World Hepatitis Day 2026: हर साल 28 जुलाई को World Hepatitis Day मनाया जाता है। इसका मकसद लोगों को हेपेटाइटिस के प्रति जागरूक करना और उन्हें समय पर जांच, इलाज व बचाव के महत्व के बारे में जानकारी देना है। हेपेटाइटिस ऐसी स्थिति है, जिसमें लिवर में सूजन आ जाती है। यह समस्या कई वजहों से हो सकती है, लेकिन वायरल संक्रमण इसके सबसे प्रमुख कारणों में गिना जाता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - मोबाइल चला रहे हैं या मोबाइल आपको चला रहा है? जानिए ज्यादा स्क्रीन टाइम का शरीर पर असर
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक वायरल हेपेटाइटिस के पांच मुख्य प्रकार होते हैं—हेपेटाइटिस A, B, C, D और E। इस साल World Hepatitis Day 2026 की थीम 'Hepatitis: Let's Break It Down' रखी गई है। यह थीम लोगों के बीच फैली गलतफहमियों को दूर करने, बीमारी की सही जानकारी पहुंचाने और जांच, इलाज व रोकथाम तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर देती है।
हेपेटाइटिस आखिर होता क्या है?
सीधी भाषा में समझें तो हेपेटाइटिस का मतलब लिवर में सूजन है। यह सूजन वायरल संक्रमण के अलावा कुछ दवाओं, शराब या शरीर के डिफेंस सिस्टम से जुड़ी समस्या के कारण भी हो सकती है।
वायरल हेपेटाइटिस में A और E आमतौर पर खराब खाने या पानी से फैल सकते हैं, जबकि B, C और D संक्रमित खून या शरीर के संक्रमित लिक्विड के संपर्क से फैल सकते हैं। हर प्रकार का संक्रमण एक जैसा नहीं होता, इसलिए सही जांच जरूरी है।
इसके लक्षण क्या हो सकते हैं?
हेपेटाइटिस की एक मुश्किल बात यह है कि कई लोगों में शुरुआत में कोई खास लक्षण दिखाई नहीं देते। कुछ मामलों में थकान, भूख कम लगना, मतली, पेट में परेशानी, गहरे रंग का पेशाब या आंखों और त्वचा का पीला पड़ना यानी पीलिया जैसे संकेत दिख सकते हैं।
यही वजह है कि सिर्फ लक्षणों का इंतजार करना हमेशा सही तरीका नहीं माना जाता। जरूरत और डॉक्टर की सलाह के अनुसार जांच कराना महत्वपूर्ण हो सकता है।
28 जुलाई को क्यों मनाते हैं हेपेटाइटिस डे
हर साल वर्ल्ड हेपेटाइटिस डे 28 जुलाई को ही इसलिए मनाया जाता है। क्योंकि इस तारीख पर नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक डॉ. बारूक सैमुअल ब्लमबर्ग का जन्मदिन होता है। उन्होंने ही हेपेटाइटिस B वायरस की खोज की थी और इसके लिए जांच तथा वैक्सीन विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।इसलिए उनकी उपलब्धि को याद करते हुए यह दिन हेपेटाइटिस के प्रति जागरूकता फैलाने का अवसर बना। बता दें कि, WHO के मुताबिक हेपेटाइटिस B के लिए प्रभावी वैक्सीन उपलब्ध है और हेपेटाइटिस C का इलाज संभव है।
