LIVE

हिंदी समाचार, 11 जुलाई 2024: सुप्रीम कोर्ट में नीट पेपर लीक केस की सुनवाई टली, चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी भारतीय क्रिकेट टीम

Shashank Shekhar MishraUpdated Jul 11, 2024, 19:59 IST

हिंदी समाचार, 11 जुलाई 2024: सुप्रीम कोर्ट में नीट पेपर लीक केस की सुनवाई टली, चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी भारतीय क्रिकेट टीम
हिंदी समाचार, 11 जुलाई 2024: सुप्रीम कोर्ट में नीट पेपर लीक केस की सुनवाई टली, चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी भारतीय क्रिकेट टीम

हिंदी न्यूज़ 11 जुलाई 2024 और बड़ी खबरें: सुप्रीम कोर्ट में नीट पेपर लीक मामले की सुनवाई टल गई है। अब इस मामले में 18 जुलाई को अगली सुनवाई होगी। इस दिन सुप्रीम कोर्ट अहम फैसला सुना सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह गुरुवार 18 जुलाई को NEET-UG मामले की सुनवाई करेगा। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि मामले के कुछ पक्षकारों को केंद्र और एनटीए द्वारा दायर हलफनामे नहीं मिले हैं और उन्हें बहस से पहले अपने जवाब तैयार करने की जरूरत है। चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों में जुटे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल सूत्रों के मुताबिक भारतीय क्रिकेट टीम का इस मेगा आयोजन के लिए पाकिस्तान जाना मना हो गया है और अब हाईब्रिड मॉडल में इसका आयोजन किया जा सकता है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया सीए इटरमीडिएट व फाइनल का रिजल्ट जारी (CA Inter May Result) कर दिया है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार रजिस्ट्रेशन नंबर व पासवर्ड के जरिए ऑफिशियल वेबसाइट icai.org, icai.nic.in, icaiexam.icai.org पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकते हैं। नीट पेपर लीक को लेकर केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया है अपने हलफनामे में केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि वह नीट की परीक्षा दोबारा करने के पक्ष में नहीं है केंद्र ने हलफनामे में कहा कि भारत सरकार उन छात्रों की चिंताओं को दूर करने के लिए बाध्य है जिन्होंने नीट परीक्षा 2024 दी है। 10 साल बाद कांग्रेस को लोकसभा में नेता विपक्ष का पद इस बार मिला, जिसे राहुल गांधी संभाल रहे हैं, वहीं कांग्रेस ने राज्यसभा में भी नेता विपक्ष की कुर्सी सुरक्षित कर ली है, ये सवाल तब शुरू हुआ जब लोकसभा चुनाव के वक्त केसी वेणुगोपाल (राजस्थान) और दीपेंद्र हुड्डा (हरियाणा) ने अलपूझा और रोहतक से लोकसभा चुनाव जीता है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...

JUL 11, 2024 19:59 IST

लातूर से भाजपा के पूर्व विधायक सुधाकर भालेराव राकांपा (एसपी) में शामिल हुए

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक सुधाकर भालेराव बृहस्पतिवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) में शामिल हो गए। लातूर के उदगिर से विधायक रह चुके भालेराव ने पार्टी से इस्तीफा दिया और फिर मुंबई में वाई.बी. चव्हाण केंद्र में एक कार्यक्रम में राकांपा (एसपी) में शामिल हुए। कार्यक्रम में शरद और सुप्रिया सुले व जयंत पाटिल समेत पार्टी के अन्य नेता उपस्थित थे। भालेराव 2009 और 2014 में विधानसभा चुनाव जीते थे, लेकिन 2019 में उन्हें हटाकर अनिल कांबले को टिकट दिया गया था। कांबले को अविभाजित राकांपा के संजय बंसोडे ने हरा दिया था। बंसोडे अब अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में हैं और राज्य सरकार में खेल मंत्री हैं।
JUL 11, 2024 19:54 IST

