LIVE

आज की ताजा खबर, 25 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़: देश में LPG सप्लाई को लेकर विरोध प्रदर्शन...यूपी का 'लोनी' दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर, धुरंधर मूवी से सिख समुदाय आहत; ईरान युद्ध खत्म करने के लिए ट्रंप का 15 पॉइंट वाला प्लान

आज की ताजा खबर, 25 मार्च 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर], [धुरंधर 2 की कमाई], [ईरान युद्ध] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: उत्तर प्रदेश का लोनी, जिसका औसत वार्षिक PM2.5 स्तर 112.5µg/m³ था, यह आज दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। वहीं, अमेरिका ने ईरान को संघर्ष समाप्त करने के लिए 15-सूत्रीय योजना का प्रस्ताव दिया है, जिसमें उसके परमाणु कार्यक्रम पर रोक और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना, साथ ही एक महीने का युद्धविराम शामिल है। इसके अलावा, धुरंधर 2 का दुनिया भर में बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सामने आया है। छठा दिन हो गया फिल्म को आए हुए और रणवीर सिंह की फिल्म ₹900 करोड़ की कमाई को पार कर चुकी है। इसने रणबीर की 'एनिमल' को पीछे छोड़ दिया है। आइए पढ़ें- देश विदेश की अन्य खबरें

Nitin AroraUpdated Mar 25, 2026, 17:55 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 25 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़: देश में LPG सप्लाई को लेकर विरोध प्रदर्शन...यूपी का 'लोनी' दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर, धुरंधर मूवी से सिख समुदाय आहत; ईरान युद्ध खत्म करने के लिए ट्रंप का 15 पॉइंट वाला प्लान

आज की ताजा खबर, 25 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़: देश में LPG सप्लाई को लेकर विरोध प्रदर्शन...यूपी का 'लोनी' दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर, धुरंधर मूवी से सिख समुदाय आहत; ईरान युद्ध खत्म करने के लिए ट्रंप का 15 पॉइंट वाला प्लान

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर], [धुरंधर 2 की कमाई], [ईरान युद्ध] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar): अमेरिका ने मध्य-पूर्व के संघर्ष को खत्म करने के लिए ईरान के सामने 15-सूत्रीय प्रस्ताव रखा है, जिसमें तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर कड़ी पाबंदियां, प्रॉक्सी गुटों को समर्थन खत्म करना और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना जैसी शर्तें शामिल हैं। वॉशिंगटन बातचीत का रास्ता खोलने के लिए एक महीने के संघर्ष-विराम पर भी जोर दे रहा है। हालांकि, इन मांगों के व्यापक दायरे और ईरान द्वारा पहले भी ऐसे ही प्रस्तावों का लगातार विरोध किए जाने को देखते हुए, इस बात की संभावना कम ही है कि तेहरान इस योजना को इसके मौजूदा स्वरूप में स्वीकार करेगा। इसके अलावा पहले सोमवार को जबरदस्त प्रदर्शन के बाद, 'धुरंधर 2' का मंगलवार भी शानदार रहा और इसने दुनिया भर में ₹900 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया। उधर, दिल्ली नहीं, पिछले साल दुनियाभर में सबसे प्रदूषित शहर यूपी का लोना रहा। पढ़ें- देश विदेश की हर छोटी बड़ी खबर यहां


-धुरंधर 2 की कमाई

-दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर यूपी का लोनी

-ईरान युद्ध पर ट्रंप का 15 Point को प्लान

MAR 25, 2026 15:52 IST

कांग्रेस नेतृत्व केरल में अगले मुख्यमंत्री का फैसला करेगा : चेन्निथला

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने कहा है कि केरल में कांग्रेस के पास राज्य का नेतृत्व करने में सक्षम कई नेता हैं और यही पार्टी की ताकत है, जबकि सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के पास मुख्यमंत्री पद के लिए केवल पिनराई विजयन का ही चेहरा है।

चेन्निथला ने ’पीटीआई वीडियो’ सेवा को दिए एक साक्षात्कार के दौरान इस बात से इनकार नहीं किया कि वह मुख्यमंत्री पद के एक दावेदार हैं, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की पहली प्राथमिकता विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करना है और जीत के बाद पार्टी नेतृत्व यह तय करेगा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए।

