आज की ताजा खबर, 11 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: झारखंड में छात्रों ने निकाला 'मौन जुलूस', Gen-Z पर टिप्पणी के लिए कंगना रनौत के खिलाफ याचिका स्वीकार
सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए आंदोलनकारियों से संवाद और विश्वास के जरिए अपनी समस्याओं का समाधान निकालने की अपील भी की।
झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर जारी आंदोलन सोमवार को 17वें दिन में प्रवेश कर गया। जहां आज 18वां दिन शुरू हो गया है और बताया गया कि आज भी प्रदर्शनकारी विधानसभा का घेराव करेंगे।
इसके अलावा झारखंड भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ सोमवार को यहां हुए छात्रों के "शांतिपूर्ण" विरोध प्रदर्शन में व्यवधान डालने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वहीं, अमेरिका में 1.75 लाख वीजा रद्द किए गए हैं। पढ़ें- देश और दुनिया की हर छोटी बड़ी खबर यहां...
राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक सेवा के 183 अधिकारियों के तबादले किए
राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 183 अधिकारियों का मंगलवार को तबादला व पदस्थापन किया गया। राज्य सरकार के कार्मिक विभाग ने यह आदेश जारी किया। आदेश के तहत, मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेषाधिकारी योगेश कुमार श्रीवास्तव को जयपुर स्थित गंगानगर शुगर मिल्स लिमिटेड में महाप्रबंधक पद पर तैनात किया गया है। वहीं राजस्थान आवासन मंडल में उपसचिव डॉ अशोक कुमार अब स्थानीय निकाय विभाग में अतिरिक्त निदेशक होंगे। कार्मिक विभाग में उपशासन सचिव हरफूल पंकज को अलवर में अतिरिक्त जिला कलेक्टर पद पर और राजसमंद के अतिरिक्त जिला कलेक्टर नरेश बुनकर को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) न्यायालय पाली पद पर तैनात किया गया है।आदेश में पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे अनेक अधिकारियों को भी तैनाती दी गई है। कार्मिक विभाग ने इससे पहले सोमवार देर रात भारतीय वन सेवा के 69 अधिकारियों के स्थानांतरण-पदस्थापन का आदेश जारी किया था।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली में पुरानी दो-मंज़िला इमारत की छत का हिस्सा गिरा
उत्तर पश्चिम दिल्ली के राणा प्रताप बाग में एक पुरानी दो मंजिला इमारत की छत के स्लैब के कुछ हिस्से मंगलवार को गिर गए, जिसके बाद पुलिस और नगर निकाय एजेंसियों ने ढांचे का निरीक्षण किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अपराह्न 3.16 बजे दो मंजिला इमारत गिरने के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना मिली थी, जिसके बाद एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया।पुलिस ने कहा कि निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इमारत नहीं गिरी थी जैसा कि शुरुआत में बताया गया था, जबकि इमारत के अंदरूनी हिस्से की छत का कुछ हिस्सा गिर गया था। अधिकारी ने कहा, "घटना में कोई घायल नहीं हुआ और जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल), दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और निरीक्षण किया।" पुलिस के मुताबिक, इमारत का मालिक मॉडल टाउन के डेरावाल नगर निवासी सुनील कपूर है और परिसर में मजदूर रह रहे हैं। अधिकारी ने कहा, "संरचना एक पुरानी इमारत है और इसकी स्थिति को लेकर चिंताएं जताई गई हैं। विस्तृत निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई के लिए मामले को एमसीडी के संज्ञान में लाया गया है।" मालिक को सभी एहतियाती कदम उठाने और परिसर में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी सलाह दी गई है।
झारखंड में छात्रों ने निकाला 'मौन जुलूस'
भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच की अगुवाई में छात्रों ने मंगलवार शाम यहां जयपाल सिंह स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक एक मौन जुलूस निकाला। इस मुद्दे पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को 18वें दिन में प्रवेश कर गया और यह जुलूस उसी आंदोलन के हिस्से के रूप में आयोजित किया गया था। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के कामकाज में सुधार, कई परीक्षाओं को रद्द करने तथा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या राज्य के बाहर के उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के एक पैनल से स्वतंत्र जांच कराने की मांग को लेकर छात्र व अभ्यर्थी 25 जुलाई से आंदोलन कर रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर छह प्रदर्शनकारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं, जिनमें से दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार को जेपीएससी-जेएसएससी मंच के तहत प्रदर्शनकारी छात्रों और झारखंड सरकार के बीच छठे दौर की वार्ता में कोई नतीजा नहीं निकल सका था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मामले को सुलझाने के प्रति गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया है।