरड़ा ने बताया कि घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने हाईवे जाम कर दिया और दुर्घटनास्थल के दूसरी तरफ स्थित परिवहन विभाग की चौकी में आग लगा दी। मेहरड़ा व अन्य अधिकारी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया, जिसके बाद हाईवे को खोला गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मेहरड़ा ने बताया कि टैंकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
JUL 30, 2024 15:31 IST

मोदी ने मनु भाकर और सरबजोत सिंह को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पेरिस ओलंपिक खेलों में निशानेबाजी की 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय निशानेबाजों मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई देते हुए उनके टीमवर्क की सराहना की। मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘हमारे निशानेबाजों ने हमें गौरवान्वित करना जारी रखा है। ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई। दोनों ने शानदार कौशल और टीम वर्क दिखाया है। भारत बेहद खुश है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मनु का यह लगातार दूसरा ओलंपिक पदक है, जो उनकी निरंतर उत्कृष्टता और समर्पण की बानगी पेश करता है।’’ भाकर और सरबजोत की भारतीय जोड़ी ने कोरिया के ली वोन्हो और ओ ये जिन को 16 . 10 से हराकर देश को इस ओलंपिक में दूसरा पदक दिलाया। भाकर स्वतंत्रता के बाद एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य जीता था ।
JUL 30, 2024 15:30 IST

पंजाब: मादक पदार्थ से जुड़े धन शोधन मामले में 17 आरोपी दोषी ठहराए गए

पंजाब की एक विशेष अदालत ने मादक पदार्थ से जुड़े धन शोधन मामले में ‘सरगना’ जगदीश सिंह उर्फ भोला सहित 17 आरोपियों को मंगलवार को दोषी करार दिया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि मोहाली स्थित विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने पहलवान से पुलिसकर्मी और फिर ‘मादक पदार्थ माफिया’ बने भोला तथा एक अन्य आरोपी अवतार सिंह तारो को 10 साल जेल की सजा सुनाई है। सूत्रों के मुताबिक, संघीय जांच एजेंसी ने 2015 में 24 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था, जिनमें से सात को या तो भगोड़ा घोषित कर दिया गया या फिर जांच के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके परिणामस्वरूप उनके खिलाफ कार्यवाही समाप्त कर दी गई। सूत्रों ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा कि यह एक ऐसा मामला है, जिसमें आरोप पत्र में नामित सभी 17 आरोपियों को धन शोधन रोधी कानून के तहत दोषी ठहराया गया है। भोला और तारो के अलावा दोषी ठहराए गए अन्य आरोपियों में संदीप कौर, जगमिंदर कौर, गुरप्रीत कौर, गुरुमीत कौर, सुखजीत सिंह सुक्खा, सुखराज सिंह, गुरदीप सिंह मनचंदा, अमरजीत कौर, देविंदर सिंह, मनिंदर सिंह, सुभाष बजाज, सुनील बजाज, अंकुर बजाज, दलीप सिंह मान और मनप्रीत सिंह शामिल हैं। यह मामला पंजाब में करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह से संबंधित है, जिसका 2013-14 के दौरान भंडाफोड़ हुआ था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब पुलिस की प्राथमिकी के आधार पर दर्ज मामले में भोला को जनवरी 2014 में गिरफ्तार किया था।
JUL 30, 2024 15:29 IST

केरल भूस्खलन : आपात सेवाएं, सशस्त्र बल बचाव अभियान के लिए तैनात

केरल के पर्वतीय वायनाड जिले में बड़े पैमाने पर भूस्खलनों के कारण मची तबाही के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा अन्य आपात सेवाओं के साथ मिलकर सेना बचाव अभियान संचालित कर रही है। बचाव दल भूस्खलनों के बाद मलबे में दबे लोगों को बचाने तथा लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। भारतीय सेना भी बचाव अभियान में मदद कर रही है। एक रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि 122 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) मद्रास की सेकेंड-इन-कमांड के नेतृत्व में 43 कर्मियों की एक टीम को बचाव प्रयासों में सहायता के लिए तैनात किया गया है। इस टीम में एक चिकित्सा अधिकारी, दो जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) और 40 सैनिक शामिल हैं, जो प्रभावित क्षेत्र में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करेंगे। जिला प्रशासन ने बताया कि इसके अलावा, सेना का इंजीनियरिंग समूह भी भूस्खलन प्रभावित इलाकों में बचाव एवं संबंधित अभियानों के लिए जल्द ही वायनाड आएगा। तमिलनाडु के सुलूर से आज सुबह वायनाड के लिए वायु सेना के दो हेलीकॉप्टर रवाना हुए थे। एनडीआरएफ ने वायनाड में बचाव अभियान के लिए एक दल तैनात किया है जबकि तीन और दल रास्ते में हैं। अधिकारियों ने बताया कि एक दल इलाके में काम कर रहा है जबकि केरल, तमिलनाडु में अरक्कोणम और बेंगलुरु से एक-एक और दल भेजा जा रहा है।
JUL 30, 2024 15:27 IST

