LIVEआज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 17 जून 2024 : कंचनजंगा एक्सप्रेस से टकराई मालगाड़ी, 9 लोगों की मौत; विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने नियुक्त किए प्रभारी

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 17 जून 2024 : कंचनजंगा एक्सप्रेस से टकराई मालगाड़ी, 9 लोगों की मौत; विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने नियुक्त किए प्रभारी
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 17 जून 2024 और बड़ी खबरें: पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में सोमवार को सुबह एक मालगाड़ी की टक्कर लगने के कारण सियालदह जाने वाली कंचनजंघा एक्सप्रेस के पीछे के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे कम से कम 9 यात्री मारे गए और 30 से ज्यादा घायल हो गए। अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने सोमवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान सुलिवन ने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति के बारे में जहां प्रधानमंत्री को अवगत कराया वहीं मोदी ने नए कार्यकाल में भारत-अमरीका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट अपने पास रखेंगे और केरल की वायनाड सीट खाली कर देंगे, जहां से उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा उपचुनाव लड़ेंगी। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के अपडेट्स...
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सुलिवन ने की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात
अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने सोमवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान सुलिवन ने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति के बारे में जहां प्रधानमंत्री को अवगत कराया वहीं मोदी ने नए कार्यकाल में भारत-अमरीका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में यह जानकारी दी।
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने की प्रधानमंत्री मोदी से की भेंट
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री से स्नेहपूर्ण आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिला।उन्होंने कहा, ‘‘आज राजधानी दिल्ली में विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, 140 करोड़ भारतीयों के सुख, समृद्धि और कल्याण के लिए साधनारत, भारत के 'अमृतकाल के सारथी' प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से स्नेहपूर्ण भेंट कर उनका स्नेहिल आशीर्वाद व आत्मीय मार्गदर्शन प्राप्त किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व में केंद्र की राजग सरकार 'आत्मनिर्भर भारत-विकसित भारत' के निर्माण और जन जन की सतत सेवा हेतु पूर्णतः संकल्पित है।’’
मुठभेड़ में पांच माओवादी ढेर
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में सोमवार को तड़के सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में दो महिलाओं समेत कम से कम पांच माओवादी मारे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक यह मुठभेड़ झारखंड की राजधानी रांची से करीब 200 किलोमीटर दूर गुआ पुलिस थाना क्षेत्र के लिपुंगा इलाके के पास सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई।
कंचनजंघा एक्सप्रेस दुर्घटना: नौ व्यक्तियों की मौत, 41 घायल-रेल मंत्रालय ने कहा
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में सोमवार को कंचनजंघा एक्सप्रेस दुर्घटना में सात यात्रियों और दो रेलवे कर्मचारियों की मौत हो गई जबकि 41 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी रेल मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े से मिली। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि नौ लोगों को गंभीर चोटें आयीं हैं और 32 को मामूली चोटें आयी हैं। मंत्रालय ने कहा कि "अप लाइन" को ठीक करते हुए उस पर ट्रेन परिचालन शुरू कर दिया गया है। साथ ही कहा कि "डाउन लाइन" को भी जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा।"
वायनाड से इस्तीफा देंगे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी वायनाड से इस्तीफा देंगे और रायबरेली से सांसद बने रहेंगे। वायनाड से प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेगी।
पुतिन किम से करेंगे मुलाकात
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मंगलवार को दो दिवसीय यात्रा पर उत्तर कोरिया पहुंचेंगे। यह 24 वर्षों में पुतिन की उत्तर कोरिया की पहली यात्रा होगी। यह घोषणा दोनों देशों ने की। उम्मीद है कि पुतिन उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच वार्ता सैन्य सहयोग बढ़ाने पर केंद्रित होगी। दोनों देश अमेरिका के साथ अपने अलग-अलग मतभेदों के मद्देनजर अपने गठबंधन को और मजबूत कर रहे हैं।
बिहार में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून की तैयारी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 'सात निश्चय' के तहत अगले साल तक प्रदेश में 5 लाख से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। सुशासन के कार्यक्रम 2020-25 के तहत 15 दिसंबर 2020 से लागू 'सात निश्चय-2' के अंतर्गत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उप मुख्यमंत्री, संबंधित विभागों के मंत्रियों, सचिव सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर अगले एक वर्ष में लक्ष्य प्राप्ति के लिए बची हुई नौकरी एवं रोजगार देने के काम को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
कंचनजंगा एक्सप्रेस हादसा : दुर्घटनास्थल पर पहुंचे रेल मंत्री
पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी में हुए ट्रेन हादसे के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। रेल मंत्री दुर्घटनास्थल पर पहुंचने से कुछ दूर पहले ही अपने काफिले के साथ रूक गए थे। इसके बाद पैदल ही दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने आगे एक बाइक सवार के साथ बैठकर दुर्घटनास्थल तक का सफर पूरा किया। रेलवे के अधिकारियों के साथ रेल मंत्री ने मौके पर दुर्घटना की जानकारी ली। इसके अलावा दुर्घटना के घायलों से मिलने अस्पताल भी पहुंचे। बता दें कि एक मालगाड़ी ने सियालदह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कंचनजंगा एक्सप्रेस की कई बोगियां पटरी से उतर गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हैं। यह हादसा सोमवार सुबह लगभग नौ बजे हुआ।
मुठभेड़ में आतंकवादी ढेर
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने रविवार रात जिले के अरागाम इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने बताया कि एक आतंकवादी मारा गया है। उसने बताया कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक अभियान जारी था।
पूर्वांचल सहकारी बैंक का लाइसेंस रद्द
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर स्थित पूर्वांचल सहकारी बैंक का लाइसेंस रद्द कर दिया है। केंद्रीय बैंक ने कहा कि पूर्वांचल सहकारी बैंक के पास पर्याप्त पूंजी और कमाई की संभावनाएं नहीं हैं। आरबीआई ने बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश के सहकारिता आयुक्त और सहकारी समितियों के पंजीयक को बैंक को बंद करने और एक परिसमापक नियुक्त करने का आदेश जारी करने को कहा गया है। परिसमापन के तहत प्रत्येक जमाकर्ता जमा बीमा और ऋण गारंटी निगम (डीआईसीजीसी) से केवल पांच लाख रुपये तक की अपनी जमा राशि पाने का हकदार होगा।
पश्चिम बंगाल में रेल हादसे के लिए भारत सरकार जिम्मेदार : राबड़ी देवी
पश्चिम बंगाल में हुए रेल हादसे पर बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा पश्चिम बंगाल में हुआ है, इसलिए ममता बनर्जी समझेंगी। वहीं, राबड़ी देवी ने हादसे के लिए भारत सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कहती है कि हमारा लॉ एंड आर्डर ठीक है। क्या ठीक है, यह तो दिख ही रहा है, बिहार में रोज मर्डर हो रहा है, बलात्कार हो रहा है, बलात्कार करके मारकर फेंक दिया जा रहा है।
कंचनजंघा एक्सप्रेस से टकराने से 9 लोगों की मौत, 60 घायल
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में सोमवार को सुबह एक मालगाड़ी की टक्कर लगने के कारण सियालदह जाने वाली कंचनजंघा एक्सप्रेस के पीछे के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे कम से कम 9 यात्री मारे गए और 60 अन्य घायल हो गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल रेल हादसे में लोगों की मौत पर शोक जताया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में रेल हादसे में लोगों की मौत पर शोक जताया और कहा कि उन्होंने अधिकारियों से बात कर स्थिति का जायजा लिया तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
इंजन में आग लगने के बाद यात्री विमान को न्यूजीलैंड में सुरक्षित उतारा गया
न्यूजीलैंड में सोमवार को एक यात्री विमान के इंजन में आग लगने के बाद हवाई जहाज को एक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। अग्निशमन विभाग ने यह जानकारी दी। ऑस्ट्रेलिया में मेलबर्न के लिए उड़ान भरने वाले वर्जिन ऑस्ट्रेलिया बोइंग 737-800 जेट विमान को आग लगने के कारण मार्ग बदलना पड़ा और हवाई जहाज को न्यूजीलैंड के इन्वरकार्गिल शहर में उतारा गया।
भाजपा ने चार राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए नियुक्त किए प्रभारी
लोकसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में प्रभारी व सह प्रभारियों की नियुक्ति भी कर दी है। जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भूपेंद्र यादव को प्रभारी बनाया गया है तो अश्विनी वैष्णव सह प्रभारी होंगे। हरियाणा की जिम्मेदारी धर्मेंद्र यादव और बिल्लप देव को दी गई है। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए शिवराज सिंह चौहान को प्रभारी बनाया गया है तो वहीं हिमंता विश्व सरमा को सहप्रभारी बनाया गया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के लिए जी किशन रेड्डी को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बंगाल पुलिस को तुरंत राजभवन खाली करने का आदेश
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने राजभवन में तैनात कोलकाता पुलिस के कर्मियों को सोमवार को सुबह तत्काल परिसर खाली करने का आदेश दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि बोस राजभवन के उत्तरी द्वार के पास स्थित पुलिस चौकी को 'जन मंच' में बदलने की योजना बना रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने अजीत डोभाल से की मुलाकात
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने आज दिल्ली में एनएसए अजीत डोभाल से मुलाकात की। दोनों अधिकारी द्विपक्षीय मुद्दों, आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भारत-अमेरिका साझेदारी की समीक्षा करेंगे। वे दोनों देशों के अंतर-विभागीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आईसीईटी की पहली वार्षिक समीक्षा की अध्यक्षता भी करेंगे।
रेल हादसा: रेल मंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
पश्चिम बंगाल रेल हादसे के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को 10 लाख, गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख और मामूली घायलों को 50 हजार रुपये अनुग्रह राशि दी जाएगी।
ट्रेन हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हुई
पश्चिम बंगाल में कंचनजंगा एक्सप्रेस और मालगाड़ी के बीच हुई टक्कर में अबतक 8 लोगों की मौत हो गई है। इसमें तीन रेलवे कर्मचारी भी हैं। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में 15 मौतों की बात कही जा रही है, 60 से ज्यादा लोग घायल हैं।
ट्रेन हादसा: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव घटना स्थल के लिए रवाना हुए
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना स्थल का दौरा करने के लिए दार्जिलिंग रवाना हो गए हैं।