LIVE

LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 30 जनवरी 2024: बीजापुर में CRPF कैंप पर बड़ा नक्सली हमला, 3 जवान शहीद, लोकसभा के लिए सपा की पहली सूची, मैनपुरी से डिंपल यादव

LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 30 जनवरी 2024: बीजापुर में CRPF कैंप पर बड़ा नक्सली हमला, 3 जवान शहीद, लोकसभा के लिए सपा की पहली सूची, मैनपुरी से डिंपल यादव
LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 30 जनवरी 2024: बीजापुर में CRPF कैंप पर बड़ा नक्सली हमला, 3 जवान शहीद, लोकसभा के लिए सपा की पहली सूची, मैनपुरी से डिंपल यादव

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ Live 30 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कहां है इस पर जारी सस्पेंस खत्म हो गया है। सीएम सोरेन राजधानी रांची पहुंच गए हैं और थोड़ी देर में मीडिया के सामने आ सकते हैं। कहा जा रहा है कि सामने आने पर सोरेन को गिरफ्तार भी किया जा सकता है वहीं केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को कहा कि बुधवार को संसद में बजट सत्र से पहले सभी विपक्षी सांसदों का निलंबन रद्द (Opposition MP Suspensions) कर दिया जाएगा। जोशी ने कहा कि उन्होंने दोनों सदनों के अध्यक्षों से बात की और सरकार की ओर से उनसे अनुरोध किया, जिस पर वे सहमत हुए उधर चंड़ीगढ़ नगर निकाय चुनाव में मंगलवार को भारी उलटफेर देखा गया। संख्याबल कम होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव को जीत लिया। इसी के साथ मेयर पद पर भाजपा का कब्जा बरकरार रहा। पार्टी के उम्मीदवार मनोज सोनकर ने कांग्रेस और आप के साझा उम्मीदवार कुलदीप टीटा को 4 वोटों के अंतर से हरा दिया। चुनाव में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह रही, जब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के आठ वोट को पीठासीन अधिकारी ने अमान्य करार दे दिया वहीं पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी सरकार में मंत्री रहे शाह महमूद कुरेशी को 10 साल जेल की सजा सुनाई गई है। पाकिस्तान मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पीटीआई के संस्थापक व पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और शाह महमूद कुरैशी को सिफर मामले (Cipher case) में 10 साल की जेल की सजा सुनाई गई है, पढ़ें 30 जनवरी की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार

JAN 30, 2024 22:28 IST

एक इंजीनियरिंग छात्र और फार्महाउस संचालक की पीट-पीटकर हत्या

हरियाणा के गुरुग्राम में एक जन्मदिन समारोह में कार पार्किंग को लेकर हुई झड़प के दौरान एक इंजीनियरिंग छात्र और एक फार्महाउस संचालक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को कहा कि हरियाणा के गुरुग्राम में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में कुछ स्थानीय युवकों ने एक फार्महाउस संचालक और इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष के छात्र की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी, पढ़ें पूरी खबर
JAN 30, 2024 21:29 IST

'नीतीश दोबारा सीएम नहीं बनेंगे', बोले YouTuber मनीष कश्यप

इस बार Digital Talk के मेहमान बने मनीष कश्यप, यूट्यूबर मनीष कश्यप ने मुनीष देवगन को बेबाक इंटरव्यू दिया, मनीष ने नीतीश के दोबारा CM ना बनने की भविष्यवाणी भी की। तेजस्वी यादव पर मनीष कश्यप ने कई सवाल उठाए, पढ़ें पूरी खबर
JAN 30, 2024 21:05 IST

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बम धमाका, 4 की मौत

मंगलवार को बलूचिस्तान क्षेत्र में एक बम विस्फोट में पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के तीन सदस्यों सहित चार लोगों की मौत हो गई। यह विस्फोट इमरान खान को 10 साल जेल की सजा सुनाए जाने के कुछ घंटों बाद पार्टी द्वारा आयोजित एक रैली के दौरान हुआ, पढ़ें पूरी खबर
JAN 30, 2024 20:23 IST

पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह की बहू की सड़क हादसे में मौत

