LIVE

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 29 दिसंबर 2023: बृजभूषण के आवास से हटाया गया डब्ल्यूएफआई का कार्यालय, बीआरएस ने लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी शुरू की

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 29 दिसंबर 2023: बृजभूषण के आवास से हटाया गया डब्ल्यूएफआई का कार्यालय, बीआरएस ने लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी शुरू की
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 29 दिसंबर 2023 और बड़ी खबरें: भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने शुक्रवार को कहा कि वह अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर रही है और इसी कड़ी में तीन जनवरी से क्षेत्रवार तैयारी बैठकें आयोजित करेगी। ललन सिंह ने अपना इस्तीफा नीतीश कुमार को सौंप दिया है। जिसके बाद नीतीश ने ललन सिंह का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और अब खुद के हाथों में पार्टी की कमान ले ली है। अब से नीतीश कुमार जेडीयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इससे पहले राजीव रंजन (ललन) सिंह बिहार के सीएम नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे थे। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 28 दिसंबर (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।
Dec 29, 2023 | 11:21 PM IST

चंपावत में भाजपा नेता पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप

उत्तराखंड पुलिस ने चंपावत जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता के खिलाफ एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज किया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को सामने आए इस मामले में पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
Dec 29, 2023 | 09:37 PM IST

भारत ने पाकिस्तान से लश्कर संस्थापक हाफिज सईद को प्रत्यर्पित करने को कहा

भारत ने पाकिस्तान से 2008 के मुंबई आतंकी हमलों समेत ऐसे अनेक मामलों में वांछित लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद को प्रत्यर्पित करने को कहा है। हाफिज सईद कई आतंकी मामलों में भारतीय जांच एजेंसियों द्वारा वांछित है।
Dec 29, 2023 | 08:08 PM IST

भारत में कोविड-19 के 797 नए मामले

देश में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 797 नए मामले सामने आए तथा उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,091 दर्ज की गई। देश में इस साल 19 मई के बाद से एक दिन में सामने आए कोरोना वायरस संक्रमण के ये सबसे अधिक मामले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण से पांच लोगों की मौत हुई है।
Dec 29, 2023 | 07:24 PM IST

बीआरएस ने लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी शुरू की

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने शुक्रवार को कहा कि वह अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर रही है और इसी कड़ी में तीन जनवरी से क्षेत्रवार तैयारी बैठकें आयोजित करेगी।
Dec 29, 2023 | 07:21 PM IST

बृजभूषण के आवास से हटाया गया डब्ल्यूएफआई का कार्यालय

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने शुक्रवार को अपना कार्यालय अपने पूर्व अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के आवास से हटा लिया है जिस पर हाल में खेल मंत्रालय ने गंभीर आपत्ति जतायी थी।एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, ‘‘बृजभूषण के घर को खाली करने के बाद डब्ल्यूएफआई नयी दिल्ली में एक नये पते से काम करेगा। ’’ डब्ल्यूएफआई का नया कार्यालय नयी दिल्ली के हरिनगर में है।
Dec 29, 2023 | 07:01 PM IST

सोना 350 रुपये टूटा, चांदी भी 1,000 रुपये लुढ़की

वैश्विक बाजारों से कमजोरी के संकेतों के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना 350 रुपये की गिरावट के साथ 63,950 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी।पिछले कारोबारी सत्र में सोना 64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।
Dec 29, 2023 | 06:11 PM IST

रूस ने यूक्रेन पर सबसे बड़े हमले में 122 मिसाइल दागीं

यूक्रेन के अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि रूस ने सबसे भीषण हमले में यूक्रेनी ठिकानों पर 122 मिसाइल दागीं और 36 ड्रोन से बमबारी की जिसमें कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। वायुसेना के एक अधिकारी ने कहा कि यह 22 महीने से जारी युद्ध में सबसे बड़ा हवाई हमला है।
Dec 29, 2023 | 06:11 PM IST

