LIVE

Aaj Ki Taza Khabar: अल फलाह विश्वविद्यालय को कारण बताओ नोटिस...अमेरिका ने भारत सहित कई देशों के 32 संस्थानों और व्यक्तियों पर लगाए प्रतिबंध....पढ़ें अहम खबरें

Aaj Ki Taza Khabar: दिल्ली ब्लास्ट मामले में बड़ी खबर आई है। आतंकी डॉक्टर उमर उन नबी का डीएनए सैंपल उसकी मां और भाई से मैच हो गया है। डीएनए सैंपल मैच हो जाने के बाद इस बात की पुष्टि हो गई है कि विस्फोट वाली कार उमर ही चला रहा था। ब्लास्ट के बाद आई 20 कार से मिली हड्डियों, दांत, कपड़ों के टुकड़े से DNA का मैच हुआ। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दिल्ली में सोमवार शाम को हुए विस्फोट को 'स्पष्ट रूप से' आतंकवादी हमला बताया है। उन्होंने जांच को संभालने के तरीके की सराहना की। रुबियो ने कहा कि भारत इस जांच को जिस तरह से आगे बढ़ा रहा है, उसमें बहुत ही संयमित, सतर्क और बहुत पेशेवर रहा है। उधर, अमेरिका में सदन ने बुधवार को देश के सबसे लंबे सरकारी बंद को समाप्त करने के लिए एक विधेयक पारित किया और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास हस्ताक्षर के लिए भेजा है। यह विधेयक 43 दिनों की ऐतिहासिक वित्तीय विफलता के बाद आया है। वहीं, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अल कायदा गुजरात आतंकी साजिश मामले में कथित तौर पर अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों से जुड़े मामले में पांच राज्यों में 10 जगहों पर छापेमारी की है। जानिए देश और दुनिया की अहम खबरें।
Aaj Ki Taza Khabar: अल फलाह विश्वविद्यालय को कारण बताओ नोटिस...अमेरिका ने भारत सहित कई देशों के 32 संस्थानों और व्यक्तियों पर लगाए प्रतिबंध....पढ़ें अहम खबरें
  • आतंकी डॉ. उमर उन नबी का डीएनए सैंपल का मिलान
  • 6 दिसंबर को बड़ी आतंकी घटना करना चाहता था उमर
  • दिल्ली हमला 'स्पष्ट रूप से' आतंकवादी हमला- मार्को रुबियो
  • शटडाउन खत्म करने के लिए अमेरिकी सदन में बिल पास
  • अल कायदा गुजरात आतंकी साजिश मामले में एनआईए ने 5 राज्यों में छापेमारी की
Nov 13, 2025 | 07:20 PM IST

राजस्थान के किसान खून के आंसू रोने को मजबूर: अशोक गहलोत

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कृषकों के विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राजस्थान के किसान खून के आंसू रोने को मजबूर हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने 'एक्स' पर आरोप लगाया कि राजस्थान की भाजपा सरकार किसानों को बुवाई के समय बीज नहीं दे पाती, सिंचाई के समय बिजली व पानी नहीं दे पाती और फसल की बेहतर उपज के लिए डीएपी व यूरिया नहीं दे पा रही है।
Nov 13, 2025 | 07:19 PM IST

दिल्ली विस्फोट पर प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए: कांग्रेस

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि लाल किले के नजदीक हुई विस्फोट की घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में अविलंब सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए तथा सरकार को अपने उस ‘‘न्यू नॉर्मल’’ सिद्धांत को लेकर भी रुख स्पष्ट करना चाहिए कि किसी भी आतंकी हमले को युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह भी कहा कि एक दिसंबर से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र को और पहले शुरू किया जाए ताकि इस विषय पर पूरी चर्चा हो सके।
Nov 13, 2025 | 02:55 PM IST

दिल्ली आतंकी विस्फोट मामला | हरियाणा पुलिस और दिल्ली पुलिस की टीमें दिल्ली के ओखला में अल-फलाह विश्वविद्यालय मुख्यालय पहुंचीं।

