Gurugram Murder: हरियाणा के गुरुग्राम में एक जन्मदिन समारोह में कार पार्किंग को लेकर हुई झड़प के दौरान एक इंजीनियरिंग छात्र और एक फार्महाउस संचालक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को कहा कि हरियाणा के गुरुग्राम में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में कुछ स्थानीय युवकों ने एक फार्महाउस संचालक और इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष के छात्र की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने को बताया कि 27 जनवरी को बलियावास गांव के फार्महाउस में जन्मदिन समारोह के दौरान हुए हमले में छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ओएसिस गार्डन फार्महाउस के संचालक प्रवीण को गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह घटना तब हुई जब कुछ लोग जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे
यह घटना तब हुई जब कुछ लोग जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। उन्होंने अपने वाहन फार्महाउस के बाहर एक संकरी गली में खड़े कर दिए और कथित तौर पर सड़क अवरुद्ध कर दी। स्थानीय लोगों ने इस पर सवाल उठाया, जिससे उनके और पार्टी में आए लोगों के बीच झगड़ा हो गया।
इसके बाद, स्थानीय लोगों ने लाठियों के साथ और लोगों को बुलाया और फार्महाउस में घुस गए और जन्मदिन की पार्टी मना रहे लोगों पर हमला कर दिया। पीड़ित प्रवीण ने हमले को रोकने के लिए हस्तक्षेप किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उस पर हमला कर दिया और उसे गंभीर चोटें आईं।
एक अन्य फार्महाउस संचालक नरेश कुमार की शिकायत पर हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।घटना के लिए गांव के रहने वाले दो आरोपियों सचिन और आशीष को गिरफ्तार कर लिया गया है।