यह पूछे जाने पर कि पार्टी बिना मुख्यमंत्री पद के चेहरे के चुनाव क्यों लड़ रही है, कांग्रेस की कार्यकारी समिति के सदस्य ने कहा, ’’हम किसी को भी मुख्यमंत्री के रूप में पेश नहीं कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के साथ हाल ही में हुई बैठक में सभी मुद्दों पर चर्चा की थी।

अपने निर्वाचन क्षेत्र ’हरिपाद’ में चुनाव प्रचार करते हुए चेन्निथला ने कहा, ’’कांग्रेस अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन खरगे) और राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि प्राथमिकता चुनाव जीतना है, और मुख्यमंत्री पद का फैसला बाद में किया जाएगा।’’

जब चेन्निथला से पूछा गया कि क्या वह केरल के मुख्यमंत्री पद का दावेदार बनने की आकांक्षा रखते हैं, तो उन्होंने कहा, ’’यह उम्मीदवारों की आकांक्षा का सवाल नहीं है। हमारे पास एक दर्जन नेता हैं जो राज्य का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। यही कांग्रेस पार्टी की ताकत है।’’

उन्होंने कहा कि माकपा के पास केवल एक ही चेहरा है- पिनराई विजयन, जबकि कांग्रेस के पास ऐसे कई नेता हैं जो मुख्यमंत्री बनने के योग्य हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल और केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन उन्हें संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में समर्थन देंगे, तो चेन्निथला ने कहा, ’’हम इस मुद्दे पर बिल्कुल भी चर्चा नहीं कर रहे हैं, क्योंकि पार्टी आलाकमान इसपर फैसला लेगा।’’

कांग्रेस नेता के अनुसार, पार्टी एलडीएफ सरकार के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर पर ध्यान केंद्रित कर रही है, और राहुल गांधी द्वारा हाल ही में घोषित पांच गारंटी कांग्रेस को जनता का विश्वास जीतने में मदद करेंगी।
MAR 25, 2026 15:51 IST

पुरी जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार का सूचीकरण 48 साल बाद शुरू

पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर के ’रत्न भंडार’ की बहुप्रतीक्षित सूचीकरण की प्रक्रिया 48 वर्षों के अंतराल के बाद बुधवार को शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के अनुसार, अधिकृत कर्मियों ने पारंपरिक धोती और गमछा पहनकर सुबह करीब 11:30 बजे मंदिर में प्रवेश किया।

अधिकारियों ने बताया कि समान की गिनती की प्रक्रिया निर्धारित शुभ मुहूर्त, अपराह्न 12:09 बजे से 1:45 बजे के बीच शुरू हुई। इस दौरान केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही अंदर प्रवेश करने की अनुमति दी गई।

उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से 12वीं सदी के इस मंदिर की दैनिक पूजा-पद्धति प्रभावित नहीं होगी।

इस प्रकिया के दौरान श्रद्धालुओं को ’बाहर कथा’ से दर्शन की अनुमति दी गई है जबकि ’भीतर कथा’ तक जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
MAR 25, 2026 15:50 IST

केरल में यूडीएफ सरकार बनाएगी, चेन्निथला होंगे मुख्यमंत्री : कांग्रेस नेता कुरियन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. जे. कुरियन ने बुधवार को दावा किया कि नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सत्ता में लौटेगा और पूर्व मंत्री रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री बनेंगे।
राज्यसभा के पूर्व उपसभापति कुरियन ने यह बयान तिरुवल्ला में आयोजित यूडीएफ सम्मेलन के दौरान चेन्निथला की मौजूदगी में दिया।

उन्होंने कहा, "हम नौ अप्रैल को जीतेंगे। रमेश जो अभी यहां बैठे हैं, वही मुख्यमंत्री होंगे। मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है। हालांकि रमेश का मानना है कि पार्टी इस पर अंतिम निर्णय लेगी।"

यह बयान इसलिए महत्व रखता है क्योंकि विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन और केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ समेत वरिष्ठ नेताओं ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि यदि यूडीएफ सत्ता में लौटती है तो मुख्यमंत्री का फैसला पार्टी आलाकमान द्वारा किया जाएगा।
MAR 25, 2026 15:50 IST

