LIVE

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 2 जुलाई 2024: हाथरस में सत्संग में भगदड़, 116 की मौत, लोकसभा में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी

LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 2 जुलाई 2024
आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 2 जुलाई 2024: हाथरस में सत्संग में भगदड़, 116 की मौत, लोकसभा में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 2 जुलाई 2024 और बड़ी खबरें: हाथरस जिले के सिकन्दराराऊ क्षेत्र में आयोजित एक सत्संग में मंगलवार को भगदड़ मच गयी जिसमें कम से कम 27 लोगों की मौत हो गयी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। सिकन्दराराऊ के थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि इस थाना क्षेत्र के फुलराई गांव में भोलेबाबा के सत्संग के दौरान यह भगदड़ मच गयी जिसमें कई लोगों की मौत हो गयी है तथा अनेक अन्य घायल हो गये हैं। इस बीच, पड़ोस में स्थित एटा जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी उमेश चंद्र त्रिपाठी और जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि भगदड़ में मारे गये 116 लोगों के शव एटा के पोस्टमार्टम हाउस भेजे जा चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष खासकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि देश की जनता ने हर कसौटी पर कसते हुए और 10 साल के ट्रैक रिकॉर्ड को देखकर तीसरी बार उन्हें जनादेश दिया है, लेकिन कुछ लोगों की पीड़ा समझी जा सकती है, जिन्हें लगातार झूठ चलाने के बाद भी घोर पराजय का सामना करना पड़ा। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के ताजा अपडेट्स...

JUL 02, 2024 22:48 IST

असम के मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को गोलाघाट जिले के बोकाखाट के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया।उन्होंने एक नौका से जलमग्न इलाकों का दौरा किया और बाद में नेगेरिटिंग-रोंगागोराह ड्यूक से निकोरी पीडब्ल्यूडी रोड तक तटबंध में दरार के चलते राहत शिविरों में शरण लेने वाले लोगों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
JUL 02, 2024 22:48 IST

बालासोर शहर से मंगलवार आधी रात से कर्फ्यू हटा लिया जाएगा

ओडिशा के हिंसा प्रभावित बालासोर शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार होने के बाद सभी इलाकों से मंगलवार रात से कर्फ्यू हटा लिया जाएगा। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।उत्तरी ओडिशा के शहर में 17 जून को झड़प के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था। बाद में केवल रात्रि कर्फ्यू लागू किया गया था।
JUL 02, 2024 21:24 IST

अलकनंदा नदी खतरे के निशान के पार

भीषण गर्मी के बाद प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है। मूसलाधार बारिश के चलते उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में अलकनंदा नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी है। तप्त कुंड से अलकनंदा नदी पहले 15 फीट नीचे बहती थी, अब इसका जल स्तर महज 6 फीट रह गया है। नदी के रौद्र रूप ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिला प्रशासन भी एक्शन मोड में आ गया है। पुलिस ने तप्त कुंड को खाली करवा दिया है। साथ ही चार धाम यात्रियों और आस-पास के इलाकों के स्थानीय निवासियों को भी सतर्क कर दिया है।
JUL 02, 2024 21:23 IST

18वीं लोकसभा का पहला सत्र समाप्त

18वीं लोकसभा का पहला सत्र मंगलवार को समाप्त हो गया। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लोकसभा द्वारा मंगलवार को पारित किए जाने के बाद लोकसभा स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।
JUL 02, 2024 19:51 IST

पीएम मोदी ने हाथरस हादसे पर जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में हाथरस हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई भगदड़ में अनेकों लोगों की दुखद मृत्यु की जानकारी आ रही है। जिन लोगों की इस हादसे में जान गई है, मैं उनके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं, मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। मैं इस सदन के माध्यम से सभी को ये भरोसा देता हूं कि पीड़ितों की हर तरह से मदद की जाएगी।“
JUL 02, 2024 18:57 IST

इंदौर के बाल आश्रम में चार बच्चों की सिलसिलेवार मौत

इंदौर के एक बाल आश्रम में सिलसिलेवार चार बच्चों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जबकि 23 बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत के साथ एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मल्हारगंज थाना क्षेत्र में "श्री युगपुरुष धाम" के बाल आश्रम में रविवार से मंगलवार तक शुभ (आठ), करण (12), आकाश (सात) और छोटा गोविंद (पांच) ने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि ये बच्चे किसी न किसी शारीरिक या मानसिक परेशानी और विकलांगता से जूझ रहे थे।
JUL 02, 2024 17:18 IST

लोकसभा में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष खासकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि देश की जनता ने हर कसौटी पर कसते हुए और 10 साल के ट्रैक रिकॉर्ड को देखकर तीसरी बार उन्हें जनादेश दिया है, लेकिन कुछ लोगों की पीड़ा समझी जा सकती है, जिन्हें लगातार झूठ चलाने के बाद भी घोर पराजय का सामना करना पड़ा।
JUL 02, 2024 17:13 IST

