LIVEआज की ताजा खबर, 28 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज लाइव: परिसीमन पर टूट गया इंडिया गठबंधन! मदुरै पहुंचे CRPF के जवान, बिसलेरी के खिलाफ एक और मुकदमे की मंजूरी दी
आज की ताजा खबर लाइव, 28 नवंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज Latest News in Hindi: परिसीमन बिल पर विपक्ष टूट चुका है। शरद पवार की पार्टी संसद के अंदर सपोर्ट करेगी, इसका ऐलान हो चुका है। वहीं पहले से ही मुसीबतों में घिरी बिसलेरी के खिलाफ एक अन्य मुकदमे की मंजूरी दे दी गई है। आज की ताजा और अहम खबरों के लिए बने रहिए टाइम्स नाउ नवभारत के साथ

आज की ताजा खबर, 28 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज लाइव: परिसीमन पर टूट गया इंडिया गठबंधन! मदुरै पहुंचे CRPF के जवान, बिसलेरी के खिलाफ एक और मुकदमे की मंजूरी दी
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News LIVE: परिसीमन बिल पर सरकार संसद के अंदर जरूरी समर्थन हासिल करती दिख रही है। इंडिया गठबंधन बिखरती दिख रही है, जिसके बाद ये कहा जा रहा है कि विपक्ष वोटिंग में भाग नहीं लेगा और वो बिल पेश होने के समय सदन से वॉकआउट कर जाएगा। विपक्षी खेमे से शरद पवार की एनसीपी तो सीधे तौर पर बाहर जाती दिख रही है, डीएमके भी शर्तें पूरी होने पर बिल का सपोर्ट करेगी। वहीं राजद के भी दो सांसद सरकार के पक्ष में हैं। अगर कांग्रेस नहीं मानी तो समाजवादी पार्टी भी सदन से वॉकआउट कर जाएगी।
बिसलेरी के खिलाफ एक और मुकदमा
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पश्चिम बंगाल स्थित बिसलेरी इंटरनेशनल के एक संयंत्र से लिए गए पैकेज्ड पेयजल के नमूने के प्रयोगशाला जांच में विफल रहने के बाद कंपनी के खिलाफ एक अन्य मुकदमे की मंजूरी दे दी। इससे पहले रविवार को एफएसएसएआई ने गोवा स्थित कंपनी के एक अन्य संयंत्र से लिए गए नमूने के जांच में विफल रहने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ इसी तरह की कानूनी कार्रवाई की घोषणा की थी। सूत्रों के अनुसार, ताजा मामले में बिसलेरी के पैकेज्ड पेयजल का आधिकारिक नमूना ’असुरक्षित’ पाया गया और इसमें ’कोलीफॉर्म बैक्टीरिया’ की मौजूदगी की पुष्टि हुई। यह नमूना पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित संयंत्र से लिया गया था। सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक और रेफरल, दोनों प्रयोगशालाओं की जांच में पानी में ’कोलीफॉर्म बैक्टीरिया’ की मौजूदगी की पुष्टि हुई। सूत्रों ने बताया कि एफएसएसआई ने 12 अगस्त, 2026 को केवल एक बैच की बिक्री पर रोक लगाई थी।
उत्तर प्रदेश में 30 आईपीएस अधिकारियों के ट्रांसफर
उत्तर प्रदेश सरकार ने सात एडीजी रैंक के अधिकारियों समेत 30 आईपीएस अधिकारियों का शुक्रवार को स्थानांतरण कर दिया जिसमें मोहित अग्रवाल, पीयूष मोर्डिया, रमित शर्मा, प्रवीण कुमार और लक्ष्मी सिंह शामिल हैं। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है। यहां जारी एक बयान के मुताबिक, वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का पुलिस आयुक्त बनाया गया है, जबकि प्रयागराज के पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) स्थापना बनाया गया है। इसी तरह, बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन का एडीजी बनाया गया है, वहीं लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन का एडीजी बनाया गया है। एडीजी (आगरा जोन) के पद पर तैनात रहे एस के भगत का लखनऊ स्थानांतरण किया गया है, जबकि एडीजी (प्रशासन) के पद पर तैनात रहे प्रशांत कुमार को एडीजी (आगरा जोन) बनाया गया है।
बयान के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद, का पुलिस आयुक्त बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड़ को गौतमबुद्ध नगर का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसमें कहा गया है कि लखनऊ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस को वाराणसी का पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वहीं, डीआईजी (तकनीकी सेवाएं) आशीष तिवारी को सहारनपुर रेंज का डीआईजी बनाया गया है।
इसी तरह, अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर मुरादाबाद के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक होंगे और अयोध्या में उनका स्थान सतपाल लेंगे।
Peru News: पेरू में भारतीय नागरिक समेत 2 लोगों पर हमला
