आज की ताजा खबर, 24 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: एमपी के धार में एसयूवी ने जुलूस में मारी कांवड़ियों को टक्कर, 16 घायल; नोएडा में चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या
दिल्ली में खुले नाले में बच्चे के गिरने पर एमसीडी ने जूनियर इंजीनियर को किया निलंबित
राष्ट्रीय राजधानी के जसोला गांव में 15-वर्षीय एक लड़के के खुले नाले में गिरने की घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। शनिवार सुबह से लापता आठवीं कक्षा के छात्र मिथुन का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। दिल्ली दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) समेत कई एजेंसियों ने मिलकर उसकी तलाश के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया था, लेकिन लड़के का कोई सुराग नहीं मिला। इस अभियान को शनिवार देर रात रोक दिया गया था और रविवार को इसे दोबारा शुरू किया गया, जिसके तहत इलाके में बचाव दल और गोताखोरों को तैनात किया गया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि लड़का सुबह करीब 11 बजे एक पतंग पकड़ने के चक्कर में नाले में गिर गया था। अधिकारियों के मुताबिक, वह अब भी लापता है। इस हादसे के बाद कार्रवाई करते हुए एमसीडी के दक्षिण पूर्व (मध्य) जोन ने कनिष्ठ अभियंता को तुरंत निलंबित कर दिया है। प्रशासन के मुताबिक, कर्तव्य में लापरवाही बरतने के कारण अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। निलंबन की अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को अधिशासी अभियंता के कार्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता मिलता रहेगा। मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला मिथुन का परिवार इसी इलाके में रहता है और दिल्ली में मजदूरी करता है।राजस्थान में डंपर ने कार को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत
राजस्थान के नागौर जिले में सोमवार को तेज रफ्तार डंपर ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा खींवसर-मड़पुरा मार्ग पर उस समय हुआ, जब परिवार बीकानेर में एक रिश्तेदार की शोकसभा में शामिल होने के बाद अपने गांव मड़पुरा लौट रहा था। खींवसर के थाना प्रभारी उज्जाराम ने बताया कि टक्कर के बाद डंपर कार को कुछ दूरी तक तक घसीटता ले गया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुगना राम (45), उनकी पत्नी सुवा देवी (43) और उनकी साली मणी देवी (40) के रूप में हुई है। सुगना राम के बड़े भाई धनाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जोधपुर के अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, डंपर चालक हादसे के बाद वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त कार से लोगों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि कार पिछले सप्ताह ही नागौर के एक शोरूम से खरीदी गई थी। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवाया गया है।बिहार में प्रशिक्षण शिविर में संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रांसजेंडर कांस्टेबल की मौत
मुंगेर जिले में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) के प्रशिक्षण शिविर के शौचालय में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली एक ट्रांसजेंडर कांस्टेबल की इलाज के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कांस्टेबल अवंतिका सिंधु पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया की रहने वाली थीं और मुंगेर के जमालपुर स्थित बीएसएपी-9 प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण ले रही थीं। बीएसएपी के कमांडेंट मिथिलेश कुमार ने सोमवार को बताया कि यह घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे से दो बजे के बीच सामने आई, जब कांस्टेबल शौचालय के अंदर बंद अवस्था में मिली। उन्होंने बताया कि कांस्टेबल के गले पर फंदे का निशान था। कमांडेंट ने बताया कि अवंतिका सिंधु का हाल ही में पटना जिला बल से तबादला हुआ था, जिसके बाद वह प्रशिक्षण शिविर से जुड़ी थीं। उन्होंने कहा, ’’घटना की सूचना मिलने के बाद सिंधु को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।’’ कमांडेंट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।एमपी के धार में 'एसयूवी' वाहन ने जुलूस में मारी कांवड़ियों को टक्कर, 16 घायल
