LIVEआज की खबर, हिंदी समाचार, 27 अप्रैल 2024 : मुंबई उत्तर मध्य सीट से उज्जवल निकम होंगे भाजपा उम्मीदवार, अरविंद केजरीवाल की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 29 अप्रैल को होगी सुनवाई

आज की खबर, हिंदी समाचार, 27 अप्रैल 2024 : मुंबई उत्तर मध्य सीट से उज्जवल निकम होंगे भाजपा उम्मीदवार, अरविंद केजरीवाल की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 29 अप्रैल को होगी सुनवाई
आज की खबर (Aaj Ki Khabar), हिंदी न्यूज़ 27 अप्रैल 2024 और बड़ी खबरें: मुंबई उत्तर मध्य सीट से मौजूदा सांसद पूनम महाजन का पत्ता कट गया है। कांग्रेस की उम्मीदवार वर्षा गायकवाड़ के सामने बीजेपी ने उज्जवल निकम को मैदान में उतारा है। ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली अरविंद केजरीवाल की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 29 अप्रैल को सुनवाई होगी। जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की बेंच सुनवाई होगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांग्रेस पर जमकर बरसे। सीएम योगी ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस अल्पसंख्यकों को गोमांस खाने का अधिकार देना चाहती है और यह गोहत्या की अनुमति देने के समान है। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान होने के बाद आज रात 8:30 बजे कांग्रेस CEC की बैठक होनी है। इस बैठक में अमेठी व रायबरेली सीट पर प्रत्याशियों को लेकर चर्चा हो सकती है। माना जा रहा है कि राहुल व प्रियंका गांधी को इन सीटों से उतारा जा सकता है। जमीन घोटाला मामले में जेल में बंद झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने शनिवार को ईडी की विशेष अदालत में याचिका दायर कर 13 दिन की अंतरिम जमानत मांगी। उन्होंने कहा है कि उनके चाचा का निधन हो गया। इस वजह से उन्हें अपने चाचा के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी जाए। कोर्ट ने उनकी याचिका को खारिज कर दिया। वहीं, जेल में बंद अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल आज से लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार करेंगी। वह आज पूर्वी दिल्ली में रोड शो करेंगी। वहीं, टी-20 विश्वकप में टीम इंडिया के चयन के लिए आज व कल BCCI की बैठक भी हो सकती है। इसके अलावा ब्रिटेन के शाही परिवार की ओर से घोषणा की गई है कि कैंसर के इलाज के बाद ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स III जल्द ही सार्वजनिक जीवन में लौट आएंगे। आगे पढ़ें देश-दुनिया की ताजा खबरों के सभी अपडेट्स...
MI vs DC Live Score Today Match in Hindi
कांग्रेस ने अनुराग ठाकुर के खिलाफ निर्वाचन आयोग से शिकायत की
कांग्रेस ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया और निर्वाचन आयोग से उनके खिलाफ शिकायत की। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की एक चुनावी सभा अपमानजनक भाषण दिया है जो आचार संहिता का उल्लंघन है। रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया कि ‘आज अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) के नक्शे-कदम पर चलते हुए बेहद अपमानजनक भाषण दिया। उनका भाषण चुनाव आयोग की आदर्श आचार संहिता के अलावा, शालीनता और सच्चाई के सभी मानकों का भी उल्लंघन करने वाला है।
केरल के राज्यपाल ने पांच लंबित विधेयकों को मंजूरी दी
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शनिवार को कहा कि उन्होंने राज्य विधानसभा द्वारा पारित पांच विधेयकों को अपनी सहमति दे दी है जो काफी समय से लंबित थे। विधेयकों में भूमि आकलन संशोधन विधेयक, केरल सहकारी समितियां (संशोधन), धान आद्रभूमि संशोधन विधेयक, डेयरी सहयोग विधेयक और अबकारी कानून संशोधन विधेयक शामिल हैं। मीडिया से मुलाकात में राज्यपाल खान ने कहा कि सहमति कुछ दिन पहले दी गई थी और विवरण आज सामने आया क्योंकि राज्य में आम चुनाव कल संपन्न हुए हैं।
ओडिशा: बीजद ने तीन और विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की
