LIVEआज की ताजा खबर, नौ नवंबर, 2022 : नीरव मोदी की होगी वापसी! 11000 कर्मचारियों की छंटनी करेगा फेसबुक

आज की ताजा खबर, नौ नवंबर, 2022 : नीरव मोदी की होगी वापसी! 11000 कर्मचारियों की छंटनी करेगा फेसबुक
आज की ताजा खबर नौ नवंबर, 2022, Aaj Ki Taza Khabar, Hindi News, Hindi Samachar Today Updates: मनी लॉन्ड्रिंग केस (धन शोधन मामला) में बुधवार (नौ नवंबर, 2022) को महाराष्ट्र में मुंबई की एक विशेष अदालत ने शिवसेना सांसद संजय राउत को जमानत दे दी।समाजवादी पार्टी लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव राष्ट्रीय लोकदल के साथ मिलकर लड़ेगी ।समाजवादी पार्टी ने बुधवार को एक ट्वीट कर कहा,''उत्तरप्रदेश में होने वाले आगामी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। मैनपुरी लोकसभा और रामपुर विधानसभा सीट पर सपा प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे और खतौली विधानसभा सीट पर आरएलडी का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा।''इस बीच, हरियाणा पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में नौ जिलों में जिला परिषद तथा पंचायत समितियों के सदस्यों के निर्वाचन के लिए बुधवार को मतदान हो रहा है। उन्होंने बताया कि मतदान अंबाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और सोनीपत जिलों के 57 ब्लॉकों में जिला परिषद के 158 और पंचायत समिति के 1,244 सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान हो रहा है। उन्होंने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ है और शाम छह बजे तक जारी रहेगा। इन नौ जिलों में 5,963 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं और दूसरे चरण में मतदान के लिए 48,67,132 मतदाता पंजीकृत हैं। अधिकारियों ने बताया कि कुल मतदान केन्द्रों में से 976 संवेदनशील और 1,023 अतिसंवेदनशील हैं। सरपंच और पंचों के चुनाव के लिए मतदान 12 नवंबर को होना है। पढ़ें, देश-दुनिया की बड़ी और अहम खबरें:
यूक्रेन-रूस युद्ध में नया मोड़! कब्जे वाले शहर खेरसॉन से वापस जाएगी रूसी सेना
रूस के कमांडर जनरल सर्गेई सुरोविकिन ने रूस की सेना को यूक्रेनी शहर खेरसॉन से बाहर निकलने का आदेश दिया है। रूसी सेना कब्जा की गई एकमात्र क्षेत्रीय राजधानी से बाहर जाएगी।
पूरी खबर पढ़ेंगुजरात चुनाव के लिए AAP ने जारी की 12 उम्मीदवारों की लिस्ट
गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने जारी की 12 उम्मीदवारों की 13वी लिस्ट, आप के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया को कतारगाम विधानसभा सीट से दिया गया टिकट वहीं प्रदेश महामंत्री मनोज सोरठिया करंज विधानसभा से लड़ेंगे चुनाव। आम आदमी पार्टी अबतक 170 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है।
पूरी खबर पढ़ेंहिमाचल चुनाव:'रिवाज' बदलने की तैयारी में भाजपा
हिमाचल प्रदेश उत्तर भारत के उन राज्यों में से एक है, जहां पर कांग्रेस अभी भी तीसरे और चौथे दल के नंबर पर नहीं पहुंची है। और पुराना रिकॉर्ड ऐसा रहा है कि वह 5 साल से ज्यादा सत्ता से दूर भी नहीं रही है। इसके बावजूद राहुल गांधी अभी तक प्रचार के लिए नहीं पहुंचे हैं।
पूरी खबर पढ़ेंफेसबुक से 11000 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी
टेक सेक्टर की दिग्गज कंपनियों के कर्मचारियों के बुरे दिन चल रहे हैं। माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर के बाद अब एक और दिग्गज कंपनी ने कर्मचारियों को निकालने का फैसला लिया है। बुधवार को फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा ने 11 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की घोषणा की। यह साल 2022 की सबसे बड़ी छंटनी में से एक है।
पूरी खबर पढ़ेंभारत की बड़ी जीत! अब वापस आएगा नीरव मोदी
ब्रिटेन की एक अदालत ने बुधवार को भगोड़े हीरा व्यापारी नीरव मोदी को बड़ा झटका दिया है। ब्रिटेन के उच्च न्यायालय पंजाब नेशनल बैंक धोखाधड़ी मामले में भारत में नीरव मोदी के प्रत्यर्पण के खिलाफ उसकी अपील को खारिज कर दिया है।