मध्य प्रदेश के धार जिले में सोमवार को कांवड़ यात्रा के दौरान एक तेज रफ्तार ’स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल’ (एसयूवी-वाहन) के 200 से अधिक श्रद्धालुओं के जुलूस में घुस जाने से 16 कांवड़िए घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर करीब 3.30 बजे हुई जब विजय श्री हनुमान कांवड़ यात्रा में शामिल भगवान शिव के भक्त बोकेश्वर से पीथमपुर में इंदिरामा की ओर जा रहे थे। धार के पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा कि ’एसयूवी’ ’टू-लेन’ सड़क के किनारे से जा रहा था लेकिन अचानक चालक ने घबराहट में श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। शर्मा ने बताया कि बारह लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ’एसयूवी’ पीछे से आया और श्रद्धालुओं से टकरा गया, जिससे दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक को लोगों ने पकड़ लिया और उसे थाने ले गया। उन्होंने बताया कि बाद में वाहन में आग लग गई। कांवड़ियों द्वारा एसयूवी में आग लगाने के दावों के बारे में पूछे जाने पर पीथमपुर थाने के प्रभारी सुनील शर्मा ने कहा कि इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि वाहन टक्कर मारने के बाद सड़क से फिसलकर छह-सात फुट नीचे गिर गया। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए पहुंचे, जिन्हें एंबुलेंस और निजी वाहनों से सिविल अस्पताल ले जाया गया।स्वाइन फ्लू को लेकर उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट- ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने राज्य में स्वाइन फ्लू, मौसमी बुखार और वायरल फीवर के बढ़ते मामलों को देखते हुए निगरानी व्यवस्था और मजबूत करने के सोमवार को निर्देश दिए। पाठक ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव तथा स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र जारी कर स्वाइन फ्लू, मौसमी बुखार और वायरल फीवर के मामलों की लगातार समीक्षा और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रदेश के सभी जिलों में स्वाइन फ्लू से संबंधित मामलों पर पैनी नजर रखी जाए और अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध एवं संक्रमित मरीजों की स्थिति की नियमित निगरानी और आवश्यकता के अनुसार तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों, जांच एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की भी लगातार समीक्षा की जाए। उपमुख्यमंत्री ने जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति की नियमित समीक्षा करने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। पाठक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वाइन फ्लू तथा अन्य प्रकार के बुखार को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह तैयार है और स्वास्थ्य विभाग स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, लेकिन किसी भी प्रकार की अफवाह या अनावश्यक भय से बचना चाहिए। पाठक ने अस्पतालों में साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा संक्रमण से बचाव के लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मौसमी बुखार और वायरल फीवर के बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में मरीजों की सतत निगरानी और उपचार व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।नोएडा में चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, आरोपी फरार
नोएडा में दादरी थानाक्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में रविवार देर रात एक व्यक्ति की उसके चचेरे भाई ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 28 वर्षीय राजमिस्त्री शाहिद के रूप में हुई है। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शाहिद मूलरूप से बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रमई गांव का रहने वाला था तथा अपने भाई अफरोज और चचेरे भाई इमरान के साथ रोजगार की तलाश में ग्रेटर नोएडा आया था। प्रवक्ता के मुताबिक शाहिद और इमरान रामपुर फतेहपुर गांव में किराये के कमरे में रहकर राजमिस्त्री और मजदूरी का काम करते थे। प्रवक्ता के अनुसार रविवार देर रात करीब 12 बजे शाहिद और इमरान के बीच कहासुनी हो गई, इसी बीच इमरान ने कमरे में रखी कुल्हाड़ी उठाई और शाहिद की गर्दन पर प्रहार कर दिया। पुलिस के अनुसार शाहिद की मौके पर ही मौत हो गई तथा इस वारदात के बाद आरोपी इमरान फरार हो गया। प्रवक्ता ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि शाहिद के भाई की तहरीर पर इमरान के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।हैदराबाद में निर्माणाधीन इमारत गिरने के मामले में मालिक गिरफ्तार