आइसक्रीम विक्रेता की आड़ में गांजे की तस्करी करने वाला गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने आइसक्रीम विक्रेता की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 1.32 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी मनोज कुमार राय कथित तौर पर इलाके में साइकिल से घूमकर प्रतिबंधित पदार्थ बेचता था। संदेह से बचने के लिए वह खुद को आइसक्रीम बेचने वाला दिखाता था। पुलिस ने बताया कि आठ अगस्त को शाम करीब 5.30 बजे, कांस्टेबल सूरज गश्त पर थे, जब उन्होंने राय को रामलीला मैदान के नजदीक एमसीडी नर्सरी के पास देखा। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "उसकी गतिविधि पर कुछ संदेह पैदा हुआ, जिसके बाद कांस्टेबल ने देखा कि वह एक बैग ले जा रहा था जिससे गांजे की तेज गंध आ रही थी।"उन्होंने बताया कि सूरज ने तुरंत अपने ड्यूटी अधिकारी को सूचित किया, जिसके बाद एक अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचा और राय को पकड़ लिया गया।
अधिकारी ने कहा कि उसके बैग की तलाशी में एक किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद हुआ। उन्होंने बताया, "पूछताछ के दौरान, राय ने खुलासा किया कि वह आसानी से पैसा कमाने और वित्तीय कठिनाइयों से उबरने के लिए अवैध व्यापार में शामिल हुआ। हम यह पता लगाने के लिए उससे पूछताछ कर रहे हैं कि उसने मादक पदार्थ कहां से खरीदा।"
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, 150 साल पूरे होने पर हुआ सामूहिक गायन
‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान के तहत मंगलवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के आदर्श ऑडिटोरियम में देशभक्ति से भरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। इस साल ‘वंदे मातरम्’ के 150 साल पूरे होने के मौके पर अभियान को खास तौर पर समर्पित किया गया है। कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर दिवेश चंद्र श्रीवास्तव, स्पेशल सीपी क्राइम एचजीएस धालीवाल और स्पेशल सीपी स्पेशल सेल अनिल शुक्ला समेत कई वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के इतिहास और देश के स्वतंत्रता आंदोलन में इसके महत्व पर आधारित डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग से हुई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक साथ ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान गाया। सामूहिक गायन के दौरान पुलिस मुख्यालय का माहौल देशभक्ति से भर गया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम का मकसद पुलिसकर्मियों में देश के प्रति समर्पण, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। ‘हर घर तिरंगा 2026’ के तहत दिल्ली पुलिस के अलग-अलग जिलों और यूनिट में भी ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘वंदे मातरम्’ की रचना बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने 1875 में की थी। आजादी की लड़ाई के दौरान यह गीत देशभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना का अहम प्रतीक बना और आज भी लोगों में देशप्रेम की भावना जगाता है।ऊपरी इलाकों से छोड़े जा रहे पानी से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ रहा, प्रशासन चौकन्ना
उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण ऊपरी क्षेत्रों से यमुना में लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे मथुरा में नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय करते हुए सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारियों सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों को यमुना की स्थिति पर नजर रखने और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मांट, छाता, सदर और महावन तहसीलों के यमुना के निकटवर्ती गांवों के सभी लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहने तथा यमुना किनारे के निचले इलाकों का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारी ने बताया कि यमुना का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी भरने लगा है हालांकि प्रशासन ने एहतियातन सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ चौकियों पर गोताखोरों और नाविकों की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जा सके। प्रशासन के अनुसार, ऊपरी क्षेत्रों से छोड़ा गया पानी फिलहाल गंभीर स्थिति उत्पन्न करने वाला नहीं है हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारी यमुना के जलस्तर की लगातार निगरानी कर रहे हैं। सिंह ने बताया कि नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने तथा जलस्तर बढ़ने के दौरान नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यमुना में नावों और स्टीमर का संचालन भी एहतियातन बंद कर दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि हालांकि पिछले दो दिनों में यमुना के जलस्तर में कमी आने के संकेत मिले हैं। उन्होंने बताया कि रविवार शाम चार बजे प्रयाग घाट पर यमुना का जलस्तर 164.76 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि मंगलवार सुबह आठ बजे यह 164.60 मीटर था।इस तरह पिछले 52 घंटे में जलस्तर में 16 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई है।