उत्तर प्रदेश : नदी में बहे चाचा-भतीजे के शव बरामद

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बाढ़ से उफनाई बिसुही नदी में बहकर लापता हुए चाचा-भतीजे के शव बृहस्पतिवार को बरामद कर लिये गये। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि पीलीभीत जिले में भी बाढ़ के पानी में डूबे एक युवक का शव बरामद किया गया। गोंडा से पुलिस सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक, बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के पनन कुंइयां के रहने वाले दिनेश कुमार गौतम (35) अपने भतीजे सूरजभान (13) के साथ मंगलवार देर शाम एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल से लक्ष्मी नगर के लिए निकले थे। सूत्रों के मुताबिक, अमवा घाट पुल पर बिसुही नदी को पार करते समय मोटरसाइकिल तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गयी और दोनों लोग बाइक समेत नदी के पानी में बह गये। सूत्रों ने बताया कि शादी कार्यक्रम में न पहुंचने पर परिजनों ने जब उनसे सम्पर्क करने की कोशिश किया तो मोबाइल बंद आया। पुलिस ने छानबीन कर बुधवार को अमवा घाट पुल से थोड़ी दूर नदी से उनकी मोटर साइकिल बरामद की और दोनों के नदी में बह जाने की आशंका के मद्देनजर स्थानीय गोताखोरों और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के कर्मियों के सहयोग से बुधवार को दिन भर तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
JUL 11, 2024 19:54 IST

अब 'अमेजन पे' के जरिये खरीद सकते हैं दिल्ली मेट्रो का क्यूआर टिकट

दिल्ली मेट्रो के यात्री अब ऑनलाइन भुगतान मंच ‘अमेजन पे’ के जरिये अपने मोबाइल फोन पर क्यूआर टिकट ले सकते हैं। इसके लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने अमेजन पे के साथ साझेदारी की बृहस्पतिवार को घोषणा की। इसके लिए ग्राहक को अमेजन पे टैब के तहत दिल्ली मेट्रो क्यूआर टिकट का विकल्प चुनना होगा। फिर उन्हें ‘कहां से’ और ‘कहां तक’ जाने वाले स्टेशनों का चयन करना होगा। वे ऑनलाइन भुगतान कर अपने मोबाइल फोन पर फौरन ही क्यूआर टिकट हासिल कर सकते हैं। अधिकारियों ने कहा कि इस अनूठी टिकट व्यवस्था की मदद से यात्री चलते-फिरते हुए मेट्रो का टिकट खरीद सकते हैं। यह दिल्ली मेट्रो से रोजाना सफर करने वाले लाखों उपयोगकर्ताओं के लिए एक त्वरित, संपर्क-रहित और परेशानियों से मुक्त करने वाला अनुभव प्रदान करता है। अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों को मेट्रो स्टेशनों पर घुसने और निकलने के लिए स्वचालित किराया संग्रह (एएफसी) द्वार पर अपने स्मार्टफोन को क्यूआर कोड स्कैनर के सामने रखना होगा। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक विकास कुमार ने इस मौके पर कहा, ‘‘क्यूआर टिकट के लिए अमेजन पे के साथ साझेदारी करने से दैनिक यात्राएं अधिक कुशल और सुविधाजनक हो जाएंगी। इससे सुविधा मिलती है, कागज़ की बर्बादी में कमी आती है और हमारे पर्यावरण-अनुकूल प्रयासों को समर्थन मिलता है।’’ अमेजन पे इंडिया की निदेशक अनुराधा अग्रवाल ने कहा, ‘‘हम अमेजन पे पर मेट्रो क्यूआर टिकट प्रणाली शुरू करने को लेकर उत्साहित हैं, जो लाखों लोगों के लिए आवागमन को आसान बना देगा। इससे टोकन लेने और टिकट लेते समय खुले पैसे लौटाने की जरूरत खत्म हो जाती है।’’ डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने कहा कि मेट्रो दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न मार्गों पर प्रतिदिन लगभग 65 लाख यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाती है। ऐसे में यह नई टिकट व्यवस्था उनके लिए काफी सुविधाजनक साबित होगी।
JUL 11, 2024 19:53 IST

