LIVE

Aaj Ki Taza Khabar: इंडियन एयरफोर्स फ्रांसीसी वायु व अंतरिक्ष सेना के साथ करेगी अभ्यास...उपराष्ट्रपति, तेलंगाना व आंध्र प्रदेश CM रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स में जाएंगे

Nitin AroraUpdated Nov 16, 2025, 18:31 IST

Aaj Ki Taza Khabar 16 Nov 2025: हैदराबाद में आयोजित होने वाले रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू जाएंगे। IAF फ्रांस वायुसेना के साथ करेगी अभ्यास। जम्मू-कश्मीर के बडगाम में कार-ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। पढ़ें- देश और दुनिया की अन्य बड़ी खबरें

Aaj Ki Taza Khabar: इंडियन एयरफोर्स फ्रांसीसी वायु व अंतरिक्ष सेना के साथ करेगी अभ्यास...उपराष्ट्रपति, तेलंगाना व आंध्र प्रदेश CM रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स में जाएंगे
Aaj Ki Taza Khabar: इंडियन एयरफोर्स फ्रांसीसी वायु व अंतरिक्ष सेना के साथ करेगी अभ्यास...उपराष्ट्रपति, तेलंगाना व आंध्र प्रदेश CM रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स में जाएंगे

-इंडियन एयरफोर्स का फ्रांसीसी वायु व अंतरिक्ष सेना के साथ अभ्यास
-रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स

NOV 16, 2025 18:31 IST

‘असामान्य' बिहार चुनाव परिणाम तीन ‘प्रयोगों' का नतीजा : दीपांकर भट्टाचार्य

विपक्षी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने रविवार को दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे ‘असामान्य’ हैं और यह तीन ‘प्रयोगों’ का नतीजा है। भट्टाचार्य के मुताबिक इन प्रयोगों में महिला रोजगार योजना की पहली किस्त के रूप में महिलाओं को 10,000 रुपये का अंतरण,मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में नामों को हटाना और जोड़ना, तथा एक कॉरपोरेट घराने को औने-पौने दाम पर भूमि का हस्तांतरण शामिल है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले ‘महागठबंधन’ के घटक भाकपा (माले) लिबरेशन ने 20 सीटों पर चुनाव लड़कर सिर्फ दो सीटें जीती हैं जबकि 2020 के विधानसभा में उसने 19 सीट पर चुनाव लड़ा था जबकि उसे 12 सीटों पर जीत मिली थी।
NOV 16, 2025 17:53 IST

पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार त्रिपुरा राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त

त्रिपुरा के पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार को प्रदेश का निर्वाचन आयुक्त (एसईसी) नियुक्त किया गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त शारदिंदु चौधरी ने 14 नवंबर को कार्यकाल पूरा किया। ग्रामीण विकास विभाग के सचिव अभिषेक सिंह द्वारा हस्ताक्षरित अधिसूचना में शनिवार को कहा गया, "चूंकि, शारदिंदू चौधरी, भारतीय प्रशासनिक अधिकारी (सेवानिवृत्त) ने त्रिपुरा पंचायत (राज्य पंचायत निर्वाचन आयोग का गठन) नियम, 1993 के नियम 3 के उप-नियम (4) के तहत राज्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में अपना कार्यकाल पूरा कर लिया है, इसलिए राज्यपाल को सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मनोज कुमार को नए राज्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में नियुक्ति करके खुशी हो रही है।"
NOV 16, 2025 13:39 IST

ट्रैफिक चौकी में आग

मुंबई के कांजुरमार्ग स्थित गांधी नगर ट्रैफिक चौकी में आग लग गई है। दोपहर 12 बजे ट्रैफिक चौकी में आग लगी। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के प्रयास जारी। आग क्यों लगी, इसके पीछे का कारण स्पष्ट नहीं।
NOV 16, 2025 10:44 IST

बीते सप्ताह सरसों तेल, पाम-पामोलीन में गिरावट

बीते सप्ताह देश के तेल-तिलहन बाजारों में सरसों तेल तथा कच्चे पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तेल कीमतों में गिरावट का रुख रहा। वहीं सट्टेबाजी के कारण सरसों तिलहन, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे दाम पर किसानों की कमजोर बिकवाली की वजह से मूंगफली तेल-तिलहन और सस्ते में गुजरात में मांग बढ़ने से बिनौला तेल के दाम सुधार के साथ बंद हुए। लागत से कमजोर दाम पर बिकवाली के बीच सोयाबीन तेल के भाव पूर्व सप्ताहांत के बंद भाव पर स्थिर बने रहे।
बाजार सूत्रों ने कहा कि बीते सप्ताहांत सरकार ने खाद्य तेलों के आयात शुल्क मूल्य में कमी की है। आयात शुल्क मूल्य में की गई इस कटौती के तहत सीपीओ के शुल्क में 70 रुपये क्विंटल, पामोलीन में 182 रुपये क्विंटल तथा सोयाबीन डीगम तेल के आयात शुल्क मूल्य में 42 रुपये क्विंटल की कटौती की गई है। इस कटौती के उपरांत अधिकांश तेल-तिलहनों के दाम पर दबाव कायम हो गया।
NOV 16, 2025 10:43 IST

उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की बधाई दी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पत्रकारों को ‘राष्ट्रीय प्रेस दिवस’ की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
योगी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘निष्पक्ष, निर्भीक और लोक-कल्याण के प्रति समर्पित पत्रकारिता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभाने वाले सभी सम्मानित पत्रकार साथियों को ‘राष्ट्रीय प्रेस दिवस’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!’’
पोस्ट में योगी आदित्यनाथ ने कहा ‘‘लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में आपका सत्य, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के प्रति समर्पण समाज को एक नयी दिशा देने के साथ ही जन-विश्वास को भी सशक्त बनाता है।’’
NOV 16, 2025 10:43 IST

