Urine Infection : यूरिन इंफेक्शन की परेशानी इन दिनों काफी तेजी से हो रही है। यह परेशानी न सिर्फ बड़ों को प्रभावित कर रही है, बल्कि कम उम्र के बच्चों को भी यूरिन इंफेक्शन की समस्या हो रही है। यह परेशानी पुरुषों की तुलना में महिलाओं को अधिक होती है। कुछ रिसर्च की मानें तो लगभग 50 फीसदी महिलाएं अपनी लाइफ में कभी न कभी यूरिन इंफेक्शन की परेशानी से ग्रसित होती हैं। कभी-कभी यूरिन इंफेक्शन होने पर महिलाएं इससे बेखबर रहती हैं। इसका कारण इसके लक्षणों के बारे में जानकारी न होना हो सकता है। आज हम आपको इस लेख में यूरिन इंफेक्शन के कुछ प्रमुख लक्षणों के बारे में बताएंगे। आइए जानते हैं इसके बारे में-
यूरिन इंफेक्शन के लक्षण
यूरिन इंफेक्शन के लक्षण
यूरिन इंफेक्शन की परेशानी होने पर आपके शरीर में कई तरह के लक्षण महसूस हो सकते हैं, जैसे-
पेशाब करते समय काफी जलन
यूरिन इंफेक्शन की परेशानी होने पर महिलाओं को पेशाब करने के दौरान काफी तेज जलन महसूस हो सकता है। अगर आपको भी यूरिन निकालते समय काफी जलन महसूस हो रही है तो इस स्थिति में फौरन डॉक्टर से संपर्क करें, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
पेट के निचले हिस्से में दर्द
यूरिन इंफेक्शन की स्थिति में पेट के निचले हिस्से में दर्द की परेशानी बनी रहती है। कभी-कभी दर्द आपके कमर के निचले या फिर ऊपरी हिस्से में भी हो सकता है। अगर आपको कुछ समय से इस तरह का दर्द हो रहा है तो तुरंत डॉक्टरी सलाह लें।
पेशाब के रंग में बदलाव
यूरिन इंफेक्शन से ग्रसित व्यक्ति के पेशाब का रंग भी काफी अलग नजर आ सकता है। इस स्थिति से ग्रसित व्यक्ति के पेशाब का रंग अधिक पीला या फिर मटमैला नजर आ सकता है। अगर आपके यूरिन का रंग भी काफी पीला है, तो इस स्थिति में तुरंत डॉक्टरी सलाह लें।
रुक-रुककर यूरिन निकलना
यूरिन इंफेक्शन से ग्रसित व्यक्तियों को पेशाब करते समय काफी ज्यादा परेशानी हो सकती है। कभी-कभी पेशाब तेज आने पर भी पेशाब काफी धीरे-धीरे निकलता है। ऐसे में व्यक्ति को काफी असहज महसूस होता है।
काफी ज्यादा थकान
यूरिन इंफेक्शन की परेशानी में काफी ज्यादा थकान और कमजोरी महसूस होती है। इस स्थिति में आपको तुरंत डॉक्टरी सलाह की जरूरत होती है, ताकि शरीर में संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)