उत्तराखंड: बद्रीनाथ राजमार्ग अवरूद्ध होने से मुसीबत में श्रद्धालु

उत्तराखंड के चमोली जिले के जोगीधारा में हुए भूस्खलन के कारण पिछले तीन दिन से बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के अवरूद्ध होने से हिमालयी धाम तथा हेमकुंड सहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने श्रद्धालुओें को लेकर जा रहे वाहनों को चमोली और कर्णप्रयाग के बीच रोक दिया, जिससे लंगासू थाने के निकट जाम जैसी स्थिति बन गयी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के कर्मी जोगीधारा में मलबे के ढेर को पार करने में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत श्रद्धालुओं की मदद कर रहे हैं जबकि वाहनों में यात्रा करने वाले लोग लंगासू थानक्षेत्र के मुख्य मार्ग पर आवाजाही शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। राजमार्ग के अवरूद्ध होने के कारण बद्रीनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए बुधवार को हुए मतदान के लिए दूरस्थ स्थानों पर गए चुनावकर्मियों को भी गोपेश्वर लौटने में भी दिक्कत हुई। जिला निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि चुनावकर्मी द्रोणागिरी, जुम्मा और कोशा जैसे दूरस्थ मतदान केंद्रों से मतदान उपकरणों और सामग्री के साथ हेलीकॉप्टर के जरिए गोपेश्वर लौटे। चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सड़क पर पड़े मलबे को साफ करने में जुटा है हालांकि, पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण सफाई के कार्य में दिक्कत आ रही है। वहीं मानसून शुरू होते ही भूस्खलन के कारण मार्गो के अवरूद्ध होने से धामों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आयी है। बुधवार को बद्रीनाथ धाम में केवल 400 श्रद्धालुओं ने ही दर्शन किए जबकि मानसून से पहले रोजाना हजारों की संख्या में तीर्थयात्री आ रहे थे।
JUL 11, 2024 16:23 IST

पेपर लीक कांड के एक और फरार आरोपी रॉकी को CBI ने किया गिरफ्तार

NEET पेपर लीक मामले में एक और फरार आरोपी रॉकी को CBI ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद रॉकी को CBI ने CBI स्पेशल कोर्ट के मुख्य न्याययिक दंडाधिकारी हर्षवर्धन की कोर्ट में पेश किया। पेशी के बाद CBI ने कोर्ट से रॉकी के रिमांड की अपील की। कोर्ट ने CBI की अर्जी को मंजूर किया। आरोपी रॉकी को 10 दिनों के लिए CBI रिमांड पर भेज दिया गया है।
JUL 11, 2024 15:49 IST

भाजपा और मीडिया का एक वर्ग पश्चिम बंगाल को बदनाम कर रहा है: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल में उत्तर 24 परगना जिले के अरियादाह में हुई भीड़ के हमले की घटना को लेकर बृहस्पतिवार को भाजपा और मीडिया के एक वर्ग पर राज्य की छवि खराब करने का आरोप लगाया। कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए बनर्जी ने कहा कि दो साल पुरानी जिस घटना का वीडियो वायरल हुआ है, वह उस समय हुई थी जब अर्जुन सिंह बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद थे। उन्होंने टीवी चैनलों के एक वर्ग पर बुधवार के उपचुनाव से पहले भाजपा के इशारे पर वह पुराना वीडियो बार बार दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “मीडिया का एक वर्ग और भाजपा बंगाल में मिली हार को पचा नहीं पा रही, इसलिए राज्य को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।” अरियादाह में एक लड़की पर लोगों के एक समूह द्वारा हमला करने का पुराना वीडियो क्लिप सामने आने के बाद, पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और स्थानीय टीएमसी नेता तथा मुख्य संदिग्ध जयंत सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
JUL 11, 2024 14:55 IST

