LIVE
आज की ताजा खबर: जापानी एयरलाइंस के विमान में लगी आग; कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं वाईएस शर्मिला
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज 2 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। आज सुबह भी कई शहरों में कोहरे और ठंड का असर दिख रहा है। वहीं, दिल्ली सरकार ने सोमवार को बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों पर से पाबंदी हटा ली है। उधर, दिल्ली में नए साल पर भारी भीड़ उमड़ी और लुटियन दिल्ली में भारी जाम लग गया। मेट्रो स्टेशनों के अंदर और बाहर लोगों को लंबी कतारों में देखा गया। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 2 जनवरी की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।
Check: Weather Forecast, Aaj ka Mausam Kaisa Rahega Live Updates Here
JAN 02, 2024 22:17 IST
एक साल के अंदर लागू होंगे तीन नए आपराधिक कानून
तीन नए आपराधिक-न्याय कानून- भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) 26 जनवरी तक अधिसूचित किए जाएंगे और देशभर में एक वर्ष के भीतर लागू कर दिए जाएंगे। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बता दें, तीनों कानून हाल ही में संपन्न संसद के शीतकालीन सत्र में पारित किए गए थे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 25 दिसंबर को अपनी सहमति दे दी थी।
JAN 02, 2024 22:04 IST
26 जनवरी से पहले अधिसूचित होंगे तीन नए कानून
तीन नए आपराधिक-न्याय कानून- भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) 26 जनवरी तक अधिसूचित किए जाएंगे और देशभर में एक वर्ष के भीतर लागू कर दिए जाएंगे। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
JAN 02, 2024 21:29 IST
दिल्ली भाजयुमो अध्यक्ष शशि यादव पार्टी से निष्कासित
दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष शशि यादव को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
JAN 02, 2024 21:18 IST
नोएडा में भी 6 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टी
गौतमबुद्ध नगर में बढ़ती ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा एक से 8 तक सभी स्कूलों को 6 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।
JAN 02, 2024 20:08 IST
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए दिया नया नारा
2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी तैयारियों में जुट गई है। भाजपा आम चुनावों के लिए कोई भी कसर बाकी रहना नहीं देनी चाहती है। ऐसे में पार्टी ने विपक्ष के INDIA गठबंधन से मुकाबला करने के लिए कार्यकर्ताओं को नया नारा दिया है। पार्टी ने मंगलवार को चुनावी रणनीति को लेकर हुई बैठक में कार्यकर्ताओ को नया नारा दिया- 'तीसरी बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार।'
JAN 02, 2024 18:28 IST
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा को लेकर शाह ने की बैठक
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय ग्रह मंत्री अमित शाह ने आज उपराज्यपाल मनोज सिन्हा व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा बैठक की।
JAN 02, 2024 17:36 IST
लखनऊ में ठंड के चलते 6 जनवरी तक स्कूल बंद
शीत लहर को देखते हुए लखनऊ में जिला प्रशासन ने मंगलवार को कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए स्कूलों को 6 जनवरी तक बंद करने की घोषणा की है।
JAN 02, 2024 17:32 IST
रजनीकांत को भी मिला राम मंदिर के उद्घाटन समारोह का निमंत्रण
बीजेपी नेता रा.अर्जुनमूर्ति ने ट्वीट कर बताया कि अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन समारोह के लिए अभिनेता रजनीकांत को आमंत्रित किया गया है।
JAN 02, 2024 17:16 IST
चंडीगढ़ पेट्रोल-डीजल पर की पाबंदी
चंडीगढ़ प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला लिया है। पेट्रोल-डीजल की किल्लत को देखते हुए बिक्री की सीमा निर्धारित की गई है। दो पहिया वाहन में 2 लीटर तो चार पहिया वाहन में सिर्फ 5 लीटर पेट्रोल ही डाला जाएगा।
JAN 02, 2024 16:57 IST
अनेक संभावनाओं से भरा है लक्षद्वीप- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लक्षद्वीप में कहा कि लक्षद्वीप अनेक संभावनाओं से भरा है, लेकिन आजादी के बाद लंबे समय तक लक्षद्वीप के इंफ्रास्ट्रक्चर पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। शिपिंग यहां की जीवन रेखा है, लेकिन यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर कमजोर है। चाहे स्वास्थ्य हो, शिक्षा हो, पेट्रोल हो या डीजल, लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हमारी सरकार अब इन सभी चुनौतियों का समाधान कर रही है। कई क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। भारत सरकार लक्षद्वीप के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
JAN 02, 2024 15:19 IST
जापान में एक विमान में लगी आग