Gen-Z पर टिप्पणी के लिए भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ याचिका स्वीकार
उत्तर प्रदेश के आगरा की एक विशेष अदालत ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ दायर याचिका स्वीकार कर ली। एक अधिवक्ता ने यह जानकारी दी। अधिवक्ता ने बताया कि सांसद/विधायक अदालत में यह याचिका प्रश्न पत्र लीक के मुद्दे को लेकर जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों और उनके माता-पिता तथा ’जेन जेड’ के बारे में रनौत की कथित टिप्पणियों को लेकर दायर की गई थी। याचिकाकर्ता और अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने बताया कि अदालत ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 21 अगस्त की तारीख तय की है। शर्मा ने आरोप लगाया कि जब छात्र प्रश्न पत्र लीक के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब रनौत ने ’जेन जेड’ और प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के माता-पिता के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। अधिवक्ता ने कहा कि यह याचिका कथित टिप्पणियों के संबंध में दायर की गई थी और अदालत ने इसे स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि 21 अगस्त को होने वाली सुनवाई की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और उस दिन दलीलें सुने जाने की उम्मीद है, जिसके बाद अदालत अपना फैसला सुनाएगी। शर्मा ने कहा कि अगर आगरा की अदालत याचिका खारिज कर देती है तो वह पुनरीक्षण याचिका के माध्यम से सत्र अदालत का रुख करेंगे और जरूरत पड़ने पर ’जेन जेड’ के खिलाफ कथित टिप्पणियों के मामले को उच्चतम न्यायालय तक ले जाएंगे।झांसी में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम का विरोध
झांसी के सीपरी बाजार स्थित सब्जी मंडी में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को दुकानदारों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान महिलाएं और पुरुष बुलडोजर के सामने आ गए और मशीन को आगे बढ़ने से रोक दिया। मौके पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद नगर निगम की टीम को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा। नगर निगम प्रशासन के मुताबिक, दुकानदारों को तीन दिन का समय दिया गया है। इस अवधि में यदि उन्होंने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया तो प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि सीपरी बाजार में नगर निगम की जमीन पर कई वर्षों से सब्जी मंडी संचालित हो रही है, जहां करीब 80 दुकानें हैं।नगर निगम इस स्थान पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। इसी के तहत जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे नगर निगम का अमला भारी पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचा, लेकिन दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। विरोध के दौरान कुछ महिलाएं बुलडोजर के सामने बैठ गईं, जबकि कुछ पुरुष सड़क पर लेट गए। काफी देर तक चले हंगामे के बीच एक महिला की तबीयत भी खराब हो गई। नगर निगम का कहना है कि प्रभावित सब्जी विक्रेताओं को पास में ही रेलवे की जमीन पर वैकल्पिक स्थान देने की व्यवस्था की जा रही है। दूसरी ओर, दुकानदारों का कहना है कि जब तक उन्हें दूसरी जगह देने का लिखित आश्वासन नहीं मिलता, वे मंडी खाली नहीं करेंगे। दुकानदारों ने अपनी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। स्थिति बिगड़ती देख नगर निगम की टीम ने फिलहाल कार्रवाई रोक दी और तीन दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम देकर लौट गई।
जेवर एयरपोर्ट के पार्किंग कंपाउंड के पास जलभराव
ग्रेटर नोएडा के जेवर में तेज बारिश के बाद जेवर एयरपोर्ट के पार्किंग कंपाउंड के पास जलभराव की स्थिति बन गई। टर्मिनल से पार्किंग एरिया तक जाने वाले रास्ते पर पानी भरने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, एयरपोर्ट प्रबंधन ने जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था कर पानी को बाहर निकाल दिया। इस दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों ने जलभराव का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एयरपोर्ट प्रबंधन से जुड़े कर्मचारी पानी की निकासी करते हुए नजर आ रहे हैं।चंडीगढ़ के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी
चंडीगढ़ के चार स्कूलों को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, जिन स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले, उनमें सेक्टर 9-बी स्थित कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल, सेक्टर 26 स्थित सेंट जॉन्स हाई स्कूल और सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकंडरी स्कूल तथा सेक्टर 45-बी स्थित सेंट स्टीफंस स्कूल शामिल हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम, बम का पता लगाने और उसे निष्क्रिय करने वाले दल तथा खोजी कुत्तों के दस्ते स्कूलों में पहुंचे और परिसरों की गहन तलाशी ली। अधिकारियों ने बताया कि एहतियाती कदम के तौर पर प्रशासन ने स्कूलों से सटे इलाकों की भी जांच की और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। पुलिस ने धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान चारों स्कूलों में किसी भी जगह कोई विस्फोटक उपकरण या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इस घटना के बाद प्रभावित स्कूलों और उनके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस के अनुसार, अधिकारियों को मिले धमकी भरे संदेशों में इन स्कूलों को निशाना बनाए जाने की बात कही गई थी।राजगढ़ में तेज रफ्तार कार डंपर से टकराई, राजस्थान के परिवार के तीन सदस्यों की मौत
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार के सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराने के कारण राजस्थान निवासी एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार हादसा सारंगपुर कस्बे के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि राजस्थान के धौलपुर से सात लोग मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे तभी उनकी कार आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर मऊ के पास एक ढाबे के सामने सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराई। उन्होंने बताया कि कार में सवार एक बुजुर्ग महिला, उसके बेटे और बहू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार चालक समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, पिछली सीट पर बैठे 10 और 14 वर्ष के दो बच्चे सुरक्षित हैं। मृतकों की पहचान सोमा त्रिवेदी (65), उनके बेटे अंकुर (42) और बहू अर्चना (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सारंगपुर के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया है।छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में ईडी ने कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी उन्हें अदालत में पेश कर हिरासत का अनुरोध करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष अग्रवाल को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हिरासत में लिया गया है। छत्तीसगढ़ पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्लयू) ने अग्रवाल को कुछ ’’घोटाले’’ से संबंधित मामलों की जांच के सिलसिले में जुलाई में गिरफ्तार किया था। प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार, यह कथित शराब घोटाला 2019 से 2022 के बीच उस वक्त हुआ था जब छत्तीसगढ़ में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार थी। एजेंसी ने आरोप लगाया कि वरिष्ठ नौकरशाहों और राजनीतिक हस्तियों के एक ’’आपराधिक’’ सिंडिकेट ने छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग को ’’पूरी तरह से अपने नियंत्रण’’ में ले लिया था, जिससे राज्य को 2,883 करोड़ रुपये के राजस्व का ’’भारी नुकसान’’ हुआ। एजेंसी ने दावा किया है कि अवैध शराब की बिक्री से मिले कथित कमीशन को ’’राज्य के शीर्ष नेताओं के निर्देशानुसार’’ बांटा गया था। एजेंसी अब तक छह आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है और 81 लोगों को आरोपी बनाया है जिनमें भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल, छत्तीसगढ़ के पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास, पूर्व संयुक्त सचिव अनिल टुटेजा, पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और मुख्यमंत्री कार्यालय की पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया शामिल हैं।झारखंड में पुलिस की कार्रवाई पर अभिजीत दिपके का बयान
झारखंड में छात्रों पर पुलिस के लाठीचार्ज पर प्रशांत किशोर बोली ये बात
न्यायालय नेताजी बोस की ‘अस्थियां' तोक्यो से लाने संबंधी याचिका पर सुनवाई के लिए सहमत
उच्चतम न्यायालय ने तोक्यो के रेंकोजी मंदिर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की ’’अस्थियां’’ वापस लाने का निर्देश देने संबंधी उनकी बेटी की याचिका पर मंगलवार को केंद्र सरकार से जवाब मांगा।प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने नेताजी बोस की बेटी अनीता बी. फाफ द्वारा दायर याचिका पर केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी पेश हुए।
अगस्त 1945 में नेताजी के लापता होने को लेकर कई तरह अनुमान हैं।
कुछ अनुमानों में कहा गया है कि उनके अवशेष तोक्यो के रेंकोजी मंदिर में संरक्षित हैं।
सुवेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग
अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम की वजह से पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की कोलाघाट में इमरजेंसी लैंडिंग हुई।बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने अपनी सुरक्षा बढाए जाने की मांग को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट मे याचिका दाखिल की