मौसम विभाग ने नए साल पर दार्जिलिंग में बर्फबारी का अनुमान जताया

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में इस साल के अंत और नये साल में बर्फबारी होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को अपने पूर्वानुमान में कहा कि इससे पहाड़ों पर बर्फ देखने की उम्मीद से आने वाले पर्यटकों को काफी खूबसूरत नजारा देखने को मिल सकता है।
Dec 29, 2023 | 05:36 PM IST

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सुरक्षाबलों ने शुरू किया तलाशी अभियान

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के एक वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को संदिग्ध तत्वों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कालाकोटे के मुरादपुर इलाके से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने अफला, मुरादपुर, बोथनी और स्वानी इलाकों में तलाशी अभियान चलाया।
Dec 29, 2023 | 04:49 PM IST

आरबीआई ने पीआईडीएफ योजना को दिसंबर, 2025 तक बढ़ाया

आरबीआई ने शुक्रवार को भुगतान अवसंरचना विकास कोष (पीआईडीएफ) योजना को दो साल बढ़ाकर दिसंबर 2025 तक कर दिया। इसके साथ ही 'साउंड बॉक्स' उपकरण और 'आधार' से जुड़े बायोमेट्रिक उपकरणों को शामिल करके सब्सिडी देने की गुंजाइश को बढ़ा दिया गया है।
Dec 29, 2023 | 04:23 PM IST

खुदरा क्षेत्र 2024 में मांग बढ़ने से 10-13 प्रतिशत वृद्धि के लिए तैयार

बदलाव के एक नए युग में प्रवेश करने के साथ देश का खुदरा क्षेत्र नए साल में 10-13 प्रतिशत वृद्धि के लिए तैयार है। खुदरा क्षेत्र के विशेषज्ञों का कहना है कि 2024 में विलासितापूर्ण उत्पादों के साथ ही किफायती खंड से भी मांग आएगी। कंपनियां इन ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देंगी। हालांकि उन पर मुद्रास्फीति का दबाव भी बना रहेगा।
Dec 29, 2023 | 03:44 PM IST

ओडिशा में कोरोना संक्रमण के पांच नए मामले सामने आए

ओडिशा में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के पांच नए मामले सामने आने के बाद राज्य में इस महीने सामने आने वाले मामलों की कुल संख्या बढ़कर 13 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राज्य के जन स्वास्थ्य निदेशक निरंजन मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को करीब 500 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से पांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी मरीजों में हल्के लक्षण दिखाई दिए हैं और वे घर पर पृथकवास में हैं।
Dec 29, 2023 | 03:15 PM IST

खरगे, सोनिया गांधी के राम मंदिर उद्घाटन में जाने पर फैसला बाकी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के अयोध्या में राम मंदिर उद्घाटन समारोह में शामिल होने पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ: पार्टी सूत्र।
Dec 29, 2023 | 03:08 PM IST

संसद सुरक्षा मामला- जूतों में कैविटी बनाने वाले की तलाश

Parliament security breach: दिल्ली पुलिस ने संसद सुरक्षा चूक मामले के आरोपी सागर शर्मा और मनोरंजन डी के जूतों में धुएं की केन रखने के लिए जगह बनाने वाले उस व्यक्ति का पता लगाने के लिए लखनऊ की पुलिस से मदद मांगी है जो जूता बनाने का काम करता है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस इस व्यक्ति को मामले में गवाह बनाना चाहती है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार सागर ने पहले खुद जूतों को अपने हिसाब से तैयार करने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहने पर उसने जूता बनाने वाले उस व्यक्ति से संपर्क किया जो एक साइकिल पर लखनऊ के आलमबाग आता था।
Dec 29, 2023 | 02:43 PM IST

राघव चड्ढा मामले में आप का अनुरोध खारिज

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने राघव चड्ढा को संसद के उच्च सदन में आम आदमी पार्टी का नेता नियुक्त करने के पार्टी के अनुरोध को खारिज कर दिया: सूत्र।
Dec 29, 2023 | 02:36 PM IST