INDI गठबंधन की कोई राष्ट्रवादी सोच नहीं : पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर उनके एक दिन पहले दिए गए भाषण को लेकर हमला बोला और कहा कि ‘इंडी’ गठबंधन के पास कोई राष्ट्रवादी सोच नहीं है और देश की जनता के लिए उसके पास कोई सकारात्मक एजेंडा भी नहीं है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री गोयल ने कहा कि गांधी ने अपने भाषण में जो भी दावे किए, वे सभी निराधार हैं। उन्होंने दावा किया कि 2014 में जब मोदी सरकार सत्ता में आई थी, तब देश की अर्थव्यवस्था खराब स्थिति में थी। राहुल गांधी ने सोमवार को कहा था कि चारों ओर भय का माहौल है और छह लोगों का एक समूह पूरे देश को ‘चक्रव्यूह’ में फंसा रहा है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) इस चक्रव्यूह को तोड़ेगा। गोयल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘राहुल गांधी के कल (सोमवार) के भाषण से यह स्पष्ट हो गया .... देश में संवैधानिक प्राधिकारों और व्यक्तियों पर सिर्फ आरोप लगाने या कुछ कटाक्ष करने के लिए उन्होंने यह साफ कर दिया कि तथाकथित ‘इंडी’ गठबंधन में कोई राष्ट्रवादी सोच नहीं है, जो संप्रग का नया नाम है। तर्कहीन दावे और मांग करने के अलावा, उनके पास भारत के लोगों के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है।’’ गोयल ने आरोप लगाया कि लोकसभा अध्यक्ष को विपक्ष के नेता से बार-बार कहना पड़ा कि सदन की गरिमा बनाए रखें और निराधार दावे न करें। मंत्री ने कहा कि गांधी के भाषण ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की खोखली सोच को ही प्रदर्शित किया है। गोयल ने कहा कि जब संप्रग सत्ता में थी, तो उसने किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी लागू नहीं की थी और यह एक ऐसा मुद्दा है जिसे सदन के अंदर और बाहर अक्सर उठाया जाता है।
JUL 30, 2024 15:25 IST

मामूली विवाद में सगे भाई और भतीजी की गोली मारकर हत्या की

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निगोही कस्बे में मंगलवार को मामूली विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने सगे भाई और भतीजी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि निगोही कस्बे में सोहनलाल ने अपने बेटे विशाल की मदद से अपने बड़े भाई श्रीपाल (50) की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर श्रीपाल की बेटी सरस्वती (20) मौके पर पहुंची, तो आरोपियों ने उसे भी गोली मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। मीणा के अनुसार, श्रीपाल और उसका छोटा भाई सोहनलाल सरसों के तेल का कारोबार करते थे और दोनों के बीच कुछ दिन पहले तेल की बिक्री को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
JUL 30, 2024 14:28 IST

Howrah-Mumbai Train Accident: जब 'ट्रेन ड्राइवर' के सामने अचानक छा गया अंधेरा

हावड़ा-मुम्बई मेल ट्रेन हादसे के बाद सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जिस जगह पर ट्रेन हादसा हुआ वहां पहले से ही मालगाड़ी के वैगन्स खड़े थे। उन वैगन्स को प्लास्टिक से पूरी तरह से ढक दिया गया था। रेलवे से प्राप्त सूचना के मुताबिक तेज हवा की वजह से अचानक वैगन के उपर जो प्लास्टिक का कवर था वो उड़ गया।
JUL 30, 2024 14:26 IST

वायनाड में हुए भूस्खलन की घटना को वायनाड से पूर्व सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा में उठाया