Nov 13, 2025 | 02:45 PM IST

विस्फोट के कुछ दिनों बाद दिल्ली में लाल किले के पास छत पर मिला कटा हुआ हाथ

पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह लाल किले में विस्फोट स्थल के पास एक दुकान की छत पर एक कटा हुआ हाथ मिला। उन्होंने बताया कि हाथ विस्फोट स्थल से कुछ मीटर की दूरी पर, जैन मंदिर के पीछे मिला। कटे हुए हाथ की सूचना मिलने के बाद, पुलिसकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, इलाके की घेराबंदी की और उसे अपने साथ ले गए। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पहचान सुनिश्चित करने के लिए कटे हुए हाथ को फोरेंसिक जाँच के लिए भेज दिया गया है। 10 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले के पास विस्फोटकों से लदी एक कार में हुए विस्फोट में 12 लोग मारे गए और कई घायल हो गए।
Nov 13, 2025 | 02:14 PM IST

एयर इंडिया हादसे में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र, डीजीसीए से जवाब मांगा

सुप्रीम कोर्ट ने एअर इंडिया विमान दुर्घटना की स्वतंत्र जांच के लिए मृतक पायलट के पिता की याचिका पर केंद्र, डीजीसीए से जवाब मांगा। वहीं, केंद्र ने उच्चतम न्यायालय को बताया कि एअर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के तहत एएआईबी जांच टीम का गठन किया गया था, जांच जारी है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक रिपोर्ट में विमान दुर्घटना के लिए एअर इंडिया के पायलट को दोषी नहीं ठहराया गया है।
Nov 13, 2025 | 01:56 PM IST

पटना में लगे नीतीश के पोस्टर- टाइगर जिंदा है

Tiger Zinda Hai: बिहार विधानसभा चुनाव नतीजों से पहले ही जेडीयू कार्यकर्ता बिहार के सीएम नीतीश कुमार की जीत के जश्न की तैयारी में लग गए हैं। पार्टी कार्यकर्ता होर्डिंग-पोस्टर लगाकर नीतीश को टाइगर बता रहे हैं। बिहार के पूर्व मंत्री रंजीत सिन्हा की ओर से पटना स्थित जनता दल (यूनाइटेड) कार्यालय के बाहर लगाए गए एक पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 'टाइगर जिंदा है' की उपाधि दी गई है। नीतीश को समाज के हाशिये पर पड़े लोगों सहित सभी समुदायों का रक्षक बताया गया है।
Nov 13, 2025 | 01:08 PM IST

अल फलाह विश्वविद्यालय को कारण बताओ नोटिस

दिल्ली विस्फोट जांच में जांच के घेरे में आए अल फलाह विश्वविद्यालय को एनएएसी से झूठे मान्यता दावे पर कारण बताओ नोटिस मिला: अधिकारी।
Nov 13, 2025 | 01:04 PM IST

बांग्लादेश की विशेष अदालत हसीना के खिलाफ मामले में 17 नवंबर को सुनाएगी फैसला

बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी-बीडी) ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि वह मानवता के विरुद्ध अपराध के मामले में अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ 17 नवंबर को फैसला सुनाएगा। राजधानी ढाका में कड़ी सुरक्षा वाली विशेष अदालत में उपस्थित एक पत्रकार ने पीटीआई-भाषा को बताया, तीन न्यायाधीशों वाले न्यायाधिकरण ने फैसला सुनाने के लिए 17 नवंबर की तारीख तय की है। हसीना, अपदस्थ अवामी लीग सरकार में उनके गृह मंत्री असदुज्जमान खान कमाल और तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) या पुलिस प्रमुख चौधरी अब्दुल्ला अल-मामून पर न्यायाधिकरण में मुकदमा चलाया गया। पूर्व प्रधानमंत्री और कमाल पर उनकी अनुपस्थिति में मुकदमा चलाया गया और अदालत ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया।
Nov 13, 2025 | 12:41 PM IST