राजस्थान में अलवर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को बड़ा सड़क हादसा हो गया। इसमें बाड़मेर के पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल और उनका बेटा घायल हो गया जबकि उनकी पत्नी की मौत हो गई। बता दें, मानवेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे हैं। पुलिस ने बताया कि दिल्ली से जयपुर आ रहे मानवेंद्र सिंह की एसयूवी कार नौगांव के पास एक पुल की दीवार से टकरा गई जिससे उसमें सवार सभी लोग घायल हो गये, पढें पूरी खबर
JAN 30, 2024 19:21 IST

बीजापुर में CRPF कैंप पर बड़ा नक्सली हमला, 3 जवान शहीद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बड़ा नक्सली हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने सीआरपीएफ कैंप को निशाना बनाया है, जिसमें तीन जवान शहीद हो गए। वहीं इस हमले में 14 जवान घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, यह हमला सुकमा-बीजापुर जिले के सीमावरृती टेकलगुड़ेम गांव स्थित सीआरपीएफ कैंप पर किया गया, पढ़ें पूरी खबर
JAN 30, 2024 17:56 IST

चुनाव के लिए सपा की पहली सूची, मैनपुरी से डिंपल यादव

लोकसभा चुनाव इस साल होने हैं इसे देखते हुए सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं, इसी क्रम में समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवारों की पहले लिस्ट जारी कर दी है,इस लिस्ट के मुताबिक संभल से शफीकुर्रहमान बर्क, फिरोजाबाद से अक्षय यादव, मैनपुरी से डिंपल यादव को टिकट दिया गया है, पढ़ें पूरी खबर
JAN 30, 2024 16:26 IST

भाजपा ने कैसे जीता चंडीगढ़ मेयर चुनाव?

चंड़ीगढ़ नगर निकाय चुनाव में मंगलवार को भारी उलटफेर देखा गया। संख्याबल कम होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव को जीत लिया। इसी के साथ मेयर पद पर भाजपा का कब्जा बरकरार रहा। पार्टी के उम्मीदवार मनोज सोनकर ने कांग्रेस और आप के साझा उम्मीदवार कुलदीप टीटा को 4 वोटों के अंतर से हरा दिया। चुनाव में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह रही, जब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के आठ वोट को पीठासीन अधिकारी ने अमान्य करार दे दिया, पढ़ें पूरी खबर
JAN 30, 2024 16:02 IST

संसद से आया बड़ा अपडेटस सभी 146 विपक्षी सांसदों का निलंबन होगा रद्द

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को कहा कि बुधवार को संसद में बजट सत्र से पहले सभी विपक्षी सांसदों का निलंबन रद्द कर दिया जाएगा। जोशी ने कहा कि उन्होंने दोनों सदनों के अध्यक्षों से बात की और सरकार की ओर से उनसे अनुरोध किया, जिस पर वे सहमत हुए, पढ़ें पूरी खबर
JAN 30, 2024 16:01 IST

रांची में सीएम हेमंत सोरेन ने मंत्रियों-विधायकों संग की बैठक

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने रांची पहुंच चुके हैं। उन्होंने सीएम आवास पर राज्य के मंत्रियों और सत्ता पक्ष के विधायकों की बैठक की। बैठक में उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद हैं। ऐसे में कई सारे कयास लगाए जा रहे हैं। सीएम आवास के अंदर की तस्वीरें आसने आ चुकी हैं, जिसमें वो अपने विधायकों और मंत्रियों से हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं।
JAN 30, 2024 13:57 IST