आज दिल्ली हाईकोर्ट करेगा पप्पू यादव की अर्जी पर सुनवाई। पप्पू यादव को बिहार में फिलहाल Y+ की सिक्योरिटी हासिल है। पप्पू यादव का कहना है राम मंदिर में हुए कथित चंदा चोरी के मामले को उठाने को लेकर उनको जान से मारने की धमकियां मिल रही है। अर्जी में पप्पू यादव ने 2 अगस्त को अपने आवास पर हुई घटना का भी जिक्र किया है। अपनी अर्जी में पप्पू यादव ने नए सिरे से खतरे का आकलन करने और सुरक्षा उपायों को बढाने की मांग की है। अभी बिहार में उनके पास ‘Y+’ सिक्योरिटी कवर है।ABVP विधानसभा के लिए कूच करेगा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा कल छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में आज विधानसभा घेराव है थोड़ी देर में यहां से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता विधानसभा के लिए कूच करेंगेरांची में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में गिरिडीह बंद, भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर कराया बाजार बंद
रांची में छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का असर मंगलवार को गिरिडीह में भी देखने को मिला। बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर गए। कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की और बाजार को बंद कराया।
भाजपा कार्यकर्ताओं का जत्था गिरिडीह बस स्टैंड भी पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने बसों को रोककर परिचालन प्रभावित किया। इसके बाद कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए टावर चौक पहुंचे और सड़क पर बैठकर आवागमन बाधित कर दिया। सड़क पर कार्यकर्ताओं के बैठने से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। बंद समर्थकों ने रांची में छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
बंद के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में कई दुकानें बंद रहीं। हालांकि, कुछ इलाकों में दुकानें सामान्य रूप से खुली भी नजर आईं। वहीं, गिरिडीह के कुछ स्कूलों ने बंद के समर्थन में स्वेच्छा से अपने संस्थान बंद रखने का निर्णय लिया। स्कूल पहुंचे कुछ बच्चों को वापस घर भेज दिया गया, जबकि बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की परीक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी गई।
बंद के दौरान प्रशासन और पुलिस की टीम भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रही। प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
कुल मिलाकर गिरिडीह में भाजपा के बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। कई बाजार और प्रतिष्ठान बंद रहे, जबकि कुछ क्षेत्रों में सामान्य गतिविधियां जारी रहीं।
पुलिस मांग रही छात्रों की जानकारी
स्टेट असेंबली के बाहर दिन भर चले विरोध प्रदर्शन के बाद, कल देर रात पुलिस जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में विरोध स्थल पर पहुँची। छात्र नेता पीयूष कहते हैं, "पुलिस यह जानना चाहती है कि असली प्रदर्शनकारी कहाँ से हैं और उनके नाम व अन्य जानकारी माँग रही है..."भाजपा के झारखंड बंद पर JMM का पलटवार, कहा—‘बंद का नहीं होगा कोई असर’
रांची। छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने मंगलवार, 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। भाजपा ने इसे छात्रों के समर्थन और पुलिस कार्रवाई के विरोध में जनआक्रोश का प्रदर्शन बताया है।वहीं, भाजपा के बंद के ऐलान के बाद सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने पलटवार किया है। JMM का कहना है कि भाजपा के आह्वान का झारखंड में कोई असर नहीं होगा। पार्टी ने बंद को राजनीतिक स्टंट करार देते हुए कहा कि सरकार छात्रों के मुद्दों पर गंभीरता से काम कर रही है।
भाजपा का आरोप है कि विधानसभा मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज किया गया। इसी के विरोध में पार्टी ने राज्यव्यापी बंद का ऐलान किया है।
इस बीच बंद को लेकर झारखंड की सियासत गरमा गई है। एक ओर भाजपा सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की तैयारी में है, तो दूसरी ओर JMM ने बंद को नकारते हुए साफ कर दिया है कि इसका जनजीवन पर प्रभाव नहीं पड़ने दिया जाएगा।
झारखंड बंद के समर्थन में सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता, जगह-जगह टायर जलाकर प्रदर्शन
रांची। JPSC-JSSC छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा के आह्वान पर आज झारखंड बंद का असर सड़कों पर दिखाई देने लगा है। भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न इलाकों में सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। कई जगहों पर टायर जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है।रांची में JPSC-JSSC उम्मीदवारों का विरोध-प्रदर्शन | कल रांची में JPSC-JSSC विरोध-प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में झारखंड BJP ने आज राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।रांची के हरमू चौक की तस्वीरें।
#WATCH | JPSC-JSSC aspirants' protest in Ranchi | Jharkhand BJP has called for a statewide bandh today, protesting the police action against students during the JPSC-JSSC protest in Ranchi yesterday.