पूरी खबर पढ़ेंरामपुर विधानसभा सीट पर अधिसूचना जारी करने पर लगी रोक
हेट स्पीच मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद आजम खान ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की। इसकी सु्नवाई 10 नवंबर को होगी। शीर्ष अदालत ने फैसला आने तक चुनाव आयोग को निर्देश दिया कि रामपुर विधानसभा सीट पर चुनाव की अधिसूचना जारी ना करे।
पूरी खबर पढ़ेंटीवीएस मोटर, अमेजन इंडिया ने इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए हाथ मिलाया
अमेजन इंडिया और टीवीएस मोटर कंपनी ने देश में इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए हाथ मिलाया है। दोनों कंपनियों ने बुधवार को एक संयुक्त बयान में यह जानकारी दी। इस साझेदारी के तहत अमेजन ग्राहकों तक सामान पहुंचाने के लिए टीवीएस मोटर के इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया वाहनों का इस्तेमाल करेगी। बयान में कहा गया कि इसके अलावा दोनों कंपनियों विभिन्न अमेजन व्यापार समूहों द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशने के लिए मिलकर काम करेंगी। टीवीएस मोटर कंपनी फ्यूचर मोबिलिटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनु सक्सेना ने कहा, ‘‘हम अमेजन इंडिया के साथ साझेदारी करके खुश हैं, जो हमारे सफर में एक बड़ा मुकाम है।’’
हम प्रधानमंत्री की तरह वादे नहीं करते, जो कहा है उसे हिमाचल में पूरा करेंगे : खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनने जा रही है जिसके बाद पुरानी पेंशन योजना की बहाली समेत सभी वादों को पूरा किया जायेगा। उन्होंने शिमला के बनूटी में एक जनसभा में यह भी कहा कि कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह ऐसे वादे नहीं करती जिन्हें पूरा नहीं किया जा सके। अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली चुनावी सभा थी। उन्होंने कहा, "हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। हमने जो वादे किये हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। हम मोदी जी की तरह वादे नहीं करते कि उन्हें पूरा नहीं किया जा सके।" उनका कहना था कि हिमाचल प्रदेश में 63 हजार सरकारी पद खाली हैं और केंद्र सरकार के स्तर पर 14 लाख पद खाली हैं, लेकिन इन्हें भरा नहीं जा रहा है। खरगे ने कहा, "भाजपा सरकार, और लोगों को बेवकूफ बना सकती है, लेकिन हिमाचल प्रदेश के लोगों को नहीं बना सकती क्योंकि इस राज्य के लोग पढ़ेलिखे हैं।"
गुजरात में आप के स्टार प्रचारकों में क्रिकेटर हरभजन सिंह, गायक अनमोल गगन मान भी शामिल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, गायक अनमोल गगन मान और क्रिकेटर हरभजन सिंह सहित 20 लोगों के नाम आम आदमी पार्टी ने गुजरात विधानसभा चुनाव में ‘स्टार प्रचारक’ के रूप में दिए हैं। आप ने इन 20 लोगों के नाम के सूची पार्टी के स्टार प्रचारकों के रूप में निर्वाचन आयोग को सौंपी है। मीडिया में मंगलवर की रात जारी की गई इस सूची में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, आप के राज्यसभा सदस्यों संजय सिंह तथा राघव चड्ढा और गुजरात में मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी का चेहरा, ईशुदान गढ़वी भी शामिल हैं। आप की महिला नेता व पंजाब से विधायक बलजिन्दर कौर, गायक व पंजाब में मंत्री अनमोल गगन मान और राष्ट्रीय परिषद के सदस्य राकेश हिरापारा भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं।
निगम चुनाव के लिए केजरीवाल कल करेंगे 10 ‘वादों' की घोषणा: सिसोदिया
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए 10 ‘‘वादों’’ की बृहस्पतिवार को घोषणा करेंगे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने चार दिसंबर को होने वाले दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चुनाव पर चर्चा करने के वास्ते केजरीवाल के साथ बैठक की है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के कार्यकाल में निगम में भ्रष्टाचार, राष्ट्रीय राजधानी में कचरे के पहाड़, दिल्ली की सड़कों पर आवारा जानवरों के मुद्दों पर चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री कल (बृहस्पतिवार) 10 वादों ‘केजरीवाल की गांरटी’ की घोषणा करेंगे।’’
