26/11 Mumbai terror attack: दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को 26/11 मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा की न्यायिक हिरासत 9 जुलाई तक बढ़ा दी। विशेष न्यायाधीश चंदर जीत सिंह ने यह आदेश तब दिया जब राणा को पहले दी गई न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालत में पेश किया गया। इस बीच, न्यायाधीश ने राणा के स्वास्थ्य की स्थिति पर 9 जून तक तिहाड़ जेल से स्थिति रिपोर्ट मांगी है, क्योंकि उसके वकील ने उसके स्वास्थ्य के बारे में चिंता जताई थी।
तहव्वुर राणा की न्यायिक हिरासत बढ़ी
अप्रैल 2025 में भारत लाया गया था
26/11 के मुख्य साजिशकर्ता डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी के करीबी सहयोगी राणा को इसी साल अप्रैल में ही भारत लाया गया था। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 4 अप्रैल 2025 को उसके भारत प्रत्यर्पण के खिलाफ उसकी समीक्षा याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने उसे पिछले महीने न्यायिक हिरासत में भेजा था। 26 नवंबर, 2008 को 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों के एक समूह ने समुद्री मार्ग से मुंबई में घुसने के बाद रेलवे स्टेशन, दो आलीशान होटलों और एक यहूदी केंद्र पर हमला किया था। लगभग 60 घंटे तक चले हमले में 166 लोग मारे गए थे।
