Ahmedabad Plane Crash: विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) बृहस्पतिवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले की जांच करेगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दुर्घटना के शिकार एअर इंडिया के ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान में 12 चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे। अधिकारी ने कहा कि एएआईबी के महानिदेशक और एजेंसी में जांच निदेशक सहित अन्य लोग अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत, एएआईबी भारतीय हवाई क्षेत्र में परिचालित विमानों की सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं को दुर्घटनाओं और गंभीर घटनाओं में वर्गीकृत करने के लिए जिम्मेदार है। यह दुर्घटनाओं की विस्तृत जांच करता है और सुरक्षा में सुधार के लिए विभिन्न उपायों के सुझाव भी देता है। बोइंग ने एक बयान में कहा कि हमें शुरुआती रिपोर्टों की जानकारी है और हम अधिक जानकारी जुटाने के लिए काम कर रहे हैं।
पायलट ने किया था मेडे कॉल
बता दें कि इससे पहले DGCA ने एक बयान जारी कर बताया कि लंदन के लिए उड़ान भरने के बाद अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त होने से कुछ मिनट पहले मेडे कॉल जारी किया गया था। लेकिन एअर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके कुछ देर बाद ही ये विमान क्रैश हो गया। जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद में प्लेन क्रैश होने से पहले पायलट ने मेडे सिग्नल दिया था। लेकिन जब एयर ट्रैफिक सर्विस (ATS) ने विमान से संपर्क करना चाहा, तो सामने से कोई मेसेज नहीं मिला और कुछ पल बाद ही विमान क्रैश हो गया। जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया का विमान दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से उड़ान भरके अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचा था। यह कनेक्टिंग प्लाइट थी, जिसे अहमदाबाद पर कुछ यात्रियों को उतारना था और कुछ नए यात्रियों को विमान में सवार होना था।