आतंकी मॉड्यूल : कश्मीर में पूछताछ के लिए 10 लोगों को हिरासत में लिया गया

‘सफेदपोश आतंकी’ मॉड्यूल मामले में कश्मीर के विभिन्न इलाकों से तीन सरकारी कर्मचारियों समेत करीब 10 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ताओं ने रात भर की छापेमारी के दौरान अनंतनाग, पुलवामा और कुलगाम जिलों से संदिग्धों को हिरासत में लिया। दिल्ली में सोमवार को लाल किला के पास हुए विस्फोट के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने घाटी में आतंकी तंत्र के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। लाल किला के पास हुए विस्फोट में अब तक कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ में पता चला है कि उनमें से कुछ पिछले एक साल में तुर्किये भी गए थे। विस्फोटकों के भारी जखीरे की बरामदगी के सिलसिले में डॉक्टरों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जांचकर्ताओं ने अब तक ‘सफेदपोश आतंकी’ मॉड्यूल के सिलसिले में 200 से अधिक लोगों से पूछताछ की है। इस मॉड्यूल का खुलासा आतंकवादियों के दो गुर्गों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर किया गया, जिन्हें इस महीने की शुरुआत में पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
Nov 13, 2025 | 12:17 PM IST

अमेरिका ने भारत सहित कई देशों के 32 संस्थानों और व्यक्तियों पर लगाए प्रतिबंध

अमेरिका ने बुधवार को भारत, चीन और कई अन्य देशों के 32 संस्थानों और व्यक्तियों के खिलाफ, ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से जुड़े होने के आरोप में प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस प्रयास का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ईरान के मिसाइलों और अन्य हथियारों के आक्रामक विकास को रोकना है। बयान में कहा गया है कि अमेरिका आज ईरान, चीन, हांगकांग, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्की, भारत और अन्य क्षेत्रों में स्थित 32 संस्थानों और व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगा रहा है, जो ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल और मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) उत्पादन में सहायता देने वाले विभिन्न आपूर्ति नेटवर्कों से जुड़े हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह कदम ईरान द्वारा परमाणु प्रतिबद्धताओं के महत्वपूर्ण उल्लंघन के जवाब में सितंबर में संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों और अन्य पाबंदियों को फिर से लागू करने के अनुरूप है।
Nov 13, 2025 | 11:47 AM IST

निठारी हत्याकांड: सुरेंद्र कोली जेल से बाहर आया

Surendra Koli walks out of jail: निठारी हत्याकांड के आरोपी सुरेंद्र कोली को ग्रेटर नोएडा की लुक्सर जिला जेल से रिहा कर दिया गया। अधिकारियों ने गुरवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 2006 में सिलसिलेवार तरीके से हुई हत्याओं से जुड़े आखिरी लंबित मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा बरी किए जाने के एक दिन बाद कोली को रिहा कर दिया गया। जेल अधीक्षक बृजेश कुमार ने बुधवार शाम करीब 7.20 बजे कोली के जेल से रिहा होने की पुष्टि की। कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सुरेंद्र कोली को रिहा कर दिया गया।
Nov 13, 2025 | 11:23 AM IST

दिल्ली: प्रदूषण की समस्या से राहत नहीं, एक्यूआई तीसरे दिन भी गंभीर श्रेणी में

दिल्ली में बृहस्पतिवार को भी दिन में घना कोहरा छाया रहा और वायु गुणवत्ता लगातार तीसरे दिन ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की ओर से जारी सुबह के वायु गुणवत्ता बुलेटिन में एक्यूआई 404 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के मुताबिक, 37 निगरानी केंद्रों में से 27 ने एक्यूआई का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी में बताया, जिनमें बुराड़ी (433), चांदनी चौक (455), आनंद विहार (431), मुंडका (438), पूसा (302), बवाना (460) और वजीरपुर (452) शामिल हैं। गंभीर श्रेणी प्रदूषण के उस स्तर को दर्शाती है, जो स्वस्थ लोगों को प्रभावित कर सकता है और पहले से बीमार लोगों पर गंभीर रूप से प्रभाव डाल सकता है।
Nov 13, 2025 | 11:02 AM IST