राहुल गांधी पर भयंकर गुस्सा हो गए ओम बिरला

मंगलवार को जब पीएम मोदी सदन में पहुंचे और राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देने लगे तो विपक्ष की ओर से हंगामा शुरू हो गया। विपक्ष मणिपुर हिंसा को लेकर नारेबाजी करने लगा। हालांकि पीएम मोदी नारेबाजी से रुके नहीं और अपना संबोधन देते रहे, इसी बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कुछ ऐसा कर दिया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भड़क उठे। उन्होंने राहुल गांधी को चेतावनी तक दे डाली। पढ़ें पूरी खबर
JUL 02, 2024 15:44 IST

यूपीआई से लेनदेन जून में 49 प्रतिशत बढ़ा

भारत में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) प्लेटफॉर्म से लेनदेन की संख्या सालाना आधार पर 49 प्रतिशत बढ़कर 13.9 अरब हो गई है। नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) द्वारा जारी किए गए डेटा में यह जानकारी दी गई है।
JUL 02, 2024 15:44 IST

सड़क से संसद तक मचा बवाल

लोकसभा के पहले सत्र के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हिंदुत्व पर दिए गए बयान से बवाल मच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा नेताओं ने उनके बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा इस बयान को लेकर सड़क से संसद तक पुरजोर तरीके से विरोध कर रही है। मुंबई में भाजपा कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ सड़कों पर उतर गए हैं। उन्होंने हाथ में राहुल गांधी का पोस्टर लेकर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
JUL 02, 2024 14:37 IST

हथियार और गोला-बारूद बरामद

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को तलाशी अभियान के दौरान हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि कुपवाड़ा पुलिस से मिली विशेष जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने उत्तरी कश्मीर जिले के दर्दपोरा क्रालपोरा के नांगरी वन क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया।
JUL 02, 2024 14:01 IST

हरियाणा के करनाल में मालगाड़ी से कंटेनर गिरे, रेल यातायात प्रभावित

हरियाणा के करनाल जिले में तरावड़ी के निकट मंगलवार सुबह एक मालगाड़ी से कुछ कंटेनर पटरी पर गिर गए, जिससे दिल्ली-अंबाला व्यस्त मार्ग पर रेल यातायात बाधित हो गया।राजकीय रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह ट्रेन अंबाला से दिल्ली जा रही थी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
JUL 02, 2024 13:23 IST

राहुल गांधी ने ओम बिरला को लिखा पत्र

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने स्पीकर ओम बिरला को अपने भाषण से हटाए गए अंशों और टिप्पणियों के बारे में पत्र लिखा है। उन्होंने अनुरोध किया है कि टिप्पणियों को बहाल किया जाए। पत्र में लिखा है कि यह देखकर स्तब्ध हूं कि मेरे भाषण के काफी हिस्से को कार्यवाही से हटा दिया गया है। मेरी टिप्पणियों को रिकॉर्ड से हटाना संसदीय लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।
JUL 02, 2024 13:22 IST

पश्चिम बंगाल: इंजन ऑयल फैक्टरी में लगी भीषण आग

कोलकाता के धापा के शैराबाद में एक इंजन ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। 5 दमकल गाड़ियां मौके पर हैं। आग बुझाने का काम जारी है।
JUL 02, 2024 13:20 IST

NEET-UG मामले में 8 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई

NEET-UG परीक्षा से जुड़े सभी मामलों की सुनवाई के लिए मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता में बेंच गठित कर दी गई है। इस पीठ में सीजेआई के अलावा जस्टिस जेबी पारदीवाला और मनोज मिश्रा भी शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट 8 जुलाई को अहम सुनवाई करेगा।
JUL 02, 2024 12:25 IST

स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल को लिखा पत्र

दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से आग्रह किया है कि वो 181 महिला हेल्पलाइन के बंद होने और आयोग (डीसीडब्ल्यू) के 'व्यवस्थागत क्षरण' पर ध्यान दें और जरूरी कदम उठाएं। उन्होंने केजरीवाल को लिखे पत्र में कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
JUL 02, 2024 11:34 IST

80 की 80 सीट जीत जाऊं तब भी EVM पर भरोसा नहीं: अखिलेश यादव

JUL 02, 2024 11:28 IST

अखिलेश यादव ने सरकार पर बोला हमला

संसद में सपा नेता अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंंने कहा, यह देश किसी एक व्यक्ति की मनमर्जी से नहीं चलेगा।
JUL 02, 2024 11:20 IST

सेंसेक्स, निफ्टी ने शुरुआती कारोबार में नए उच्च स्तर पर

घरेलू बाजार सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती कारोबार में अपने-अपने नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गए।बीएसई का 30 शेयर वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 379.68 अंक चढ़कर 79,855.87 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी 94.4 अंक की बढ़त के साथ 24,236.35 अंक के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा।
JUL 02, 2024 10:57 IST

अमरोहा में भारी बारिश से गिरा मकान, 8 साल के बच्चे की मौत

उत्तर प्रदेश में बारिश की वजह से कई लोगों के चेहरों पर मुस्कान है, तो कहीं-कहीं बारिश लोगों पर कहर बनकर टूटी है। अमरोहा जिले में बारिश की वजह से एक मकान भरभराकर गिर पड़ा, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई। मामला देहात थाना क्षेत्र के गांव सिरसा खुमार गांव का है।