टोक्यो के हनेडा एयरपोर्ट पर जापान एयरलाइंस के एक विमान में आग लग गई है। जापान के एनएचके समाचार की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारी आग बुझाने में जुटे हैं।
JAN 02, 2024 14:58 IST
भारत न्याय यात्रा के लिए कांग्रेस ने बुलाई बैठक
'भारत न्याय यात्रा' की तैयारी के लिए कांग्रेस पार्टी ने कल सुबह 11 बजे AICC में महासचिवों और प्रदेश प्रभारियों की बैठक बुलाई है। जानकारी के मुताबिक, बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे।
JAN 02, 2024 14:25 IST
कांग्रेस में शामिल होंगी वाईएस शर्मिला
तेलंगाना के बाद कांग्रेस अब आंध्र प्रदेश में अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की जुगत में जुट गई है। सूत्रों के मुताबिक, वाईएसआर तेलंगाना पार्टी की संस्थापक अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री व वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के प्रमुख जगन मोहन रेड्डी की बहन वाईएस शर्मिला इस हफ्ते कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं।
JAN 02, 2024 14:07 IST
जापान में भूकंप में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 48 हुई
जापान में आए भूकंप में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 48 हुई: सरकारी अधिकारी।
JAN 02, 2024 13:35 IST
केजरीवाल को ईडी की ओर से जारी समन पर आप का जवाब
आम आदमी पार्टी की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से जारी समन पर पार्टी कानून के मुताबिक कदम उठाएगी। ईडी ने आबकारी नीति से जुड़े धन सोशन मामले में केजरीवाल को पूछताछ के लिए तीन जनवरी को बुलाया है। संवाददाता सम्मेलन में कक्कड़ से पूछा गया कि क्या केजरीवाल पूछताछ के लिए ईडी के सामने पेश होंगे। उन्होंने कहा कि इस सवाल का जवाब हमारी कानूनी टीम ही बेहतर दे सकेगी। हम कानून के अनुसार काम करेंगे।
JAN 02, 2024 13:34 IST
ट्रांसजेंडर टीचर को नौकरी से निकाला, खटखटाया SC का दरवाजा
सुप्रीम कोर्ट उस ट्रांसजेंडर शिक्षिका की याचिका पर सुनवाई करने के लिए मंगलवार को सहमत हो गया, जिसकी सेवा गुजरात और उत्तर प्रदेश के अगल-अलग निजी स्कूलों ने उसकी लैंगिक पहचान उजागर होने के बाद समाप्त कर दी थी। भारत के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जे बी परदीवला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने ट्रांसजेंडर महिला की याचिका पर केंद्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश सरकारों को नोटिस जारी करते हुए कहा कि हम देखेंगे कि इस मामले में हम क्या कर सकते हैं।
JAN 02, 2024 13:18 IST
पंजाब, हरियाणा के कई हिस्सों में सर्दी का सितम जारी
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में मंगलवार को भी सर्दी का सितम जारी रहा और बठिंडा में तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। मौसम कार्यालय ने यह जानकारी दी। मौसम कार्यालय के अनुसार, पंजाब के पटियाला में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, अमृतसर में 8.3 डिग्री, लुधियाना में आठ डिग्री और फरीदकोट में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री, करनाल में आठ डिग्री, नारनौल में 7.5 डिग्री और भिवानी में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम अधिकारियों ने बताया कि दोनों राज्यों में कई स्थानों पर मंगलवार को सुबह कोहरा भी छाया रहा।
JAN 02, 2024 13:16 IST
जम्मू में हल्का भूकंप
जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को 3.9 तीव्रता का भूकंप आया, लेकिन किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि सुबह 11 बजकर 33 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किये गए। उसने बताया कि भूकंप का केंद्र भू-सतह से पांच किलोमीटर की गहराई में था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कहीं से किसी भी तरह नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
JAN 02, 2024 13:15 IST
भारतीय युवा एक साहसी और नयी दुनिया बना रहे हैं: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय युवा एक साहसी और नयी दुनिया बना रहे हैं तथा हमारे नवोन्मेषकों ने पेटेंट की संख्या बढ़ाकर अब लगभग 50,000 कर दी है जो 2014 में करीब 4,000 थी। तिरुचिरापल्ली में तमिलनाडु सरकार की ओर से संचालित भारतीदासन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कवि भारतीदासन के तमिल छंदों ‘पुथियाथोर उलागम सेवोम’ का हवाला दिया और कहा कि इसका मतलब एक साहसी, नई दुनिया बनाना है जो विश्वविद्यालय का आदर्श वाक्य भी है। मोदी ने कहा कि भारतीय युवा पहले से ही ऐसी दुनिया बना रहे हैं। इस विश्वविद्यालय का नाम भारतीदासन के ही नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय वैज्ञानिक चंद्रयान जैसे अभियानों के माध्यम से दुनिया के नक्शे पर पहुंच चुके हैं और हमारे नवोन्मेषकों ने पेटेंट की संख्या 2014 में लगभग 4,000 से बढ़ाकर अब लगभग 50,000 कर दी है।
JAN 02, 2024 12:09 IST