बजट सत्र से पहले संसदीय दल के नेताओं की बैठक

संसद के बजट सत्र से पहले सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में मंगलवार को विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए। रक्षा मंत्री और लोकसभा में उपनेता राजनाथ सिंह, संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बैठक में सरकार का प्रतिनिधित्व किया। संसद भवन परिसर में हुई इस बैठक में उपस्थित नेताओं में कांग्रेस के नेता के सुरेश, तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता टी आर बालू, शिवसेना के राहुल शेवाले, समाजवादी पार्टी के नेता एस टी हसन, जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के नेता राम नाथ ठाकुर और तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के जयदेव गल्ला शामिल थे। संसद के प्रत्येक सत्र से पहले बैठक बुलाने की एक प्रथा है जिसमें विभिन्न दलों के नेता उन मुद्दों को उजागर करते हैं जिन्हें वे संसद में उठाना चाहते हैं और सरकार उन्हें अपने एजेंडे की एक झलक प्रदान करती है और उनका सहयोग मांगती है। इस बार 31 जनवरी से नौ फरवरी के बीच संसद सत्र होगा जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा चुनाव से पहले अंतरिम बजट पेश करेंगी। पूर्ण बजट नयी सरकार पेश करेगी। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन से होगी।
JAN 30, 2024 13:56 IST

7,000 से अधिक अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात

डीजीपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड के राज्यपाल ने राजनीतिक घटनाक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मुलाकात की। पुलिस महानिदेशक कहा कि उभरती राजनीतिक स्थिति के मद्देनजर पूरे झारखंड में 7,000 से अधिक अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
JAN 30, 2024 13:14 IST

राज्य में वित्तीय समस्याओं को लेकर केरल विधानसभा में होगी चर्चा

केरल सरकार राज्य की वित्तीय समस्याओं के संबंध में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) द्वारा उठाए गए मुद्दे पर विधानसभा में चर्चा करने के लिए मंगलवार को सहमत हो गई। यूडीएफ ने स्थगन नोटिस में आरोप लगाया था कि वामपंथी सरकार के कुप्रबंधन और फिजूलखर्ची के कारण राज्य में वित्तीय समस्याएं खड़ी हुई हैं। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सदन के निर्धारित कामकाज को निलंबित करने और मुद्दे पर चर्चा करने के लिए विपक्ष द्वारा दिए गए स्थगन नोटिस का स्वागत किया। विधानसभा अध्यक्ष ए.एन. शमसीर ने मुख्यमंत्री के रुख को देखते हुए कहा कि चर्चा के लिए सदन का निर्धारित कामकाज दोपहर एक बजे दो घंटे के लिए निलंबित रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने अपने नोटिस में सहमति व्यक्त की है कि केरल के प्रति केंद्र की उपेक्षा राज्य में वित्तीय समस्याओं के कारणों में से एक है, इसीलिए सरकार चर्चा के लिए तैयार है। विजयन ने यह भी कहा कि इसके बावजूद यूडीएफ सांसदों ने कभी भी इस मुद्दे को संसद में नहीं उठाया।
JAN 30, 2024 12:21 IST

कर्नाटक में हनुमान ध्वज विवाद: पंचायत विकास अधिकारी निलंबित

मांड्या में 108 फुट ऊंचे ध्वजस्तंभ से हनुमान ध्वज हटाने को लेकर बढ़ते तनाव के बीच केरागोडु ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (पीडीओ) को निलंबित कर दिया गया है। मांड्या जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शेख तनवीर आसिफ द्वारा सोमवार को जारी आदेश में कहा गया है कि केरागोडु गांव में केवल भारतीय ध्वज तिरंगा फहराने की अनुमति दी गई थी। आदेश में कहा गया है कि पीडीओ ने न केवल लोगों को हनुमान ध्वज फहराने का मौका दिया बल्कि इसे हटाने के लिए भी कदम नहीं उठाया। पंचायत उपमंडल अधिकारी ने 28 जनवरी को तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर झंडा हटा दिया जिससे कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो गई और इसके लिए पीडीओ को जिम्मेदार ठहराया गया। विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी जनता दल (सेक्युलर) (जद-एस) ने मांड्या में हनुमान ध्वज को हटाए जाने के विरोध में और उसे फिर से लगाए जाने की मांग करते हुए बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया जिसके कारण सोमवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने विपक्षी भाजपा और जद (एस) पर आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इस मुद्दे पर लोगों को भड़काने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
JAN 30, 2024 12:14 IST