महिला उत्पीड़न के मामलों को लेकर विधानसभा में हंगामा

राजस्थान में महिलाओं के उत्पीड़न के मामलों को लेकर बृहस्पतिवार को विधानसभा में काफी हंगामा हुआ। सरकार ने जहां कहा कि उसके छह महीने के कार्यकाल में महिला उत्पीड़न के मामलों में छह प्रतिशत की कमी आई है तो वहीं उनके जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने हंगामा व नारेबाजी की। प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा के एक प्रश्न के जवाब में प्रभारी मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया कि राज्य में एक जनवरी 2024 से 30 जून 2024 तक महिला उत्पीड़न के 20767 प्रकरण दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि गत कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के छह महीनों से तुलना की जाए तो ऐसे मामलों में छह प्रतिशत की कम आयी है। मंत्री ने कहा, '2022 से 2024 तक जनसंख्या तो बढ़ी है लेकिन ऐसे मामले इस दौरान छह प्रतिशत कम हुए हैं। महिला उत्पीड़न के मामलों में छह प्रतिशत कमी आई है।' महिला उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा,'7400 स्थान चिन्हित किए हैं जहां महिलाओं का आवागमन ज्यादा होता है और 20615 नए सीसीटीवी कैमरे के लिए ऑर्डर किए गए हैं।' विपक्ष ने मंत्री द्वारा मामलों की तुलना को गलत बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। विधायक इंदिरा ने डिंपल मीणा प्रकरण को भी उठाया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि मंत्री सदन को गुमराह न करें क्योंकि अप्रैल 2024 में 2861 मामले दर्ज हुए जबकि मई में 4088 मामले दर्ज हुए। उन्होंने कहा, 'एक महीने में 43 प्रतिशत के आसपास की वृद्धि हुई है... आप छह प्रतिशत की कमी कहां से बता रहे हैं?' मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायक सीटों से उठकर नारेबाजी करने लगे और अध्यक्ष के आसन के सामने आ गए। इसको लेकर सत्ता पक्ष व विपक्ष में काफी देर तक बहस होती रही। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अगला प्रश्न पुकार लिया।
JUL 11, 2024 12:52 IST

देउबा और ओली ने नेपाल में नयी सरकार के गठन को लेकर की बातचीत

नेपाली कांग्रेस और ‘सीपीएन-यूएमएल’ के नेताओं ने प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ के शुक्रवार को होने वाले शक्ति परीक्षण से पहले नयी गठबंधन सरकार के गठन को लेकर बातचीत की। सत्तारूढ़ गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी के पी शर्मा ओली नीत ‘सीपीएन-यूएमएल’ ने पिछले सप्ताह प्रचंड के नेतृत्व वाली सरकार से समर्थन वापस ले लिया था और नेपाली कांग्रेस के साथ सत्ता साझेदारी संबंधी समझौता किया था। माना जा रहा है कि दाहाल विश्वास मत हासिल नहीं कर पाएंगे। नेपाल की 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में सबसे बड़ी पार्टी नेपाली कांग्रेस के पास फिलहाल 89 सीट हैं, जबकि सीपीएन-यूएमएल के पास 78 सीट हैं। निचले सदन में 138 सीटों के बहुमत के मुकाबले दोनों दलों के पास कुल 167 सदस्य हैं। प्रचंड की पार्टी के पास 32 सीट हैं। सीपीएन-यूएमएल’ अध्यक्ष ओली ने नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा से बुधवार को मुलाकात की।
JUL 11, 2024 12:51 IST

जम्मू कश्मीर: नियंत्रण रेखा के पार विस्फोट, तलाश अभियान जारी

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार विस्फोट हुआ। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। विस्फोट बुधवार रात को हुआ। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार देर रात लाम सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पार संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। उसी दौरान ‘जीरो लाइन’ (दोनों क्षेत्रों के बीच का स्थान) के बहुत करीब विस्फोट हुआ। उन्होंने बताया कि इलाके में तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।
JUL 11, 2024 11:01 IST

चंदौली में गिरी आकाशीय बिजली, एक बच्चे समेत 6 की मौत

चंदौली में तेज बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। प्राकृतिक आपदा में दर्जन भर लोग झुलस गए जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार कर रहे चिकित्सक ने बताया कि सभी झुलसे लोगों की हालत अब खतरे से बाहर है।
JUL 11, 2024 10:19 IST