बीजू जनता दल (बीजद) ने शनिवार को ओडिशा में तीन और विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी, जिसमें दो मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं दिया गया है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बेगुनिया विधायक राजेंद्र कुमार साहू को खुर्दा विधानसभा सीट से नामांकित किया। खुर्दा से अभी ज्योतिरींद्र नाथ मित्रा विधायक हैं। पार्टी ने निवर्तमान विधायक अनंत दास का टिकट काटकर भोगराई विधानसभा क्षेत्र से गौतम बुद्ध दास को मैदान में उतारा है। बेगुनिया विधानसभा क्षेत्र से प्रदीप कुमार साहू को उम्मीदवार बनाया गया है। प्रदीप कुमार साहू ने 2019 में इस विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, जिसके दो साल बाद वे बीजद में शामिल हो गए थे।
बांटने में नहीं, जोड़ने में विश्वास करती हूं : महबूबा मुफ्ती
जम्मू एवं कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को पुंछ और राजौरी जिलों के लोगों से वोट मांगते हुए कहा कि वह केंद्र शासित प्रदेश के दो क्षेत्रों के लोगों को जोड़ने के लिए चुनाव में खड़ी हैं, न कि बांटने के लिए। मुफ्ती अनंतनाग-राजौरी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। घाटी के अनंतनाग और कुलगाम जिलों के अलावा जम्मू संभाग के पुंछ और राजौरी जिले इस निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा हैं।
अमेरिका के दक्षिण कैरोलिना में सड़क दुर्घटना में तीन भारतीय महिलाओं की मौत, एक घायल
अमेरिका के दक्षिण कैरोलिना के ग्रीनविले काउंटी के पास एक दुर्घटना के बाद रेखाबेन पटेल, संगीताबेन पटेल और मनीषाबेन पटेल के रूप में पहचानी गई तीन भारतीय महिलाओं की मौत हो गई और एक अन्य अस्पताल में भर्ती है। दक्षिण कैरोलिना राजमार्ग गश्ती दल के जवानों ने कहा कि दुर्घटना दोपहर करीब 12:05 बजे लेकसाइड रोड के पास आई-85 पर हुई।
यहां पढ़ें पूरी खबरसलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी मामले में आरोपियों पर मकोका के तहत मुकदमा दर्ज
मुंबई पुलिस ने 14 अप्रैल को बांद्रा स्थित अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी की घटना को लेकर शनिवार को महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। कथित शूटर विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) के अलावा सोनू कुमार चंदर बिश्नोई (37) और अनुज थापन (32) के साथ-साथ गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई पर भी मकोका लगाया गया है।
चीनी रक्षा मंत्री ने SCO के सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में लिया हिस्सा
26 अप्रैल को कजाकिस्तान के अस्ताना में शांगहाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक हुई। एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए, चीनी रक्षा मंत्री तोंग च्युन ने बैठक के दौरान भाषण दिया। तोंग च्युन ने इस बात पर ज़ोर दिया कि आज की दुनिया तेजी से बदलाव के दौर से गुजर रही है। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने "बेल्ट एंड रोड" पहल शुरू की है, जिसका उद्देश्य साझा हितों वाला एक वैश्विक समुदाय बनाना है। इस पहल में वैश्विक विकास पहल, वैश्विक सुरक्षा पहल और वैश्विक सभ्यता पहल शामिल हैं। इन प्रमुख वैचारिक पहलों ने एससीओ सदस्य देशों को एकजुट किया है, आपसी सहयोग को बढ़ावा दिया है और निष्पक्षता और न्याय को बढ़ावा दिया है।
कांग्रेस नीत ‘इंडिया' गठबंधन की योजना पांच साल में पांच प्रधानमंत्री बनाने की है: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाले ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सत्ता में आने की स्थिति में पांच साल में पांच प्रधानमंत्री बनाने पर विचार कर रहा है। मोदी ने पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक चुनावी रैली में कहा कि विपक्षी गठबंधन तीन अंकों के आंकड़े या सरकार बनाने के दरवाजे तक भी नहीं पहुंच सकता, लेकिन अगर उसे मौका मिला तो उसकी योजना हर साल एक प्रधानमंत्री बनाने की है। उन्होंने कहा, "कर्नाटक में कांग्रेस ने बारी-बारी से मुख्यमंत्री का पद 2.5 साल के बाद उपमुख्यमंत्री को सौंपने की योजना बनाई है। उसके पास छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी यह व्यवस्था थी।"