उत्तर पूर्वी दिल्ली में नाबालिग लड़के का शव मिला

उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में बुधवार तड़के एक पार्क में 17 वर्षीय लड़के का शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान ज़ैद के तौर पर हुई है और वह इलाके का ही रहने वाला था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि पार्क में एक शव है जिसके बाद न्यू उस्मानपुर थाने की एक टीम जग प्रवेश चंद अस्पताल के पास स्थित डीडीए पार्क पहुंची और शव बरामद किया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अपराध और फॉरेंसिक दलों ने मौका-ए-वारदात का मुआयना किया और सबूत जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण का पता चलेगा।
उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने व उन्हें पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
MAR 25, 2026 15:49 IST

हरीश राणा का अंतिम संस्कार किया गया

भारत में ’निष्क्रिय इच्छा मृत्यु’ की अनुमति पाने वाले पहले व्यक्ति 31 वर्षीय हरीश राणा का बुधवार सुबह दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया और इसी के साथ 13 साल से जारी उनके चिकित्सकीय संघर्ष का अंत हो गया।

हरीश के एक पड़ोसी ने ’पीटीआई-भाषा’ को फोन के जरिए बताया कि उनकी मां निर्मला देवी ने अपने बेटे को हाथ जोड़कर भावुक विदाई दी जबकि उनके पिता अशोक राणा ने शोक जताने आए लोगों से न रोने का आग्रह करते हुए कहा कि उनका बेटा अब ’’एक अच्छी जगह’’ पर है और वह एक अच्छा बेटा था।

परिवार के सदस्यों के अलावा, महिलाओं के नेतृत्व वाले आध्यात्मिक संगठन ब्रह्माकुमारीज की प्रतिनिधि भी अंतिम संस्कार में शामिल हुईं और उन्होंने हरीश के लिए प्रार्थना की। राणा परिवार गाजियाबाद की राज एम्पायर सोसाइटी में रहता है। इस सोसाइटी के निवासी भी दाह संस्कार में शामिल होने और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के सदस्य, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के कर्मचारी, हरीश के रिश्तेदार और दोस्तों सहित बड़ी संख्या में लोग अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद रहे।

हरीश के शव को एम्बुलेंस में श्मशान घाट लाया गया। लोगों ने हरीश को हाथ जोड़कर अंतिम विदाई दी और कुछ लोगों ने शव को चिता पर रखे जाने से पहले उस पर केसरिया मालाएं चढ़ाईं। हरीश के छोटे भाई आशीष राणा ने अपनी बहन भावना के साथ चिता को मुखाग्नि दी।
MAR 25, 2026 15:49 IST

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में हुई सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना मंगलवार देर रात करमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिर्जापुर-रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर केकराही गांव के पास हुई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर कुमार मिश्रा ने बताया कि जौनपुर के निवासी जय सिंह (49) और उनकी पत्नी सरिता सिंह (48) मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार कर्मा के निवासी चंदू (20) ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि दो अन्य घायल व्यक्तियों का इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है।
MAR 25, 2026 15:47 IST

सिख समुदाय को 'आहत' करने के आरोप में 'धुरंधर' सीक्वल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज

महाराष्ट्र के मुंबई में एक सिख संगठन ने फिल्म ’धुरंधर: द रिवेंज’ के निर्माताओं और मुख्य अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ समुदाय की धार्मिक भावनाओं को कथित तौर पर ठेस पहुंचाने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

शिकायतकर्ता ’सिख्स इन महाराष्ट्र’ के अनुसार, फिल्म के एक पोस्टर में सिंह को पगड़ी, लंबी दाढ़ी और ’कड़ा’ (कंगन) पहने हुए दिखाया गया है, जिन्हें सिख समुदाय के पवित्र प्रतीक माना जाता है।

आरोप में कहा गया कि अभिनेता को हाथ में सिगरेट पकड़े हुए भी दिखाया गया है और इस चित्रण से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
MAR 25, 2026 15:03 IST

आज मतदान का अधिकार छीना जा रहा है, अगली बार वे नागरिकता भी छीन लेंगे: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर बुधवार को तीखा हमला करते हुए उन पर संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।

बनर्जी ने उत्तर बंगाल के मैनागुड़ी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग ’’मतदान के अधिकार छीन रहे हैं।’’

उन्होंने चेतावनी दी कि अगला कदम राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लागू करके नागरिकता छीनने का प्रयास हो सकता है।

बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के माध्यम से कुछ समुदायों को चुनाव प्रक्रियाओं से बाहर रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा, ’’राजबंशियों के नाम एसआईआर के जरिए हटा दिए गए हैं। महिलाओं के नाम भी हटाए जा रहे हैं। अगर एसआईआर की वजह से मौतें होती हैं, तो जिम्मेदारी कौन लेगा?’’

