LIVE
आज की ताजा खबर: ईरान में बम धमाकों में 73 लोगों की मौत; गुरुग्राम में मॉडल की हत्या से सनसनी
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 3 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 3 जनवरी की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप लगातार जारी है और फिलहाल इसमें राहत के आसार नहीं हैं। इसके मद्देनजर नोएडा में 6 जनवरी तक 8वीं तक के स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। वहीं, हिट और रन कानून लागू करने के मामले में ट्रक चालकों की हड़ताल खत्म हो सकती है, सरकार ने कहा है कि अभी कानून की समीक्षा की जाएगी। उधर, मणिपुर में पांच जिलों में कर्फ्यू में ढील देने का फैसला लिया गया है। आपको बता रहे हैं आज की बड़ी खबरें ।
JAN 03, 2024 21:28 IST
22 जनवरी को महाराष्ट्र में बंद हों शराब और मीट की दुकानें- BJP विधायक
महाराष्ट्र में बीजेपी विधायक राम कदम ने महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे से शराब और मांस पर एक दिन का प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, 22 जनवरी दिवाली के त्योहार जितना ही पवित्र है। मैं भगवान राम के सभी भक्तों की ओर से महाराष्ट्र के सीएम से आग्रह करता हूं कि 22 जनवरी के पवित्र दिन पर पूरे राज्य में शराब और मांस पर प्रतिबंध लगाया जाए।
JAN 03, 2024 19:49 IST
ईरान में बम धमाके में 73 की मौत
ईरान से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां सिलसिलेवार तरीके से किए गए बम धमाकों में कम से कम 73 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं।
JAN 03, 2024 19:39 IST
गुरुग्राम में मॉडल की हत्या से सनसनी
गुरुग्राम में एक मॉडल की हत्या का मामला सामने आया है। मामला गुरुग्राम के बस स्टैंड स्थित सिटी होटल प्वाइंट का है, जहां होटल के मालिक ने अपनी ही दोस्त को मार डाला। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
JAN 03, 2024 18:17 IST
कूनो में मादा चीता ने दिया 3 शावकों को जन्म
कुनो नेशनल पार्क में मादा चीता आशा ने तीन शावको को जन्म दिया है।17 सितंबर को 8 चीतों के साथ आशा भारत आई थी।
JAN 03, 2024 18:26 IST
पीएम मोदी ने किया INDI गठबंधन पर हमला
केरल के त्रिशूर में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज देश में बड़ी-बड़ी सड़कें बन रही हैं, आधुनिक हवाई अड्डे बन रहे हैं लेकिन INDI गठबंधन की सरकार यहां कोई काम नहीं होने दे रही, क्योंकि वे मोदी का विरोध करते हैं। INDI गठबंधन केरल में लूटपाट की आजादी चाहता है। यहां सोने की तस्करी को लेकर जो खेल हो रहा है, वह किसी से छिपा नहीं है। वे नहीं चाहते कि गरीब लोगों और बुनियादी ढांचे के लिए केंद्र सरकार से मिलने वाले फंड के बारे में कोई उनसे सवाल करे। इसलिए वे केंद्र सरकार की योजनाओं में बाधा डालने की कोशिश करते हैं।
JAN 03, 2024 16:56 IST
केरल के त्रिशूर में पीएम मोदी का भव्य स्वागत
केरल के त्रिशूर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत हुआ। पीएम ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इससे पहले उन्होंने रोड-शो भी किया।
JAN 03, 2024 16:01 IST
55 रन पर सिमटी द. अफ्रीका की पहली पारी
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे दूसरे और आखिरी टेस्ट में द. अफ्रीका की पहली पारी 55 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने 6 विकेट लिए।
JAN 03, 2024 14:37 IST
नीतीश कुमार आज बन सकते हैं INDIA गठबंधन के संयोजक
नीतीश कुमार को आज INDIA गठबंधन का संयोजक बनाने की घोषणा हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ देर में आधिकारिक घोषणा हो सकती है।
JAN 03, 2024 14:19 IST
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में तलाशी अभियान जारी
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के वन क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने बुधवार को तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद मेहधार के कचबलारी और मंडी इलाके के अरधी में सेना और पुलिस संयुक्त रूप से अभियान को अंजाम दे रही है। इस बारे में अभी और अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है।
JAN 03, 2024 13:58 IST
महुआ मोइत्रा की याचिका पर लोकसभा महासचिव को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस
लोकसभा से निष्कासन को चुनौती देने वाली तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा महासचिव से जवाब मांगा। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने कहा, अदालत लोकसभा की कार्यवाही में शामिल होने की अनुमति देने के लिए दायर मोइत्रा की याचिका पर इस स्तर पर कोई भी आदेश पारित करने से इनकार करता है।
JAN 03, 2024 13:24 IST
केंद्र, 11 राज्यों को जेलों में जाति के आधार पर भेदभाव के आरोपों पर नोटिस जारी
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित 11 राज्यों से उस जनहित याचिका पर जवाब मांगा जिनमें आरोप लगाए गए हैं कि इन राज्यों की जेल की नियमावली कारागार में जाति के आधार पर भेदभाव को बढ़ावा देती है। प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड, न्यामूर्ति जे बी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता एस मुरलीधर के उस प्रतिवेदन पर गौर किया कि इन 11 राज्यों की जेल नियमावली अपनी जेलों के भीतर कार्य के बंटवारे में भेदभाव करती है और जाति के अधार पर कैदियों को रखा जाना तय होता है। वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा कि कुछ गैर अधिसूचित आदिवासियों और आदतन अपराधियों से अलग तरीके से बर्ताव किया जाता है और उनके साथ भेदभाव होता है।
JAN 03, 2024 12:29 IST
सुप्रीम कोर्ट ने पर्यावरण मंत्रालय के आदेश पर रोक लगाई