पेरू के कैलाओ में हथियारबंद हमलावरों ने एक बख्तरबंद वाहन को रोककर गोलीबारी की। हमले में भारतीय नागरिक विजय पगरानी (29) और एक महिला मारी मिरांडा (35) घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए सैन मिगुएल स्थित सैन जुडास तादेओ क्लिनिक ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों की हालत खतरे से बाहर है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, कम से कम 7 हमलावर तीन से अधिक वाहनों में सवार होकर आए थे। हमलावरों ने एक काले रंग की कार को रास्ते में रोक लिया, जिसमें एक पुरुष और एक महिला सवार थे।
Election News: गोवा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 12 विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किए
कांग्रेस ने अगले साल होने वाले गोवा वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर के 12 विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। विज्ञप्ति के अनुसार, इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। गोवा विधानसभा चुनाव के लिए नियुक्त विशेष पर्यवेक्षकों में सुनील केदार, यशोमती ठाकुर, नितिन राउत, रिजवान अरशद, संतोष लाड, अनवर सादथ, सजीव जोसेफ, चांडी ओमन, अमित देशमुख, प्रवीण कुमार, विश्वजीत कदम और श्रीनिवास माने शामिल हैं।
Crime News: उत्तराखंड: सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी के परिवार की कार पर हमला
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में हमलावरों ने एक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी के परिवार की कार पर हमला कर एक सदस्य के गले से सोने की चेन लूट ली और तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर इलाके में हुई यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने बताया कि फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर की देर रात करीब साढ़े 11 बजे बिगवाड़ा गेट के पास रास्ता पूछने के बहाने एक कार को रुकवाने की कोशिश की गई। पुलिस ने बताया कि कार चला रहे सुखमन सिंह बाजवा को संदिग्ध गतिविधियों का आभास हुआ तो उन्होंने गाड़ी रोकने के बजाय आगे बढ़ा दी, जिसके बाद चार से पांच मोटरसाइकिल व स्कूटर पर सवार लोगों ने कार का पीछा किया और एक कॉलोनी के पास उन्हें घेरकर हमला कर दिया।
RJD News: परिसीमन नहीं, लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश : मनोज झा
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज कुमार झा ने संसद के विशेष सत्र को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के जरिए लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे परिसीमन नहीं, बल्कि लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश करार दिया। राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता झा ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष पर बाधा डालने के सत्तारूढ़ गठबंधन के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही पारित हो चुका है। सोमवार से शुरू होने वाले विशेष सत्र के बारे में पत्रकारों के सवाल पर झा ने कहा, ’’संसद का मानसून सत्र कभी स्थगित (प्रोरोग) नहीं किया गया था। तकनीकी रूप से यह अब भी मानसून सत्र ही है, जिसे शीतकालीन सत्र तक बढ़ा दिया गया है।’’
उन्होंने कहा, ’’सवाल उठता है कि सरकार इस तरह के हथकंडों से क्या हासिल करना चाहती है? इसे परिसीमन नहीं कहिए। यह वास्तव में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश है, जिसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा )असम में पहले ही आजमा चुकी है।’’
Delhi News: दिल्ली हवाई अड्डे पर यात्रियों से चाकू बरामद
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने शुक्रवार को कहा कि उसने दिल्ली हवाई अड्डे पर दो अलग-अलग घटनाओं में यात्रियों से चाकू बरामद किए हैं जिन्हें छिपा कर रखा गया था।
एक चाकू बैग में रखी बेल्ट में और दूसरा ’’ब्रेसलेट’’ में छिपाया गया था। पहली घटना एक चीनी नागरिक से जुड़ी है जो 20 नवंबर को हांगकांग से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा था और उसे छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए दूसरी उड़ान लेनी थी। दूसरी घटना शुक्रवार को हुई, जब तलाशी के दौरान एक भारतीय यात्री के पास से एक ’’असामान्य’’ ब्रेसलेट बरामद किया गया, जिसमें एक छोटा चाकू जुड़ा हुआ था। सीआईएसएफ ने कहा कि यह बरामदगी ’’विशेष रूप से उल्लेखनीय था क्योंकि ब्रेसलेट के भीतर छिपे होने के कारण चाकू को सामान्य रूप से देखकर पहचानना बेहद मुश्किल था।’’
Bihar News: बिहार: तालाब में डूबने से एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत
बिहार के पटना जिले के बाढ़ इलाके में शुक्रवार को घर के पास एक तालाब में नहाने के दौरान डूबने से एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना पटना जिले के अथमलगोला थाना क्षेत्र के चंदा गांव में हुई। उन्होंने बताया कि मृतक बच्चों की पहचान सोनाली, शिवानी व रितेश के रूप में हुई है और तीनों की उम्र पांच से सात वर्ष के बीच थी। उपनिरीक्षक अंजनी कुमार साहनी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, "तीनों बच्चे तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान उनमें से एक डूबने लगा। उसे बचाने की कोशिश में अन्य दोनों बच्चे भी डूब गए।"
SIR News: गुजरात में एसआईआर के बाद की अंतिम सूची में 8.46 लाख मतदाता जुड़े
गुजरात में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के तहत शुक्रवार को जारी एकीकृत मसौदा मतदाता सूची में कुल 8.46 लाख मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 4.48 करोड़ से अधिक हो गई है। इस साल फरवरी में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की गई थी। गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, एसएसआर के तहत जारी नयी मसौदा मतदाता सूची में कुल 4,48,77,288 मतदाता हैं। यह 17 फरवरी 2026 को जारी एसआईआर के बाद की अंतिम मतदाता सूची में दर्ज 4,40,30,725 मतदाताओं की तुलना में 1.92 प्रतिशत अधिक है।
Crime News: झारखंड: गोड्डा में एक किशोर ने सात साल की बच्ची से दुष्कर्म किया
झारखंड के गोड्डा जिले में सात वर्षीय बच्ची के साथ उसके घर में 13 वर्षीय किशोर द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बच्ची की मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद बृहस्पतिवार को किशोर को हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना बुधवार को उस समय हुई, जब बच्ची अपनी छोटी बहन के साथ घर पर थी और उसकी मां काम के सिलसिले में बाहर गई हुई थी। ठाकुरगंगटी थाने के प्रभारी राजन कुमार राम ने कहा, ’’हमने बृहस्पतिवार को आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया। बच्ची की चिकित्सकीय जांच कराई गई है और उसकी हालत स्थिर है।’’
Online Fraud News: ऑनलाइन 500 रुपये की कुर्ती खरीदने के चक्कर में महिला ने गंवाए 13 लाख रुपये
उत्तराखंड के टिहरी जिले के चंबा में एक महिला ऑनलाइन 500 रुपये की कुर्ती खरीदने के चक्कर में करीब 13 लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गयी। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, "महिला ने अक्टूबर में एक ऑनलाइन शॉपिंग ऐप पर 500 रुपये की कुर्ती का विज्ञापन देखकर उसे ऑर्डर किया था। कुछ दिन बाद उसके व्हाट्सएप पर एक संदेश आया, जिसमें बताया गया कि उसका ऑर्डर कहीं अटक गया है और उसे प्राप्त करने के लिए एक हजार रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे।"
पुलिस ने बताया कि महिला ने बताए गए खाते में एक हजार रुपये भेज दिए, जिसके बाद साइबर ठगों ने उसे अपनी बातों में फंसाकर तीन लाख रुपये और ऐंठ लिए। पुलिस के मुताबिक, ठगों ने उसे एक कंपनी में निवेश करने और रकम दोगुनी करके लौटाने का लालच दिया।
India vs New Zealand: न्यूजीलैंड के दूसरे दिन लंच तक आठ विकेट पर 330 रन
भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप ने फिर से अच्छा प्रदर्शन करते हुए दो और विकेट हासिल किए लेकिन न्यूजीलैंड दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन लंच तक यहां अपनी पहली पारी में आठ विकेट पर 330 रन बनाने में सफल रहा। आकाशदीप ने सुबह के सत्र में दो विकेट लिए, जबकि एक विकेट अंशुल कंबोज ने हासिल किया। न्यूजीलैंड ने सुबह अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 246 रन से आगे बढ़ाई। उसने ग्लेन फिलिप्स (36) का विकेट जल्दी गंवा दिया जो अपने कल के स्कोर में एक भी रन नहीं जोड़ पाए। टॉम ब्लंडेल ने हालांकि 53 रन से आगे खेलते हुए भारतीय गेंदबाजों को परेशान करना जारी रखा। वह अभी 80 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्हें इस बीच नाथन स्मिथ (26) और काइल जैमीसन (19) का अच्छा साथ मिला। आकाश ने स्मिथ और जैमीसन को आउट किया।
Deepathoon News:सीआरपीएफ के जवान मदुरै पहुंचे