रूस ने यूक्रेन पर एक ही रात में 110 मिसाइलें छोड़ीं

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि रूस ने एक ही रात में करीब 110 मिसाइल छोड़ीं जो साल के सबसे बड़े हमलों में से एक है।
Dec 29, 2023 | 02:22 PM IST

JDU में इस उठापटक की इनसाइड स्टोरी

सियासत में कब क्या होने वाला है इसकी भविष्यवाणी करना रेत में सुई ढूंढने की तरह है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर जेडीयू में जरूर कोई न कोई खिचड़ी पक रही है। नीतीश वो सियासी खिलाड़ी है, जो कब क्या करेंगे, ये इसका अंदाजा शायद ही कोई लगा पाए। बीते कई दिनों से ये हल्ला हो रहा था कि जेडीयू और आरजेडी का विलय होने वाला है। फिर इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया कि ललन सिंह जेडीयू अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले हैं। पढ़ें पूरी खबर
Dec 29, 2023 | 02:21 PM IST

ललन सिंह का इस्तीफा, नीतीश कुमार जेडीयू के नए अध्यक्ष

ललन सिंह ने अपना इस्तीफा नीतीश कुमार को सौंप दिया है। जिसके बाद नीतीश ने ललन सिंह का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और अब खुद के हाथों में पार्टी की कमान ले ली है। अब से नीतीश कुमार जेडीयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इससे पहले राजीव रंजन (ललन) सिंह बिहार के सीएम नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे। दिल्ली में जेडीयू दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी ललन सिंह के इस्तीफे पर चर्चा हुई।
Dec 29, 2023 | 12:18 PM IST

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज

राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में शुक्रवार को घने कोहरे के, नीचे छाने वाले बादलों में तब्दील होने के बाद दृश्यता में थोड़ा सुधार हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि सुबह के वक्त शहर के अलग-अलग हिस्सों में घना से मध्यम कोहरा छाया रहा। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में दृश्यता 200 मीटर और पालम में 50 मीटर रही। दृश्यता कम होने से तीसरे दिन भी रेलगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हुआ तथा दिल्ली आने वाली 11 रेलगाड़ियां निर्धारित समय से देरी से चल रहीं हैं। आईएमडी ने कहा, 'इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर कोहरे की स्थिति में शुक्रवार को काफी सुधार हुआ तथा घने कोहरे में सबसे कम दृश्यता 150 मीटर रही।' उन्होंने बताया कि 'रनवे विजुअल रेंज' (आरवीआर) अब 400 से 800 मीटर तक है, जो बेहतर विमानन स्थितियों का संकेत है।
Dec 29, 2023 | 12:16 PM IST

अत्याधुनिक अयोध्या हवाई अड्डे का कल होगा उद्घाटन

अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन कल किया जाएगा जो आधुनिक सुविधाओं से लैस है वहीं उसे राममंदिर की वास्तुशैली के चित्रण के साथ पारंपरिक स्वरूप में भी दर्शाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को अयोध्या के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। बृहस्पतिवार शाम को हवाई अड्डे पर श्रमिकों को निर्माण कार्य को पूरा करने में व्यस्त देखा। हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन को तिरंगे की थीम पर सजाया जा रहा है। यह नवनिर्मित हवाई अड्डा मुख्य अध्योध्या शहर से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर है। उसमें आधुनिक निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। उसे अयोध्या स्टेशन के नये भवन की भांति ही पारंपरिक स्वरूप प्रदान किया गया है। इसका मुख्य द्वार भी इसी तरह बनाया गया है। सीतापुर रोड साइड से हवाई अड्डे की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर कई पोस्टर लगाये गये हैं जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर है और स्वागत संदेश लिखा है।
Dec 29, 2023 | 12:13 PM IST

