What Causes Gut Related Issues Increasing: आजकल हम देखते हैं कि ज्यादातर लोग पेट और पाचन संबंधी समस्याओं का सामना करते हैं। इन दिनों पेट से जुड़ी परेशानियां आम हो गई हैं। लोग आए दिन पेट में गैस, ब्लोटिंग, कब्ज और सीने में जलन आदि जैसी समस्याओं से जूझते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर ऐसा क्यों है? इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने फोर्टिस एस्कॉर्ट्स, ओखला के गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी और हेपेटोलॉजी विभाग में सीनियर कंसल्टेंट डॉ. सुरक्षित टी.के. से बात की।
What Causes Gut Related Issues Increasing
डॉ. की मानें तो बदलती जीवनशैली, देर तक जागना, अनियमित भोजन और बढ़ता तनाव इनकी सबसे बड़ी वजह है। लोग अक्सर छोटी-छोटी पेट की समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन समय पर ध्यान न देने से ये गंभीर रोगों का कारण भी बन सकती हैं। आइए जानें डॉ. के अनुसार, पेट की इन सामान्य समस्याओं को कैसे रोका जा सकता है और कौन-से आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं।
दिनचर्या में अचानक बदलाव और पेट की परेशानी
डॉ. सुरक्षित के अनुसार, जब हमारी दिनचर्या अचानक बदल जाती है, जैसे देर रात तक जागना या समय पर भोजन न करना, तो शरीर की जैविक घड़ी गड़बड़ हो जाती है। इसका असर पाचन तंत्र पर पड़ता है। अक्सर पेट दर्द, गैस, एसिडिटी, कब्ज, दस्त या भूख में कमी जैसी समस्याएं सामने आती हैं। अगर यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहे तो ये गंभीर रोगों की वजह भी बन सकती हैं।
अनियमित भोजन का पाचन पर असर
डॉ. सुरक्षित बताते हैं कि भोजन का समय अनियमित होने से पेट का पाचन सही ढंग से नहीं होता। पाचक रस और एंजाइम्स निर्धारित समय पर बनते हैं। जब यह समय बदलता है, तो भोजन ठीक से पचता नहीं और अपच, गैस, पेट फूलना और एसिडिटी जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। लंबे समय तक यह आदत मोटापा और अन्य पाचन रोग भी पैदा कर सकती है।
पेट की समस्याओं को कम करने के लिए दिनचर्या सुधार
डॉ. के अनुसार, पेट की समस्याओं से बचने के लिए नियमित दिनचर्या अपनाना बहुत जरूरी है। रोजाना समय पर सोना और उठना चाहिए। भोजन हल्का, संतुलित और पौष्टिक होना चाहिए। पर्याप्त पानी पीना, नियमित व्यायाम करना और जंक फूड से बचना भी जरूरी है। इसके साथ ही ध्यान, योग और तनाव-मुक्त जीवनशैली पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
तनाव और थकान का पाचन पर असर
डॉ. सुरक्षित टी.के. कहते हैं कि तनाव और थकान पाचन तंत्र को कमजोर कर देते हैं। तनाव के कारण हार्मोनल असंतुलन होता है और पेट में एसिड बढ़ जाता है, जिससे गैस, दर्द और एसिडिटी होती है। थकान की वजह से आंतों की गति धीमी हो जाती है, जिससे कब्ज और अपच की समस्या बढ़ती है। मानसिक शांति और पर्याप्त नींद लेने से इन परेशानियों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
सही खान-पान और जीवनशैली अपनाना जरूरी
पेट की शिकायतों से बचने के लिए सही खान-पान, नियमित दिनचर्या और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है। भोजन समय पर करें, जंक फूड कम करें, पानी पर्याप्त पिएं और हल्की-फुल्की एक्सरसाइज या योग को दिनचर्या में शामिल करें। छोटे-छोटे बदलाव भी लंबे समय में पेट और पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं।
कब डॉक्टर से मिलना चाहिए
डॉ. सुरक्षित सलाह देते हैं कि अगर पेट में लगातार दर्द, बार-बार गैस, कब्ज या एसिडिटी जैसी समस्याएं हो रही हों, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। समय पर इलाज से छोटी-छोटी परेशानियां गंभीर रोगों में बदलने से बच सकती हैं।
इस तरह, दिनचर्या और खान-पान में छोटे सुधार अपनाकर आप पेट से जुड़ी अधिकतर समस्याओं को आसानी से नियंत्रित कर सकते हैं। डॉ. सुरक्षित टी.के. की सलाह है कि नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और तनावमुक्त जीवनशैली पाचन स्वास्थ्य की कुंजी है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