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ’’निर्वाचन आयोग, भाजपा और केंद्र सरकार संविधान का पालन नहीं कर रहे और मतदान के अधिकार छीनने की कोशिश कर रहे हैं। आज वे मतदान के अधिकार छीन रहे हैं; कल वे राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लाकर नागरिकता छीन लेंगे।’’

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिए बिना बनर्जी ने जनसभा में उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे ’’यहां मौजूद सज्जन और दिल्ली में दोनों सज्जनों को विदा’’ करें।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तृणमूल कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत राज्य की जनता है।

उन्होंने भाजपा और निर्वाचन आयोग पर मिलीभगत से काम करने का आरोप लगाते हुए कहा, ’’उन्होंने हमसे सब कुछ छीन लिया है। अब मेरे पास सिर्फ हमारी जनता है।’’

बनर्जी से उत्तर बंगाल के लिए रवाना होने से पहले कोलकाता हवाई अड्डे पर निर्वाचन आयोग के छह साल पुराने दस्तावेज का हवाला देते हुए इसी तरह के आरोप लगाए थे। इस दस्तावेज में कथित तौर पर भाजपा का कमल चिह्न अंकित था।
MAR 25, 2026 15:02 IST

न्यायालय ने वंदे मातरम् पर गृह मंत्रालय के परिपत्र के खिलाफ दायर याचिका खारिज की

उच्चतम न्यायालय ने आधिकारिक कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत ’वंदे मातरम्’ के गायन से संबंधित गृह मंत्रालय के एक परिपत्र के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई से बुधवार को इनकार करते हुए कहा कि यह निर्देश अनिवार्य नहीं है।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत तथा न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची एवं न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ ने मोहम्मद सईद नूरी द्वारा दायर याचिका को ’’समय से पहले’’ दायर की गई याचिका बताया और इसे ’’भेदभाव की अस्पष्ट आशंका’’ पर आधारित करार दिया।

नूरी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेगड़े ने कहा कि वे देश के हर धर्म का सम्मान करते हैं, लेकिन अगर लोगों को उनके धर्म और आस्था की परवाह किए बिना यह गीत गाने के लिए बाध्य किया जाता है तो कुछ लोगों को यह ’’निष्ठा के सामाजिक प्रदर्शन’’ में भाग लेने की मजबूरी लग सकती है।

न्यायमूर्ति बागची ने पूछा कि क्या परिपत्र में राष्ट्रगीत नहीं गाने पर किसी दंडात्मक परिणाम का उल्लेख है या क्या किसी व्यक्ति को इसे नहीं गाने के कारण सभा से निकाला गया है।
MAR 25, 2026 15:00 IST

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दो समूहों के बीच झड़प, चार लोग घायल

उत्तर प्रदेश मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव में पुरानी दुश्मनी के कारण दो समूहों के बीच हुई झड़प में एक महिला समेत कम से कम चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) देववर्त बाजपेयी ने कहा कि घटना मंगलवार रात को हुई जब दो समूहों के सदस्यों ने पुरानी रंजिश की वजह से एक-दूसरे पर कथित तौर पर पथराव किया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के सिलसिले में करीब 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और अब तक दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

अधिकारी ने बताया कि झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्रवाई शुरू की गई। वीडियो में दो पक्षों के सदस्य एक-दूसरे पर पथराव करते दिख रहे हैं।

पुलिस ने कहा कि बाकी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
MAR 25, 2026 14:59 IST

तृणमूल कांग्रेस ने भवानीपुर के निर्वाचन अधिकारी को हटाने की मांग की

तृणमूल कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी सुरजीत रॉय पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी से करीबी संबंध होने का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है।

भवानीपुर विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक शुभेंदु अधिकारी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच कड़ा मुकाबला है।"

तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन ने 24 मार्च को मुख्य निर्वाचन आयुक्त और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे एक पत्र में दावा किया कि 2011 बैच के डब्ल्यूबीसीएस (पश्चिम बंगाल सिविल सेवा) अधिकारी रॉय पहले नंदीग्राम-II ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी के रूप में तैनात थे और अधिकारी के साथ उनके करीबी संबंधों के बारे में सभी को जानकारी है।
MAR 25, 2026 14:59 IST