लाल रंग की इकोस्पोर्ट कार पार्क करने वाले शख्स हिरासत में

फरीदाबाद पुलिस ने फरीदाबाद के खंडावली में लाल रंग की इकोस्पोर्ट कार पार्क करने वाले व्यक्ति को हिरासत में लिया है। कार पार्क करने वाले व्यक्ति का नाम फहीम बताया जा रहा है, जो आरोपी डॉ. उमर उन नबी का रिश्तेदार भी है।
Nov 13, 2025 | 11:01 AM IST

ईडी ने जेपी इंफ्राटेक के एमडी मनोज गौड़ को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया

प्रवर्तन निदेशालय ने रियल्टी कंपनी जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड के एमडी मनोज गौड़ को घर खरीदारों के साथ कथित धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यवसायी को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि उनके खिलाफ जांच घर खरीदारों के साथ कथित धोखाधड़ी के एक मामले से संबंधित है।
Nov 13, 2025 | 10:39 AM IST

जैश-ए-मोहम्मद की महिला कमांडर अफीरा बीबी की तलाश

सुरक्षा एजेंसियां को जैश-ए-मोहम्मद की महिला कमांडर अफीरा बीबी की तलाश हैं। वह अजहर महमूद की बहन सादिया के भी संपर्क में थी। उसे पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फोर्ड ईको कार एक महिला और एक पुरुष द्वारा पार्क की गई थी। कार मामले में एक को हिरासत में ले लिया गया है। अफीरा बीवी कश्मीर की है। एजेंसियां तलाश कर रही हैं कि क्या दिल्ली ब्लास्ट में इसका भी कोई कनेक्शन है।
Nov 13, 2025 | 10:10 AM IST

अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन खत्म

US Shutdown: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा विधेयक पर हस्ताक्षर के साथ ही अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन खत्म हो गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संघीय सरकार का कामकाज फिर से शुरू के लिए धन जुटाने वाले पैकेज पर हस्ताक्षर कर उसे कानून बना दिया है। इस तरह अमेरिकी इतिहास में सबसे लंबे समय तक चले शटडाउन का आधिकारिक अंत हो गया है, जो रिकॉर्ड 43 दिनों तक चला था। हस्ताक्षर समारोह के दौरान ओवल ऑफिस से बोलते हुए, राष्ट्रपति ट्रंप ने डेमोक्रेट्स पर लंबे समय से चल रहे गतिरोध के लिए आरोप लगाया और इसे अमेरिकी करदाताओं से जबरन वसूली का प्रयास बताया। ट्रंप ने कहा, पिछले 43 दिनों से कांग्रेस में डेमोक्रेट्स ने अवैध विदेशियों के लिए अमेरिकी करदाताओं से सैकड़ों अरब डॉलर की वसूली करने के प्रयास में संयुक्त राज्य अमेरिका की सरकार को बंद कर रखा है। आज, हम एक स्पष्ट संदेश दे रहे हैं कि हम जबरन वसूली के आगे कभी नहीं झुकेंगे।
Nov 13, 2025 | 09:57 AM IST

आतंकी उमर उन नबी की तस्वीर आई सामने

Nov 13, 2025 | 09:43 AM IST

बिहार के पटना में जेडीयू कार्यालय के बाहर सीएम नीतीश कुमार का पोस्टर लगा, जिसमें लिखा है "टाइगर अभी ज़िंदा है"।

