LIVE

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), 15 मार्च 2024: ईडी ने के कविता को किया गिरफ्तार, लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा 16 मार्च को

Aaj Ki Taza Khabar
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 15 मार्च 2024 और बड़ी खबरें Live: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले से जुड़े धन शोधन मामले में शुक्रवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता को गिरफ्तार कर लिया। निर्वाचन आयोग लोकसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा कल यानी शनिवार को करेगा। निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लोकसभा चुनाव और कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए शनिवार को दोपहर तीन बजे एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 15 मार्च 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए आज की बड़ी खबरों पर हर अपडेट।
MI vs RCB WPL 2024 Live Score Update
Mar 15, 2024 | 11:12 PM IST

ममता बनर्जी की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की स्वास्थ्य स्थिति ‘स्थिर’ है और स्वास्थ्य संबंधी उनके सभी ‘पैरामीटर’ सामान्य हैं। राज्य संचालित एसएसकेएम अस्पताल के चिकित्सकों ने शुक्रवार शाम को यहां कालीघाट स्थित मुख्यमंत्री के आवास पर उनकी गहन जांच के बाद यह जानकारी दी। चिकित्सकों ने कहा कि चोट के कारण 69-वर्षीया ममता को हो रहा दर्द अब कम है। एसएसकेएम के चिकित्सकों की तीन-सदस्यीय टीम शाम को उनकी स्थिति की जांच करने के लिए उनके आवास पर गई थी।
Mar 15, 2024 | 10:45 PM IST

भारतीय सेना ने अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर का पहला स्क्वॉड्रन गठित किया

भारतीय सेना ने पश्चिमी क्षेत्र में जमीनी अभियानों में मदद करने के लिए शुक्रवार को राजस्थान में अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर का अपना पहला स्क्वॉड्रन स्थापित किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।सूत्रों ने बताया कि स्क्वॉड्रन का गठन जोधपुर में किया गया है।
Mar 15, 2024 | 10:01 PM IST

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हुए

मध्य प्रदेश में शुक्रवार को महू से पूर्व कांग्रेस विधायक अंतर सिंह दरबार और इंदौर से उनके वरिष्ठ पार्टी सहयोगी पंकज संघवी पार्टी के कई अन्य नेताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में इन नेताओं ने आधिकारिक तौर पर अपनी राजनीतिक निष्ठा बदल ली। इस अवसर पर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का "परिवार" अन्य राज्यों के अलावा मध्य प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा है।
Mar 15, 2024 | 09:45 PM IST

नौसेना के 25 डोर्नियर विमानों में लगेंगे अत्याधुनिक एवियोनिक्स सिस्टम

रक्षा मंत्रालय (एमओडी) ने शुक्रवार को 2,890 करोड़ रुपये की लागत से भारतीय नौसेना के लिए संबंधित उपकरणों के साथ 25 डोर्नियर विमानों के मिड लाइफ अपग्रेड (एमएलयू) के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के साथ एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।
Mar 15, 2024 | 09:36 PM IST

प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद में रोड शो किया

लोकसभा चुनाव के लिए तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अभियान को गति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार शाम यहां मल्काजगिरी लोकसभा क्षेत्र में एक रोड शो किया।केसरिया रंग की टोपी पहने प्रधानमंत्री मोदी खुली छत वाले एक वाहन में सवार थे और उन्होंने सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।
Mar 15, 2024 | 08:47 PM IST

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी के पूर्व सचिव धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पूर्व निजी सचिव पी सी उपाध्याय को ई-टेंडर दिलाने के नाम पर एक दवा कंपनी के मालिक से 50 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि उपाध्याय को बृहस्पतिवार को देहरादून में गिरफ्तार किया गया। सिंह ने कहा कि उपाध्याय को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Mar 15, 2024 | 08:46 PM IST