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में पति ने किया लोहे की छड़ से हमला, पत्नी की मौत

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक व्यक्ति ने पत्नी पर लोहे की छड़ से हमला किया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय ने बताया कि मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि बीजपुर थानाक्षेत्र के अंतर्गत महुआबारी गांव में कन्हैया नामक व्यक्ति और उसकी पत्नी सुमन देवी के बीच झगड़ा हुआ और कन्हैया ने गुस्से में सुमन पर कथित रूप से लोहे की छड़ से हमला कर दिया जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस घायल महिला को धन्वंतरि अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी जिले के ही म्योरपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है तथा अपनी ससुराल में रह रहा था।

उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा महिला शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
MAR 25, 2026 13:40 IST

पहले मजबूरी में होता था सुधार, अब संकल्प के साथ हो रहा है: वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार में पहले मजबूरी के चलते आर्थिक सुधार किए जाते थे, लेकिन अब ’’संकल्प और प्रतिबद्धता’’ के साथ यह किया जा रहा है तथा देश ’रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर सवार होकर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने वित्त विधेयक, 2026 पर सदन में हुई चर्चा का जवाब देते हुए यह भी कि देश को विकसित बनाने और 140 करोड़ भारतीय नागरिकों की अकांक्षाआों को पूरा करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

सीतारमण ने कहा, ’’पहले की तरह मजबूरी में सुधार नहीं किए जा रहे हैं, बल्कि संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ सुधार किए जा रहे हैं।’’

उनका कहना था कि विश्वास आधारित कर व्यवस्था बनाने पर काम किया गया है ताकि ईमानदार करदाताओं को कठिनाई नहीं हो।

सीतारमण ने कहा कि विपक्ष के कुछ सदस्यों ने जीवनयापन की सुगमता (ईज ऑफ लिविंग) और कारोबार की सुगमता (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) का मजाक बनाया, लेकिन सरकार इन दोनों पहलुओं पर लगातार आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा, ’’हम एमएसएमई, किसानों और सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बना रहे हैं क्योंकि ये देश के विकास के लिए बहुत जरूरी हैं। वित्त विधेयक इन्हें सशक्त बनाने का प्रावधान करता है।’’

वित्त मंत्री का कहना था कि भारत को वैश्चिक व्यावसायिक केंद्र बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

सीतारमण ने कहा कि इस वित्त विधेयक में मध्य वर्ग के लिए बहुत कुछ है।
MAR 25, 2026 13:39 IST

मुझे पाकिस्तान से जोड़ना हिमंत के दिमाग की कोरी कल्पना है : गौरव गोगोई

कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने उनके एवं उनकी पत्नी के ’’पाकिस्तान के साथ संबंध होने’’ के आरोपों को बुधवार को खारिज करते हुए इन्हें मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के ’’दिमाग की उपज’’ करार दिया।

गोगोई ने साथ ही कहा कि ऐसे दावे मुख्यमंत्री की ’’कमजोरी’’ को उजागर करते हैं और यह भी दिखाते हैं कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर मामले में वह किस हद तक जा सकते हैं।

जोरहाट से सांसद ने ’पीटीआई-भाषा’ से साक्षात्कार में कहा कि शर्मा द्वारा किए जा रहे हमलों और कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री पर लगाए गए आरोपों में स्पष्ट अंतर है।

गोगोई ने कहा, ’’शर्मा जो कह रहे हैं और मैं उनके खिलाफ जो कह रहा हूं, उसमें फर्क है - उनके बेतुके आरोप केवल उनके दिमाग की उपज हैं और ये राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे बेहद गंभीर मुद्दे से संबंधित हैं।’’

उन्होंने दावा किया, ’’हम उनके (शर्मा के) परिवार, उनकी संपत्ति, भ्रष्टाचार और सरकारी तंत्र द्वारा उनकी पत्नी की कंपनी को दिए जा रहे लाभ के बारे में जो कुछ भी कह रहे हैं, वह सबके सामने है।’’

उन्होंने कहा कि इस बात के प्रमाण हैं, इस बारे में कई खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं, लोग इन आरोपों के संबंध में अदालतों में मुकदमे लड़ रहे हैं तथा सार्वजनिक रूप से एवं मीडिया में प्रकाशित साक्ष्यों की एक पूरी सूची मौजूद है।