आंध्र प्रदेश में एक ही परिवार के चार लोगों ने आत्महत्या की

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, वहीं एक सदस्य अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना विशाखापट्टनम के अनाकापल्ले जिले की है। उसने बताया कि मृतकों की पहचान शिव रामकृष्ण (40), उनकी पत्नी माधवी (38) और दो बेटियों के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उनकी तीसरी बेटी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस को संदेह है कि परिवार ने आर्थिक तंगी की वजह से यह कदम उठाया। शुरुआती जांच से पता चला है कि रामकृष्ण गुंटूर जिले के तेनाली शहर का रहने वाला था और पेशे से सुनार था। वह कुछ साल पहले काम के सिलसिले में अनाकापल्ले शहर आया था और यहीं एक फ्लैट में अपने परिवार के साथ रहने लगा। पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार ने संभवत: बृहस्पतिवार रात को किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा, जिसके बाद उनमें से चार सदस्य मृत मिले। उसने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है तथा जांच जारी है।
Dec 29, 2023 | 12:12 PM IST

पीएम मोदी के दौरे से पहले फूलों से सजाई गई राम नगरी अयोध्या

पीएम मोदी के दौरे से पहले अयोध्या में तैयारियां जोर-शोर पर हैं। शहर को फूलों से सजाया गया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए कई श्रमिक राम कथा पार्क में फूलों से कलात्मक आकार बना रहे हैं। सजावट के लिए भगवान राम, उनके धनुष एवं तीर, भगवान हनुमान, धार्मिक तिलक आदि की छवियों से प्रेरणा ली गई है। पढ़ें पूरी खबर
Dec 29, 2023 | 11:48 AM IST

पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना के 797 केस आए सामने

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 797 मामले सामने आए हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या 4091 हो गई है।
Dec 29, 2023 | 11:35 AM IST

मिजोरम सरकार ने अपराधों की जांच के लिए सीबीआई को सामान्य मंजूरी दी

मिजोरम सरकार ने राज्य में अपराधों की जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सामान्य मंजूरी प्रदान की है। बृहस्पतिवार को जारी की गयी अधिसूचना में राज्य सरकार ने कहा, 'दिल्ली विशेष पुलिस स्थापन अधिनियम, 1946 की धारा छह द्वारा प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए मिजोरम सरकार दिल्ली विशेष पुलिस स्थापन के सदस्यों को मिजोरम में अपराधों की जांच के लिए शक्तियां और अधिकारक्षेत्र प्रदान करने की मंजूरी देती है।' मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'मिजोरम सरकार सीबीआई को मिजोरम में अपराधों की जांच की मंजूरी देती है। हमारी सरकार अपने नागरिकों के कल्याण के वास्ते भ्रष्टाचार का सफाया करने के लिए दृढ़संकल्पित है।' गत आठ दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह के शीघ्र बाद लालदुहोमा ने घोषणा की थी कि उनकी जोरम पीपल्स मूवमेंट सरकार भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई को प्राथमिकता देगी तथा राज्य में भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए सीबीआई को आमंत्रित करेगी। दिल्ली विशेष पुलिस स्थापन अधिनियम, 1946 के अनुसार सीबीआई को किसी भी राज्य में जांच करने के लिए वहां की सरकार से मंजूरी लेनी होती है।
Dec 29, 2023 | 11:33 AM IST

कल्पतरु प्रोजेक्ट्स को मिले 3,244 करोड़ रुपये के नए ठेके

इंजीनियरिंग एवं निर्माण कंपनी कल्पतरु प्रोजेक्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड को उसकी विदेशी अनुषंगी कंपनियों और संयुक्त उद्यमों के साथ 3,244 करोड़ रुपये के नए ठेके मिले हैं। कंपनी ने इसके साथ ही भूमिगत मेट्रो रेल सुरंग क्षेत्र में भी प्रवेश की घोषणा की है। कल्पतरु प्रोजेक्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड (केपीआईएल) की ओर से जारी बयान के अनुसार, एक भूमिगत मेट्रो रेल परियोजना के ‘डिजाइन’ तथा निर्माण का ठेका मिला है। कंपनी इसके साथ ही टीबीएम (टनल बोरिंग मशीन) टनलिंग स्कोप तथा इलेक्ट्रिक मोबिलिटी व्यवसाय में प्रवेश कर रही है। बयान के अनुसार, केपीआईएल को अपने संयुक्त उद्यमों (जेवी) और विदेशी अनुषंगी कंपनियों के साथ 3,244 करोड़ रुपये के नए ठेके मिले हैं। इसके अलावा, कंपनी को विदेशी बाजारों से ‘ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन’ (टीएंडडी) व्यवसाय से जुड़े भी ठेके मिले हैं। केपीआईएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मनीष मोहनोत ने एक बयान में कहा, 'हमें विभिन्न व्यवसायों में ठेके मिलने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। भूमिगत मेट्रो रेल सुरंग परियोजना में हमारा प्रवेश टिकाऊ शहरी बुनियादी ढांचे के विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का दर्शाता है।' कंपनी वर्तमान में 30 से अधिक देशों में परियोजनाओं पर काम कर रही है। इसकी 70 से अधिक देशों में पहुंच है।
Dec 29, 2023 | 11:30 AM IST