केंद्र ने सीएए के तहत नागरिकता संबंधी आवदेन के लिए मोबाइल ऐप शुरू किया

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को एक मोबाइल ऐप शुरू किया जो पात्र लोगों को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए)-2019 के तहत भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन करने की सुविधा प्रदान करेगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, एप्लिकेशन को ‘गूगल प्ले स्टोर’ या केंद्र सरकार की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।
Mar 15, 2024 | 08:44 PM IST

अरिंदम रॉय ने बीजद छोड़कर भाजपा का दामन थामा

मशहूद उड़िया अभिनेता अरिंदम रॉय ने शुक्रवार को बीजू जनता दल (बीजद) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और विपक्षी भाजपा में शामिल हो गए। रॉय ने दावा किया कि उन्हें सत्ताधारी पार्टी ने दरकिनार कर दिया है। रॉय बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक को अपना त्यागपत्र भेजने के कुछ घंटों बाद भाजपा में शामिल हो गए। रॉय बीजद के महासचिव थे। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल की उपस्थिति में भाजपा में शामिल होने के बाद रॉय ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बीजद में अब कोई भविष्य नहीं है क्योंकि पार्टी में भीड़ बढ़ गई है। जनता की सेवा करने का अवसर मुश्किल से मिलता है इसलिए मैंने पार्टी छोड़ी है।’’
Mar 15, 2024 | 08:24 PM IST

बिहार में नीतीश कुमार मंत्रिमंडल का विस्तार, 21 नए मंत्री किये गये शामिल

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने दो महीने से भी कम पुराने मंत्रिमंडल का शुक्रवार को विस्तार करते हुए उसमें 21 नए मंत्रियों को शामिल किया। यहां राजभवन में एक सादे समारोह में राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी सहित इन नेताओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से शपथ लेने अन्य प्रमुख चेहरों में पार्टी की बिहार इकाई के पूर्व अध्यक्ष मंगल पांडेय, नीरज कुमार सिंह, नीतीश मिश्रा, नितिन नवीन, दिलीप कुमार जयसवाल और जनक राम शामिल हैं। मुख्यमंत्री की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से आज मंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले पुराने प्रमुख चहरों में महेश्वर हजारी, शीला मंडल, पूर्व वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार, जयंत राज, जमा खान, रत्नेश सदा शामिल हैं ।
Mar 15, 2024 | 07:32 PM IST

सीसीआई ने गूगल की प्ले स्टोर नीति के खिलाफ जांच के आदेश दिए

निष्पक्ष व्यापार नियामक सीसीआई ने शुक्रवार को इंटरनेट-आधारित कंपनी गूगल की प्ले स्टोर मूल्य निर्धारण नीति में कथित प्रतिस्पर्धा-विरोधी प्रथाओं के संबंध में जांच के आदेश दिए। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने इस आदेश में कहा कि याचिकाकर्ता मुख्य रूप से गूगल के स्वामित्व वाले ऐप स्टोर 'गूगल प्ले स्टोर' की भुगतान नीतियों से व्यथित हैं। प्ले स्टोर पर प्रतिस्पर्धा कानून का उल्लंघन करने का आरोप है।
Mar 15, 2024 | 07:12 PM IST

ईडी ने बीआरएस नेता के कविता को हिरासत में लिया

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन मामले में शुक्रवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता को हिरासत में ले लिया। इससे पहले ईडी अधिकारियों ने हैदराबाद में कविता के परिसरों पर छापेमारी की।
Mar 15, 2024 | 06:11 PM IST

जेएनयू में 22 मार्च को छात्रसंघ चुनाव, आदर्श आचार संहिता लागू

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में 22 मार्च को छात्र संघ चुनाव होंगे जिसके मद्देनजर आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) लागू की गई है। इसमें चुनाव प्रचार के नियम-कायदों का उल्लेख है।आचार संहिता के तहत, प्रचार के दौरान भड़काऊ टिप्पणी करने, समुदाय, जाति या धर्म के आधार पर मतदाताओं को लुभाने या गलत सूचना फैलाने पर रोक होगी।
Mar 15, 2024 | 05:15 PM IST