ईडी ने सोरेन के दिल्ली स्थित आवास से 36 लाख रुपए नकद

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित आवास की तलाशी के बाद 36 लाख रुपये, एक एसयूवी और कुछ 'आपत्तिजनक' दस्तावेज जब्त किए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम कथित भूमि धोखाधड़ी मामले से जुड़े धनशोधन के एक मामले की जांच के संबंध में पूछताछ करने के लिए सोमवार को सोरेन के दक्षिण दिल्ली स्थित 5/1 शांति निकेतन आवास पहुंची और 13 घंटे से अधिक समय तक वहां डेरा डाले रही। इस दौरान उन्होंने परिसर की तलाशी ली। सूत्रों ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय के दलों ने दिन भर की कार्रवाई के दौरान लगभग 36 लाख रुपये नकद, हरियाणा के नंबर प्लेट वाली एक ‘बेनामी’ बीएमडब्ल्यू कार और कुछ 'आपत्तिजनक' दस्तावेज जब्त किए।
JAN 30, 2024 11:07 IST

पाकिस्तान ने भारत से ली प्रेरणा! जारी करेगा नए नोट

पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक ने नकदी की कमी और नकली मुद्रा के खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा की उन्नत तकनीक से लैस नए नोट पेश करने की घोषणा की है। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के गवर्नर जमील अहमद ने यहां पत्रकारों को बताया कि नए नोट सुरक्षा की अंतरराष्ट्रीय स्तर की उन्नत तकनीक से लैस होंगे। पाकिस्तानी मुद्रा को आधुनिक बनाने के लिए इसमें विशिष्ट सुरक्षा संख्या तथा डिजाइन का इस्तेमाल होगा। अहमद ने कहा कि यह बदलाव धीरे-धीरे किया जाएगा ताकि पाकिस्तान में सार्वजनिक स्तर पर कोई समस्या न खड़ी हो जैसा कि अतीत में कुछ अन्य देशों में देखा गया है। हालांकि, कुछ वित्तीय विशेषज्ञों इस बात पर आश्चर्य जताया और सवाल किया कि क्या इसके साथ ही नकली नोट की समस्या तथा काले धन बाजार से निपटने के लिए 5,000 रुपये या उच्च मूल्य वर्ग के नोट का विमुद्रीकरण भी किया जा सकता है।
JAN 30, 2024 11:06 IST

भारतीय नौसेना ने 19 पाकिस्तानियों को बचाया

भारतीय युद्धपोत ‘आईएनएस सुमित्रा’ ने सोमालिया के पूर्वी तट पर ईरानी झंडा लगे मछली पकड़ने के जहाज पर समुद्री दस्युओं के हमले के बाद उस पर सवार चालक दल के 19 पाकिस्तानी सदस्यों को बचाया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ‘आईएनएस सुमित्रा’ को अदन की खाड़ी और सोमालिया के पूर्व में समुद्री दस्यु रोधी और समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए तैनात किया गया है। जहाज ने मछली पकड़ने वाले ईरानी जहाज ‘इमान’ पर सोमवार को समुद्री डकैती का प्रयास विफल कर दिया था। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा कि सोमालिया के पूर्वी तट पर समुद्री दस्यु रोधी एक और सफल अभियान में ‘आईएनएस सुमित्रा’ ने मछली पकड़ने वाली नौका अल नईमी और उसके चालक दल के 19 सदस्यों को 11 सोमाली समुद्री दस्युओं से बचाया। मधवाल ने कहा, 'आईएनएस सुमित्रा ने कोच्चि से लगभग 850 समुद्री मील पश्चिम में दक्षिणी अरब सागर में 36 चालक दल (17 ईरानी और 19 पाकिस्तानी) के साथ अपहृत मछली पकड़ने वाले दो जहाजों को 36 घंटे से भी कम समय में त्वरित, निरंतर और अथक प्रयासों से बचाया है।' उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना ने समुद्र में सभी नाविकों और जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वास्ते सभी समुद्री खतरों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए क्षेत्र में एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता साबित की है।
JAN 30, 2024 10:40 IST

एक और युद्ध नहीं चाहता अमेरिका...