शहर में पिछले सप्ताह निर्माणाधीन इमारत के ढहने से दो श्रमिकों की मौत के मामले में पुलिस ने इमारत के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि सात मंजिला इमारत के मालिक को रविवार देर रात गिरफ्तार किया गया। गाचीबोवली के अंजय्या नगर में 22 अगस्त को निर्माणाधीन इमारत ढह गई थी। हादसे में मध्य प्रदेश के श्रमिकों की मौत हो गई थी और दो अन्य लोग घायल हुए थे। इमारत का मलबा आसपास की इमारतों पर जा गिरा, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा और दो लोग घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के संबंध में रायदुर्गम थाने में भूखंड / इमारत के मालिक और निर्माण ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, करीब 50-60 वर्ग गज के भूखंड पर सात मंजिला इमारत का निर्माण किया जा रहा था, जिसमें एक पेंटहाउस भी शामिल था। अधिकारियों ने पहले बताया था कि ध्वस्त इमारत और आसपास की कुछ अन्य संरचनाएं कथित तौर पर एक नाले के निकट तथा अनिवार्य जगह छोड़े बिना बनाई गई थीं। निर्माण में अन्य नियमों के कथित उल्लंघन भी सामने आए हैं। हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपत्ति संरक्षण एजेंसी (हाइड्रा) और साइबराबाद नगर निगम ने रविवार को निर्माणाधीन इमारत के ढहने से क्षतिग्रस्त हुई उससे सटी एक बहुमंजिला इमारत को गिराने का काम शुरू किया।चंडीगढ़ में एक्सप्लोसिव मटीरियल मिलने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
चंडीगढ़ की एक कोर्ट ने सोमवार को शहर में एक्सप्लोसिव मटीरियल मिलने के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों की सात दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने पांच दिन की रिमांड दे दी। तीनों आरोपियों को 29 अगस्त को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह (19), जो तरनतारन जिले के सरहाली गांव का रहने वाला है; जशनप्रीत सिंह उर्फ जशनदीप (21), जो तरनतारन के देवबथ गांव का रहने वाला है; और प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (19), जो अमृतसर जिले के तरसिक्का गांव का रहने वाला है, के तौर पर हुई है।कोलकाता के स्कूल में बच्चे को सांप ने काटा, अस्पताल में भर्ती
पश्चिम बंगाल के भवानीपुर इलाके में स्थित मित्र इंस्टीट्यूशन की पहली कक्षा के एक छात्र को सोमवार सुबह स्कूल में भोजनावकाश के दौरान कथित तौर पर सांप ने काट लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, टॉलीगंज निवासी द्रुप्तो पाल को सरकारी स्कूल के प्रशासन ने एसएसकेएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे भर्ती कर निगरानी में रखा गया है। अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "बच्चे का फिलहाल इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर है। उसे निगरानी में रखा गया है। जांच की गई है और आगे का इलाज उसकी चिकित्सकीय स्थिति तथा रिपोर्ट के आधार पर तय किया जाएगा।" एक सप्ताह के भीतर स्कूली बच्चे को सांप काटने की यह शहर में दूसरी घटना है। इससे पहले एक प्रमुख निजी स्कूल में तीसरी कक्षा की एक छात्रा को सांप ने काट लिया था और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।सरकारी स्कूल में हुई ताजा घटना के बाद राज्य वन विभाग ने स्कूल परिसर में तलाश अभियान चलाया। अधिकारियों ने कक्षाओं का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लेकिन कोई सांप नहीं मिला। स्कूल प्रशासन ने परिसर की जांच के दौरान संस्थान को समय से पहले बंद करने का भी फैसला किया। भवानीपुर की यह घटना 18 अगस्त को द हेरिटेज स्कूल में तीसरी कक्षा की एक छात्रा को स्कूल परिसर के शौचालय में कथित तौर पर सांप के काटने के छह दिन बाद हुई। उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कहा कि सांप के जहरीला होने की संभावना कम है क्योंकि छात्र में विष के असर के कोई लक्षण नहीं थे। उसे अगले दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्कूल परिसरों के भीतर हुई इन दोनों घटनाओं ने स्कूल के मैदान, शौचालय, बगीचों और अन्य संभावित संवेदनशील स्थानों की नियमित जांच की जरूरत पर फिर ध्यान खींचा है। खासकर मानसून के दौरान, जब पानी भरने या प्राकृतिक आवास में बदलाव के कारण सांप बाहर निकल सकते हैं। हालांकि, दोनों घटनाओं में किसी की मौत नहीं हुई, लेकिन लगातार सामने आए इन मामलों से स्कूली बच्चों के अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। एक अभिभावक ने कहा, "इन घटनाओं से यह भी स्पष्ट होता है कि स्कूलों में सांप के काटने की स्थिति से निपटने के लिए स्पष्ट आपातकालीन प्रोटोकॉल होने चाहिए और बच्चों को पारंपरिक उपचार पर निर्भर रहने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सहायता मिलनी चाहिए।"