सुप्रीम कोर्ट ने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के उस आदेश पर रोक लगा दी है, जिसमें पर्यावरणीय मंजूरी के बिना परियोजनाओं को शुरू करने की अनुमति दी गई थी।न्यायमूर्ति बी.आर. गवई और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने गैर सरकारी संगठन वनशक्ति की ओर से दायर की गई याचिका पर पर्यावरण और वन मंत्रालय को नोटिस जारी किया है।पीठ ने नोटिस के जवाब के लिए चार सप्ताह का समय देते हुए कहा कि अगले आदेश तक मंत्रालय के 20 जनवरी 2022 के ज्ञापन पर रोक रहेगी। वनशक्ति की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने कहा कि किसी भी गतिविधि की अनुमति देने से पहले पर्यावरणीय प्रभाव मूल्यांकन अनिवार्य है और मंत्रालय का 20 जनवरी 2022 का आदेश पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के खिलाफ है।
JAN 03, 2024 12:18 IST
हिंडनबर्ग विवाद : सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर गौतम अडानी बोले, सत्यमेव जयते
अरबपति उद्योगपति गौतम अडाणी ने हिंडनबर्ग विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। अडानी ने बुधवार को शीर्ष अदालत का फैसला आने के बाद अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि सच्चाई की जीत हुई है और उनका समूह भारत के विकास की कहानी में योगदान देना जारी रखेगा। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को फैसला सुनाते हुए कहा कि अडानी समूह के खिलाफ आरोपों की विशेष जांच दल या सीबीआई से जांच का आदेश देने का कोई आधार नहीं है। अदालत ने कहा कि भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) अपनी जांच तीन माह में पूरी करे।
JAN 03, 2024 11:49 IST
झारखंड : झामुमो नीत गठबंधन के विधायक आज बैठक करेंगे
झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा नीत गठबंधन के विधायक बुधवार को यहां बैठक करेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय की ओर से जारी समन के बाद उत्पन्न हालात पर चर्चा कर रणनीति तैयार की जाएगी। लाभ के पद से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में ईडी द्वारा समन भेजे जाने के बाद से सोरेन राजनीतिक विवादों में घिर गए हैं। सोरेन ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई राज्य सरकार को अस्थिर करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग करने का आरोप लगाते हुए ईडी के पहले के छह समन को नजरअंदाज कर दिये। सातवां समन पिछले साल दिसंबर में जारी किया गया था।
JAN 03, 2024 11:25 IST
राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ाई
राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर और फलोदी समेत कई इलाकों में जारी शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम केंद्र के अनुसार बीती रात सीकर में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री, सिरोही में 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह बीकानेर और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री, फलोदी में 4.4 डिग्री, पिलानी में 5.6 डिग्री, अलवर में 5.7 डिग्री, करौली में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी जयपुर में यह 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले में अधिकतम तापमान भी लगभग 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। मौसम विभाग के अनुसार बीते चौबीस घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। अनेक भागों में घना से अति अत्याधिक घना कोहरा छाया रहा जबकि पूर्वी राजस्थान के कई इलाके शीतलहर की चपेट में हैं।
JAN 03, 2024 10:52 IST
अडानी-हिंडनबर्ग: जांच सेबी से एसआईटी ट्रांसफर नहीं होगी
अडानी-हिंडनबर्ग: सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जांच को सेबी से एसआईटी को ट्रांसफर करने का कोई आधार नहीं है। सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि सेबी के नियामक ढांचे में प्रवेश करने की इस अदालत की शक्ति सीमित है।
JAN 03, 2024 10:14 IST
केजरीवाल ईडी के तीसरे समन पर भी नहीं हुए पेश
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जारी तीसरे समन पर भी बुधवार को पेश नहीं हुए और उन्होंने एक लिखित जवाब भेजकर नोटिस को अवैध बताया। आम आदमी पार्टी से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी। आप ने कहा कि केजरीवाल एजेंसी के साथ सहयोग करने के लिए तैयार हैं लेकिन दावा किया कि समन उन्हें गिरफ्तार करने के इरादे से भेजा गया है। पार्टी ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले नोटिस क्यों भेजा गया है? नोटिस केजरीवाल को चुनाव प्रचार करने से रोकने का एक प्रयास है।
JAN 03, 2024 10:13 IST
असम: बस-ट्रक की टक्कर में 12 लोगों की मौत, 30 अन्य घायल
असम के गोलाघाट जिले में बुधवार को कोयला ले जारहे एक ट्रक और बस की आमने-सामने की टक्कर में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, वहीं 30 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। गोलाघाट के पुलिस अधीक्षक राजन सिंह ने बताया कि दुर्घटना आज सुबह डेरगांव के पास बलिजान में हुई। 45 लोगों को ले जारही बस ट्रक से टकरा गई। यह बस अपर असम की ओर जा रही थी। उन्होंने कहा कि अब तक की जानकारी के अनुसार हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिंह ने बताया कि जांच जारी है और इस मामले में ज्यादा जानकारी बाद में दी जाएगी।
JAN 03, 2024 10:11 IST
JAN 03, 2024 09:33 IST
हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार के ठिकाने पर ईडी की छापेमारी
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ED) को निशाना बनाने और उस पर उनके खिलाफ राजनीतिक रूप से पक्षपातपूर्ण जांच करने का आरोप लगाने के एक दिन बाद जांच एजेंसी ने बुधवार को रांची और राजस्थान में 10 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। यह तलाशी अवैध खनन मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले के सिलसिले में की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद के परिसरों की भी तलाशी ली जा रही है।