फिर भाजपा में लौटे बैरकपुर के सांसद अर्जुन सिंह

तृणमूल कांग्रेस के असंतुष्ट नेता और बैरकपुर के सांसद अर्जुन सिंह शुक्रवार को फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में लौट आए। पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी ने सिंह को बैरकपुर से टिकट नहीं दिया था, इसके बाद उन्होंने बागी तेवर अपना लिए थे। सिंह के अलावा पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के भाई और तृणमूल कांग्रेस के सांसद दिव्येंदु अधिकारी भी भाजपा में शामिल हो गए। दिव्येंदु पिछले काफी समय से तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व से नाराज थे। वह तमलुक से सांसद हैं।
Mar 15, 2024 | 04:57 PM IST

आप ने गुवाहाटी से अपनी उम्मीदवारी वापस ली

आम आदमी पार्टी (आप) की असम इकाई ने राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार को हराने के लिए ‘‘विपक्षी एकता की खातिर’’ गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र से शुकव्रार को पार्टी उम्मीदवार वापस ले लिया। पार्टी ने इसी के साथ कांग्रेस को डिब्रूगढ़ और सोनितपुर सीट से अपनी उम्मीदवारी छोड़ने के लिये कहा है। दोनों सीटों पर आप पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
Mar 15, 2024 | 04:30 PM IST

टीएमसी ने केंद्र के विज्ञापनों के खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत की

तृणमूल कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग में एक शिकायत दर्ज कराते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के उन विज्ञापनों पर आपत्ति जतायी है जिसमें उसने विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के लिए पश्चिम बंगाल को निधि आवंटित करने का दावा किया है। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को बृहस्पतिवार को लिखे एक पत्र में टीएमसी ने कहा कि केंद्र सरकार ने सरकारी खजाने से कुछ अखबारों में दिए विज्ञापनों में कहा है कि राज्य को कितना धन दिया गया है और उसने पीएमएवाई, मनरेगा जैसी केंद्रीय योजनाओं से जुड़े कुछ बिन्दुओं का भी हवाला दिया है।
Mar 15, 2024 | 03:34 PM IST

अब्दुल खालिक ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया

कांग्रेस के लोकसभा सदस्य अब्दुल खालिक ने शुक्रवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पार्टी ने हाल ही में उनका टिकट काट दिया था। असम के बारपेटा से लोकसभा सदस्य खालिक ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजे त्यागपत्र में यह दावा भी किया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा और प्रभारी महासचिव जितेंद्र सिंह के रवैये ने राज्य में पार्टी की संभावनाओं को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देता हूं।’’
Mar 15, 2024 | 03:34 PM IST

चुनावी बॉण्ड योजना स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा घोटाला : रमेश

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को चुनावी बॉण्ड योजना को ‘‘स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा घोटाला’’ करार दिया और कहा कि इस पर निर्वाचन आयोग (ईसी) द्वारा साझा किया गया आंकड़ा ‘‘अधूरा’’ था। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के खिलाफ नहीं है, लेकिन वह चुनाव प्रक्रिया में ‘वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल’ (वीवीपीएटी) का इस्तेमाल चाहती है ताकि मतदाताओं को पता चले कि उनका वोट सही तरीके से डाला गया है।
Mar 15, 2024 | 02:28 PM IST

पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल रामदास का हैदराबाद में निधन

भारतीय नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल (सेवानिवृत्त) एल. रामदास का शुक्रवार को यहां एक सैन्य अस्पताल में निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। रक्षा सूत्रों ने रामदास के निधन की जानकारी दी। रामदास ने दिसंबर 1990 से सितंबर 1993 तक नौसेना प्रमुख के पद पर अपनी सेवाएं दी थीं। सूत्रों ने बताया कि रामदास का बढ़ती उम्र संबंधी समस्याओं के कारण निधन हो गया। उनके परिवार में उनकी पत्नी ललिता रामदास और तीन बेटियां हैं।
Mar 15, 2024 | 01:42 PM IST

निर्वाचन आयोग 16 मार्च को करेगा लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा

भारतीय निर्वाचन आयोग ने ये जानकारी साझा की है कि आम चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024) और कुछ राज्य विधानसभाओं के कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कल यानी 16 मार्च, 2024 को दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। इसे ECI के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर
Mar 15, 2024 | 12:29 PM IST

नागरिकता संशोधन नियमों के क्रियान्वयन पर रोक लगाने संबंधी याचिकाओं पर होगी सुनवाई

उच्चतम न्यायालय नागरिकता संशोधन कानून, 2019 की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं का निस्तारण होने तक केंद्र को नागरिकता संशोधन नियमावली, 2024 के क्रियान्वयन पर रोक लगाने का निर्देश देने का अनुरोध करने वाली याचिकाओं पर सुनवाई के लिए शुक्रवार को सहमत हो गया। भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) डी वाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल की इन दलीलों पर गौर किया कि विस्थापित हिंदुओं को नागरिकता दिए जाने के बाद उसे वापस नहीं लिया जा सकता है और इसलिए इन मुद्दों पर तत्काल सुनवाई की आवश्यकता है। सीजेआई ने कहा, 'हम मंगलवार को इस पर सुनवाई करेंगे। 190 से अधिक मामले हैं। उन सभी पर सुनवाई की जाएगी। हम अंतरिम याचिकाओं के पूरे बैच की सुनवाई करेंगे।'
Mar 15, 2024 | 12:08 PM IST

SC ने SBI से पूछा- EC को दिए डाटा में बॉन्ड का नंबर क्यों नहीं? जारी किया नोटिस

इलेक्टोरल बॉन्ड पर अपने पूर्व के फैसले का पूरी तरह से अनुपालन नहीं करने और चुनावी बॉन्ड का नंबर नहीं बताने पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को नोटिस जारी किया। शीर्ष अदालत ने अपने फैसले में साफ-साफ कहा कि डोनर और उसे भुनाने वाले का संबंध बताने वाले इलेक्टोरल बॉन्ड नंबर का खुलासा जरूर होना चाहिए। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि संवैधानिक पीठ के फैसले में स्पष्ट कहा गया था कि चुनावी बॉन्ड का पूरा ब्योरा, खरीदी की तारीख, खरीदार का नाम, कैटेगरी समेत दी जाए। एसबीआई ने चुनावी बॉन्ड के अल्फा न्यूमेरिक नंबर्स का खुलासा नहीं किया है। इसके लिए लिए कोर्ट ने बैंक को 18 मार्च तक जवाब देने के लिए कहा है। पढ़ें पूरी खबर
Mar 15, 2024 | 12:07 PM IST

ममता बनर्जी को आखिर किसने दिया पीछे से 'धक्का'?

एसएसकेएम निदेशक मणिमोय बंद्योध्याय ने कहा कि पीछे से 'धक्के' के कारण ममता बनर्जी गिर गईं। जिसके बाद ये सवाल उठने लगा कि आखिर वो कौन है जिसने दीदी को धक्का दिया? हालांकि टीएमसी के शीर्ष नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि यह एक अचानक अनुभूति थी। आपको सारा माजरा समझाते हैं। पढ़ें पूरी खबर
Mar 15, 2024 | 11:22 AM IST

चुनाव आयोग को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, जानें पूरा मामला

देश की सर्वोच्च अदालत ने भारतीय निर्वाचन आयोग को बड़ी राहत दी है। सुप्रीम कोर्ट ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के कामकाज में अनियमितता का आरोप लगाने वाली याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा "ईवीएम को लेकर कितनी याचिकाएं? प्रत्येक पद्धति के अपने सकारात्मक और नकारात्मक पहलू होंगे, हम धारणाओं के आधार पर नहीं चल सकते।"
Mar 15, 2024 | 10:37 AM IST