भदोही से अगवा की गई किशोरी तीन महीने बाद बरामद, आरोपी गिरफ्तार
भदोही जिले में तीन माह पहले कथित रूप से अगवा की गई 16 वर्षीय एक किशोरी को पुलिस ने जौनपुर से सकुशल बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार आरोपी अरमान नोनी (20) को विधिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है और किशोरी की मेडिकल जांच कराई गई है। भदोही शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) शैलेश कुमार राय ने बताया कि किशोरी 21 मई की शाम घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। राय के अनुसार तलाश के दौरान पता चला कि किशोरी को मोहल्ले के ही पप्पू के साले अरमान नोनी के साथ देखा गया था। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि इस पर किशोरी के पिता ने पप्पू और उसके पिता कैलाश से पूछताछ की तो उन्होंने उसे धमकी देकर भगा दिया। राय ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर 26 मई को अरमान, कैलाश और कैलाश के बेटे पप्पू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की अपहरण और जानबूझकर अपमान करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की गई थी। उन्होंने बताया कि रविवार को एक सूचना के आधार पर जौनपुर जिले के बख्शा थानाक्षेत्र में एक मकान से किशोरी को बरामद कर आरोपी अरमान नोनी को गिरफ्तार किया गया है। राय ने बताया कि किशोरी की मेडिकल जांच सोमवार को कराई गई है और अदालत में कलमबंद बयान के बाद अन्य सुसंगत धारा भी जोड़ी जायेंगी। इस मामले में आरोपी का जीजा पप्पू और उसका पिता कैलाश फरार हैं।राजनीतिक ‘संन्यास' नहीं लूंगी, भाजपा को हाशिये पर धकेलने तक नहीं रुकूंगी- ममता बनर्जी
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि वह राजनीतिक ’संन्यास’ नहीं लेंगी और तब तक नहीं रुकेंगी जब तक वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हाशिये पर नहीं धकेल देतीं। बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ’फेसबुक’ पर यह भी कहा कि राज्य की सत्ता में बदलाव के चार महीने के भीतर ही लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का असली चेहरा देख लिया है। बनर्जी ने आरोप लगाया कि जनगणना की कवायद राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लागू करने की एक और ’पिछले दरवाजे से की गई कोशिश’ है और इसे राजनीतिक दलों से सलाह किए बिना लागू किया गया। उन्होंने लोगों को जनगणना के फॉर्म पर हस्ताक्षर करने और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से पहले सतर्क रहने को कहा तथा चेतावनी दी कि इससे उनकी निजी बचत तक खत्म हो सकती है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं द्वारा अन्नपूर्णा भंडार वित्तीय सहायता योजना की राशि के वितरण में कथित देरी को लेकर किए जा रहे प्रदर्शनों के बीच बनर्जी ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार अपात्रता का हवाला देकर लाभार्थियों की संख्या घटा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री बनर्जी ने आरोप लगाया, ’’हमने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लक्ष्मीर भंडार शुरू किया था, लेकिन भाजपा अन्नपूर्णा भंडार का पैसा देने में धर्म और जाति को आधार बना रही है। वह चुनाव से पहले सभी महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना का पैसा देने के अपने वादे का उल्लंघन कर रही है और अब उन्हें धोखा दे रही है।’’ यादवपुर विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और वामपंथी छात्रों के बीच झड़पों के बीच उन्होंने भाजपा पर परिसर में तोड़फोड़ करवाने का आरोप लगाया और कहा, ’’वहां कुछ छात्रों के साथ हमारे मतभेद होने के बावजूद हम उनका सम्मान करते हैं।’’ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि इस कवायद के जरिए लाखों वास्तविक मतदाताओं के नाम अवैध रूप से हटा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फिर से उच्चतम न्यायालय का रुख करेंगी।दिल्ली में भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलजमाव, यातायात जाम से लोग परेशान
