LIVE

आज की ताजा खबर, 28 अक्टूबर 2023: इजराइल ने गाजा पर हवाई और जमीनी हमले तेज किए, वंदे साधारण एक्सप्रेस के 5 रूटों को मिली मंजूरी

शिशुपाल कुमारUpdated Oct 29, 2023, 01:00 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर LIVE

आज की ताजा खबर, 28 अक्टूबर 2023: इजराइल ने गाजा पर हवाई और जमीनी हमले तेज किए, वंदे साधारण एक्सप्रेस के 5 रूटों को मिली मंजूरी

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 28 अक्टूबर 2023 और बड़ी खबरें: इजराइल ने गाजा पट्टी में इंटरनेट और संचार के अन्य माध्यम बंद कर दिए हैं, जिससे वहां रहने वाले 23 लाख लोगों का आपस में तथा बाहरी दुनिया से संपर्क कट गया है। इजराइल ने शुक्रवार रात से गाजा पर हवाई और जमीनी हमले भी तेज कर दिए हैं। इजराइल की सेना ने कहा कि वह क्षेत्र में जमीनी अभियान ‘‘व्यापक’’ कर रही है। सेना की यह घोषणा इस बात का संकेत देती है कि वह गाजा पर संपूर्ण आक्रमण के नजदीक पहुंच रही है। उसने गाजा में हमास आतंकियों का पूरी तरह से सफाया करने का प्रण लिया है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के बाद जल्द ही वंदे साधारण एक्सप्रेस ट्रेनों को शुरू किया जाएगा। इसमें सभी सेंकेंड क्लास के डिब्बे होंगे। इसलिए इसका किराया भी कम रहने का कयास लगाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, शुरुआती तौर पर वंदे साधारण एक्सप्रेस के पांच रूटों को मंजूरी दी गई है। जिन रूटों को रेल मंत्रालय ने मंजूरी दी है, उन पर ट्रेनों को संचालन जल्द किए जाने की संभावना है। ये पांच रूट हैं: पटना-नई दिल्ली, हावड़ा - नई दिल्ली, हैदराबाद - नई दिल्ली, मुंबई - नई दिल्ली, एर्नाकुलम - गुवाहाटी। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के ताजा अपडेट्स...

OCT 28, 2023 23:42 IST

अमित शाह ने परिवारवाद मामले पर कांग्रेस को घेरा

मध्य प्रदेश में शनिवार को गृहमंत्री अमित ने ताबड़तोड़ कार्यक्रम किए और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस नेता कमलनाथ के गढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस पर परिवारवाद की राजनीति को लेकर निशाना साधा। आज अमित शाह ने शनिवार को जबलपुर में रानी दुर्गावती अस्पताल के पास उनके स्मारक पर प्रसिद्ध गोंडवाना आदिवासी शासकों शंकर शाह और उनके बेटे रघुनाथ शाह की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करके चुनावी राज्य मध्य प्रदेश की अपनी तीन दिवसीय यात्रा शुरू की। पढ़ें पूरी खबर
OCT 28, 2023 23:11 IST

इजराइल-हमास जंग के बीच मिस्त्र के राष्ट्रपति के साथ PM मोदी की हुई बात

इजराइल हमास के साथ जंग के बीच शनिवार को पीएम मोदी और मिस्त्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी के बीच बातचीत हुई। दोनों नेताओं के बीच फिलिस्तीन मुद्दों को लेकर बातचीत हुई। इस दौरान मिस्त्र के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी के सामने कई बातों को लेकर चिंता जताई है। पढ़ें पूरी खबर
OCT 28, 2023 21:35 IST

फलस्तीन मुद्दे पर मोदी सरकार का रुख पूरी तरह भ्रमित: पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को कहा कि इजराइल-हमास युद्ध के बीच फलस्तीन मुद्दे पर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के रुख में ‘‘पूरी तरह से भ्रम’’ की स्थिति है। उनकी यह टिप्पणी, तत्काल मानवीय संघर्ष विराम के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में लाये गए एक प्रस्ताव पर मतदान से भारत के दूर रहने पर आई है। हमास द्वारा सात अक्टूबर को इजराइल पर किये गये हमले के जवाब में गाजा में की गई इजराइली कार्रवाई में हजारों लोग मारे गए हैं।
OCT 28, 2023 21:34 IST