केरल के वायनाड जिले के मेप्पाडी के पास आज सुबह कई पहाड़ी इलाके में भारी भूस्खलन हुआ, जानकारी के मुताबिक मुंदकई और चूरलमाला में दो भीषण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुए हैं अभी तक की जानकारी के मुताबिक अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है, वहीं, सैकड़ों लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है। केरल के वायनाड में हुए भूस्खलन को लेकर वायनाड से पूर्व सांसद राहुल गांधी ने इस मुद्दे को लोकसभा में उठाया । राहुल ने केंद्र सरकार से बचाव और पुनर्वास के लिए उचित कदम उठाने का अनुरोध किया।
JUL 30, 2024 14:03 IST

Jammu-Jodhpur Train को मिली बम से उड़ाने की धमकी

जम्मू से राजस्थान के जोधपुर जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन को पंजाब के फिरोजपुर के कासु बेगू स्टेशन पर रोक दिया गया। पुलिस को ट्रेन में बम होने की धमकी के बारे में एक फोन कॉल आया था जिसके बाद अधिकारियों ने ये कदम उठाया है। फिरोजपुर एसएसपी सौम्या मिश्रा ने कहा कि पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और जांच जारी है।फिरोजपुर एसएसपी ने संवाददाताओं को बताया कि फिरोजपुर पुलिस को सूचना मिली कि कासू बेगू रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन रुकी हुई है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया है। पंजाब पुलिस की तीन बम निरोधक टीमें मौके पर पहुंच रही हैं। डॉग स्क्वायड की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं। आगे की जांच जारी है।
JUL 30, 2024 13:46 IST

महिला सुरक्षा पर सपा पर बिगड़े योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश की विधानसभा में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीखे अंदाज में नजर आए। महिला सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को सबसे ज्यादा खतरा समाजवादियों से है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से सतर्क और सचेत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए भाजपा सरकार कितनी प्रतिबद्ध है, इसका पता एंटी रोमियो स्क्वॉयड के गठन से चलता है।
JUL 30, 2024 13:37 IST

NCP नेता नवाब मलिक को राहत, मेडिकल आधार पर सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत

मनी लॉन्ड्रिंग केस में आरोपी महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक को सुप्रीम कोर्ट ने मेडिकल आधार पर जमानत दे दी है। न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने मलिक की ओर से पेश हुए वकील की दलीलों पर गौर किया कि मलिक कई बीमारियों से पीड़ित हैं। शीर्ष अदालत ने कहा कि मलिक की मेडिकल जमानत बॉम्बे हाईकोर्ट में नियमित जमानत याचिका के निपटारे तक वैध रहेगी। ईडी की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने जमानत देने का विरोध नहीं किया और कहा कि अंतरिम चिकित्सा जमानत को स्थायी किया जा सकता है।
JUL 30, 2024 13:36 IST

Paris Olympics 2024: भारत की शुभ, मनु और सरबजोत ने लगाया ब्रॉन्ज पर निशाना

भारत के लिए मंगलवार का दिन शुभ रहा। भारतीय युवा शूटर मनु भाकर और सरबजोत सिंह की जोड़ी ने पेरिस ओलंपिक 2024 में ब्रॉन्ज मेडल पर निशाना लगाया। 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के खिताबी मुकाबले में उतरी भारतीय जोड़ी ने क्रोएशिया की जोड़ी को 16-10 अंक से हराकर मेडल अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी की जोड़ी पहले राउंड में पीछे रही थी, लेकिन उन्होंने 13 राउंड में ही 16 अंक हासिल कर मेडल पर कब्जा जमा लिया। युवा शूटर मनु भाकर का यह पेरिस ओलंपिक में दूसरा मेडल है, जबकि सरबजोत सिंह का यह पहला मेडल है। इसके साथ मनु भाकर एक ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं।
JUL 30, 2024 10:56 IST

झारखंड में 'हावड़ा-मुंबई ट्रेन' हादसे में ये हैं Help Line नंबर, कुछ ट्रेनें रद्द, कुछ का बदला रूट

झारखंड में हावड़ा-मुंबई मेल के 18 डिब्बे पटरी से उतर जाने से दो लोगों की मौत हो गई, अधिकारियों ने बताया कि झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में मंगलवार सुबह हावड़ा-मुंबई मेल के कम से कम 18 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और करीब 100 लोग घायल बताए जा रहे हैं, रेल विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
JUL 30, 2024 10:53 IST