दीपथून पर पारंपरिक दीप जलाने का उच्चतम न्यायालय द्वारा आदेश दिए जाने के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार शाम मुख्य सचिव एम. साई कुमार, वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। इस बीच, उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार तिरुप्परनकुंद्रम में तैनाती के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान शुक्रवार रात मदुरै पहुंच गए। ऐसी चर्चा थी कि राज्य सरकार भारत के प्रधान न्यायाधीश से इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध कर सकती है। हालांकि, उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई बैठक में हुई चर्चा पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
Defense News: अंतिम नीलगिरि श्रेणी का युद्धपोत ‘विंध्यगिरि' नौसेना को सौंपा गया
प्रोजेक्ट 17ए के तहत नीलगिरि श्रेणी के फ्रिगेट का सातवां और अंतिम युद्धपोत ’विंध्यगिरि’ शुक्रवार को भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही इन युद्धपोतों की आपूर्ति सफलतापूर्वक पूरी हो गई है और युद्धपोतों के डिजाइन तथा निर्माण में आत्मनिर्भरता हासिल करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। प्रोजेक्ट 17ए के फ्रिगेट बहुउद्देशीय युद्धपोत हैं, जिन्हें समुद्री क्षेत्र की मौजूदा और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार किया गया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि नीलगिरि श्रेणी के फ्रिगेट (प्रोजेक्ट 17ए) का सातवां और अंतिम युद्धपोत ’विंध्यगिरि’ (यार्ड 3024), जिसे गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) ने बनाया है, इस श्रेणी का तीसरा युद्धपोत है। इसे कोलकाता स्थित जीआरएसई में भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया।
India EU: भारत और यूरोपीय संघ ने आतंकवाद की निंदा की
भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने शुक्रवार को विदेश नीति एवं सुरक्षा के मुद्दों पर महत्वपूर्ण परामर्श बैठक की तथा इस दौरान दोनों पक्षों ने यूक्रेन में अंतरराष्ट्रीय कानून व संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों के अनुरूप ’व्यापक, न्यायसंगत और स्थायी शांति’ की आवश्यकता पर जोर दिया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दिल्ली में हुई भारत-ईयू विदेश नीति एवं सुरक्षा परामर्श (एफपीएससी) के 12वें दौर की बैठक में दोनों पक्षों ने वैश्विक खाद्य सुरक्षा पर ’’नकारात्मक प्रभाव को कम करने’’ के लिए काला सागर में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने की आवश्यकता पर भी विचार साझा किए।
Pakistan News: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके में सात चरमपंथी मारे गए
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों ने खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में सात चरमपंथियों को मार गिराया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह अभियान बन्नू जिले के श्वाई खेल इलाके में चलाया गया। खुफिया सूचना में एक पारंपरिक सामुदायिक अतिथिगृह में चरमपंथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद यह अभियान शुरू किया गया था। पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की और मौके पर ही सातों चरमपंथियों को मार गिराया।
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ शराब घोटाले का मुख्य आरोपी यूएई से वापस लाया गया
छत्तीसगढ़ में 1,280 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में वांछित आरोपी विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से शुक्रवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के समन्वय से शुक्रवार को वापस भारत लया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सीबीआई ने एक बयान में बताया कि इस कार्रवाई में विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस ने भी सहयोग किया। अग्रवाल के खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस जारी था। आरोपी, छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा वर्ष 2019 से 2022 के बीच राज्य की शराब वितरण प्रणाली में कथित अनियमितताओं के संबंध में दर्ज मामले में वांछित था। सीबीआई के अनुसार, अग्रवाल अनियमितताओं में शामिल एक संगठित गिरोह के मुख्य वित्तीय समन्वयक यानी धन प्रबंधक के रूप में कथित तौर पर काम कर रहा था।
Bihar News: बिहार का छात्र संगरूर में मृत मिला