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को भारी बारिश से कई इलाकों में सड़कों पर कमर तक पानी भर गया, गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और आम जनजीवन थम-सा गया। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर के जनकपुरी इलाके में सर्वाधिक 67 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों, मथुरा रोड, कनॉट प्लेस, भैरों मार्ग, आईटीओ और जखीरा अंडरपास सहित कई प्रमुख जगहों पर जलजमाव के कारण लंबा यातायात जाम लग गया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में संगम विहार में कम से कम एक दर्जन छात्रों को कमर तक गहरे पानी से होकर गुजरते हुए देखा गया। पुरानी दिल्ली इलाके में बारिश का पानी जमा होने के कारण सदर बाजार के लोगों को भी कमर तक गहरे पानी से होकर गुजरना पड़ा। कुछ हफ्ते पहले भी इलाके के लोगों को ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा था। कमला नगर बाजार इलाके की सड़कों पर भी जल जमाव की शिकायत मिली। दोपहल 1:15 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को जनकपुरी में सर्वाधिक 67 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि छतरपुर में 57 मिलीमीटर, पीतमपुरा में 35 मिलीमीटर और सफदरजंग में 29 मिलीमीटर वर्षा हुई। यात्रियों ने सराय काले खां, मथुरा रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे के पास भारी यातायात जाम की सूचना दी, जबकि लुटियंस दिल्ली में बिशंबर दास मार्ग और संसद मार्ग के आसपास के क्षेत्रों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। भैरों मार्ग, आईटीओ, मथुरा रोड, कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्कल, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन, बुराड़ी, सीआर पार्क और अलकनंदा के पास भी सड़कों पर पानी जमा होने की खबर मिली, जिससे यातायात में रुकावट आई और पैदल चलने वालों को भी परेशानी हुई। बाहरी दिल्ली के संगम विहार और भलस्वा इलाके से भी जलभराव की खबर मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह 8.30 बजे से पूर्वाह्न 11.30 बजे के बीच दिल्ली में सबसे ज्यादा 28 मिलीमीटर बारिश छतरपुर में दर्ज की गई, जबकि लोधी रोड में 24.6 मिलीमीटर, पीतमपुरा में 18.5 मिलीमीटर, रिज में 5 मिलीमीटर, मयूर विहार में 1.5 मिलीमीटर, सफदरजंग में 1 मिलीमीटर और आयानगर में 0.1 मिलीमीटर वर्षा हुई। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में कुछ घंटों के लिए भारी बारिश का ’रेड अलर्ट’ जारी किया है। शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। दक्षिण-पूर्व दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्व दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नयी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली और उत्तर दिल्ली के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले दिन में सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा था। शहर में रिज में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।हल्द्वानी के विद्यालय में भूत-प्रेत की अफवाह फैलने से मची अफरातफरी
उत्तराखंड में नैनीताल जिले के एक विद्यालय में सोमवार को कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद भूत-प्रेत की अफवाह फैल गयी जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूत्रों के अनुसार बनभूलपुरा इलाके के एक निजी इंटर कॉलेज में ’यूनिट टेस्ट’ चल रहा था, इसी दौरान 10 वीं और 11वीं कक्षाओं की एक-दो छात्राओं ने तबीयत खराब होने और चक्कर आने की शिकायत की। सूत्रों के मुताबिक इनमें से एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने से आसपास बैठी छात्राएं घबरा गईं और कुछ डर के कारण रोने भी लगीं । सूत्रों का कहना है कि इसके बाद, छात्राओं के बीच भूत-प्रेत की अफवाह फैल गई और देखते ही देखते कई कक्षाओं में छात्राएं भयभीत हो गईं । इस कारण परीक्षा भी प्रभावित हो गयी । सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया। हालात सामान्य होने के बाद स्कूल में छुट्टी कर दी गई। स्कूल की प्रवक्ता नीलम ने बताया कि कुछ छात्राओं की तबीयत खराब होने की बात सामने आई थी। उन्होंने कहा कि स्कूल में स्थिति पूरी तरह सामान्य है ।