वित्त मंत्रालय ने सॉवरेन हरित बांड के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप दिया
वित्त मंत्रालय ने वैश्विक मानकों के अनुरूप सॉवरेन हरित बांड जारी करने की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया है। सरकार चालू वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी छमाही (अक्टूबर-मार्च) के दौरान हरित बांड जारी करके 16,000 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। यह दूसरी छमाही के लिए उधार कार्यक्रम का एक हिस्सा है। सूत्रों ने कहा कि रूपरेखा तैयार है और इसे जल्द ही मंजूरी दी जाएगी। बजट में ऐसे बांड जारी करने की घोषणा की गई थी।
एमसीडी में ‘आप' सत्ता में आई तो पांच साल में दिल्ली से गायब हो जाएंगे कूड़े के ढेर: सिसोदिया
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कचरा साफ करने के लिए नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को वोट देंगे। उन्होंने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल नीत ‘आप’ एमसीडी में सत्ता में आती है तो दिल्ली में कचरे के सारे ‘‘ढेर’’ पांच साल में गायब हो जाएंगे। सिसोदिया पूर्वी दिल्ली के गाज़ीपुर इलाके में कूड़े के ढेर (लैंडफिल साइट) का दौरा करने के बाद यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ यह दिखाने के लिए कि गाज़ीपुर में कूड़े के ढेर की ऊंचाई कम हो गई है, भाजपा नीत दिल्ली नगर निगम ने यहां का कचरा उठाकर आसपास के इलाकों में फेंक दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समस्या का हल निकालने के लिए भाजपा के इरादे मजूबत नहीं है। हालांकि, इस आरोप पर भाजपा और निगम की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई।
गुजरात चुनाव 2022: कहां से लड़ेंगे आप के इटालिया?
नॉकआउट में हारने का कलंक तोड़ने उतरेगी टीम इंडिया
खिताब से दो कदम दूर भारतीय टीम बृहस्पतिवार को यहां टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से खेलेगी तो गलती की कोई गुंजाइश नहीं होगी। ग्रुप चरण में भारत ने इंग्लैंड से बेहतर प्रदर्शन किया है लेकिन अब वह बीती बात हो गई है। इंग्लैंड के स्टार हरफनमौला बेन स्टोक्स पहले ही स्वीकार कर चुके हैं कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके हैं । भारतीय टीम को यह सुनिश्चित करना होगा कि जोस बटलर और स्टोक्स सेमीफाइनल मैच में फॉर्म में नहीं लौटे।आईसीसी टूर्नामेंटों में पिछले कुछ साल का इतिहास भी भारत के पक्ष में नहीं है। भारतीय टीम 2013 के बाद से आखिरी दो चरण की बाधा पार नहीं कर सकी है। वह 2014 टी20 विश्व कप के फाइनल में और 2016 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में हार गई।
सूर्य शीर्ष पर बरकरार, अर्शदीप कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 23वीं रैंकिंग पर
शानदार फॉर्म में चल रहे भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने आईसीसी बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान कायम रखा है जबकि बायें हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 23वीं पायदान पर पहुंच गए हैं। यादव ने टी20 विश्व कप में अब तक पांच मैचों में 200 के करीब स्ट्राइक रेट से 225 रन बनाये हैं । वह कैरियर के सर्वश्रेष्ठ 869 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। भारत के पिछले ग्रुप मैच में यादव ने 25 गेंद में 61 रन बनाये थे। न्यूजीलैंड के डेवोन कोंवे उनके बाद दूसरे स्थान पर हैं जबकि पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम चौथे स्थान पर हैं। भारतीय उपकप्तान के एल राहुल पांच पायदान चढकर 16वें स्थान पर हैं जबकि विराट कोहली 11वें और रोहित शर्मा 18वें स्थान पर हैं।
बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराया
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि ड्रोन को फिरोजपुर सेक्टर में मंगलवार देर रात करीब 11 बजकर 25 मिनट पर मार गिराया गया। उन्होंने बताया कि बीएसएफ और स्थानीय पुलिस के एक संयुक्त दल ने बुधवार सुबह ड्रोन बरामद किया।
अमेरिका में मध्यावधि चुनाव : रिपब्लिकन और डेमोक्रेट के बीच कांटे की टक्कर
अमेरिका में कांग्रेस (संसद) के सदनों पर किसका नियंत्रण होगा इसका सभी को इंतजार है। मंगलवार को डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन के बीच जारी कांटे की टक्कर में दोनों पार्टियों को कुछ-कुछ सीटों पर जीत मिली है। इस मध्यावधि चुनाव में देश में बढ़ती महंगाई और सुप्रीम कोर्ट द्वारा अचानक गर्भपात का अधिकार समाप्त किया जाना बड़ा मुद्दा है। डेमोक्रेटिक पार्टी को न्यू हैम्पशायर में सीनेट की महत्वपूर्ण सीट पर जीत मिली है। यहां से सीनेटर मैगी हसन ने डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक सेना के पूर्व जनरल रिपब्लिकन डॉन बोल्डक को हराया है। रिपब्लिकन के हिस्से में ओहायो और नॉर्थ कैरोलाइना की सीनेट की सीटें आयी हैं। सदन पर नियंत्रण के लिए दोनों राजनीतिक दलों के बीच जिला-दर-जिला कांटे की टक्कर हो रही है। वर्जीनिया से कन्सास और रोड आईलैंड्स तक के उदारवादी उपनगरीय जिलों की सीटें डेमोक्रेट्स के हिस्से में आयी हैं।
‘रिवाज नहीं, राज बदलेगा', हिमाचल में भाजपा सरकार बाहर हो जाएगी : हुड्डा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बुधवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विकास के दावे खोखले हैं और लोगों ने राज्य में सबसे पुरानी पार्टी को सत्ता में लाने का मन बना लिया है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हिमाचल के कुल्लू-मनाली और लाहौल इलाके में प्रचार कर रहे हैं। राज्य का 1982 के बाद से हर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच बारी-बारी से सत्ता में आने का इतिहास रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस भले ही हिमाचल के 'रिवाज' (परंपरा) पर निर्भर है, लेकिन लोगों ने इस बार परंपरा को तोड़ने और विकास में तेजी लाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को दोबारा वापस लाने का मन बना लिया है। हुड्डा ने हालांकि कहा कि यह आम लोगों की आवाज है जो कह रहे हैं कि 'रिवाज नहीं राज बदलेगा' (सरकार बदलेगी, परंपरा नहीं) और भाजपा सरकार चुनाव में बाहर हो जाएगी।
मामूली गलती से जवान की मौत
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार को सर्विस रिवॉल्वर गलती से चल जाने के कारण सेना के एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मनकोट के सीमावर्ती इलाके में सेना की राष्ट्रीय राइफल्स इकाई के एक जवान की सर्विस राइफल दुर्घटनावश चल गई, जिससे उन्हें गोली लग गई। उन्होंने बताया कि घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ''मृत घोषित'' कर दिया। उन्होंने कहा कि उक्त मामले के संबंध में...
पढ़ें, पूरी खबर।एडमिट कार्ड पर सनी लियोनी की तस्वीर
कर्नाटक में छह नवंबर को हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी-2022) के एक अभ्यर्थी के हॉल टिकट पर बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोनी की तस्वीर छपी हुई थी। एडमिट कार्ड का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। यह गड़बड़ रुद्रप्पा कॉलेज में तब सामने आयी जब एक अभ्यर्थी ने अभिनेत्री की तस्वीर वाला अपना हॉल टिकट दिखाया, जिसके बाद कॉलेज के प्रधानाचार्य ने साइबर अपराध पुलिस में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस के अनुसार, परीक्षा के लिए आवेदन ऑनलाइन भरते समय तस्वीर अपलोड होने के वक्त यह गड़बड़ी हुई होगी। अभ्यर्थी ने कहा कि उसने ऑनलाइन आवेदन नहीं भरा था बल्कि दूसरे लोगों को उसके लिए भरने को कहा था।