जेडीयू की बैठक पर क्या बोले बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी?

Dec 29, 2023 | 11:29 AM IST

दिल्ली में जेडीयू की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक

जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन (ललन) सिंह बिहार के सीएम नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे। दिल्ली में जेडीयू दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक कर रही है। वहीं बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी से जब पूछा गया कि क्या वह जदयू के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे तो इसके जवाब में उन्होंने कहा कि "आप मुझे यह बताने वाले पहले व्यक्ति हैं। हम (बैठक में) एजेंडे में उठाए गए मुद्दे पर चर्चा करेंगे। वर्तमान में, ललन सिंह जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। अगर वह राष्ट्रीय हैं मुखिया, फिर ऐसी बात क्यों आएगी, वह ठीक काम कर रहा है।"
Dec 29, 2023 | 11:27 AM IST

सीएम नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे ललन सिंह

Dec 29, 2023 | 10:50 AM IST

छत्तीसगढ़: दंपति और नाबालिग बेटी के शव बरामद, आत्महत्या की आशंका

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक दंपति और उनकी 14 वर्षीय बेटी के शव घर पर फंदे से लटके हुए बरामद किये हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस को आशंका है कि तीनों ने आत्महत्या की होगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने लखनलाल सेन (48), उनकी पत्नी रानू सेन (42) और बेटी पायल के शव बरामद किये हैं। उन्होंने बताया कि तीनों के शव टिकरापारा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीएसयूपी कॉलोनी में उनके घर के एक कमरे में पंखे के सहारे लटके हुए पाये गये। अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसियों ने उनके घर से आ रही दुर्गंध के बारे में पुलिस को सूचित किया तब पुलिस दल रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और शव बरामद किये। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि तीनों ने दो-तीन दिन पहले फांसी लगा ली थी। पुलिस को मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की सही जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद ही मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि लखनलाल सेन एक स्टील व्यापारी के यहां वाहन चालक के तौर पर काम करता था। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
Dec 29, 2023 | 10:21 AM IST

इजराइल ने सीरियाई राजधानी के पास मिसाइलों से किया हमला

मीडिया ने बताया कि इजराइल ने सीरिया की राजधानी दमिश्क के बाहरी इलाके को निशाना बनाकर मिसाइल हमला किया।सीरियाई वायु रक्षा प्रणाली ने इसका जवाब दिया। सीरियाई सेना ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि इजरायल ने कब्जे वाले सीरियाई गोलान हाइट्स की दिशा से दक्षिणी क्षेत्र में कुछ इलाकों को निशाना बनाते हुए हमला किया। इसमें कहा गया है कि सीरियाई वायु रक्षा बलों ने उनमें से अधिकांश को रोक दिया। समाचार एजेंसी श‍िन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल ने हाल ही में गाजा पट्टी में अपने सैन्य अभियान के साथ सीरियाई ठिकानों पर अपने हमले बढ़ा दिए हैं। सीरिया 12 साल से अधिक समय से युद्ध में घिरा हुआ है, रूस और ईरान द्वारा समर्थित राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकारी सेना, विभिन्न विपक्षी समूहों के खिलाफ लड़ रही है। दूसरी ओर, ईरान को सीरिया में सैन्य उपस्थिति स्थापित करने से रोकने के लिए इज़राइल लंबे समय से प्रयासरत है। सोमवार शाम को सीरिया में इजरायली हमले में सैय्यद रज़ी मौसवी की मौत हो गई, जो सीरिया में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले सलाहकारों में से एक थे और दिवंगत ईरानी शीर्ष कमांडर कासिम सुलेमानी के करीबी सहयोगी थे।
Dec 29, 2023 | 10:17 AM IST