जॉर्डन में एक ड्रोन हमले में तीन अमेरिकी सैन्यकर्मियों की मौत के एक दिन बाद अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस ने सोमवार को कहा कि अमेरिका एक और युद्ध नहीं चाहता या तनाव को बढ़ाना नहीं चाहता, लेकिन क्षेत्र में अपनी रक्षा के लिए उसे जो भी करने की आवश्यकता होगी, वह निश्चित रूप से वह सब करेगा। व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में रणनीतिक संचार समन्वयक जॉन किर्बी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमले में 30 से अधिक अमेरिकी सैनिक घायल भी हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा, ये सैनिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मिशन का हिस्सा थे, जिसका उद्देश्य आईएसआईएस का मुकाबला करने के लिए साझेदारों के साथ काम करना है। रक्षा विभाग हमले के बारे में अधिक जानकारी एकत्र कर रहा है। यह मिशन जारी रहना चाहिए और यह जारी रहेगा।
JAN 30, 2024 10:09 IST

एलन मस्क की कंपनी ने इंसानी दिमाग में लगाई चिप

Neuralink Implants Chip In Human: टेस्ला और एक्स के मालिक एलन मस्क ने मंगलवार को कहा कि उनके न्यूरालिंक स्टार्टअप ने पहली बार इंसानी दिमाग में चिप का इस्तेमाल किया और यह परीक्षण सफल रहा है। उन्होंने कहा कि न्यूरालिंक ने अपने पहले मानव पेशेंट के दिमाग में चिप लगाई गई है, उसकी सेहत में सुधार हो रहा है। यह जानकारी मस्क ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X (पहले ट्विटर) पर दी है।
JAN 30, 2024 09:29 IST

75वें गणतंत्र दिवस की परेड में संस्कृति मंत्रालय की झांकी ने प्रथम पुरस्कार जीता

संस्कृति मंत्रालय की ‘भारत: लोकतंत्र की जननी’ थीम वाली झांकी को 75वें गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल झांकियों में प्रथम पुरस्कार मिला है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। संस्कृति मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि झांकी में परंपरा और नवोन्मेष का मिश्रण था तथा ‘‘भारत की सांस्कृतिक विरासत - जिसे अक्सर लोकतंत्र की जननी के रूप में जाना जाता है’’ को प्रदर्शित करने के लिए ‘एनामॉर्फिक’ तकनीक के उत्कृष्ट उपयोग ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बयान के अनुसार, ‘‘एनामॉर्फिक तकनीक (प्रतिकृति उकेरने की तकनीक) को हमारी प्रस्तुति में कुशलतापूर्वक अपनाया गया था। इस तकनीक ने इसे समकालीन बनाया जो हमारी संस्कृति की गतिशीलता को दर्शाता है। इसमें आधुनिकता के मेल ने पारंपरिक तत्वों को सहजता से अपनाया। हमने एक ऐसी झांकी बनाई जो कलात्मक कौशल और सांस्कृतिक झलक लेकर आई।’’
JAN 30, 2024 09:08 IST

भारतीय नौसेना ने फिर दिखाया पराक्रम

INS Sumitra Rescued Vessel: भारतीय नौसेना ने एक बार फिर समुद्र में अपना पराक्रम दिखाते हुए सशस्त्र डाकुओं से एक जहाज और इसके क्रू को बचाया है। नेवी के युद्धपोत आईएनएस सुमित्रा ने कोच्चि के तट से लगभग 800 मील दूर सशस्त्र समुद्री डाकुओं द्वारा अपहृत मछली पकड़ने वाले जहाज अल नामी को बचाया। भारतीय नौसेना समुद्री डाकुओं से लगातार जहाजों की रक्षा कर रही है। भारतीय रक्षा अधिकारी ने कहा कि इस नाव के चालक दल को सुरक्षित बचाने के लिए भारतीय नौसेना के समुद्री कमांडो ने ऑपरेशन को अंजाम दिया। पिछले 24 घंटों में भारतीय नौसेना का यह दूसरा सफल समुद्री डकैती रोधी अभियान था। क्षेत्र में सुरक्षा प्रदान करने के लिए भारतीय नौसेना के युद्धपोत हिंद महासागर क्षेत्र के चारों ओर तैनात हैं।