झारखंड : सोमवार को सबसे लंबे पुल का उद्धघाटन करेंगे सोरेन

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को दुमका जिले में मयूराक्षी नदी पर बने राज्य के सबसे लंबे पुल का उद्धघाटन करेंगे। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के मुताबिक, 200 करोड़ रुपये की लागत से बना 2.3 किलोमीटर लंबा यह पुल मकरामपुर और जिला मुख्यालय के बीच की मौजूदा दूरी को 30 किलोमीटर से घटाकर 15 किलोमीटर कर देगा।
OCT 28, 2023 19:57 IST

आप ने राजस्थान के लिए 21 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की

आम आदमी पार्टी (आप) ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची शनिवार को जारी की। पार्टी ने 26 अक्टूबर को 23 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। आप ने बीकानेर पश्चिम से मनीष शर्मा को मैदान में उतारा है, जबकि रोहित जोशी, पूर्व आईआरएस अधिकारी आर.पी. मीणा, हरदान सिंह गुर्जर को क्रमशः जोधपुर, छाबड़ा और बहरोड़ से उम्मीदवार घोषित किया गया है।पार्टी ने मुकेश भूप्रेमी, लाल सिंह, दीपेश सोनी, विश्वेंद्र सिंह को क्रमश: सवाई माधोपुर, बाली, खानपुर और रामगढ़ से मैदान में उतारा है। वहीं, झाबर सिंह खिच्चर, हेमंत कुमार कुमावत, डॉ. संजू बाला, दिलीप कुमार मीणा, अर्चित गुप्ता, पूरण मल खटीक, हिना फिरोज बेग, रोहिताश चतुर्वेदी क्रमशः सीकर, चौमू, रतनगढ़, पीपल्दा, सिविल लाइंस, शाहपुरा, करौली और नदबई सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। राजस्थान में 200 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 25 नवंबर को होंगे और मतगणना तीन दिसंबर को होगी।
OCT 28, 2023 18:17 IST

जारी हुई बीपीएससी 69वीं फाइनल आंसर-की

BPSC 69th Final Answer Key 2023, BPSC 69th Prelims Final Answer Key 2023: बीपीएससी 69वीं प्रीलिम्स परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 69वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगी परीक्षा (BPSC 69th CCE 2023) की फाइनल आंसर-की (BPSC 69th Prelims Answer Key 2023) आज यानी 27 अक्टूबर को जारी कर दी है। जिन अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया था, वह आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bih.nic.in से बीपीएससी 69वीं फाइनल आंसर-की 2023 डाउनलोड कर सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर
OCT 28, 2023 18:12 IST

चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग पेइचिंग वापस लौटे

चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग शांगहाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के नेताओं (प्रधानमंत्रियों) की परिषद की 22वीं बैठक में भाग लेने और किर्गिस्तान की औपचारिक यात्रा करने के बाद चार्टर्ड उड़ान से पेइचिंग लौट आए। बिश्केक से निकलते समय किर्गिज़ प्रधानमंत्री अकबेक जपारोव उन्हें विदाई देने के लिए हवाई अड्डे पहुंचे।
OCT 28, 2023 17:39 IST

गुजरात के सूरत में एक ही परिवार के 7 सदस्यों ने की आत्महत्या

Gujarat Mass Suicide: गुजरात में एक ही परिवार के सात लोग मृत मिले हैं। इसमें महिला से लेकर बच्चे तक शामिल है। पुलिस को आशंका है कि इन लोगों ने आत्महत्या की है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही पता चल पाएगा, लेकिन एक परिवार के इतने लोगों के मरने से आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई और यह घटना दिल्ली के बुराड़ी कांड की याद दिला रहा है, जहां एक ही परिवार के 11 लोग मृत मिले थे। पढ़ें पूरी खबर
OCT 28, 2023 16:23 IST

इजराइल ने गाजा पर हवाई और जमीनी हमले तेज किए

इजराइल ने गाजा पट्टी में इंटरनेट और संचार के अन्य माध्यम बंद कर दिए हैं, जिससे वहां रहने वाले 23 लाख लोगों का आपस में तथा बाहरी दुनिया से संपर्क कट गया है। इजराइल ने शुक्रवार रात से गाजा पर हवाई और जमीनी हमले भी तेज कर दिए हैं।
OCT 28, 2023 15:58 IST

पंजाब के तरनतारन में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास ड्रोन और हेरोइन का पैकेट बरामद