भारी बारिश के बाद बाढ़ से जूझ रहा जर्मनी

कई हफ्तों की भारी बारिश के बाद नए साल की पूर्वसंध्या से पहले जर्मनी के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कई जिलों ने प्रारंभिक चरण की आपदा चेतावनी घोषित कर दी है। पूर्वी और उत्तरी जर्मनी में एल्बे और वेसर नदियों के किनारे के शहर और नगर पालिकाएं पानी और बाढ़ से प्रभावित हैं। बुधवार को ब्रेमेन के पास लिलिएनथाल में बांध टूटने के बाद कई निवासियों को वहां से हटाना पड़ा और आस-पास के कस्बों में और बांध टूटने की आशंका है। समाचार एजेंसी श‍िन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ बाढ़ क्षेत्रों में प्रभावित लोगों के बीच विवादों के कारण राहत कार्य में बाधा आ रही है। जर्मन फायर ब्रिगेड एसोसिएशन के कार्ल-हेन्ज़ बैंसे ने कहा, "बांधों पर रखे गए रेत के थैले निवासियों द्वारा ले लिए जा रहे हैं क्योंकि उनके पास अपने घरों की सुरक्षा के लिए कोई सामान नहीं है।" सैक्सोनी-एनहाल्ट के पर्यावरण मंत्री आर्मिन विलिंगमैन ने गुरुवार को हाल के वर्षों में बांधों और बाढ़ सुरक्षा सुविधाओं में "लगातार निवेश" पर प्रकाश डालते हुए कहा, "आबादी को बाढ़ के खतरों से बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
Dec 29, 2023 | 10:16 AM IST

जॉर्डन ने लाल सागर में गत‍िव‍िधियो के प्रभाव की निगरानी को बनाई सम‍िति

जॉर्डन चैंबर ऑफ कॉमर्स और परिवहन मंत्रालय लाल सागर में जहाजों की सुरक्षाव व अन्‍य गत‍िव‍िध‍ियों की निगरानी के लिए एक संयुक्त समिति बनाने पर सहमत हुए हैं। सरकारी अल ममलका टीवी ने गुरुवार को बताया कि समिति के सदस्यों में जॉर्डन चैंबर ऑफ कॉमर्स, जॉर्डन मैरीटाइम यूनियन, लॉजिस्टिक्स यूनियन और क्लीयरेंस कंपनीज यूनियन के साथ-साथ फ्रेट ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्य शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, समिति का गठन समुद्री नौवहन से संबंधित किसी भी बाधा को दूर करने के प्रयासों को एकजुट करने और तकनीकी मुद्दों के समाधान के लिए किया गया है। समाचार एजेंसी श‍िन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, जॉर्डन चैंबर ऑफ कॉमर्स की एक बैठक में परिवहन मंत्री वेसम अल तहतामौनी ने कहा कि अकाबा बंदरगाह तक आपूर्ति श्रृंखला बरकरार है, लेकिन चुनौती बढ़ती लागत में है। उन्होंने कहा कि जॉर्डन सरकार उपभोक्ताओं पर बढ़ती शिपिंग और बीमा लागत के प्रभाव को कम करने के लिए कई उपायों पर विचार कर रही है। तहतामौनी ने कहा कि बढ़ती लागत बाब अल मांडेब क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हाल के हमलों के कारण है। इससे जहाजों का मार्ग परिवर्तन होता है। इसके परिणामस्वरूप लंबी यात्रा होती है और शिपिंग की कीमतें अधिक होती हैं।
Dec 29, 2023 | 10:14 AM IST

