Manipur New Govt: मणिपुर में नई सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है। राज्य के कद्दावर भाजपा नेता थोंगम बिस्वजीत सिंह के आवास पर शुक्रवार की शाम पार्टी विधायकों का जमावड़ा लगा। देखते-देखते इंफाल में विस्वजीत सिंह के आवास पर 25 भाजपा विधायक पहुंचे, जो सरकार बनाने की रणनीति बना रहे हैं। हाल ही में 10 विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा विधायक थोकचोम राधेश्याम सिंह शामिल थे।
मणिपुर में सियासी हलचल तेज
सरकार बनाने की जुगत में भाजपा
इसके बाद भाजपा विधायक थोकचोम राधेश्याम सिंह का एक बयान सामने आया जिसमें उन्होंने दावा किया 44 विधायक नई सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, "44 विधायक जनता की इच्छा के अनुसार सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। हमने राज्यपाल को यह बता दिया है। हमने इस मुद्दे के लिए क्या समाधान हो सकते हैं, इस पर भी चर्चा की।"
राजभवन ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि 10 विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल भल्ला से मुलाकात की और राज्य में कानून-व्यवस्था तथा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की। पोस्ट में कहा गया है, "उन्होंने शांति प्रक्रिया शुरू करने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया तथा इन प्रमुख मुद्दों पर ज्ञापन सौंपते हुए जल्द ही एक सरकार के गठन का आग्रह किया।"
भाजपा के पास कितना संख्याबल?
मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा में फिलहाल 59 विधायक हैं। फिलहाल एक सीट एक विधायक के निधन के कारण रिक्त है। भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन में कुल मिलाकर 44 विधायक हैं, जिसमें 32 मेइती, तीन मणिपुरी मुस्लिम और 9 नगा विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 5 विधायक हैं और सभी मेइती समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। शेष 10 विधायक कुकी हैं, उनमें से 7 ने पिछला चुनाव भाजपा के टिकट पर जीता था, दो कुकी पीपुल्स अलायंस के हैं, और एक निर्दलीय विधायक है।