नवनियुक्त चुनाव आयुक्त आज संभालेंगे कार्यभार

नवनियुक्त चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू शुक्रवार को अपना कार्यभार संभालेंगे। केंद्र सरकार की ओर से गुरुवार शाम को दोनों चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली तीन सदस्यीय पैनल ने गुरुवार को नौकरशाह ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू को चुनाव आयुक्त के रूप में चुना। यह फैसला चुनाव आयुक्त अरुण गोयल के इस्तीफे के कुछ दिनों बाद आया है। प्रधान मंत्री, विपक्ष के नेता और एक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के पैनल ने सुखबीर सिंह संधू और ज्ञानेश कुमार का चयन किया। तीन सदस्यीय पैनल में प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और विपक्ष के नेता के रूप में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी शामिल थे।
Mar 15, 2024 | 10:14 AM IST

बीएस येदियुरप्पा पर 17 साल की लड़की ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप

FIR के अनुसार येदियुरप्पा पर POCSO अधिनियम की धारा 8 और भारतीय दंड संहिता की धारा 354 A के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसकी प्रति का एक्सेस टाइम्स नाउ ने किया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि 17 वर्षीय शिकायतकर्ता अपनी मां के साथ सदाशिवनगर पुलिस स्टेशन गई थी, जहां प्राथमिकी दर्ज की गई। पढ़ें पूरी खबर
Mar 15, 2024 | 09:44 AM IST

ऋषि सुनक ने दो मई को ब्रिटेन में आम चुनाव से किया इनकार

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने स्पष्ट किया है कि दो मई को आम चुनाव नहीं होगा। इससे देश में जल्द चुनाव होने की अटकलों पर विराम लग गया। गुरुवार को आईटीवी न्यूज से बात करते हुए सुनक ने यह बात कही। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, पहले सुनक ने कहा था कि इस साल की दूसरी छमाही में चुनाव होंगे, लेकिन मई में चुनाव से इनकार भी नहीं किया था। उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन में दो मई को स्थानीय चुनाव होने हैं। संवाददाताओं के यह पूछे जाने पर कि क्या उसी समय आम चुनाव भी होगा, प्रधानमंत्री सुनक ने इनकार किया। वर्तमान सरकार का कार्यकाल अगले साल जनवरी तक है। गौरतलब है कि सर्वे के मुताबिक सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी चुनावों में मुख्य विपक्षी लेबर पार्टी से पिछड़ रही है। इस पर पार्टी के कुछ सांसद स्थिति को और खराब होने से बचाने के लिए जल्द चुनाव कराने की वकालत कर रहे हैं।
Mar 15, 2024 | 09:43 AM IST

गाजा में युद्धविराम प्रस्ताव पर इजरायल को हमास का जवाब

गाजा में युद्धविराम के नए प्रस्ताव पर हमास ने इजरायल को अपना जवाब भेज दिया है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने एक इजरायली अधिकारी के हवाले से बताया कि मामले में मध्यस्थता कर रहे कतर के प्रधान मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी ने गुरुवार को इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद के प्रमुख डेविड बार्निया को हमास का लिखित जवाब सौंपा। इस पर इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि प्रस्ताव पर चर्चा के लिए शुक्रवार को युद्धकालीन कैबिनेट की बैठक बुलाने की उम्मीद है। हमास ने एक बयान में पुष्टि किया कि उसने अपने जवाब में एक "व्यापक दृष्टिकोण" प्रस्तुत किया है। इसमें युद्धविराम और गाजा में बंधकों की रिहाई शामिल है।
Mar 15, 2024 | 09:42 AM IST