वेनेजुएला ने ब्रिटेन से 'खतरे' के खिलाफ शुरू किया सैन्य अभियान

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने पूर्वी वेनेजुएला में बोलिवेरियन नेशनल आर्म्ड फोर्सेज (एफएएनबी) द्वारा संयुक्त सैन्य कार्रवाई का आदेश दिया है, जिसे उन्होंने ब्रिटेन से 'खतरा' बताया है। समाचार एजेंसी श‍िन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, मादुरो ने सैन्य कर्मियों को नए साल के शुभकामना भाषण के दौरान कहा कि पड़ोसी गुयाना के जल क्षेत्र में एक ब्रिटिश सैन्य जहाज की तैनाती अवैध रूप से की गई है। उन्होंने कहा कि राजनयिक उपाय विफल होने के बाद, वेनेजुएला समुच‍ित तरीके से जवाब देगा और ब्रिटेन का रवैया अस्वीकार्य है।
Dec 29, 2023 | 10:12 AM IST

दिल्ली में कोहरे और कम विजिबिलिटी के चलते उडानों में देरी

Dec 29, 2023 | 10:05 AM IST

डेमोक्रेटिक प्रदेश सचिव ने ट्रंप पर प्रांतीय निर्वाचन में भाग लेने पर लगाई रोक

माइने की डेमोक्रेटिक सचिव ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को संविधान के विद्रोह संबंधी उपबंध के तहत, राष्ट्रपति पद के लिए प्रांत के प्रायमरी निर्वाचन से बाहर कर दिया है। शेन्ना बेल्लोस इस तरह की एकतरफा कार्रवाई करने वाली पहली चुनाव अधिकारी बन गयी हैं। इस बीच, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट यह फैसला करने वाला है कि ट्रंप दोबारा राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने के लिए पात्र रहेंगे या नहीं। डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रदेश सचिव शेन्ना बेल्लोस के इस फैसले से पहले इस माह के प्रारंभ में कोलोराडो के सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप को 14 वें संशोधन की धारा तीन के तहत वहां निर्वाचन से बाहर कर दिया था। बहरहाल, इस फैसले पर तबतक के लिए रोक है जबतक अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट इस बात पर फैसला न कर ले कि ट्रंप गृहयुद्ध कालीन इस प्रावधान के तहत चुनाव से वंचित किये जा सकते हैं या नहीं। यह प्रावधान ‘विद्रोह में शामिल व्यक्ति को’ किसी पद पर आसीन होने से रोकता है। ट्रंप के चुनाव प्रचार अभियान दल ने कहा है कि वह बेल्लोस के फैसले को माइने की प्रांतीय अदालत में चुनौती देगा। बेल्लोस ने अदालत द्वारा इस पर निर्णय लिये जाने तक अपने फैसले को निलंबित कर दिया है। आखिर में , ऐसी संभावना है कि देश की सर्वोच्च अदालत ही यह तय करेगी कि ट्रंप माइने और अन्य प्रांतों के निर्वाचन में हिस्सा ले पायेंगे या नहीं।
Dec 29, 2023 | 10:03 AM IST