मणिपुर में लैंडस्लाइड की चपेट में आकर मां और उसके मासूम बेटे की दर्दनाक मौत

मणिपुर के तामेंगलोंग के डिमथानलॉन्ग गांव में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में मां और उसके मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। तामेंगलोंग के एक पुलिस कांस्टेबल के घर पर भूस्खलन हुआभूस्खलन की चपेट में तामेंगलोंग मुख्यालय के पुलिस कांस्टेबल रिंग्सिनलुंग काहमेई का घर आ गया। उनकी पत्नी दुआंजंगा कामेई और उनके बेटे सुआइहियामगन कामेई की आधी रात को उस समय मौत हो गई, जब भूस्खलन की वजह से उनका घर दब गया।
JUL 30, 2024 09:26 IST

ग्वालियर में दिनदहाड़े महिला की हत्या, दो नकाबपोश बदमाशों ने घर के सामने मारी गोली

ग्वालियर में एक 55 साल की महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो नकाबपोश बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और घर के बाहर ही इस वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस घटना को लेकर चेन लूट और पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। इस वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें आरोपी फायर करते हुए दिख रहे हैं।
JUL 30, 2024 08:23 IST

केरल के वायनाड में भारी बारिश के कारण भूस्खलन, सैकड़ों लोगों के फंसे होने की आशंका

केरल के वायनाड जिले के मैप्पडी के पास पहाड़ी इलाके से भारी भूस्खलन होने की खबर सामने आई है। इसके मलबे के नीचे सैकड़ों लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। भूस्खलन की सूचना मिलते ही फायर फोर्स और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है। लेकिन भारी बारिश के कारण राहत बचाव कार्य में बाधाएं आ रही है। लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने की एनडीआरएफ और घटनास्थल पर मौजूद अन्य टीमों की कोशिश जारी है। दूसरी तरफ केरल आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सोशल मीडिया के एक पोस्ट के अनुसार, कन्नूर रक्षा सुरक्षा कोर की दो टीमों को राहत और बचाव कार्य में सहायता करने के लिए वायनाड भेजा गया है।
JUL 30, 2024 08:23 IST

झारखंड में हावड़ा-मुम्बई ट्रेन की 5 बोगियां पटरी से उतरीं, माल गाड़ी से टक्कर, कुछ यात्री घायल

हावड़ा-मुम्बई मार्ग पर रेल हादसे की खबर सामने आई बताया जा रहा है कि झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले के खरसावां प्रखंड के पोटोबेड़ा में 30 जुलाई की सुबह रेल दुर्घटना की सूचना मिली है। इस दुर्घटना में हावड़ा-मुम्बई मेल ट्रेन संख्या 12810 और एक मालगाड़ी शामिल है। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, कुछ लोग हादसे में घायल हुए हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक टाटानगर से चलकर जैसे ही हावड़ा-मुम्बई मेल ट्रेन बड़ा बम्बो से आगे निकली कि अचानक तेज आवाज के साथ ट्रेन बेपटरी हो गयी, ये एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से नीचे उतर गई जानकारी के मुताबिक, ट्रेन की पांच बोगियां पटरी से उतर एक माल गाड़ी से टकरा गईं घटना सुबह करीब 3.45 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
JUL 30, 2024 08:22 IST

Bihar Politics: भाजपा ने संजय जायसवाल को लोकसभा में मुख्य सचेतक किया नियुक्त

संसद में बजट सत्र जारी है और इस समय दोनों सदनों में केंद्रीय बजट पर चर्चा की जा रही है। संसद में जारी चर्चा के बीच सत्ता में काबिज बीजेपी ने लोकसभा में चीफ व्हिप (मुख्य सचेतक) की नियुक्ति कर दी है जबकि 16 अन्य सांसदों को व्हिप (सचेतक) बनाया गया है। पार्टी की ओर से लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को भेजे पत्र में बताया गया कि 4 बार के सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल को लोकसभा में पार्टी का चीफ व्हिप बनाया गया है। जबकि 16 अन्य सांसदों को व्हिप नियुक्त किया गया है। जिन सांसदों को व्हिप बनाया गया है। बीजेपी की ओर से पार्टी व्हिप बनाए गए सांसदों में गोपाल जी ठाकुर, सुधीर गुप्ता, के. श्रीनिवास पुजारी, स्मृता उदय वाघ, अनंत नायक, दामोदर अग्रवाल, कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, सतीश कुमार गौतम, शशांक मणि त्रिपाठी और खगन मुर्मू समेत कई अन्य नाम भी शामिल है।