गोगोई ने कहा कि शर्मा द्वारा लगाए जा रहे आरोप ’’कोरी कल्पना मात्र’’ हैं।
उन्होंने कहा, ’’राष्ट्रीय सुरक्षा राजनीति से ऊपर होनी चाहिए। एक मुख्यमंत्री को गरिमापूर्ण व्यवहार करना चाहिए और इस गंभीर मामले पर ऐसे बेबुनियाद आरोप नहीं लगाने चाहिए।’’

शर्मा, गोगोई और उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ क्लेयर गोगोई पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध होने का आरोप लगाते रहे हैं और उन्होंने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।

गोगोई ने दावा किया कि ऐसे आरोप शर्मा की ’’कमजोरियों’’ और ’’असुरक्षाओं’’ को उजागर करते हैं।

उन्होंने कहा, ’’इससे पता चलता है कि वह कांग्रेस को कितना बड़ा खतरा समझते हैं। इससे पता चलता है कि वह कीचड़ उछालने के लिए किस हद तक जा सकते हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर मामले का भी इसके लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।’’
MAR 25, 2026 13:37 IST

दिल्ली विधानसभा के मौजूदा सत्र के दौरान बम की धमकी, तलाश अभियान जारी

दिल्ली विधानसभा को बुधवार को ईमेल के जरिए एक बार फिर बम की धमकी मिली। एक दिन पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा बजट पेश किए जाने से कुछ समय पहले भी विधानसभा को इसी तरह की धमकियां मिली थीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह एक ईमेल मिला जिसमें कहा गया कि विधानसभा के जारी सत्र के दौरान परिसर में कथित रूप से बम लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि संदेश भेजने वाले ने संदेश में कई भड़काऊ दावे और संदर्भ भी दिए थे।

यह घटनाक्रम विधानसभा को मंगलवार सुबह दो धमकी भरे ईमेल मिलने के एक दिन बाद सामने आया है। पहला ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा को भेजा गया था उसके बाद दूसरा ईमेल सुबह 7:49 बजे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को भेजा गया जिसके कारण मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा बजट पेश करने से पहले व्यापक सुरक्षा जांच की गई।

अधिकारियों ने बताया कि ताजा धमकी के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने विधानसभा परिसर के अंदर और आसपास जांच तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ते, खोजी कुत्ते और स्थानीय पुलिस की टीम जांच अभियान में शामिल है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ’’हम हर धमकी को गंभीरता से ले रहे हैं। गहन जांच की जा रही है और निगरानी बढ़ा दी गई है।’’

साइबर विशेषज्ञों और सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए आईपी ट्रैकिंग और ईमेल हेडर विश्लेषण किया जा रहा है।
MAR 25, 2026 13:37 IST

बंगाल में नमाज की पूरी आजादी है लेकिन पूजा आयोजित करने के लिए अनुमति लेनी पड़ती है: नितिन नवीन

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल में धार्मिक गतिविधियों की अनुमति को लेकर "दोहरे मानदंड" अपनाए जाने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि राज्य में नमाज अदा करने की पूरी आजादी है लेकिन पूजा आयोजित करने या पंडाल लगाने के लिए अदालत से अनुमति लेनी पड़ती है।

नवीन ने कोलकाता के बाहरी इलाके में स्थित दक्षिणेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पत्रकारों से कहा कि यह स्थिति "दुर्भाग्यपूर्ण" है।
उन्होंने कहा, "यहां नमाज अदा करने की अनुमति है लेकिन पूजा करने और पंडाल लगाने के लिए उच्च न्यायालय से अनुमति मांगनी पड़ती है।"

नवीन ने कहा, "मैंने दक्षिणेश्वर में पूजा की और राज्य के लोगों के कल्याण तथा ’विकसित बंगाल’ एवं ’सोनार बांग्ला’ के निर्माण के लिए देवी से प्रार्थना की।"
MAR 25, 2026 13:35 IST

द्रमुक महिला विरोधी, तृणमूल कांग्रेस गरीबों पर अन्याय करने वाली: सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में अप्रैल में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को लोकसभा में इन दोनों प्रदेशों की सरकारों पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि द्रमुक सरकार महिला विरोधी है, वहीं तृणमूल कांग्रेस की सरकार गरीबों के साथ अन्याय कर रही है।