भाजपा नेताओं ने अरुण जेटली को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारियों ने सोमवार को देश के पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, भाजपा के कई विधायक और अन्य नेताओं ने दिल्ली भाजपा कार्यालय तथा सिरी फोर्ट सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। अरुण जेटली की पत्नी संगीता, बेटे रोहन और बेटी सोनाली ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने भी जेटली को पुष्पांजलि अर्पित की। सुबह दिल्ली भाजपा कार्यालय में औपचारिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके बाद सिरी फोर्ट स्थित अरुण जेटली पार्क में स्मृति कार्यक्रम हुआ। मल्होत्रा ने कहा, ’’अरुण जी केवल पूर्व वित्त मंत्री नहीं थे, बल्कि एक प्रखर वक्ता, कुशल संगठनकर्ता और सबसे बढ़कर सभी के मित्र थे। उनके राजनीतिक विरोधी भी उन्हें सम्मानपूर्वक सुनते थे, क्योंकि उनकी बातों में तर्क, तथ्य और आत्मीयता होती थी।’’ मुख्यमंत्री गुप्ता ने जेटली को छात्र नेता, कुशल वकील, खेलों के प्रति उत्साही और ऐसे राजनेता के रूप में याद किया, जिन्होंने दिल्ली की जनता की सेवा की और हमेशा शहर के विकास के लिए आवाज उठाई। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) शिव प्रकाश और केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी सिरी फोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और फरीदाबाद में ED के छापे
एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED), फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लेने और उसे आगे पास करने के मामले में, प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और फरीदाबाद में नौ जगहों पर तलाशी ले रहा है।डोभाल बीजिंग रवाना हो गए
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल मंगलवार को भारत-चीन के बीच सीमा विवाद पर 'विशेष प्रतिनिधियों' की बातचीत के 25वें दौर के लिए बीजिंग रवाना हो गए हैं। डोभाल इस बातचीत के लिए चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मिलेंगे।सरकार के वरिष्ठ सूत्रों के मुताबिक, बातचीत का मुख्य फोकस 'लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल' (LAC) पर सीमा पर स्थिरता और तनाव कम करने पर होगा। ब्रिक्स समिट के लिए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भारत यात्रा से ठीक पहले डोभाल का बीजिंग दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
MLA अनिल झा, MLA अभय पाटिल घायल
पुलिस ने बताया कि रविवार रात मध्य दिल्ली में ITO के पास विकास मार्ग पर PWD हेडक्वार्टर के पास एक हैचबैक कार रोड डिवाइडर पार करके एक SUV से टकरा गई, जिससे दिल्ली आम आदमी पार्टी के MLA अनिल झा और कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी के MLA अभय पाटिल समेत कम से कम छह लोग घायल हो गए। हादसे के समय दोनों विधायक SUV में यात्रा कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि घायलों को मामूली चोटें आईं और उन्हें लोक नायक अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत स्थिर है।'निशांत कुमार अपने पिता और पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार के पदचिह्नों पर चलेंगे'
JDU के सीनियर नेता देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अपने पिता और पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार के पदचिह्नों पर चलेंगे और आगे चलकर राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने यह बात पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही, जब निशांत कुमार सीतामढ़ी के दौरे पर थे और जिले भर में JDU कार्यकर्ताओं ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया।हिमाचल प्रदेश: पांवटा साहिब में कुंड में नहाने के दौरान दो बच्चों की डूबने से मौत
सिरमौर जिले में दो बच्चों की एक कुंड में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि निहालगढ़ क्षेत्र के पांच बच्चे रविवार शाम पांवटा उपमंडल के जंबू खाला में नहाने गए थे। उसने बताया कि नहाने के दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा तथा उसे बचाने की कोशिश में दूसरा बच्चा भी गहरे पानी में डूब गया।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुरुवाला थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रोहित (नौ), सिद्धार्थ (नौ) और अंकुर (आठ) को सुरक्षित बाहर निकाला तथा उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया।