जाब के संगरूर में शनिवार को एक इंजीनियरिंग संस्थान के बाहर नाले के पास बिहार का एक छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। सुनाम के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कुलविंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले संत लोंगोवाल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसएलआईईटी) परिसर के बाहर छात्रों के एक समूह के बीच कथित तौर पर कहासुनी हुई थी, जो कथित तौर पर मारपीट में बदल गई। उन्होंने बताया कि मृतक आयुष कुमार पर क्या कुछ छात्रों ने हमला किया था, इसकी जांच की जा रही है।
Middle East News: अमेरिका ने ईरान जा रहे जहाज को उड़ाया
अमेरिका की सेना ने ओमान की खाड़ी में ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे एक वाणिज्यिक जहाज को नष्ट कर दिया। अमेरिकी सेना के केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सेंटकॉम के अनुसार, बृहस्पतिवार को एक सैन्य विमान ने पलाऊ के झंडे वाले जहाज ’एमवी पैसिफिक आर्चर’ के पिछले हिस्से पर सटीक निशाना लगाने वाले हथियारों से हमला किया, जिसके बाद जहाज आगे नहीं बढ़ सका। हालांकि, जहाज पर सवार नागरिक चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित रहे। अमेरिकी केंद्रीय कमान ने बताया कि नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश करने से पहले ’पैसिफिक आर्चर’ ईरान के बंदरगाह शहर बंदर अब्बास से रवाना हुआ था। जहाजों की आवाजाही पर नजर रखने वाली वेबसाइटों के अनुसार, इस जहाज का गंतव्य सिंगापुर था।
Bisleri News: बिसलेरी के खिलाफ एक और मुकदमा
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पश्चिम बंगाल स्थित बिसलेरी इंटरनेशनल के एक संयंत्र से लिए गए पैकेज्ड पेयजल के नमूने के प्रयोगशाला जांच में विफल रहने के बाद कंपनी के खिलाफ एक अन्य मुकदमे की मंजूरी दे दी। इससे पहले रविवार को एफएसएसएआई ने गोवा स्थित कंपनी के एक अन्य संयंत्र से लिए गए नमूने के जांच में विफल रहने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ इसी तरह की कानूनी कार्रवाई की घोषणा की थी। सूत्रों के अनुसार, ताजा मामले में बिसलेरी के पैकेज्ड पेयजल का आधिकारिक नमूना ’असुरक्षित’ पाया गया और इसमें ’कोलीफॉर्म बैक्टीरिया’ की मौजूदगी की पुष्टि हुई। यह नमूना पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित संयंत्र से लिया गया था। सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक और रेफरल, दोनों प्रयोगशालाओं की जांच में पानी में ’कोलीफॉर्म बैक्टीरिया’ की मौजूदगी की पुष्टि हुई। सूत्रों ने बताया कि एफएसएसआई ने 12 अगस्त, 2026 को केवल एक बैच की बिक्री पर रोक लगाई थी।
Punjab News: दलित युवक की ‘हिरासत में मौत' से जीरा में विरोध प्रदर्शन
पंजाब के फिरोजपुर जिले के जीरा में शुक्रवार को 19 वर्षीय जसनदीप की हिरासत में कथित यातना के कारण मौत का आरोप लगाते हुए परिजनों ने उसका शव शेरावाला चौक पर रखकर प्रदर्शन किया और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूत्रों के अनुसार, बस्ती मच्छियांवाला निवासी जसनदीप 12वीं कक्षा का छात्र था और हॉकी खिलाड़ी बनने की तैयारी कर रहा था। सूत्रों ने बताया कि उसे 16 नवंबर को किसी मामले में पूछताछ के लिए कुलगढ़ी थाने के पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर हिरासत में लिया था। पीड़ित युवक के परिजनों ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान उसे प्रताड़ित किया गया और थाने से छोड़े जाने के कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने बताया कि इसके बाद उसे जीरा और फिर मोगा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां करीब पांच दिनों तक उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जसनदीप की मां सरबजीत कौर ने दावा किया कि उनके बेटे को पहले से कोई बीमारी नहीं थी और वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी खेलने का सपना देखता था।
Gurugram News: गुरुग्राम: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार दुर्घटना में दो लोगों की मौत
हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका इलाके में शुक्रवार रात दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्घटना में एक पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, दिल्ली से जयपुर जा रही एक कार शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए पुलिया से जा टकराई। पुलिस ने बताया कि कार में सवार लोग दिल्ली से जयपुर जा रहे थे और साइमीर गांव के पास पहुंचने पर चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई, जिससे उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार पुलिया से जा टकराई। पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।