उन्होंने सदन में वित्त विधेयक, 2026 पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बयान का उल्लेख किया और कहा कि द्रमुक सरकार महिलाओं के खिलाफ है और इस बार महिलाओं का समर्थन उसे नहीं मिलेगा।

उनका कहना था कि महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किया जा रहा है।
सीतारमण ने आरोप लगाया, ’’तमिलनाडु की द्रमुक सरकार महिलाओं के खिलाफ है। उसे महिलाओं का समर्थन नहीं मिलेगा।’’

जब कुछ विपक्षी दलों ने आपत्ति जताई तो वित्त मंत्री ने कहा कि यह शर्मनाक है कि विपक्षी दलों के लोग द्रमुक के समर्थन में खड़े हैं।

द्रमुक सदस्यों के सदन में मौजूद नहीं रहने को लेकर वित्त मंत्री ने कहा, ’’जब भी मैं बोलती हूं तो द्रमुक के सदस्य सदन में नहीं बैठते हैं। यह पहली बार नहीं हुआ है। तृणमूल कांग्रेस भी ऐसा ही करती है।’’

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने मंगलवार को केंद्र से जून में संसद का विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया ताकि परिसीमन, सीट वृद्धि और राज्यों के प्रतिनिधित्व के वर्तमान हिस्से को तीस वर्षों तक जारी रखने की गारंटी के लिए संवैधानिक संशोधन पारित किए जा सके।

महिला आरक्षण को 2011 की जनगणना के आधार पर लागू करने की तैयारी संबंधी खबरों को लेकर स्टालिन ने कहा था, ’’यह कदम संविधान (128वां संशोधन) विधेयक 2023 के अनुरूप नहीं है, जिसे केंद्र की भाजपा सरकार ने पारित किया था और न ही यह उनके उस पहले के रुख के अनुरूप है जिसमें कहा गया था कि इस ऐतिहासिक पहल को केवल 2026 के बाद कराई जाने वाली जनगणना के आधार पर परिसीमन होने के बाद ही लागू किया जाएगा।’’

सीतारमण ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री चाय श्रमिक योजना असम में लागू की और सात लाख चाय बागान श्रमिकों को फायदा हुआ, लेकिन पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार ने इसे लागू नहीं किया।

उन्होंने आरोप लगाया, ’’पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार चाय बागान में काम करने वाले 3.7 लाख श्रमिकों के साथ अन्याय कर रही है।’’
उन्होंने आयुष्मान भारत और कुछ अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि पश्विम बंगाल सरकार ने इन्हें लागू नहीं किया है।

सीतारमण ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टियों के शासन ने पश्चिम बंगाल में उद्योग जगत की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी थी और फिर तृणमूल कांग्रेस ने भी यही किया।
MAR 25, 2026 13:33 IST

तृणमूल ने मुस्लिम वोट तो हासिल कर लिए लेकिन समुदाय के लिए कुछ नहीं किया: ओवैसी

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने मुस्लिम वोट तो हासिल कर लिए लेकिन ’’समुदाय के लिए कुछ नहीं किया।’’

ओवैसी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की राजनीति ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को उभरने में मदद की।

ओवैसी ने कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल के लोग घुटन महसूस कर रहे हैं और उनकी पार्टी ने हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के साथ हाथ मिलाया है ताकि जनता को वह विकल्प प्रदान किया जा सके जिसकी उन्हें तलाश हैं।

हैदराबाद से सांसद ने कहा, ’’हुमायूं कबीर के साथ हमारे गठबंधन का उद्देश्य पश्चिम बंगाल में कमजोर वर्गों के शोषण को रोकना और उन्हें सशक्त बनाना है।’’

उन्होंने कहा, ’’हमारा गठबंधन मुसलमानों के राजनीतिक नेतृत्व को मजबूत करने का भी प्रयास करेगा।’’

