Odisha Crime News: ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ अपराध का एक और मामला सामने आया है। ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में एक 18 वर्षीय लड़की का कथित तौर पर दो लोगों ने अपहरण कर लिया और सामूहिक दुष्कर्म किया। वह अपनी एक दोस्त के साथ घर लौट रही थी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। घटना सोमवार रात करीब 8.30 बजे हुई और पीड़िता को गंभीर हालत में जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जगतसिंहपुर में लड़की से सामूहिक दुष्कर्म (File photo: PTI)
लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म किया
पीड़िता के पिता ने पुलिस शिकायत में कहा कि पीड़िता दूसरे गांव में एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद अपनी एक महिला दोस्त के साथ घर लौट रही थी, तभी उन पर हमला किया गया। शिकायत में कहा गया है कि उसे एक खेत में ले जाया गया और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया, जबकि उसकी दोस्त भागने में कामयाब रही। जगतसिंहपुर के भाजपा विधायक अमरेंद्र दास ने कहा कि पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
उन्होंने कहा, मैंने एसपी से बात की है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जगतसिंहपुर सदर थाने के प्रभारी प्रवास साहू ने घटनास्थल का दौरा किया और एक मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस शिकायत के अनुसार, पीड़िता खून से लथपथ हालत में घर लौटी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि वे पीड़िता की सहेली और उसकी मां से पूछताछ कर रहे हैं।
राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की बढ़ती संख्या के कारण विपक्ष विरोध प्रदर्शन कर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि एक साल पुरानी भाजपा सरकार राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है। बीजद नेता प्रियब्रत महापात्र ने कहा कि जब तक सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, हम एसपी कार्यालय का घेराव करेंगे।