उसने बताया कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी अनवर के बेटे जाबिर (नौ) और बिहार के समस्तीपुर निवासी सिकंदर के बेटे सत्यम (आठ) की डूबने से मौत हो गई।
पांवटा के पुलिस उपाधीक्षक मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान की निगरानी की। उन्होंने बताया कि गोताखोरों की मदद से अंधेरे में टॉर्च की रोशनी के सहारे सत्यम और जाबिर की तलाश शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चे गहरे कुंड से बरामद किए गए जिसके बाद उन्हें पांवटा अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए पांवटा साहिब के सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
साइबर धोखाधड़ी के देशव्यापी मामले में ईडी ने दो लोगों को गिरफ्तार किया
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने देशभर में कथित साइबर धोखाधड़ी और ’डिजिटल अरेस्ट’ से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।इस मामले में करीब 30,000 करोड़ रुपये के लेनदेन का संदेह है। सूत्रों ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि फहीम मोइन हुसैन सैयद और नईम मुईन सैयद को रविवार को मुंबई से हिरासत में लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने यह जांच उस घटना के बाद शुरू की थी जिसमें साइबर जालसाजों ने गोवा की एक महिला को कथित तौर पर ’डिजिटल अरेस्ट’ कर मई से जून 2025 के बीच 2.60 करोड़ रुपये कुछ कथित ’’सीक्रेट सुपरविजन अकाउंट’’ में अंतरित करने के लिए उसे मजबूर किया।
’डिजिटल अरेस्ट’ साइबर ठगी का एक तरीका है, जिसमें जालसाज खुद को पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल के जरिए व्यक्ति को डराते-धमकाते हैं और उससे धन ऐंठते हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के अधीन आने वाली एजेंसी ने दोनों आरोपियों को रविवार को मुंबई में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की एक विशेष अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें गोवा के पणजी ले जाने के लिए ईडी को उनकी ’ट्रांजिट रिमांड’ दे दी। यह मामला गोवा में दर्ज है।
एजेंसी दोनों को सोमवार को पणजी की एक विशेष अदालत में पेश कर उनकी हिरासत का अनुरोध करेगी ताकि वह उनसे पूछताछ कर सके। जांच के दौरान एजेंसी को पता चला कि पीड़िता से ठगी गई रकम बैंक खातों में जमा कराई गई, फिर उसे नकद निकाला गया और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से लाइसेंस प्राप्त मुद्रा परिवर्तकों के जरिए विदेशी मुद्रा में बदला गया।
सूत्रों ने बताया कि एजेंसी को संदेह है कि इस कथित साइबर अपराध नेटवर्क के जरिए करीब 27,000 करोड़ रुपये का बैंक लेनदेन और 3,000 करोड़ रुपये का नकद लेनदेन किया गया। यह नेटवर्क 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में दर्ज करीब 300 शिकायतों और 150 से 160 प्राथमिकियों से जुड़ा बताया जा रहा है।
महाराष्ट्र के अमरावती में सरकारी अस्पताल की एनआईसीयू में आग, तीन शिशुओं की मौत
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में सोमवार तड़के एक सरकारी अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में आग लगने से तीन शिशुओं की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि यह घटना जिला महिला अस्पताल में हुई। एक अधिकारी ने बताया कि अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित एनआईसीयू में एक वेंटिलेटर से तड़के करीब सवा तीन बजे अचानक चिंगारी निकली जिससे वहां आग लग गई।
ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने आग लगने के बाद शिशुओं को एनआईसीयू से बाहर निकाला लेकिन तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि छह शिशुओं को एक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली प्रदर्शन से गायब रहने वालों सांसदों पर एक्शन की तैयारी में कांग्रेस! लिस्ट हो रही तैयार
राहुल गांधी से क्यों नाराज है शिवसेना (UBT)? मनाने में लगी कांग्रेस ने कहा- राष्ट्रपति से मिलने साथ चलो, सामने से आया- 'NO'
राहुल-प्रियंका से लेकर अज्ञात तक: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ 25 FIR, जानें आरोप
'मोदी विरोध में क्या आप भारत की खिलाफत करेंगे?' मस्क का समर्थन करने पर तेजस्वी सूर्या ने राहुल गांधी से पूछा
‘ट्रंप को खुश करने का नहीं मिला फायदा’, जयराम रमेश ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, कांग्रेस नेता ने क्यों कहा ऐसा?
© 2026 Times Horizon Private Limited