Nov 13, 2025 | 09:33 AM IST

दिल्ली धमाके का दिल दहलाने वाला वीडियो

Nov 13, 2025 | 08:34 AM IST

अल कायदा गुजरात आतंकी साजिश मामले में एनआईए ने 5 राज्यों में छापेमारी की

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अल कायदा गुजरात आतंकी साजिश मामले में कथित तौर पर अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों से जुड़े मामले में पांच राज्यों में 10 जगहों पर छापेमारी की है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। एनआईए की टीमों ने बुधवार को पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मेघालय, हरियाणा और गुजरात में विभिन्न संदिग्धों और उनके सहयोगियों से जुड़े परिसरों की तलाशी ली। अधिकारी ने बताया कि कई डिजिटल उपकरण और दस्तावेज़ ज़ब्त किए गए हैं जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
Nov 13, 2025 | 08:33 AM IST

शटडाउन खत्म करने के लिए अमेरिकी सदन में बिल पास

अमेरिका में सदन ने बुधवार को देश के सबसे लंबे सरकारी बंद को समाप्त करने के लिए एक विधेयक पारित किया और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास हस्ताक्षर के लिए भेजा। यह विधेयक 43 दिनों की ऐतिहासिक वित्तीय विफलता के बाद आया है, जिसमें संघीय कर्मचारियों को वेतन नहीं मिले, यात्री हवाई अड्डों पर फंसे रहे और लोग अपने परिवारों के लिए भोजन जुटाने के लिए फूड बैंकों के बाहर कतार में खड़े रहे।
Nov 13, 2025 | 08:33 AM IST

'स्पष्ट रूप से' आतंकवादी हमला- मार्को रुबियो

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दिल्ली में सोमवार शाम को हुए विस्फोट को 'स्पष्ट रूप से' आतंकवादी हमला बताया है। उन्होंने जांच को संभालने के तरीके की सराहना की। रुबियो ने भारत द्वारा सोमवार को दिल्ली में हुए विस्फोट को आतंकवादी घटना घोषित करने पर एक मीडिया प्रश्न का उत्तर देते हुए यह टिप्पणी की। रुबियो ने कहा, भारतीयों को बधाई दी जानी चाहिए। वे इस जांच को जिस तरह से आगे बढ़ा रहे हैं, उसमें बहुत ही संयमित, सतर्क और बहुत पेशेवर रहे हैं। वह जांच जारी है। यह स्पष्ट रूप से एक आतंकवादी हमला था। यह अत्यधिक विस्फोटक सामग्री से भरी एक कार थी जिसमें विस्फोट हुआ और कई लोग मारे गए।
Nov 13, 2025 | 08:33 AM IST

6 दिसंबर को बड़ी आतंकी घटना करना चाहता था उमर

दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले का रहने वाला डॉ. उमर (28 साल) लाल किला विस्फोट में मारा गया। बीते सोमवार शाम करीब सात बजे हुए इस धमाके में 12 लोगों की जान चली गई जबकि 20 अन्य लोग घायल हुए। डॉक्टर उमर कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैले आतंकी मॉड्यूल में शामिल था। हालांकि, उमर का बड़ा प्लान नाकाम हो गया, क्योंकि उसके निशाने पर अयोध्या भी था। उसकी तैयारी थी कि बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी यानी 6 दिसंबर को बड़े पैमाने पर घटना को अंजाम देना।
Nov 13, 2025 | 08:33 AM IST

आतंकी डॉ. उमर उन नबी का डीएनए सैंपल का मिलान

दिल्ली ब्लास्ट मामले में बड़ी खबर आई है। आतंकी डॉक्टर उमर उन नबी का डीएनए सैंपल उसकी मां और भाई से मैच हो गया है। डीएनए सैंपल मैच हो जाने के बाद इस बात की पुष्टि हो गई है कि विस्फोट वाली कार उमर ही चला रहा था। सूत्रों का कहना है कि ब्लास्ट के बाद आई 20 कार से मिली हड्डियों, दांत, कपड़ों के टुकड़े से DNA का मैच हुआ। इससे अब यह भी साफ हो गया है कि ब्लास्ट में मरने वाला उमर ही था। बताया जाता है कि उसने 6 दिसंबर को बड़ा हमला करने की साजिश रची थी। छह दिसंबर को बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी है।