मायावती ने जयंती पर कांशीराम को किया याद, दी श्रद्धांजलि

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शुक्रवार को पार्टी के संस्थापक कांशीराम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी का अच्छा प्रदर्शन ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। बसपा मुखिया मायावती ने शुक्रवार को एक्स पर लिखा कि परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के परिनिर्वाण के बाद लम्बे समय तक तिरस्कृत व बिखरे पड़े दलित समाज के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान के कारवां को देश की राजनीति में नई मजबूती व बुलंदी देने का युगपरिवर्तनीय कार्य करने वाले मान्यवर कांशीराम जी को उनके 90वें जन्मदिन पर अपार श्रद्धा-सुमन। उन्होंने आगे लिखा कि बामसेफ, डीएस4 व बहुजन समाज पार्टी की स्थापना कर उसके अनवरत संघर्ष के जरिए यूपी में सत्ता की मास्टर चाबी प्राप्त करके ’बहुजन समाज’ हेतु ’सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक तरक्की’ का जो मिशनरी लक्ष्य उन्होंने प्राप्त किया, वह ऐतिहासिक एवं अतुलनीय है। इसके लिए वे बहुजन नायक बने व अमर हो गए। मायावती ने कहा कि उनकी विरासत, संघर्ष व कारवां को पूरे तन, मन, धन के सहयोग से आगे बढ़ाने का संकल्प जारी रखते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में बीएसपी का अच्छा प्रदर्शन ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह समतामूलक समाज की स्थापना व महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी आदि के विरुद्ध भी योगदान होगा।
Mar 15, 2024 | 09:39 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तमिलनाडु में रैली को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव नजदीक होने के बीच दक्षिण राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को यहां पार्टी की एक रैली को संबोधित करेंगे। उनका अगले सप्ताह भी राज्य के पश्चिमी हिस्से में रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम है। भाजपा पूर्व में चुनाव में तमिलनाडु में कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पायी है लेकिन उसे खासतौर से अपनी प्रदेश इकाई के प्रमुख के अन्नामलाई के आक्रामक नेतृत्व में इस प्रवृत्ति के बदलने की उम्मीद है। मोदी ने पहले भी कई बार तमिलनाडु का दौरा किया है। उन्होंने हिंदू मंदिरों और धार्मिक महत्व के कई स्थानों का दौरा किया है। भाजपा राज्य में गैर-द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और गैर-अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) गठबंधन बनाने का प्रयास कर रही है और उसने पहले ही जी के वासन के नेतृत्व वाली तमिल मनीला कांग्रेस, अन्नाद्रमुक के निष्कासित नेता ओ. पनीरसेल्वम और टीटीवी दिनाकरण की अगुवाई वाली अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) को अपने साथ जोड़ लिया है। तमिलनाडु में कुल 39 लोकसभा सीट और पड़ोसी पुडुचेरी में एक लोकसभा सीट है।
Mar 15, 2024 | 09:38 AM IST

सोमालिया की राजधानी के होटल में विस्फोट, आतंकवादी समूह ने ली जिम्मेदारी

सोमालिया की राजधानी के एक होटल में बृहस्पतिवार रात को जोरदार विस्फोट और गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं और इसकी जिम्मेदारी सोमाली आतंकवादी समूह अल शबाब ने ली। अल शबाब ने अपने ‘टेलीग्राम’ चैनल पर बताया कि उसके लड़ाके मोगादिशु में अत्यधिक सुरक्षा वाले राष्ट्रपति आवास के निकट स्थित एसवाईएल होटल में घुसने में सफल रहे। इस होटल को सरकारी अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। अभी यह जानकारी नहीं दी गई है कि इस हमले में कितने लोग हताहत हुए हैं। सोमालिया की राजधानी में हाल के सप्ताहों में सुरक्षा बढ़ाए जाने के कारण हमलों में कमी आई है। सोमालिया की संघीय सरकार के विरोधी अल-शबाब समूह ने पिछले कुछ वर्षों में होटलों और अन्य स्थानों पर कई घातक हमले किए हैं। मोगादिशु में इससे पहले बड़ा हमला अक्टूबर 2022 में हुआ था, जब दोहरे कार बम विस्फोटों में कम से कम 120 नागरिकों की मौत हो गई थी।
Mar 15, 2024 | 09:36 AM IST

यूक्रेन में पश्चिम दलों को भेजने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता: मैक्रों