— ANI (@ANI) August 11, 2026
Visuals from Harmu Chowk, Ranchi. pic.twitter.com/8azkFn2mbf
बांग्लादेश ने हसीना के प्रत्यर्पण की फिर की मांग, भारतीय उच्चायुक्त ने प्रधानमंत्री रहमान से की मुलाकात
भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्तों में आई नयी तल्खी के बीच बांग्लादेश ने सोमवार को ढाका में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी और प्रधानमंत्री तारिक रहमान की पहली मुलाकात के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग एक बार फिर दोहराई।बांग्लादेश प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, इस बैठक में "कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई।"
ढाका में भारतीय उच्चायोग द्वारा सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर की गई एक पोस्ट के अनुसार, त्रिवेदी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और बांग्लादेश सरकार व वहां की जनता के साथ "सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी" तरीके से काम करने की भारत की मंशा व्यक्त की।
यह बैठक ऐसे कयासों के बीच हुई कि रहमान, जिन्हें भारत ने नयी दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है, हो सकता है कि 12-13 सितंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हों।
ट्रंप के कार्यकाल में अमेरिका ने 1.75 लाख से अधिक वीजा रद्द किए
अमेरिका ने सोमवार को घोषणा की कि उसने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में लापरवाही से वाहन चलाने से लेकर यौन उत्पीड़न तक कई तरह के अपराधों के कारण 1.75 लाख से अधिक वीजा रद्द किए हैं।अमेरिका के विदेश विभाग ने एक बयान में कहा कि ये वीजा लगातार की जाने वाली जांच के तहत रद्द किए गए, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वीजा पाने वाले लोग इसकी शर्तों का पालन करें और अमेरिकियों के लिए खतरा न बनें।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ’’राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल में अमेरिका के विदेश विभाग ने ऐसे विदेशी नागरिकों के 1,75,000 से अधिक वीजा रद्द किए हैं, जिन्होंने अपने वीजा की शर्तों का उल्लंघन किया, अपराध किए, अमेरिकी नागरिकों के खिलाफ हिंसा का आह्वान किया, अमेरिकियों के साथ धोखाधड़ी की, हमारी आव्रजन व्यवस्था का दुरुपयोग किया या राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला।’’
हेमंत सोरेन ने छात्रों के प्रदर्शन पर क्या कहा?
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर लिखा, 'मैं... समझता हूं कि आपके शांतिपूर्ण आंदोलन के बीच विपक्ष के कुछ लोगों ने माहौल खराब करने और राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों को गुमराह करने की कोशिश की। मैं आप सभी से अपील करता हूं कि ऐसे किसी भी राजनीतिक बहकावे में न आएं। आप झारखंड का भविष्य हैं।'उन्होंने कहा कि यह छात्रों की आवाज को नजरअंदाज करने का नहीं, बल्कि उसे सुनने और समस्याओं को सुलझाने का विषय है, जो कि सरकार की जिम्मेदारी है। सोरेन ने कहा, "आपने अपनी मांगों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाई है। लोकतंत्र में अपनी बात रखना आपका अधिकार है और आपकी राय का सम्मान करना सरकार का फर्ज है। मैं आपको आश्वासन देता हूं कि सरकार आपकी मांगों पर अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "हम परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रौद्योगिकी-संचालित, सुरक्षित और जवाबदेह बनाना चाहते हैं। हमारा स्पष्ट उद्देश्य व्यवस्था की कमियों को दूर करना है ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों की बात सुनी है और उनके साथ लगातार बातचीत जारी है। सोरेन ने कहा, "पिछले कुछ दिनों में आपने देखा है कि सरकार ने किसी को भी नहीं बख्शा है, चाहे दोषी कोई भी हो।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयास केवल समस्याओं पर चर्चा करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाधान की एक नयी मिसाल कायम करने के लिए काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "बात आपकी आवाज को अनसुना करने की नहीं है, बल्कि आपकी बात सुनने और आपकी समस्याओं का समाधान करने की है – और यह हमारी जिम्मेदारी है। मैं अपनी बात दोहराऊंगा कि आइए बातचीत और आपसी विश्वास के जरिए मिलकर इस मुद्दे को सुलझाएं।"
मुख्यमंत्री ने सोमवार को छात्रों के आंदोलन के दौरान स्थिति को धैर्य और संवेदनशीलता के साथ संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों व कर्मियों का आभार भी व्यक्त किया।
झंडों को जमीन पर नहीं फेंकना चाहिए : गृह मंत्रालय