स्पेन विश्व कप में जगह बनाने के करीब, बेल्जियम ने ड्रॉ खेला

मिकेल ओयारजाबल के दो गोल की मदद से स्पेन ने विश्व कप क्वालीफाइंग में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को जॉर्जिया को 4-0 से हराकर अगले साल होने वाली फुटबॉल प्रतियोगिता में जगह बनाने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए।
स्पेन की टीम ने ग्रुप चरण में पांच मैच में जीत हासिल की है। उसने अब तक 19 गोल किए हैं और उसके खिलाफ एक भी गोल नहीं हुआ है। यूरोपीय चैंपियन मंगलवार को अपने अंतिम क्वालीफायर में तुर्किए से भिड़ेगा।
स्पेन ग्रुप ई में तुर्किए से तीन अंक आगे है, जिसने शनिवार को बुल्गारिया को 2-0 से हराया था।
NOV 16, 2025 10:42 IST

सोनभद्र में खदान धंसने की घटना के बाद एक मजदूर का शव बरामद, राहत-बचाव कार्य जारी

सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के एक खनन क्षेत्र में शनिवार शाम को खदान धंसने की घटना के बाद एक मजदूर का शव बरामद किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पीयूष मोर्डिया ने बताया कि बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में पहाड़ी से गिरे मलबे को हटाने का कार्य शनिवार रात से ही लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान ग्राम पनारी (सोनभद्र) निवासी राजू सिंह (30) के रूप में हुई है।
एडीजी ने बताया कि चूंकि पहाड़ी से गिरे पत्थर काफी बड़े हैं, इसलिए सावधानीपूर्वक कार्य किया जा रहा है और इसके कारण राहत कार्य में भी समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे पास पर्याप्त उपकरण एवं संसाधन उपलब्ध हैं तथा पूरा प्रशासन राहत कार्य में जुटा है।
NOV 16, 2025 07:52 IST

दिल्ली : पंजाबी बाग में महिला की उसके 'प्रेमी' ने गोली मारकर हत्या की

पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग में शनिवार को 24 वर्षीय एक युवती की उसके 'प्रेमी' ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि पुलिस को दोपहर में सूचना मिली कि पंजाबी बाग के ओल्ड स्लम क्वार्टर स्थित एक मकान में दो लोग घायल अवस्था में पड़े हैं।
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार एक कमरे वाले मकान के अंदर एक महिला गद्दे पर लेटी हुई मिली और उसके सिर पर गोली लगने का निशान लग रहा था। महिला ने हाल में तलाक लिया था। महिला को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।
NOV 16, 2025 07:47 IST

इंडियन एयरफोर्स फ्रांसीसी वायु व अंतरिक्ष सेना के साथ करेगी अभ्यास

भारतीय वायु सेना (IAF) ने द्विपक्षीय वायु अभ्यास गरुड़ 25 ( Garuda 25) के आठवें संस्करण के लिए फ्रांस में एक अग्रिम पंक्ति की टुकड़ी तैनात की है। यह अभ्यास 16 से 27 नवंबर तक मोंट-डे-मार्सन एयर बेस पर फ्रांसीसी वायु एवं अंतरिक्ष बल (FASF) के साथ आयोजित किया जा रहा है।

भारतीय वायु सेना की टीम 10 नवंबर को फ्रांस पहुंची, जिससे दोनों रणनीतिक साझेदारों के बीच परिचालन तालमेल बढ़ाने के उद्देश्य से एक गहन संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

इस वर्ष के अभ्यास में भारतीय वायु सेना के Su-30MKI लड़ाकू विमान शामिल हैं, जो उन्नत वायु युद्ध अभियानों की एक श्रृंखला में FASF के बहु-भूमिका वाले राफेल जेट विमानों के साथ प्रशिक्षण लेंगे।

इस अभ्यास में हवाई युद्धाभ्यास, वायु रक्षा मिशन, साथ ही वास्तविक विश्व की अलग-अलग चुनौतियों से लड़ने के लिए डिजाइन किए गए उच्च-खतरे वाले वातावरण में समन्वित हमला अभियान शामिल होंगे।
NOV 16, 2025 07:46 IST

उपराष्ट्रपति, तेलंगाना व आंध्र प्रदेश CM रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स में जाएंगे

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और अन्य वरिष्ठ नेता 16 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित होने वाले रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स (Ramoji Excellence Awards 2025) के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।

रामोजी समूह द्वारा अपने संस्थापक अध्यक्ष रामोजी राव की स्मृति में स्थापित इन पुरस्कारों का उद्देश्य सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को मूर्त रूप देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना है।

रामोजी समूह ने शनिवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि यह कार्यक्रम 16 नवंबर को शाम 5:30 बजे से रात 8:00 बजे तक यहां रामोजी फिल्म सिटी में आयोजित किया जाएगा।

पद्म विभूषण से सम्मानित रामोजी राव ने अपना जीवन मीडिया, उद्यम और जन सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित कर दिया।

रामोजी उत्कृष्टता पुरस्कार उन व्यक्तियों को सम्मानित करते हैं जिन्होंने अपने चुने हुए क्षेत्रों में अनुकरणीय तरीके से समाज की सेवा की है और उपलब्धियां हासिल की हैं।
NOV 16, 2025 07:46 IST

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में कार-ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में शनिवार रात एक ‘एसयूवी’ वाहन और डंपर ट्रक के बीच टक्कर हो जाने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई तथा पांच अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि टाटा सूमो वाहन और डंपर ट्रक के बीच टक्कर रात करीब साढ़े दस बजे बडगाम के पलार में हुई।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद नौ लोगों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि घायलों का इलाज किया जा रहा है।