अतीक अहमद के वकील रहे विजय मिश्रा हिस्ट्रीशीटर घोषित

उत्तर प्रदेश में प्रयागराज पुलिस ने गैंगस्टर अतीक अहमद के वकील विजय मिश्रा को कैंटोनमेंट थाने में हिस्ट्रीशीटर के रूप में सूचीबद्ध किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने पहले ही अतीक अहमद के बेटों मोहम्मद उमर और अली अहमद को प्रयागराज जिले के खुल्दाबाद थाने में क्रमश '48बी' और '57बी' नंबर पर हिस्ट्रीशीटर के रूप में सूचीबद्ध कर दिया है। विजय मिश्रा हिस्ट्रीशीटर के रूप में सूचीबद्ध होने वाले अतीक अहमद के दूसरे वकील हैं। जून में एक अन्य वकील खान सौलत हनीफ को हिस्ट्रीशीटर के रूप में सूचीबद्ध किया गया था।
JUL 11, 2024 08:47 IST

नाटो देश अपना औद्योगिक आधार मजबूत करें : बाइडन

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस के तेजी से रक्षा उत्पादन बढ़ाने के मद्देनजर उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सदस्य देशों से बुधवार को अपने औद्योगिक आधार को मजबूत करने का आह्वान किया।बाइडन ने वाशिंगटन में नाटो शिखर सम्मेलन के एक सत्र के दौरान कहा कि नाटो देशों ने दो साल पहले अपनी प्रतिरोधक क्षमता और रक्षा प्रणाली को आधुनिक बनाने का फैसला किया था।
JUL 11, 2024 08:47 IST

रूस और ऑस्ट्रिया दौरे के बाद भारत वापस लौटे पीएम मोदी

रूस और ऑस्ट्रिया दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत वापस लौट आए हैं। दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत की और द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
JUL 11, 2024 07:21 IST

श्रीलंका के विदेश राज्य मंत्री थरका बालासुरिया दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचे, बिम्सटेक विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे

JUL 11, 2024 06:03 IST

नीट-यूजी में धांधली नहीं हुई, केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में दिया हलफनामा

केंद्र सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर कहा कि नीट-यूजी मामले में बड़े पैमाने पर कोई धांधली नहीं हुई है ऐसे में दोबारा परीक्षा कराए जाने की कोई जरूरत नहीं है। उसने वायरल टेलीग्राम वीडियो को भी फर्जी बताया है। साथ ही कहा कि 2024-25 के लिए स्नातक सीटों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया जुलाई के तीसरे सप्ताह से शुरू होगी।
JUL 11, 2024 06:01 IST

रूस और ऑस्ट्रिया की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी स्वदेश रवाना

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रूस और ऑस्ट्रिया की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद बुधवार को स्वदेश रवाना हो गए। प्रधानमंत्री मोदी ने इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत की और द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऑस्ट्रिया की सफल यात्रा पूरी करने के बाद नयी दिल्ली के लिए रवाना हो गए।’’
JUL 11, 2024 06:00 IST

अमिताभ बच्चन का ‘डीपफेक' वीडियो बनाने के आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज

मुंबई की एक अदालत ने अभिनेता अमिताभ बच्चन के अश्लील ‘डीपफेक’ वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका बुधवार को खारिज कर दी। आरोपी उत्तराखंड का रहने वाला है। सत्र न्यायाधीश वी एम पठाडे ने ऋषिकेश में आयुर्वेद दवा कंपनी संचालित करने वाले अभिजीत पाटिल की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। विस्तृत आदेश अभी उपलब्ध नहीं है।
JUL 11, 2024 06:00 IST

झगड़े के दौरान शोर पर आपत्ति जताने पर व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या

पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में पारिवारिक झगड़े के दौरान शोर और हंगामे पर आपत्ति जताने को लेकर पड़ोसियों ने 30 वर्षीय एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।इस घटना में पीड़ित का छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
JUL 11, 2024 05:59 IST

जयपुर बजट पर मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा, यह विकास का बजट

जयपुर बजट पर बात करते हुए मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि यह विकास का बजट है। गरीबों, युवाओं, महिलाओं को आगे ले जाने के लिए यह बजट है।