अमेरिकी सैन्य अंतरिक्ष विमान एक्स-37बी गुप्त मिशन पर रवाना हुआ

अमेरिकी सेना का एक्स-37बी अंतरिक्ष विमान बृहस्पतिवार को एक और गुप्त मिशन के लिए रवाना हुआ। माना जा रहा है कि यह मिशन अगले कम से कम दो वर्ष तक चलेगा। पिछले कुछ मिशन की तरह ही छोटे स्पेस शटल जैसा दिखने वाला यह विमान कई खुफिया मिशन को अंजाम देगा। तकनीकी समस्याओं के कारण विमान ने निर्धारित समय से दो सप्ताह से अधिक की देरी के बाद उड़ान भरी। इसमें कोई अंतरिक्ष यात्री सवार नहीं है। स्पेसएक्स के फाल्कन हेवी रॉकेट ने इस विमान के साथ बृहस्पतिवार रात नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी। अमेरिका का यह विमान 2010 से उड़ान भर रहा है और यह इसकी सातवीं उड़ान है। इससे पहले एक्स-37बी तकरीबन ढ़ाई वर्ष अंतरिक्ष में रहा था और यह इसका अब तक का सबसे लंबी अवधि का मिशन था। हालांकि, 'स्पेस फोर्स' के अधिकारी ने यह जानकारी नहीं दी कि इस बार विमान कितने समय तक अंतरिक्ष में रहेगा। बोइंग द्वारा निर्मित एक्स-37बी नासा के सेवानिवृत्त अंतरिक्ष शटल जैसा दिखता है। इसमें किसी अंतरिक्ष यात्री की आवश्यकता नहीं होती।
Dec 29, 2023 | 10:01 AM IST

कनाडा में हिंदू मंदिर के अध्यक्ष के घर पर हमला

कनाडा में मंदिर के पुजारी के बेटे के घर पर खालिस्तानी समर्थकों ने हमला कर दिया। इस दौरान 14 राउंड फायरिंग हुई, इसी शहर में निज्जर की हत्या हुई थी। इस गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन गोली लगने से घर को नुकसान हुआ। पढ़ें पूरी खबर
Dec 29, 2023 | 08:49 AM IST

दुनिया की जनसंख्या इस साल सात करोड़ 50 लाख बढ़ी

विश्व की जनसंख्या पिछले साल सात करोड़ 50 लाख बढ़ी और नववर्ष के दिन कुल वैश्विक आबादी के आठ अरब से अधिक हो जाने का अनुमान है। अमेरिकी जनगणना ब्यूरो द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। जनगणना ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल दुनिया भर में जनसंख्या की वृद्धि दर एक प्रतिशत से कम रही। वर्ष 2024 की शुरुआत में दुनिया भर में हर सेकंड में 4.3 लोगों का जन्म और दो लोगों की मौत होने का अनुमान है। अमेरिका की जनसंख्या की वृद्धि दर पिछले वर्ष 0.53 प्रतिशत थी, जो दुनिया भर की वृद्धि दर से आधी है। अमेरिका की आबादी इस साल 17 लाख बढ़ी और नववर्ष पर इसकी कुल जनसंख्या 33 करोड़ 58 लाख हो जाएगी। ‘ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूशन’ में जनसांख्यिकी विशेषज्ञ विलियम फ्रे ने कहा कि जनसंख्या में वृद्धि की मौजूदा गति यदि इस दशक के अंत तक बरकरार रही, तो 2020 का दशक जनसंख्या में बढ़ोतरी के लिहाज से अमेरिकी इतिहास में सबसे धीमी गति का दशक हो सकता है और 2020 से 2030 तक 10 साल की अवधि में वृद्धि दर चार प्रतिशत से कम रह सकती है।
Dec 29, 2023 | 06:37 AM IST

अस्पतालों में घटिया दवाओं की आपूर्ति की सीबीआई जांच का अनुरोध

दिल्ली सरकार ने अस्पतालों में घटिया दवाओं की आपूर्ति की सीबीआई जांच का गृह मंत्रालय से अनुरोध किया है। आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली सरकार के सूत्रों ने कहा कि दिल्ली सरकार मामले में जांच लंबित रहने तक स्वास्थ्य सचिव को निलंबित करने की सिफारिश उपराज्यपाल वीके सक्सेना से करेगी। पढ़ें पूरी खबर
Dec 29, 2023 | 06:18 AM IST

कौन है CRPF, ITBP और CISF का नया प्रमुख? जानें खास बातें

नीना सिंह सीआईएसएफ प्रमुख बनने वाली पहली महिला हैं। राहुल रसगोत्रा आईटीबीपी के प्रमुख नियुक्त किए गए हैं। वहीं आईपीएस अधिकारी अनीश दयाल सिंह को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का महानिदेशक बनाया गया है। आपको तीनों के बारे में बताते हैं। पढ़ें पूरी खबर