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दोहराया कि यूक्रेन में पश्चिमी दलों को भेजे जाने की संभावना से इनकार नहीं किया सकता लेकिन उन्होंने साथ ही कहा कि वर्तमान स्थिति में इसकी आवश्यकता नहीं है। मैक्रों से बृहस्पतिवार को एक फ्रांसीसी समाचार चैनल से साक्षात्कार के दौरान यूक्रेन में पश्चिमी बलों को भेजे जाने की संभावनाओं के बारे में सवाल किया गया था जिसके जवाब में उन्होंने कहा, 'इस समय ऐसी स्थिति नहीं है, लेकिन ये सभी विकल्प खुले हैं।' मैक्रों ने पिछले महीने भी कहा था कि यूक्रेन में पश्चिमी बलों को भेजे जाने की संभावना से इनकार नहीं किया सकता जिसे लेकर कई पश्चिम देशों ने नकारात्मक प्रतिक्रिया दी थी।उन्होंने साक्षात्कार के दौरान कहा कि यदि ऐसा कोई कदम उठाया जाता है तो इसके लिए रूस जिम्मेदार होगा, ‘हम नहीं।’ उन्होंने कहा, 'फ्रांस यूक्रेन पर आक्रमण का नेतृत्व नहीं करेगा लेकिन आज, यूक्रेन में शांति की खातिर हमें कमजोर नहीं होना चाहिए।' मैक्रों ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है जब इस सप्ताह फ्रांसीसी संसद में देश की यूक्रेन संबंधी रणनीति पर बहस की गयी थी। देश की नेशनल असेंबली और सीनेट दोनों ने पिछले महीने मैक्रों और यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादीमिर जेंलेंस्की के बीच हुए 10-वर्षीय द्विपक्षीय सुरक्षा समझौते को प्रतीकात्मक मतों से मंजूरी दे दी।
Mar 15, 2024 | 09:32 AM IST

रांची पुलिस ने ईडी के अधिकारियों को ही जारी कर दिया नोटिस

झारखंड में सियासी सरगर्मी एक बार फिर तेज गई है। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया तो रांची पुलिस ने प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों को नोटिस जारी कर दिया और जांच में शामिल होने को कहा है। आपको बताते हैं कि आखिर ये पूरा माजरा क्या है। पढ़ें पूरी खबर
Mar 15, 2024 | 08:50 AM IST

रूस में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मतदान शुरू, पुतिन की जीत लगभग तय

रूस में तीन दिन तक चलने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार को शुरू हो गया है जिसमें राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को छह और साल का कार्यकाल मिलना लगभग तय है। यह चुनाव स्वतंत्र मीडिया और प्रतिष्ठित अधिकार समूहों का क्रूरता से दमन, पुतिन को राजनीतिक व्यवस्था पर पूर्ण नियंत्रण देने और यूक्रेन के खिलाफ मॉस्को के युद्ध के तीसरे वर्ष में प्रवेश करने की पृष्ठभूमि में हो रहा है। मतदान देश के 11 ‘टाइम जोन’ (समय क्षेत्र) के साथ ही यूक्रेन के अवैध रूप से कब्जाए क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर शुक्रवार से रविवार तक चलेगा। इस चुनाव में पुतिन (71) का जीतना लगभग तय है क्योंकि उन्हें चुनौती देने वाला कोई उम्मीदवार नहीं है। उनके राजनीतिक विरोधी या तो जेल में हैं या विदेश में निर्वासित हैं और उनमें से सबसे उग्र विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की हाल में एक दूरस्थ क्षेत्र में मौत हो गयी। चुनाव में खड़े तीन अन्य उम्मीदवार क्रेमलिन की विचारधारा पर चलने वाले सांकेतिक विपक्षी दलों के कम चर्चा में रहने वाले प्रत्याशी हैं। यूक्रेन और पश्चिमी देशों ने उन यूक्रेनी क्षेत्रों में मतदान कराने के लिए रूस की निंदा की है जिन पर मॉस्को की सेनाओं ने कब्जा कर लिया है।
Mar 15, 2024 | 08:40 AM IST