ओवैसी ने दावा किया कि राज्य में अल्पसंख्यकों का विकास एक बड़ा मुद्दा है।

यह पूछे जाने पर कि क्या पश्चिम बंगाल में उनकी पार्टी की मौजूदगी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मदद मिलेगी, इस पर उन्होंने कहा, ’’लोकतंत्र में लोगों को अपनी पसंद की पार्टी को वोट देने की आजादी है।’’
मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की शैली पर प्रस्तावित मस्जिद को लेकर हुए विवाद के बाद तृणमूल कांग्रेस से निलंबित किए जाने पर कबीर ने आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) का गठन किया था। कबीर ने कहा कि गठबंधन विधानसभा चुनाव में 182 सीट पर चुनाव लड़ेगा।

उन्होंने दावा किया कि अगर चुनाव में खंडित जनादेश आता है तो गठबंधन सरकार गठन में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यीय विधानसभा सीट के लिए मतदान 23 एवं 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को निर्धारित है।
MAR 25, 2026 13:32 IST

आईआरसीटीसी पोर्टल से फर्जी तीन करोड़ खाते हटाए गए: वैष्णव

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि रेलवे टिकट बुक कराने में बिचौलियों और दलालों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए आईआरसीटीसी के पोर्टल से तीन करोड़ से अधिक फर्जी खातों को हटा दिया गया है।

उन्होंने लोकसभा में प्रश्नकाल में यह भी कहा कि आज देश में संचालित रेलगाड़ियों में 70 प्रतिशत डिब्बे सामान्य और शयनयान श्रेणी के हैं तथा 78 प्रतिशत सीट गैर-वातानुकूलित डिब्बों में हैं।

वैष्णव ने निर्दलीय सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए ये बातें कहीं।

उन्होंने ट्रेनों में आम लोगों और गरीबों के लिए अपेक्षाकृत कम डिब्बे होने जैसी सदस्य की चिंताओं को खारिज करते हुए कहा, ’’यह भ्रांति फैलाने का प्रयास है। 70 प्रतिशत डिब्बे आज भी सामान्य और शयनयान श्रेणी के हैं। ट्रेनों में करीब 78 प्रतिशत सीट सामान्य और शयनयान यानी गैर-वातानुकूलित श्रेणी में हैं।’’

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के समय बहुत कम विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाती थीं, लेकिन राजग सरकार में 2023-24 में 40,500 विशेष ट्रेन चलाई गईं,

पिछले वित्त वर्ष में 85,400 विशेष ट्रेनें चलाई गईं और चालू वित्त वर्ष में अब तक 75 हजार विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा चुकी हैं।

वैष्णव ने कहा कि इसका परिणाम दिखाई दिया कि गत वर्ष दिवाली और छठ पर, नववर्ष के मौके पर और हाल में होली के मौसम में परिस्थितियां पहले से बेहतर थीं।
MAR 25, 2026 12:18 IST

उत्तरी सिक्किम में भूस्खलन के बाद चुंगथांग में करीब 200 पर्यटक फंसे

उत्तरी सिक्किम में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन के बाद चुंगथांग में लगभग 200 पर्यटक फंस गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार सुबह यह जानकारी दी।

मंगन के जिलाधिकारी अनंत जैन ने बताया कि मंगलवार रात चुंगथांग-लाचेन मार्ग पर भूस्खलन होने से लाचेन जा रहे पर्यटक बीच रास्ते में ही फंस गए।
उन्होंने बताया कि इन यात्रियों को रात भर चुंगथांग में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक शिविर और एक गुरुद्वारे में ठहराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सड़क को साफ करने के काम में लगा हुआ है।

उन्होंने कहा कि अधिकारी स्थिति की समीक्षा करेंगे और मौसम अनुकूल होने के साथ-साथ मार्गों के सुरक्षित होने पर ही आगे की यात्रा की अनुमति दी जाएगी। इस बीच, कुछ पर्यटकों ने अपनी यात्रा योजना रद्द कर दी है और वे गंगटोक लौट आए।

अधिकारियों ने बताया कि इसबीच लाचुंग जाने वाला मार्ग भी साफ कर दिया गया, जिसे वहां फंसे पर्यटकों को बुधवार सुबह सुरक्षित गंगटोक वापस भेज दिया गया। यह मार्ग मंगलवार रात अवरुद्ध हो गया था। क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वर्ष 2023 में हिमनद झील फटने (जीएलओएफ) से आई बाढ़ में लाचेन मार्ग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे मरम्मत के बाद नौ मार्च को फिर से खोला गया था।

इसके अलावा, पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बर्फबारी के कारण त्सोमगो झील और नाथुला भी पर्यटकों के लिए बंद हैं।