चुनाव प्रचार में पहली बार उतरीं सुनीता केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने पूर्वी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप कुमार के समर्थन में आज रोड शो किया।
यहां पढ़ें पूरी खबरबंगाल, ओडिशा सहित देश के इन राज्यों में हीटवेव का रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अप्रैल तक पश्चिम बंगाल के कई स्थानों पर, ओडिशा के कुछ हिस्सों में और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में हीट वेव से लेकर गंभीर हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है।
यहां पढ़ें पूरी खबरकांग्रेस राष्ट्र-विरोधी एजेंडे और तुष्टिकरण का कर रही उपयोग- पीएम मोदी
झारखंड में बच्चों के जरिए ड्रग पैडलिंग, 40 लाख की अफीम के साथ नाबालिग गिरफ्तार
ड्रग पैडलर अब अफीम, ब्राउन शुगर, गांजा की खेप एक से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए बच्चों का इस्तेमाल कर रहे हैं। झारखंड के चतरा जिला अंतर्गत सिमरिया में पुलिस ने एक नाबालिग बालक को 40 लाख रुपये की अफीम के साथ पकड़ा है। सिमरिया एसडीपीओ अजय केसरी ने बताया कि नाबालिग के जरिए तस्करी कराने वाले माफिया को चिन्हित कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मोदी की ‘झूठ की फैक्टरी' अब नहीं चलेगी: कांग्रेस अध्यक्ष खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनकी पार्टी के घोषणा पत्र पर मुस्लिम लीग की छाप होने संबंधी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दावे को खारिज करते हुए शनिवार को कहा कि ‘मोदी की झूठ की फैक्टरी' हमेशा नहीं चलेगी। असम में बारपेटा जिले के कयाकूचि में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि देश में बेरोजगारी एक बड़ी समस्या है और 65 प्रतिशत शिक्षित युवाओं के पास नौकरियां नहीं हैं।
झारखंड के चतरा में बस के पलटने से दो की मौत, 18 घायल
झारखंड के चतरा जिले में शनिवार दोपहर एक बस के पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गयी और 18 लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि घटना दोपहर करीब एक बजे सदर थाना क्षेत्र के चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर संघरी घाटी की है जब बस चतरा से कुंडा जा रही थी। मृतकों की पहचान परशुराम सिंह (45) और रेखा कुमारी (17) के रूप में की गई। पुलिस ने बताया कि घायल लोगों को सदर अस्पताल ले जाया गया। घायलों में अधिकतर कॉलेज छात्र हैं जो चतरा शहर से बीए प्रथम ‘सेमेस्टर’ की परीक्षा देकर घर लौट रहे थे।
भाजपा डिप्रेशन में है...: राजद नेता तेजस्वी यादव
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट
सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने किया रोड शो
बिहार के सासाराम में झोपड़ी में लगी आग में 4 की मौत
बिहार के रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र में शनिवार एक झोपड़ीनुमा घर में आग लगने से झुलसकर चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, रूपहथा गांव में महादलित बस्ती में झोपड़ीनुमा घर में दोपहर को आग लग गई। इस घटना में झुलसकर चार लोगों की मौत हो गई। दो लोगों के घायल हो गए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगी।
इराकी टिकटॉक स्टार ओम फहद की बगदाद में गोली मारकर हत्या
इराकी टिकटॉक स्टार ओम फहद की पूर्वी बगदाद के जोयौना जिले में उनके घर के बाहर देर रात हुए हमले में गोली मारकर हत्या कर दी गई, अल जज़ीरा ने शनिवार को रिपोर्ट दी। लघु वीडियो-मेकिंग प्लेटफॉर्म, टिकटॉक के वायरल निर्माता को एक अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी, जो मोटरसाइकिल पर काले कपड़े और हेलमेट पहने हुए आया था।