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब के तरनतारन जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक खेत से शनिवार को एक ड्रोन और हेरोइन के पैकेट बरामद किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वान गांव के बाहरी इलाके में विशेष सूचना के आधार पर बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर तस्करी का सामान बरामद किया।
OCT 28, 2023 14:28 IST

सूरत में पूरे परिवार ने की आत्महत्या

सूरत से बड़ी खबर आ रही है। जिसमें एक ही परिवार के 7 सदस्यों के सामूहिक आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। परिवार के एक सदस्य ने 6 अन्य लोगों को दवा खिलाकर खुद का गला घोंटकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस को शुरुआती जांच के मुताबिक एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने अपने ही पैसे उधार दिए थे जो वापस नहीं किए जा रहे थे। जिससे ऐसा कदम उठाने की संभावना प्रबल हो रही है.
OCT 28, 2023 12:34 IST

BSF ने हेरोइन के साथ बरामद किया ड्रोन

बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने तरनतारन जिले के वान गांव के बाहरी इलाके में एक बैटरी और ड्रोन से जुड़ी संदिग्ध हेरोइन के एक पैकेट के साथ एक ड्रोन बरामद किया है।
OCT 28, 2023 11:16 IST

दिल्ली: जैतपुर में 24 साल की महिला की हत्या

दिल्ली के जैतपुर इलाके में शुक्रवार को एक 24 वर्षीय महिला की उसके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है।
OCT 28, 2023 10:17 IST

भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम घोषित

भारत के खिलाफ खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस टीम में कई युवा और सीनियर खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
OCT 28, 2023 10:15 IST

आप ने की राजस्थान में 21 उम्मीदवारों की घोषणा

आम आदमी पार्टी ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की दूसरी सूची की घोषणा की।
OCT 28, 2023 09:29 IST

गाजा संकट पर UN में प्रस्ताव पास

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने मौजूदा गाजा संकट पर नागरिकों की सुरक्षा और कानूनी और मानवीय दायित्वों को कायम रखने पर प्रस्ताव अपनाया। प्रस्ताव के पक्ष में 120 वोट पड़े तो विपक्ष में 14 वोट पड़े। वहीं 45 देश अनुपस्थित रहे।
OCT 28, 2023 09:27 IST

मुकेश अंबानी को फिर मिली जान से मारने की धमकी

उद्योगपति मुकेश अंबानी को एक बार फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार यह धमकी फोन कॉल की बजाय मेल के माध्यम से दी गई है। किसी अज्ञात शख्स ने मुकेश अंबानी के आधिकारिक मेल से उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। उसी के साथ 20 करोड़ रूपए की फिरौती की भी मांग की गईं है। अंबानी परिवार के के सुरक्षा प्रभारी की शिकायत पर शहर के गामदेवी पुलिस स्टेशन में अज्ञात शख्स के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। यह धमकी 27 अक्तूबर को मेल के माध्यम से आई थी।
OCT 28, 2023 09:25 IST

हिमाचल प्रदेश: कुल्लू में दशहरा उत्सव के दौरान लगी भीषण आग

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में ढालपुर मैदान में चल रहे दशहरा उत्सव के दौरान भीषण आग लग गई। देर रात करीब दो बजे आग लगने से कुछ दुकानें और तंबू जलकर खाक हो गए। भाजपा नेता सुरेंद्र शौरी का कहना है कि यह बहुत दुखद घटना है।
OCT 28, 2023 08:09 IST

दिल्ली: गोगी गैंग का शार्पशूटर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने गोगी गैंग के एक शार्पशूटर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक पिस्तौल बरामद हुई है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, सूचना मिलने पर शार्पशूटर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया था कि वह किसी से पैसे वसूलने के लिए रोहिणी सेक्टर 26 में जा रहा है।
OCT 28, 2023 08:07 IST

प्याज की कीमतों में उछाल

टमाटर के बाद अब प्याज की कीमतों में एकाएक उछाल हो रहा है। गाज़ीपुर सब्जी मंडी के एक प्याज व्यापारी का कहना है, प्याज की आमद कम है जिसके कारण कीमतें ऊंची हैं। आज दरें 350 रुपये (प्रति 5 किलोग्राम) हैं। कल, यह 300 रुपये थी। उससे पहले यह 200 रुपये थी। एक हफ्ते पहले दरें 200 रुपये, 160 रुपये या 250 रुपये आदि थीं।