मणिपुर के उखरुल में आया 3.9 तीव्रता का भूकंप

Mar 15, 2024 | 07:06 AM IST

जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बृहस्पतिवार को एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। किश्तवाड़ के उपायुक्त देवांश यादव ने बताया कि यह दुर्घटना भंडारकोट इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल एक बच्चा खतरे से बाहर है। मृतकों में स्वास्थ्य विभाग का एक कर्मचारी, उनकी पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के प्रमुख गुलाम नबी आज़ाद ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया।
Mar 15, 2024 | 06:58 AM IST

बैंक भर्ती परीक्षा में धोखाधड़ी के मामले में पांच दोषियों को तीन साल जेल की सजा

उत्तर प्रदेश की एक केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) अदालत ने राज्य में बैंक लिपिक भर्ती परीक्षा के दौरान किसी और की जगह पेपर देने से संबंधित 2014 के एक मामले में बृहस्पतिवार को छह आरोपियों में से पांच को तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि अदालत में पेश नहीं होने वाले छठे आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है और सजा सुनाने के लिए 21 मार्च की तारीख तय की गई है। गाजियाबाद स्थित सीबीआई अदालत के विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट ने छह आरोपियों को दोषी ठहराया है, जिनमें बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आईबीपीएस) द्वारा 2014 में आयोजित परीक्षा में किसी अन्य के जगह पेपर देने वाले नवीन तंवर और सावन कुमार, अभ्यर्थी अमित सिंह तथा अजय पाल सिंह और बिचौलिये सुग्रीव सिंह गुर्जर तथा हनुमत सिंह गुर्जर शामिल हैं।
Mar 15, 2024 | 06:55 AM IST

मथुरा: गोकुल के रमणरेती आश्रम में रंगों और फूलों से खेली गई होली

Mar 15, 2024 | 06:44 AM IST

पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

केंद्र सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा फैसला लेते हुए पेट्रोल-डीजल के दाम दो रुपये घटा दिए हैं। इसे लेकर कांग्रेस ने निशाना साधते हुए ये सवाल किया है कि क्या अगर भाजपा दोबारा सत्ता में आई तो दोबारा कीमतें नहीं बढ़ाई जाएंगी? पढ़ें पूरी खबर
Mar 15, 2024 | 05:55 AM IST

जेल कर्मचारियों के दुर्व्यवहार पर कैदियों ने तोड़फोड़ की, जानें फिर क्या हुआ

पंजाब के गुरदासपुर जिले में केंद्रीय जेल के कैदियों ने जेल कर्मचारियों के दुर्व्यवहार से परेशान होकर बृहस्पतिवार को उनपर पथराव किया और तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। अधिकारियों ने बताया कि धारीवाल पुलिस थाने के प्रभारी मनदीप सिंह सलगोत्रा सहित पांच पुलिसकर्मी तथा कुछ कैदी घायल हो गए हैं। इससे पहले कहा गया था कि जेल में कैदियों के दो गुटों के बीच झड़प हो गई है। गुरदासपुर के उपायुक्त हिमांशु अग्रवाल ने उप संभागीय मजिस्ट्रेट को घटना की जांच करने का निर्देश दिया है। कथित तौर पर कैदी जेल के कर्मचारियों के दुर्व्यवहार, उचित चिकित्सा उपचार नहीं मिलने और कड़े प्रतिबंधों से परेशान थे।
Mar 15, 2024 | 05:54 AM IST

नोएडा एक्सटेंशन में सोसाइटी की इमारत की 18वीं मंजिल से गिरकर छात्रा की मौत

नोएडा एक्सटेंशन में एक आवासीय सोसाइटी की इमारत की 18वीं मंजिल से कथित तौर पर गिरकर 12वीं कक्षा की एक छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शाम को जब युवती बालकनी में पौधों को पानी दे रही थी उसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, 'बिसरख थाना क्षेत्र के हिमालय प्राइड सोसायटी में 12वीं कक्षा की छात्रा की बालकनी से गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।' एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छात्रा ने हाल ही में स्कूल की वार्षिक परीक्षा उत्तीर्ण की थी। अधिकारी ने कहा, 'ऐसा प्रतीत होता है कि पौधों को पानी देने के दौरान वह फिसल गई और बालकनी से गिर गई।'