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ध्वज संहिता का पालन करने का निर्देश दिया। मंत्रालय ने कहा कि हालांकि महत्वपूर्ण राष्ट्रीय, सांस्कृतिक और खेल आयोजनों के दौरान आम लोग कागज से बने झंडे लहरा सकते हैं, लेकिन कार्यक्रमों के बाद उन्हें फेंका या जमीन पर नहीं डाला जाना चाहिए।आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 29 अगस्त को न्यूयॉर्क में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करेंगे
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत इस महीने के अंत में अमेरिका की यात्रा के दौरान भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम संगठन के शताब्दी वर्ष में चलाए जा रहे वैश्विक संपर्क अभियान का हिस्सा है।भागवत 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में ’यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशंस’ (सार्वभौमिक एकता समारोह) नामक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसका आयोजन ’अमेरिकन हिंदूस फॉर इंगेजमेंट एंड डायलॉग’ (एएचईएडी) कर रहा है।
कार्यक्रम में 5,000 से अधिक भारतीय मूल के अमेरिकियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रस्तुतियां भी होंगी।
एएचईएडी फोरम की अदिति बनर्जी ने एक बयान में कहा, ’’यह कार्यक्रम हिंदू त्योहार रक्षाबंधन के उत्सव के साथ-साथ एकता, नागरिक जिम्मेदारी और वैश्विक सद्भाव का समकालीन संदेश भी प्रस्तुत करेगा।’’
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों से जुड़े वक्ता भी शामिल होंगे।
झारखंड: पुलिस छात्र आंदोलन में उपद्रव मचाने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी
झारखंड भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ सोमवार को यहां हुए छात्रों के "शांतिपूर्ण" विरोध प्रदर्शन में व्यवधान डालने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह भी बताया कि विधानसभा की ओर मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों के साथ हुई झड़प में 14 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सोमवार को आंदोलन के 17वें दिन प्रदर्शनकारियों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार, आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने संवाददाताओं से कहा, "छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन में बाधा डालने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगी।"
रंजन ने बताया कि सोमवार को हुए इस प्रदर्शन के दौरान 14 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए पुलिस को "हल्का लाठीचार्ज" करना पड़ा।
डोनेशन मामले के बीच राम मंदिर CEO पद के लिए 18 लोग शॉर्टलिस्ट किए गए, आज से इंटरव्यू शुरू
सोमवार को मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले फुल-टाइम चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के लिए 5,200 आवेदकों में से 18 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।डोनेशन फंड में हेराफेरी के आरोप सामने आने के बाद फुल-टाइम CEO नियुक्त करने का फैसला लिया गया।
ट्रस्ट के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि सभी 18 उम्मीदवार सोमवार देर शाम अयोध्या पहुंचे और ट्रस्ट द्वारा बताई गई जगहों पर ठहरे।
ट्रस्ट के एक सीनियर स्टाफ सदस्य ने बताया कि शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों, जिनमें पूर्व नौकरशाह और दक्षिण भारत के मंदिरों में ऊंचे पदों पर रहे लोग शामिल हैं, इनका इंटरव्यू मंगलवार और बुधवार को मंदिर परिसर में एक पैनल करेगा। इस पैनल में पूर्व जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) विष्णुकांत चतुर्वेदी और वैज्ञानिक सुरेश हवारे (जो शिरडी साईं बाबा ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन हैं) शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इंटरव्यू की प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू होगी।
चुनावी गड़बड़ियों की शिकायत पर दिल्ली कोर्ट सख्त, पुलिस को नए सिरे से जांच रिपोर्ट दाखिल करने का आदेश
Form 6 में बदलाव को लेकर कांग्रेस का CEC पर निशाना, सुप्रीम कोर्ट से ज्ञानेश कुमार को जवाबदेह ठहराने की मांग
नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, AC कोच की खिड़की चकनाचूर; कैमरे में कैद हुआ खौफनाक नजारा
'60 साल का अनुभव, लेकिन पंजाब के मुद्दों पर BJP नहीं लेती मेरी सलाह', कैप्टन अमरिंदर सिंह का छलका दर्द
'कहां हैं ज्ञानेश कुमार, कब देंगे इस्तीफा?', CEC पर महुआ मोइत्रा का हमला, PM मोदी-अमित शाह से की ये अपील
© 2026 Times Horizon Private Limited
